बेंगलुरु टेस्ट में भारत की ऑस्ट्रेलिया पर 75 रन से धमाकेदार जीत

प्रकाशित

भारत ने बेंगलुरू में ऑस्ट्रेलिया को दूसरे टेस्ट में 75 रनों से हरा दिया है.

ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में जीत के लिए 188 रन बनाने थे, लेकिन उसकी पूरी टीम 112 रन पर सिमट गई. भारत ने पहली पारी में 189 रन बनाए थे और दूसरी पारी में 276 रन का स्कोर खड़ा किया.

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 274 रन बनाए थे, लेकिन दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाज़ों ख़ासकर रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों का दम निकाल दिया.

ऑफ़ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने जीत में अहम भूमिका निभाई और दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के छह बल्लेबाज़ों को पेवेलियन चलता किया. अश्विन ने 41 रन देकर छह विकेट चटकाए.

पहले दो दिन ऑस्ट्रेलिया टीम ने मैच पर अपना शिकंजा कसा था, लेकिन फिर दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाज़ों के जिम्मेदारी भरी पारियों ने मेजबान टीम को मैच में वापस ला दिया.

इससे पहले मैच के चौथे दिन मेहमान टीम के तेज गेंदबाज़ जोश हैज़लवुड और मिशेल स्टार्क के सामने कोहली के खिलाड़ी टिक नहीं पाए.

जोश हैज़लवुड ने 67 रन देकर 6 खिलाड़ियों को पविलियन भेजा तो स्टार्क और कीफ ने दो-दो विकेट अपने खाते में जोड़े.

दूसरी पारी में टीम इंडिया की खराब हालत का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि एक समय उनका स्कोर 4 विकेट पर 238 था और अगले 20 रन बनाते-बनाते उनके नौ विकेट गिर चुके थे.

भारतीय टीम पहली पारी में भी कुछ खास खेल नहीं दिखा पाई थी. पहली पारी में टीम इंडिया महज 189 रनों पर ही ऑल आउट हो गई.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)