कोरोना वायरस: दुनियाभर में 12.72 लाख से अधिक लोग संक्रमित, 69,000 से ज़्यादा की मौत

दुनियाभर में कोरोना वायरस से संक्रमण का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. भारत में 83 मौतौं की पुष्टि.

लाइव कवरेज

  1. दिल्ली में खाने का इंतज़ार करते बेघर

    दिल्ली में प्रवासी मज़दूर और बेघर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली में प्रवासी मज़दूर और बेघर

    दिल्ली में कल ली गई इस तस्वीर में बेघर और दिहाड़ी मज़दूर सरकार की ओर से संचालित एक रैन बसैरे के बाहर भोजन बांटे जाने का इंतेज़ार करते हुए.

    भारत सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए जो 21 दिन का लॉकडाउन लागू किया है उससे मज़दूरों और बेघरों के सामने पेट भरने का संकट पैदा हो गया है.

    सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से कहा है कि वह मज़दूरों के खाने-पीने और रहने की व्यवस्था करे.

  2. कुछ आर्थिक गतिविधियां शुरू करेगा ईरान

    तेहरान में छिड़काव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राजधानी तेहरान में सेनेटाइज़ेशन करते नगर निगम कर्मी

    ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा है कि कम ख़तरे वाली आर्थिक गतिविधियों को अगले शनिवार यानी 11 अप्रैल से शुरू कर दिया जाएगा.

    टीवी पर प्रसारित की गई एक बैठक में रूहानी ने कहा कि ईरानी सरकार के सभी दो तिहाई कर्मचारी अपने घरों से काम करेंगे.

    राष्ट्रपति ने कहा कि उनका फ़ैसला स्वास्थ्य अधिकारियों की घर में रहने की सलाह का विरोधाभासी नहीं है.

    ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक], अब तक देश में कोरोना वायरस संक्रमण से 3400 लोगों की मौत हो गई.

    ईरान में कोरोना संक्रमण के क़रीब 50,000 मामले हैं. हालांकि कई विश्लेषकों का मानना है कि वास्तविक संख्या कहीं ज़्यादा हो सकती है.

  3. ऑस्ट्रेलिया ने ज़ाहिर की वायरस से जीतने की उम्मीद

    ऑस्ट्रेलिया में बीच

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया में सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए बीच बंद कर दिए गए हैं

    ऑस्ट्रेलिया के चीफ़ मेडिकल ऑफ़िसर ने कहा है कि उन्हें भरोसा है कि उनका देश इटली और स्पेन जैसे देशों से अलग कोरोना वायरस के गंभीर संक्रमण से बचने में कामयाब हो जाएगा.

    चीफ़ मेडिकल ऑफ़िसर ब्रेंडन मर्फ़ी ने ये भी कहा कि लोगों को इस बीमारी को फैलने से रोकने के लिए उठाए गए क़दमों का पालन करते रहना होगा.

    ऑस्ट्रेलिया में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से 34 मौतें हुई हैं क़रीब छह हज़ार लोग संक्रमित हैं.

    ऑस्ट्रेलिया के अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों ने भी ऐसी सकारात्मकता ज़ाहिर की है. हालांकि अधिकारियों ने ये भी कहा है कि सोशल डिस्टेंसिंग के लिए उठाए गए क़दम कई महीनों तक लागू रह सकते हैं.

  4. तब्लीग़ी जमात के सदस्यों को मलेशिया की उड़ान पकड़ने से रोका

    लोग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से तब्लीग़ी जमात के आठ सदस्यों को मलेशिया की उड़ान पकड़ने से रोका गया है.

    ये जमाती मॉलिंडो एयर रिलीफ़ फ्लाइट पकड़ने की कोशिश कर रहे थे. अब इन्हें प्रवासन अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा.

    भारत ने पर्यटन वीज़ा की शर्तों का उल्लंघन करने पर तब्लीग़ी जमात के विदेशी सदस्यों पर मुक़दमे दर्ज किए हैं.

  5. पीएम मोदी का ट्वीट- 9 बजे 9 मिनट

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ट्वीट करके लिखा है #9pm9minute.

    दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा था कि लोग कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ एकजुटता दिखाते हुए 5 मार्च को रात 9 बजे 9 मिनट के लिए घर की लाइटें बंद करके घर के दरवाज़े या बालकनी में मोमबत्तियां, दिये, टॉर्च या मोबाइल की फ़्लैशलाइटें जलाएं.

    इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विटर पर उन प्रमुख हस्तियों के ट्वीट को रिट्वीट किया है जिनमें वो रात को 9 बजे बत्तियां बंद करने की अपील कर रहे हैं.

    इनमें क्रिकेटर रोहित शर्मा, केएल राहुल, पहलवान बजरंग पुनिया, बॉक्सर मनोज कुमार शामिल हैं.

  6. क्या आज रात 9 बजे बत्तियां बुझाने से इलेक्ट्रिकल ग्रिड फ़ेल हो सकते हैं?

  7. अमरीका का सबसे मुश्किल वक़्त आ रहा है - ट्रंप

    न्यूयॉर्क में कोरोना संक्रमित

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगले कुछ दिनों में अमरीका में 'बहुत मौतें' होंगी. राष्ट्रपति ने कहा कि अगले दो सप्ताह अमरीका के लिए बेहद मुश्किल होंगे.

    अमरीका में कोरोना संक्रमित लोगों की तादाद 3 लाख 12 हज़ार से अधिक हो गई है जबकि अब तक साढ़े आठ हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो गई है. इनमें से 2664 लोगों की मौत सिर्फ़ न्यूयॉर्क में हुई है.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी रोज़ाना प्रेस वार्ता में सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्यों को चिकित्सीय और सैन्य मदद भेजने का भरोसा दिया.

    हालांकि ट्रंप ने ये भी कहा कि वो चाहते हैं कि देश को दोबारा खोला जाए.

    अमरीका में इस समय लॉकडाउन है. राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वो नहीं चाहते कि ये लॉकडाउन महीनों तक चलता रहे.

    ट्रंप ने ईस्टर पर्व के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग दिशानिर्देशों में कुछ छूट के संकेत भी दिए.

  8. रोहिंग्या शरणार्थियों के लिए इंटरनेट बहाल करने की मांग

    बांग्लादेश में रोहिंग्या लोगों का कैंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बांग्लादेश में रोहिंग्या शरणार्थियों के दुनिया में सबसे बड़े राहत कैंप कॉक्स बाज़ार में फिर से इंटरनेट सेवा बहाल किए जाने की मांग ज़ोर पकड़ रही है.

    पिछले साल बांग्लादेश के अधिकारियों ने लाखों रोहिंग्या शरणार्थियों के कैंप में मोबाइल नेटवर्क बंद कर दिए थे.

    संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकार समूहों का कहना है कि इंटरनेट कनेक्टिविटी न होने की वजह से रोहिंग्या लोगों में वायरस से जुड़ी जानकारियां पहुंचाने में दिक़्क़तें आ रही हैं.

    तीन साल पहले पड़ोसी देश म्यांमार से जान बचाकर लाखों रोहिंग्या शरणार्थी बांग्लादेश पहुंचे थे. इनमें से अधिकतर कॉक्स बाज़ार के शरणार्थी कैंप में रहते हैं. ये दुनिया में शरणार्थियों का सबसे बड़ा कैंप है.

  9. जयपुर की वो जगह जहां रहते हैं शहर के 60 फ़ीसदी संक्रमित मरीज़

  10. मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव भी कोरोना पॉज़िटिव

    स्वास्थ्यकर्मी

    इमेज स्रोत, Sureh Niyazi

    इमेज कैप्शन, इंदौर में डॉक्टरों की टीम से मिलते बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय. ग़ौरतलब है कि इंदौर में डॉक्टरों की टीम पर हमला हुआ था.

    शुरैह नियाज़ी

    भोपाल से, बीबीसी हिंदी के लिए

    मध्य प्रदेश में कोरोना पॉज़िटिव लोगों की संख्या में तेज़ी से इज़ाफ़ा हो रहा है. प्रदेश एक आईएएस अफ़सर के कोरोना की चपेट में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव भी कोरोना पॉज़िटिव पाई गई है. उनके साथ काम करने वाली एक अन्य अधिकारी भी पॉज़िटिव पाई गई है.

    पॉज़िटिव पाए जाने के बावजूद महिला आईएएस अधिकारी ने कोरोना की वीडियो बुलेटिन शनिवार को भी जारी किया. इन अधिकारियों के पॉज़िटिव पाए जाने की वजह से प्रदेश के दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों के भी सैंपल लिए जा रहे है जो इनके साथ काम कर रहे थे.

    वहीं सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ़ को आधा कर दिया है. स्वास्थ्य विभाग के आईएएस जिनकी रिपोर्ट पहले पॉज़िटिव आई थी उनकी वजह से प्रदेश के कोरोना कोर ग्रुप के कई आईएएस अधिकारी होम क्वारंटाइन हो गए हैं.

    इसके अलावा सब्ज़ी मंडी के एक व्यापारी की रिपोर्ट भी पॉज़िटिव आई है. इसकी वजह से भोपाल की सब्ज़ी मंडियों को बंद कर दिया गया है.

    सब्ज़ी मंडी के व्यापारी की रिपोर्ट पॉज़िटिव आने की वजह से प्रशासन के लिए और मुश्किलें खड़ी हो गई हैं. सब्ज़ी व्यापारी के संपर्क में कई लोग आते रहे है जिनको ढ़ूढना मुश्किल काम होगा.

    उधर मुरैना में 26,000 लोगों को होम क्वारंटाइन में रखा गया है. दुबई से लौटे संक्रमित व्यक्ति की ओर से अपनी मां की याद में दिए गए मृत्यु भोज में 1500 लोगों शरीक हुए थे. उनके संपर्क में यह सब लोग आए थे. मुरैना में अब तक 10 लोग इनमें से कोरोना पॉज़िटिव पाए गए हैं.

    मध्य प्रदेश में अब आकड़ा 180 तक पहुंच गया है. वहीं अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है. तीन मरीज़ ठीक हो चुके है.

  11. झारखंड: आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मरीज़ की मौत

    रांची में संदेश

    इमेज स्रोत, Praveen Tiwari

    रवि प्रकाश

    रांची से, बीबीसी हिन्दी के लिए

    राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ (रिम्स) के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती रांची के खेलगांव इलाक़े के एक मरीज़ की कल इलाज के दौरान मौत हो गई.

    कोविड-19 के संदेह में शुक्रवार की दोपहर उनका सैंपल लिया गया था. अभी जांच रिपोर्ट आनी बाक़ी है.

    रिम्स के निदेशक डॉ दिनेश कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की. उन्होंने बीबीसी से कहा, "कल दोपहर उस मरीज़ की तबीयत अचानक बिगड़ गई. इसके बाद हमारे डॉक्टरों ने उनका हरसंभव इलाज किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचायी जा सकी. उनके शव का आज पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा."

    झारखंड में अब तक क्वारंटाइन और आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कम से कम तीन मरीज़ों की मौत ऐसे ही हो गई है. इनमें से कुछ का सैंपल उनकी मौत के बाद लिया गया था.

    हालांकि, ऐसे सैंपल अभी तक कोरोना पॉज़िटिव नहीं मिले हैं. राज्य में कल शाम 6 बजे तक कुल 775 लोगों के सैंपल लिए गए. इनमें से 574 रिपोर्टें निगेटिव आई हैं.

    दो एक्टिव पॉज़िटिव केस हैं. इनका इलाज रांची और हज़ारीबाग़ में किया जा रहा है.

    199 सैंपल की जांच रिपोर्ट नहीं आ सकी है. इस बीच कोरोना संक्रमण से बचने के लिए जागरुकता के कई अभियान चलाए जा रहे हैं. झारखंड पुलिस ने गोड्डा ज़िले की सड़कों पर पेंटिंग कराकर कोरोना संबंधित संदेश लिखवाए हैं.

  12. यूपी में संक्रमण के सबसे ज़्यादा नए मामले तब्लीग़ी जमात से

    योगी आदित्यनाथ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या तेज़ी से बढ़ रही है. शनिवार को कुल 67 पॉज़िटिव मामले सामने आए जिसके बाद राज्य में यह संख्या बढ़कर 249 हो गई है.

    शनिवार को जिन 67 लोगों की रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है, उनमें 47 लोग तबलीग़ी जमात में शामिल होने के बाद यूपी लौटे थे. वहीं राज्य में कोरोना संक्रमण के बाद स्वस्थ होकर घर लौटने वालों की संख्या भी बढ़कर 21 हो गई है.

    राज्य के प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि बीते दो दिनों में कोरोना पॉज़िटिव लोगों की संख्या में तेज़ी से हुए इज़ाफ़े के पीछे तबलीग़ी जमात में शामिल लोग मुख्य कारण हैं.

    उनके मुताबिक, पिछले दो दिनों में कोरोना संक्रमण के कुल 110 मामले सामने आए हैं जिनमें 101 लोग सिर्फ़ तबलीग़ी जमात के ही हैं.

    यूपी में कोरोना वायरस का संक्रमण अब 30 ज़िलों तक फैल गया है. संक्रमण के सबसे ज़्यादा 58 मामले नोएडा में मिले हैं जबकि आगरा में 45 और मेरठ में 32 लोग कोरोना पॉज़िटिव पाए गए हैं.

    वहीं, लखनऊ के एसजीपीजीआई में पिछले दो हफ़्ते से कोरोना संक्रमण से जूझ रहीं गायिका कनिका कपूर की पहली बार रिपोर्ट निगेटिव आई है.

    उनकी अब तक चार बार जांच की जा चुकी थी लेकिन हर बार रिपोर्ट पॉज़िटिव ही मिली थी. पहली बार रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है.

    इस बीच, राज्य सरकार ने कहा है कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव में जुटे सभी कर्मचारियों का बीमा कराया जाएगा.

    राज्य के मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी के मुताबिक़, राज्य सरकार इस संक्रमण से बचाव में लगे प्रशासन, पुलिस और सभी फ़ील्ड कर्मचारियों का बीमा कराएगी.

  13. पाकिस्तान में लॉकडाउन लागू न करने पर क्यों अड़े हुए हैं इमरान ख़ान

  14. जम्मू-कश्मीर में 19 नए मामले

    माजिद जहांगीर, श्रीनगर से

    जम्मू-कश्मीर में कोरोना संक्रमितों की तादाद में शनिवार को सबसे बड़ी वृद्धि हुई है.

    अधिकारियों के मुताबिक 19 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है. इनमें से 16 घाटी क्षेत्र के हैं. अब तक केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में कुल 94 मामले सामने आ चुके हैं.

    वहीं, श्रीनगर में क्वारंटाइन में रह रहे 1847 लोगों में से 1413 को इससे मुक्त कर दिया है.

  15. पश्चिम बंगाल: क्वारंटाइन केंद्र खोलने पर हिंसक झड़प में एक की मौत

    कोलकाता में खाना खिलाते लोग

    इमेज स्रोत, PM Tiwali

    प्रभाकर मणि तिवारी,

    कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल के बीरभूम ज़िले में एक गांव के स्कूल में क्वारंटाइन केंद्र खोलने के मुद्दे पर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई है.

    यह घटना पारुई थाने के तालिबपुर गांव में शनिवार रात को हुई. मौक़े पर पहुंचे पुलिसवालों के साथ भी ग्रामीणों का संघर्ष हुआ.

    पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह ने बताया, “ग्रामीणों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में बम के हमले से घायल एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया. इस घटना की जांच की जा रही है.”

    गांव में भारी तादाद में सुरक्षा बल के जनों को तैनात कर दिया गया है. मृतक की पहचान सैफ़ुद्दीन उर्फ़ श्यामबाबू के तौर पर की गई है.

    स्थानीय लोगों का कहना है कि ज़िला प्रशासन ने गांव के स्कूल में कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज़ों के लिए क्वारंटाइन केंद्र खोलने का फ़ैसला किया था.

    लेकिन ग्रामीणों का एक गुट इसका विरोध कर रहा था जबकि दूसरा गुट इसके समर्थन में था.

    इस वाद-विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया और दोनों ओर से बम फेंके गए. इसमें एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई. फ़िलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

    क्वारंटाइन केंद्र की स्थापना का विरोध करने वालों की दलील थी कि यहां कोरोना के मरीज़ों को रखने की स्थिति में पूरे गांव में कोरोना वायरस का संक्रमण फैल सकता है.

    इस बीच, राज्य सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण पर काबू पाने के लिए एक नए कंटेनमेंट प्लान का एलान किया है. इसके तहत राज्य के हॉटस्पॉट यानी उन इलाकों की शिनाख्त की जाएगी जहां ऐसे संक्रमण का अंदेशा सबसे ज़्यादा है.

    उसके बाद उन इलाकों में संक्रमण रोकने के लिए खास योजना लागू की जाएगी. इसके लिए सोमवार को एक सेल्फ़ रिपोर्टिंग एप भी लांच किया जाएगा.

    इसके ज़रिए आम लोग भी संदेह की स्थिति में सरकार को कोरोना से संक्रमित होने की सूचना दे सकते हैं.

    एक स्वास्थ्य अधिकारी बताते हैं, इस योजना के तहत सरकार भीड़-भाड़ वाली ऐसी जगहों की पहचान करेगी जहां जाने वाले लोगों के अनजाने में ही इस वायरस से संक्रमित होने का अंदेशा सबसे ज्यादा है.

  16. भारत में कोरोना संक्रमित मरीज़ों की संख्या 3374 हुई

    व्यक्ति

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना वायरस संक्रमित मरीज़ों का नया आंकड़ा जारी किया है.

    इसके अनुसार भारत में कुल संक्रमित मरीज़ों की संख्या 3374 हो गई है जबकि 77 लोगों की मौत हुई है.

    वहीं, अब तक इस बीमारी से 266 लोग ठीक हुई हैं.

  17. इटली में 15,000 से अधिक मौतों के बाद उम्मीद की पहली किरण

  18. इमरान ने कहा पाकिस्तानी बेवकूफ़ी ना करें

    पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान ख़ान

    इमेज स्रोत, Reuters

    पाकिस्तान में कोरोना संक्रमण मामलों की तादाद 2800 को पार कर गई है. इसी बीच प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कहा है कि देश के लोग ये समझने की बेवकूफ़ी ना करें कि कोरोना से पाकिस्तानी प्रभावित नहीं होंगे.

    शनिवार को कोरोना रिलीफ़ फ़ंड की स्थापना करते हुए इमरान ख़ान ने कहा, "मैं अक्सर सोशल मीडिया पर ये पढ़ता हूं कि अल्लाह ने पाकिस्तानियों को इस तरह बनाया है कि उन पर कोरोना का असर नहीं होगा. अपने आप को इस ग़लतफ़हमी में ना डालें. कोरोना किसी को नहीं छोड़ेगा."

    प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कहा कि लोग बेवकूफ़ी ना करें और कोरोना से बचने के लिए हर ज़रूरी एहतियात बरतें.

    इमरान ख़ान ने कहा, "अगर आपको लगता है कि आपको कुछ नहीं होगा तो न्यूयॉर्क को देखो, वहां कितने रईस लोग रहते हैं, लेकिन अब उनकी हालत देखो."

    इमरान ख़ान ने कहा कि कोरोना वायरस पाकिस्तान के सामने दोहरी चुनौती है. एक ओर सरकार को इस वायरस को रोकना है और दूसरी ओर देश के ग़रीब तबके को बचाना भी है. उन्होंने कहा कि वो देश के कामगरों को भूखा नहीं मरने देंगे.

  19. फ़ेक न्यूज़ और नफ़रत फैलाने वालों पर होगी सख़्त कार्रवाईः उद्धव ठाकरे

    उद्धव ठाकरे

    इमेज स्रोत, CMOMaharashtra

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि कोविड-19 संक्रमण से जुड़े फ़ेक न्यूज़ और नफ़रत भरे मैसेज फैलाने वालों पर उनकी सरकार सख़्त कार्रवाई करेगी.

    सोशल मीडिया के ज़रिए राज्य के लोगों को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा, "कोरोना वायरस की तरह ही एक और वायरस फैल रहा है, जो समाज में विभाजन पैदा कर रहा है, ये फ़ेक न्यूज़ और सांप्रदायिक नफ़रत का वायरस है. यदि कोई फ़ेक न्यूज प्रसारित करता है या ऐसा वीडियो साझा करता है जो भड़काऊ हो, जैसे नोट पर थूक लगाना, उसे बख़्शा नहीं जाएगा. मज़ाक में भी ऐसा न करें."

    महाराष्ट्र में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 635 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से कम से कम सात का संबंध तब्लीग़ी ज़मात से है. महाराष्ट्र में अब तक 32 मौतें कोरोना वायरस की वजह से हो चुकी हैं.

  20. राष्ट्रपति ट्रंप ने न्यूयॉर्क में उतारी सेना

    न्यू यॉर्क में कोरोना से मारे गए लोग

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, न्यूयॉर्क में एक अस्थायी शव गृह में रखे कोरोना संक्रमण से मरे लोगों के शव

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह न्यूयॉर्क में एक हज़ार सैन्य मेडिकलकर्मियों को तैनात करने जा रहे हैं.

    अमरीका में न्यूयॉर्क कोरोना वायरस संक्रमण से सबसे ज़्यादा प्रभावित है. न्यूयॉर्क में अब तक एक दिन में सबसे ज़्यादा मौतें दर्ज की गई हैं.

    बीते चौबीस घंटों में यहां 630 मौतें हुई हैं. इस प्रांत में अब तक साढ़े तीन हज़ार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं.

    गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने कहा है कि अभी सबसे बुरे हालात नहीं आए हैं और अस्पताल ऐसी स्थिति के लिए तैयार नहीं हैं. न्यूयॉर्क शहर के मेयर बिल डे ब्लासियो ने कहा है कि क़रीब पैंतालीस हज़ार अतिरिक्त मेडिकलकर्मियों की ज़रूरत अभी और पड़ेगी.