कोरोना वायरस: दुनियाभर में 12.72 लाख से अधिक लोग संक्रमित, 69,000 से ज़्यादा की मौत
दुनियाभर में कोरोना वायरस से संक्रमण का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. भारत में 83 मौतौं की पुष्टि.
लाइव कवरेज
इटली और स्पेन में पहली बार राहत देने वाली ख़बरें
इमेज स्रोत, EPA
दुनिया में कोरोना वायरस से सबसे ज़्यादा प्रभावित इटली और स्पेन में बीमारी से लड़ने में कामयाबी दर्ज की गई है. इन दोनों देशों में ही कोरोना संक्रमण से सबसे ज़्यादा मौतें हुई हैं.
स्पेन में बीते दस दिनों में सबसे कम नए मामले सामने आए हैं. टेलीविज़न पर प्रसारित संदेश में देश के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने कहा है कि स्पेन इस महामारी को कम करने की शुरुआत पर खड़ा है.
वहीं इटली में वायरस से हो रही रोज़ाना मौतों में कमी जारी है. इटली में पहली बार इनटेंसिव केयर में मरीज़ों की संख्या कम हुई है. इसे भी बीमारी के ख़िलाफ़ लड़ाई में कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है.
फ़्रांस ने कोविड-19 इलाज के मेडिकल ट्रायल को अनुमति दी
इमेज स्रोत, Getty Images
फ़्रांस ने कोविड-19 से ठीक हुए मरीज़ों के रक्त प्लाज़मा को गंभीर रूप से बीमार मरीज़ों में चढ़ाने के मेडिकल ट्रायल को अनुमति दे दी है.
प्लाज़मा में ऐसे एंटीबॉडीज़ होते हैं जो वायरस के ख़िलाफ़ शरीर में प्रतिरोधक क्षमता पैदा करते हैं. ये मेडिकल ट्रायल पेरिस के एक अस्पताल में भर्ती साठ मरीज़ों पर मंगलवार को शुरू होगा.
इसी तरह के मेडिकल टेस्ट चीन और अमरीका में भी किए जा चुके हैं.
अमरीका में दवा के मानदंड तय करने वाले संस्थान एफ़डीए ने कहा है कि डाटा के मुताबिक ये इलाज कुछ हद तक कामयाब रहा है. एफ़डीए ने कोविड-19 से ठीक हुए मरीज़ों से प्लाज़मा दान करने की अपील भी की है.
कोरोना वायरस को लेकर दुनियाभर में अब तक क्या कुछ हो चुका है
इमेज स्रोत, Getty Images
दुनिया भर में कोरोना वायरस से संक्रमित
लोगों की संख्या 12 लाख पार कर गई है.
इस महामारी से अब तक दुनिया भर में 64,700 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. शनिवार को इस महामारी से इटली, फ्रांस, स्पेन और अमरीका में मौतों का सिलसिला जारी
रहा.
इटली में शनिवार को 681 लोगों की मौत के साथ मरने वालों का आंकड़ा अब 15,362 तक पहुंच गया
है.
वहीं स्पेन में बीते चौबीस घंटों में 809 लोगों की मौत होने से इस महामारी से 11,947 लोगों की मौत हो
चुकी है. आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में स्पेन में मौतों की संख्या
बढ़ सकती है. स्पेन के प्रधानमंत्री ने देश में 26 अप्रैल तक
लॉकडाउन बढ़ा दिया है.
वहीं अमरीका में मरने वालों की संख्या 8,400 को पार कर चुकी है. न्यूयार्क में बीते 24 घंटों में 630 मौतें हुई हैं. अमरीका में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या तीन लाख
को पार कर गई है.
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोरोना
वायरस को लेकर आने वाले दिनों सैकड़ों लोगों की मौत की आशंका जताई है. हालांकि
उन्होंने कहा कि इस मुश्किल वक्त में सेना और मेडिकल वर्कर्स की फौज को वे तैनात
कर रहे हैं.
ब्रिटेन में बीते 24 घंटों के दौरान 708 लोगों की मौत हुई है. इस महामारी के चलते
ब्रिटेन में अब तक 4,313 लोगों की मौत हो चुकी है. रविवार को ब्रिटेन
की महारानी एलिज़ाबेथ आम लोगों को संबोधित करेंगी.
फ्रांस में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से 441
लोगों की मौत
हुई है. देश भर में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 7560 हो चुकी है.
इंडियन मेडिकल काउंसिल रिसर्च के मुताबिक भारत
में कोरोना वायरस संक्रमण के अब तक 3,072 मामले सामने आ
चुके हैं. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक देश में अब तक 75 लोगों की मौत हुई है.
शनिवार को देश भर में 11,182 सैंपलों की जांच हुई, जिसमें 324 लोग पॉज़िटिव
पाए गए. भारत में चार अप्रैल,
रात नौ बजे तक 79,950 लोगों की जांच हुई है.