You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन पर रूस के हमले के पहले दिन 137 लोगों की मौत - ज़ेलेन्स्की

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि रूसी सेना के हमले के पहले दिन यूक्रेन में 137 लोगों की मौत हुई है. इनमें सैनिक और आम नागरिक शामिल हैं.

लाइव कवरेज

भूमिका राय, अनंत प्रकाश and मानसी दाश

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, पुतिन की यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई की घोषणा: UN में भारत ने कहा, तत्काल तनाव कम करने की ज़रूरत है

    पूर्वी यूक्रेन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सैन्य कार्रवाई की घोषणा के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपातकालीन बैठक बुलाई गई है.

    इस बैठक में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने फिर से वही बात दोहाराई है कि तत्काल तनाव कम करने की ज़रूरत है.

    टीएस तिरुमूर्ति ने कहा, ''दो दिन पहले ही सुरक्षा परिषद में यूक्रेन की स्थिति पर बात हुई थी और भारत ने तत्काल तनाव कम करने और डिप्लोमैसी के ज़रिए सभी मुद्दों के समाधान की बात कही थी. लेकिन अफ़सोस है कि अतंरराष्ट्रीय समुदाय की तनाव कम करने की कोशिशों को समय देने की मांग को सुना नहीं गया. हालात ख़तरनाक हैं और गहरे संकट की ओर बढ़े रहे हैं.''

    उन्होंने कहा, ''इसे लेकर हम गहरी चिंता ज़ाहिर करते हैं. अगर हालात को सावधानी से नहीं संभाला गया तो क्षेत्र की शांति और स्थिरता ख़तरे में पड़ जाएगी. हम तत्काल तनाव कम करने की मांग करते हैं. हम किसी भी ऐसी कार्रवाई से बचने की सलाह देते हैं जिनसे हालात और बिगड़ सकते हैं. मैं सभी पक्षों से अपील करता हूँ कि अपने हितों को लेकर जो मतभेद हैं, उन्हें कम करने की कोशिश करें. भारत सभी पक्षों के वैध सुरक्षा हितों का ध्यान रखने की अपील करता है. भारत हमेशा से अंतरराष्ट्रीय नियमों और संबंधित देशों के समझौतों के आधार पर विवादों को सुलझाने की वकालत करता रहा है.''

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, पुतिन की यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई की घोषणा: रूस की कार्रवाई अकारण और अनुचित - बाइडन

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विशेष सैन्य अभियान की घोषणा के बाद प्रतिक्रिया देते हुए इसे अकारण और अनुचित ठहराया है.

    रूस के राष्ट्रपति की घोषणा का जवाब देते हुए बाइडन ने कहा कि ''पूरी दुनिया की दुआएं यूक्रेन के लोगों के साथ हैं.''

    अपने संबोधन में उन्होंने रूस के राष्ट्रपति को दोषी ठहराते हुए कहा, "राष्ट्रपति पुतिन ने पहले से तय एक युद्ध को चुना है जो लोगों की जान लेगा और मानव त्रासदी का कारण बनेगा.”

    उन्होंने कहा, "इस युद्ध के कारण होने वाली मौतों और विनाश के लिए सिर्फ़ और सिर्फ़ रूस ही अकेले ज़िम्मेदार होगा.”

    उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगी देश एकजुट होकर निर्णायक तरीक़े से इस हमले का जवाब देंगे.

    उन्होंने कहा इस युद्ध के लिए केवल रूस की ही जवाबदेही ठहराई जाएगी.

    बाइडन ने बताया कि व्हाइट हाउस इस पूरे मामले पर नज़र बनाए हुए है.

    उन्होंने जानकारी दी कि आज जी-7 के सदस्य देशों के साथ एक बैठक की जाएगी और उसके बाद ही रूस को लेकर आगे क़दम उठाया जाएगा.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, पुतिन ने कहा, रूस की यूक्रेन पर क़ब्ज़े की कोई योजना नहीं

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार की सुबह टेलीविज़न पर देश को संदेश दिया. उन्होंने कहा कि रूस की यूक्रेन पर क़ब्ज़े की कोई योजना नहीं है.

    विशेष सैन्य अभियान के एलान वाले अपने बयान में पुतिन ने कहा कि यूक्रेन के लोग ये चुनाव कर सकेंगे कि उनके देश को कौन चलाता है.

    गुरुवार को एक टेलीविज़न पर संबोधन के दौरान रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के सैनिकों से आत्मसमर्पण करने के लिए कहा.

    उन्होंने पूर्वी यूक्रेन में तैनात सैनिकों से कहा कि वे अपने हथियार डालकर, वापस अपने घरों को चले जाएं.

    उन्होंने यूक्रेन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं होता है तो जो भी ख़ून बहेगा, इसके लिए वह ज़िम्मेदार होगा.

    रूस के राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि न्याय और सच्चाई रूस की ओर है.

    उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी रूस को लेकर कार्रवाई करता है तो मास्को इस पर प्रतिक्रिया देने में देर नहीं करेगा.

    रूसी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि यह कार्रवाई 'आत्मरक्षा' है.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, यूक्रेन संकट: दोनेत्स्क क्षेत्र में बड़ा धमाका – बीबीसी रिपोर्टर

    बीबीसी की पूर्वी यूरोप संवाददाता सारा रेन्सफ़ोर्ड ने कहा है कि पूर्वी यूक्रेन के दोनेत्स्क क्षेत्र में उन्होंने एक बड़ा धमाका सुना है.

    वह दोनेत्स्क क्षेत्र में ही मौजूद हैं.

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में इस वक्त यूक्रेन संकट को हल करने के लिए बैठ चल रही है. इसी बीच रूस के राष्ट्रपति ने एक बड़ा एलान किया है.

    रूस के राष्ट्रपति व्लदिमीर पुतिन ने डोनबास क्षेत्र में विशेष सैन्य अभियान की घोषणा कर दी है.

    उन्होंने एक टेलीविज़न संबोधन के दौरान यह घोषणा उस समय की जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने यूक्रेन मामले पर उनसे सब्र रखने की गुज़ारिश की.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने डोनबास में ‘सैन्य अभियान’ का एलान किया

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में इस वक्त यूक्रेन संकट को हल करने के लिए बैठ चल रही है. इसी बीच रूस के राष्ट्रपति ने एक बड़ा एलान किया है.

    रूस के राष्ट्रपति व्लदिमीर पुतिन ने डोनबास क्षेत्र में विशेष सैन्य अभियान की घोषणा कर दी है.

    उन्होंने एक टेलीविज़न संबोधन के दौरान यह घोषणा उस समय की जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने यूक्रेन मामले पर उनसे सब्र रखने की गुज़ारिश की.

  6. रूस ने पूर्वी यूक्रेन के एयरस्पेस बंद किए – मॉनिटरिंग ग्रुप

    रूस-यूक्रेन तनाव के बीच रूस ने एक सिविल एविएशन नोटिस जारी किया है जिसमें चेतावनी दी गई है कि रूस, अपनी सीमा से लगे पूर्वी यूक्रेन के सभी हवाई क्षेत्रों को बंद कर रहा है.

    रूस ने एक सिविल एविएशन नोटिस (नागरिक उड्डयन से संबंधित नोटिस) जारी किया है. इस नोटिस में चेतावनी दी गई है कि रूस, अपनी सीमा से लगे पूर्वी यूक्रेन के सभी हवाई क्षेत्रों को बंद कर रहा है.

    एक मॉनिटरिंग ग्रुप ने यह कहा है.

    द ओपन सोर्स इंटेलिजेंस मॉनिटर का कहना है कि रूस की ओर से इस नोटिस टू एयरमेन (नोटम) को लेकर अभी तक किसी समय-सीमा या समाप्ति के समय का उल्लेख नहीं किया गया है.

    मॉनिटरिंग ग्रुप का कहना है कि एयरलाइंस को यूक्रेन के संघर्ष वाले इलाक़े के ऊपर से उड़ान भरना बंद कर देना चाहिए क्योंकि मौजूदा हालात में इस बात की आशंका बढ़ गई है कि उन्हें ग़लती से मार गिराया जाए. या फिर एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल पर साइबर अटैक हो जाए.

    साल 2014 में पूर्वी यूक्रेन के ऊपर से उड़ रहे मलेशिया एयरलाइंस के MH17 विमान को मार गिराया गया था. जिसके बाद सेफ़ एयरस्पेस ग्रुप की स्थापना की गयी थी. यह ग्रुप एयरलाइन सुरक्षा जानकारी देने के लिए काम करता है.

    इस ग्रुप की वेबसाइट पर लिखा है- “यूक्रेन में रूसी सेना की कार्रवाई के कारण यूक्रेन में तनाव और अनिश्चितता का माहौल है. इससे नागरिक उड्डयन को लेकर संभावित ख़तरों की आशंका भी बढ़ गई है.”

  7. यूक्रेन के अलगाववादी नेता का बयान- यूक्रेन का वापस होना ही सबसे बेहतर विकल्प

    रूस समर्थित, यूक्रेन के अलगाववादियों के नियंत्रण वाले क्षेत्र के एक नेता ने मौजूदा हालात पर बयान दिया है.

    अलगाववादी नेता और दोनेत्स्क पीपल्स रिपब्लिक के प्रमुख डेनिस पुशिलिन ने कहा है कि यूक्रेन की सेना को इन अलगाववादी क्षेत्रों से वापस चले जाना चाहिए अपने साथ अपने हथियारों को भी लेते जाना चाहिए.

    डेनिस पुशिलिन ने रूस की सरकारी मीडिया को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि जिस तरह के हालात बन गए हैं, उसमें सबसे अच्छा विकल्प यही है कि यूक्रेन की सेना इन क्षेत्रों को छोड़कर चली जाए.

    बीते सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्र को संबोधित किया था. इस संबोधन के बाद उन्होंने एक शासनादेश पर हस्ताक्षर किये जिसके तहत रूस ने पूर्वी यूक्रेन के अलगाववादियों के नियंत्रण वाले दो इलाक़ों को मान्यता दे दी और वहाँ सैनिक भेजने का आदेश दिया.

    इसके बाद से यूक्रेन संकट में नया मोड़ आ गया है.

    हालांकि अलगाववादी यूक्रेन में उस क्षेत्र से कहीं अधिक बड़े भू-भाग को लेकर अपना दावा करते हैं, जिस पर मौजूदा समय में उनका नियंत्रण है. इन अलगाववादियों को रूस का समर्थन है.

  8. एंटनी ब्लिंकन ने कहा, ‘‘अगर रूस नहीं रुकेगा तो हम भी तैयार हैं’’

    यूक्रेन और रूस के बीच संकट गहराता जा रहा है. इस बीच अमेरिका ने कहा है कि अगर रूस, यूक्रेन में अपनी कार्रवाई जारी रखेगा तो अमेरिका भी तैयार है.

    अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने एनबीसी न्यूज़ से कहा है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन रूस ने यूक्रेन की सीमाओं पर सेना की तैनाती कर दी है.

    उन्होंने कहा, “दुर्भाग्य से रूस ने यूक्रेन के चारों ओर, यूक्रेन की उत्तरी सीमा, पूर्वी सीमा और दक्षिणी सीमा के अंतिम बिंदु पर सेना तैनात कर दी है.”

    उन्होंने कहा कि जिस तरह रूस ने तैयारी कर रखी है उससे ऐसा लगता है कि वह यूक्रेन के ख़िलाफ़ एक भीषण युद्ध के लिए तैयार है.

    अमेरिका के शीर्ष राजनयिक का कहना है कि ऐसा नहीं है कि वॉशिंगटन के पास रूस को रोकने के लिए अब विकल्प नहीं हैं.

    उनका कहना है, “मुझे लगता है कि अभी भी मौक़ा है कि इस आक्रामकता को टाला जा सके. हालांकि इस बात को भी अनदेखा नहीं किया जा सकता है कि वे युद्ध के अंतिम बिंदु तक पहुंच चुके हैं.”

    विदेश मंत्री ब्लिंकन ने कहा कि हम इस बात को लेकर पूरी तरह से स्पष्ट हैं कि अगर रूस रुकता नहीं है और आगे बढ़ता है तो हम भी इसके लिए तैयार हैं और इसलिए उन्हें यह ग़ौर करना चाहिए कि वे क्या करने जा रहे हैं.

    ब्लिंकन ने कहा, “और आख़िर में अगर पुतिन नहीं रुकते हैं तो अमेरिका अपने सहयोगी देशों के साथ यह स्पष्ट कर चुका है कि इसका परिणाम बहुत गंभीर होगा. रूस को इसकी भारी क़ीमत चुकानी होगी जिसका असर लंबे समय तक रहेगा.”

  9. ज़ेलेंस्की ने कहा, सीमा पर रूस के क़रीब दो लाख सैनिक तैनात

    यूक्रेन और रूस के बीच जारी तनाव जारी है.

    इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि रूस ने यूक्रेन की सीमा पर दो लाख सैनिक तैनात कर दिए हैं.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूस ने यूक्रेन की सीमा पर क़रीब दो लाख सैनिक और लड़ाकू वाहन तैनात कर दिए हैं.

    देर रात टेलीविज़न पर दिए गए भाषण में ज़ेलेंस्की ने रूसी भाषा में रूसी नागरिकों को संबोधित करते हुए उन्हें यूक्रेन का नागरिक बताया.

    उन्होंने कहा, “हमें सुनिए, यूक्रेन के लोग शांति चाहते हैं, यूक्रेन के अधिकारी अमन चाहते हैं.”

    यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस ने यूक्रेन के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मंज़ूरी दे दी है.

    उन्होंने ये भी कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बातचीत के लिए उनके न्योते का अब तक जवाब नहीं दिया है.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. बीते 24 घंटों की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.