यूक्रेन के राजदूत ने कहा- पुतिन पर प्रभाव डालने की कोशिश करें नरेंद्र मोदी
गुरुवार सुबह से शुरू हुए रूस के हमले के बाद भारत में यूक्रेन के राजदूत डॉ आइगर पोलिखा ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में दखल देने की मांग की है.
डॉ पोलिखा ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा है कि पीएम मोदी दुनिया के सबसे ज़्यादा सम्मानीय और ताक़तवर नेताओं में से एक हैं.
उन्होंने कहा, “हम इस मौक़े पर ये अपेक्षा कर रहे हैं कि मोदी जी किसी तरह पुतिन पर प्रभाव डालने की कोशिश करें. इसके साथ ही मोदी जी अगर यूक्रेन के समर्थन में कोई बयान देते हैं या कारगर ढंग से मदद करते हैं तो यूक्रेन इसके लिए शुक्रगुज़ार रहेगा.”
उन्होंने कहा- हम अपने सभी मित्र देशों की ओर से मदद मांग रहे हैं ताकि इस युद्ध को रोका जा सके. यूक्रेन एक शांतिप्रिय देश हैं. वे लड़ने के लिए तैयार हैं. लेकिन शांति सबसे अच्छा समाधान है. हम अपने सभी साझेदारों से कह रहे हैं कि वे किसी तरह हमारी मदद करें.
यूक्रेन के राजदूत ने कहा- हम ये तय नहीं कर सकते कि इसके नियम या शर्तें क्या होंगी. लेकिन शायद बयानों से निंदा की जा सके, शायद कुछ प्रतिबंध लगाए जा सकें, या शायद मानवीय या सैन्य सहायता उपलब्ध कराई जा सके. आपको जो भी पसंद हो. शायद ये मदद द्विपक्षीय बैठकों को रद्द करके की जा सकती है.
दावा
डॉ पोलिखा ने बताया है कि “राजधानी कीएफ़ के बाहर यूक्रेन के नागरिकों की मौत हुई है. कुछ क्षेत्रों में संघर्ष जारी है. हमारे रक्षा मंत्रालय के मुताबिक़, यूक्रेन ने 5 रूसी लड़ाकू विमानों, दो हेलिकॉप्टरों, और दो टैंकों समेत कई ट्रकों को नष्ट कर दिया है.”
बता दें कि यूक्रेन की राजधानी कीएफ़ और ख़ारकिव में धमाकों की आवाज़ें सुनी जा रही हैं.
गुरुवार सुबह रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन में सैनिक कार्रवाई की घोषणा की थी. पुतिन का कहना है कि वे यूक्रेन पर क़ब्ज़ा करना नहीं चाहते. उन्होंने यूक्रेन की सेना से हथियार डालने को कहा था. पुतिन की घोषणा के बाद यूक्रेन पर हवाई हमले शुरू हो गए थे.