कोरोना वायरस: दुनिया भर में मरने वालों का आंकड़ा 58,750 के पार

कोरोना वायरस की चपेट में आए दस लाख से ज़्यादा लोग, इटली और स्पेन में मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना वायरस की त्रासदी से बिखरने लगा है पूरा यूरोप

  2. इस साल एवरेस्ट पर सिर्फ़ चीनी पर्वतारोही चढ़ पाएंगे

    इस साल माउंट एवरेस्ट पर सिर्फ़ चीन के कुछ पर्वतारोहियों ही चढ़ पाएंगे. कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से माउंट एवरेस्ट पर नेपाल से होकर जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है. चीन ने अपने यहां से विदेशी पर्वतारोहियों की चढ़ाई पर रोक लगा दी है. हालांकि चीनी पर्वतारोहियों की एक टीम अपने बेस कैंप से दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी पर चढ़ाई शुरू कर दी है.

    एवरेस्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

  3. इराक़: कोरोना से जुड़ी रिपोर्ट की वजह से रॉयटर्स पर बैन

    इराक़ी प्रशासन ने अपने यहां समाचार एजेंसी रॉयटर्स पर तीन महीनों के लिए प्रतिबन्ध लगा दिया है. प्रशासन का कहना है कि इराक़ में कोरोना संक्रमण से सम्बन्धित रॉयटर्स की कवरेज ग़ैर-पेशेवराना थी.

    समाचार एजेंसी ने गुरुवार को ख़बर दी थी कि इराक़ में कोरोना संक्रमण के मामले सरकारी दावों से कई गुना ज़्यादा हैं.

    इराक़ सरकार का कहना है कि उसके यहां कोरोना वायरस के कुल 772 मामले हैं. वहीं, रॉयटर्स के मुताबिक़ विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इराक़ सरकार के बताए गए आंकड़ों की पुष्टि नहीं की है.

    रॉयटर्स ने अपनी ख़बर में तीन अज्ञात डॉक्टरों का हवाला दिया था और कहा था कि ये टेस्टिंग की प्रक्रिया में करीब से शामिल थे.

    इराक़ के कम्युनिकेशन्स ऐंड मीडिया कमीशन ने भी रॉयटर्स पर अज्ञात सूत्रों पर भरोसा करने का आरोप लगाया है. इसने रॉयटर्स को माफ़ीनामा प्रकाशित करने का आदेश दिया है और साथ ही इस पर 21 हज़ार डॉलर का जुर्माना भी लगाया है.

    इराक़

    इमेज स्रोत, Getty Images

  4. कोरोना: लोगों की आवाजाही पर गूगल की रिपोर्ट

    गूगल ने करोड़ों मोबाइल फ़ोन यूज़र्स के लोकेशन डेटा से सम्बन्धित कुछ ऐसी रिपोर्ट्स जारी की हैं जो इटली और जापान सरकार के उन दावों से अलग हैं जिनमें कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए लोगों की आवाजाही पर काबू की बात कही गई थी.

    गूगल की इन रिपोर्टों में फ़ोन यूज़र्स की लोकेशन और मूवमेंट ट्रैक की गई है जिससे पता चलता है कि पिछले पांच हफ़्तों में वो कब बस स्टेशन गए और कब किराने की दुकान गए.

    हालांकि रिपोर्ट से ये भी पता चलता है कि इटली दुकानों, पार्कों और मॉल्स में पिछले पांच हफ़्तों में लोगों की आवाजाही 90 फ़ीसदी तक कम हुई है. वहीं, जापान में लोगों के बाहर निकलने में सिर्फ़ 20 फ़ीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

    गूगल का ये भी कहना है कि रिसर्च के दौरान फ़ोन यूज़र्स की निजता का पूरा ख़याल रखा गया है और इसका मक़सद स्वास्थ्यकर्मियों और प्रशासन की ये समझने में मदद करना है कि आवाजाही पर रोक लगाना प्रभावी है या नहीं.

    कोरोना संक्रमण

    इमेज स्रोत, Getty Images

  5. मरकज़ से संक्रमण रोकने की कोशिशों को झटका लगा: राष्ट्रपति

    राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि हमें ये सुनिश्चित करने की ज़रूरत है कि कोरोना वायरस संक्रमण के ख़िलाफ़ लड़ाई के लिए जारी लॉकडाउन के दौरान कोई भूखा न रहे. राष्ट्रपति ने डॉक्टरों, स्वास्थकर्मियों और पुलिसकर्मियों पर हो रहे हमलों पर भी चिंता जताई है.उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों के पालन की सख़्त ज़रूरत भी बताई. राष्ट्रपति ने कहा कि आनंद विहार में मज़दूरों के इकट्ठा होने और निज़ामु्द्दीन में मरकज़ के सम्मेलन से संक्रमण रोकने की कोशिशों को झटका लगा.

    रामनाथ कोविंद

    इमेज स्रोत, Getty Images

  6. कोविड-19 संक्रमण की वजह से हिमाचल प्रदेश के सोलन ज़िले की एक महिला की मौत हो गई है. (PTI)

  7. यूरोप की ताज़ा स्थिति क्या है?

    जर्मनीः मरने वालों की संख्या 1,000 के पार. संक्रमण के मामलों की संख्या चीन से ज़्यादा.

    स्पेनः गुरुवार को एक दिन में सर्वाधिक 950 लोगों की मौत. इटली के बाद स्पेन में कोरोना से सबसे ज़्यादा लोगों की मौत.

    फ़्रांसः अगले सप्ताह ईस्टर के मौक़े पर लोगों की आवाजाही रोकने के लिए प्रबंध किए जा रहे हैं. 18 मार्च से अब तक 400 से ज़्यादा रोगियों को हाई-स्पीड ट्रेनों से इलाज के लिए ले जाया गया है.

    ग्रीसः एक प्रवासी कैंप और एक जहाज़ से पहुँचा ग्रीस में कोरोना वायरस. जहाज़ पर सवार 380 यात्रियों में से 119 पोज़िटिव पाए गए. एथेंस के पास एक प्रवासी कैंप में रहने वाले 24 प्रवासी भी संक्रमित.

    स्पेन में अंत्येष्टि

    इमेज स्रोत, EPA

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, पिछले दो दिनों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 647 मामले तबलीग़ी जमात से जुड़े: ICMR

    इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के अनुसार पिछले 24 घंटों में भारत में आठ हज़ार सैंपल चेक किए गए. ICMR ने कहा कि भारत में कोरोना वायरस की जाँच के लिए 182 लैब काम कर रहे हैं और इनमें से 130 लैब सरकार के हैं.

    कोरोना वायरस के संक्रमण का तबलीग़ी जमात से 19 राज्यों से जुड़े मामले हैं. पिछले दो दिनों में कोरोना वायरस के 647 नए मामले मिले हैं और ये तबलीग़ी जमात से जुड़े हैं. आईसीएमआर ने यह भी कहा कि पिछले 24 घंटों में भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण से कुल 12 लोगों की मौत हुई है.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, योगी ने तबलीग़ी जमात के कुछ सदस्यों पर लगाया NSA

    उत्तर प्रदेश में ग़ाज़ियाबाद के एक हॉस्पिटल में नर्सों के साथ बदतमीजी का आरोप तबलीग़ी जमात के सदस्यों पर लगा था. शुक्रवार को इस मामले में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अभियुक्तों के ख़िलाफ़ सख़्त नेशनल सिक्यॉरिटी एक्ट लगा दिया है.

    उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार ने कहा है कि इंदौर जैसी घटना उत्तर प्रदेश में नहीं होने दी जाएगी. जमात के कुछ सदस्यों पर आरोप है कि उन्हें ग़ाज़ियाबाद के सिटी हॉस्पिटल में जाँच के लिए लाया गया तो सुरक्षाकर्मियों और सरकारी अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया.

    इसके आलवा यह आरोप भी है कि अस्पताल में भर्ती किए जाने पर नर्सों के साथ भी बदतमीज़ी की. ग़ाज़ियाबाद में जमात के 156 लोगों को क्वारंटीन में रखा गया है. दिल्ली के निज़ामुद्दीन में जमात का एक धार्मिक आयोजन हुआ था और इसमें कई लोग कोरोना वायरस से संक्रमित थे.

    चीफ़ मेडिकल ऑफिसर एनके गुप्ता ने कहा है कि 90 लोगों को सुंदर दीप कॉलेज में और 56 लोगों को सूर्या हॉस्पिटल में क्वारंटीन में रखा गया है. बदतमीज़ी के आरोप एमएमजी अस्पताल में लगे हैं.

    पूरे मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है, ''ये न तो क़ानून का पालन करेंगे और न ही आदेश स्वीकार करेंगे. ये मानवता के दुश्मन हैं. इन्होंने महिला स्वास्थ्यकर्मियों के साथ जो किया है वो संगीन अपराध है. हम इन पर एनएसए लगा रहे हैं. इन्हें ऐसे ही नहीं छोड़ दिया जाएगा.''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  10. रूस के लोग ज़्यादा वोदका क्यों खरीद रहे हैं?, स्टीव रोज़ेनबर्ग, बीबीसी मॉस्को संवाददाता

    रूस के स्थानीय टैबलॉइड अख़बार‘कम्समोलस्की प्रावदा’ में एक दंपती के बारे में ख़बर छपी है जिसमें बताया गया है कि कैसे उन्हें ट्रेन से लंबी यात्रा करके मेलनिकी गांव अपने माता-पिता के घर क्वरंटाइन में जाना पड़ा. इस जोड़े को कुछ स्थानीय लोगों ने धमकी दी थी कि उनके माता-पिता की पेंशन छीन ली जाएगी, उनकी संपत्ति को नुक़सान पहुंचाया जाएगा और उनके कुत्तों को मार दिया जाएगा.

    एक अन्य रूसी अख़बार व्यदोमस्ती में विश्लेषकों के हवाले से अनुमान लगाया गया है कि आइसोलेशन की वजह से रूस की अर्थव्यवस्था को 20% तक का नुक़सान हो सकता है.

    कम्समोलस्की प्रावदा में एक ख़बर है कि स्थानीय तंबाकू कंपनियों ने अपनी सभी कंपनियों ने काम बंद कर दिया है इसलिए रूस में सिग्रेट की कमी हो गई है. नतीजन वहां बेलारूस और कज़ाकिस्तान के रास्ते नकली सिग्रेट की सप्लाई शुरू हो गई है.

    नियासाविज़ीमया गज़ेता अख़बार में ख़बर है कि रूस के लोगों ने ज़्यादा वोदका खरीदन शुरू कर दी है. हालांकि रूसी संसद के ऊपरी सदन की स्पीकर वेलेंटीना मैटवियेंको का कहना है कि लोग उसे पीने के लिए नहीं बल्कि सैनिटाइज़र के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए ख़रीद रहे हैं.

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
  11. ब्रेकिंग न्यूज़, सिंगापुर में बंद होंगे स्कूल और दफ़्तर

    सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सेन लूंग ने अगले हफ़्ते से सभी स्कूल और ज़्यादातर दफ़्तर बंद करने का ऐलान किया है. रेस्तरां, सुपरमार्केट, क्लीनिक, अस्पताल, ज़रूरी सामान, यातायात और प्रमुख बैंकिंग सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी दुकानें और कारोबार बंद रहेंगे.

    सरकार मास्क के बारे में अपनी अडवाइज़री भी बदल रही है. अब लोगों को मास्क लगाने से रोकने की कोशिश नहीं की जाएगी. ये फ़ैसला इसलिए किया गया है क्योंकि नई रिसर्च से पता चला है कि उन लोगों से भी संक्रमण फैल सकता है जिनमें कोरोना के कोई स्पष्ट लक्षण नहीं हैं. सरकार हर परिवार को दोबारा इस्तेमाल किए जा सकने वाले मास्क भी बांटेगी.

    ये ऐलान सिंगापुर के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं क्योंकि ये कोरोना संक्रमण पर काबू पाने में काफ़ी हद तक कामयाब रहा है. लगभग 60 लाख की आबादी वाले सिंगापुर में अब तक संक्रमण के 1,049 मामले सामने आए हैं और पांच लोगों की मौत हुई है.

    यहां अब तक स्कूल, दफ़्तर, मॉल और रेस्तरां खुले थे हालांकि सोशल डिस्टेंसिंग की कुछ पाबंदियां ज़रूर थीं. लेकिन हाल के कुछ हफ़्तों में सिंगापुर में विदेशों से आने वाले मामलों की दूसरी लहर देखी गई है. पिछले कुछ दिनों में वहां स्थानीय लोगों में संक्रमण बढ़ा है जो इस कम्युनिटी ट्रांसमिशन बढ़ने की ओर इशारा करता है.

    प्रधानमंत्री ली ने कहा, “हाल की घटनाओं को देखते हुए अगर हमने ये कदम नहीं उठाए तो स्थिति धीरे-धीरे बदतर हो सकती है या संक्रमण की दूसरी लहर हमें किनारे पर धकेल सकती है.”

    सिंगापुर

    इमेज स्रोत, Getty Images

  12. बिहार: तबलीग़ी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए 35 लोगों का पता चला

    बिहार पुलिस के प्रमुख गुप्तेश्वर पांडे ने बताया है कि दिल्ली के निज़ामुद्दीन में तब्लीग़ी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए 57 लोगों में से 35 का पता लगाया जा चुका है.

  13. तबलीग़ी जमात से संबंध रखने वाले 960 विदेशियों के वीज़ा रद्द

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि तबलीग़ी जमात से संबंध रखने वाले 960 विदेशियों का वीज़ा रद्द करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्टेड कर दिया गया है.

    इन लोगों में 379 इंडोनेशिया और 110 बांग्लादेश के नागरिक हैं.

  14. कोरोना वायरस : संक्रमण से बेहाल पूरी दुनिया

  15. बरेली में मज़दूरों को सैनिटाइज़ करने के मामले में एक निलंबित, यूपी में 132 कोरोना संक्रमित

    बरेली मज़दूर

    इमेज स्रोत, MANVEER

    समीरात्मज मिश्र

    लखनऊ से, बीबीसी हिंदी के लिए

    बरेली में बाहर से आए कुछ मज़दूरों पर केमिकल वाले पानी की बौछार करके सैनिटाइज़ करने के मामले में संबंधित सुपरवाइज़र को निलंबित कर दिया गया है.

    बरेली के नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि मामले की जांच भी की जा रही है और जो अन्य लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके ख़िलाफ़ भी कार्रवाई की जाएगी.

    बताया जा रहा है कि दो अन्य कर्मचारियों के भी ख़िलाफ़ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है लेकिन इस बारे में आधिकारिक रूप से अभी और जानकारी नहीं दी गई है.

    रविवार को बरेली के सेटेलाइट बस अड्डे पर फ़ायर ब्रिगेड की ओर से यात्रियों पर सोडियम हाइपोक्लोरेट मिले पानी से छिड़काव किया गया था. कई यात्रियों ने आँखों में जलन और खुजली की शिकायत भी की थी लेकिन उन्हें अस्पताल नहीं जाने दिया गया. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने दोषियों को ढूंढ़ना शुरू किया और फिर जांच के आदेश दिए गए.

    इस बीच, उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 132 हो गई है. इसमें सर्वाधिक 48 मरीज नोएडा के हैं. यूपी में गुरुवार देर शाम तक कोरोना वायरस से संक्रमित दस नए लोग मिले हैं. गुरुवार को नोएडा में कोरोना संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया.

    दिल्ली के निज़ामुद्दीन में तबलीगी जमात में शामिल लोगों की तलाश में उत्तर प्रदेश में कई जगह छापेमारी की गई और कई जगह से बड़ी संख्या में लोग पकड़े गए हैं. इनमें से 429 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार शाम तक आनी है.

    लॉकडाउन में सामूहिक रूप से नमाज़ पढ़ने से रोकने के लिए गई पुलिस टीम पर अलीगढ़ में कुछ लोगों ने हमला कर दिया. इस मामले में तीन लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    उत्तर प्रदेश के मुख्मंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि स्वास्थ्यकर्मियों या पुलिसकर्मियों पर हमले करने वाले ऐसे लोगों के ख़िलाफ़ राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून यानी एनएसए के तहत कार्रवाई होगी.

  16. इंग्लैंड का एक दिन में एक लाख टेस्ट करने का लक्ष्य

    स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने कहा है कि ब्रिटेन सरकार ने इंग्लैंड में एक दिन में एक लाख कोरोना वायरस टेस्ट करने का लक्ष्य रखा है.

    उन्होंने कहा कि इसे लेकर हमने एक योजना तैयार की है लेकिन अभी बहुत सारे काम हमें करने हैं.

  17. पाकिस्तान का रायविंड शहर पूरी तरह लॉकडाउन

    सुरक्षाकर्मी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    40 धार्मिक उपदेशकों के कोरोना टेस्ट पॉज़िटिव आने के बाद पाकिस्तान के रायविंड शहर को पूरी तरह से लॉकडाउन कर दिया गया है.

    यह सभी लोग तबलीग़ी जमात से जुड़े हुए हैं. भारत और मलेशिया में भी तबलीग़ी जमात से जुड़े लोगों के कोरोना पॉजिटिव आने के कई मामले सामने आए हैं.

    दक्षिण एशियाई क्षेत्र में श्रीलंका में अचानक से कोरोना वायरस पॉज़िटिव मामलों में वृद्धि देखी गई है. यहां एक दिन में 21 मामले सामने आए हैं और यहां कोरोना पॉज़िटिव की कुल संख्या 146 तक पहुँच गई है.

    बांग्लादेश ने अपने सभी स्टेडियम को क्वारंटीन केंद्रों में तब्दील कर दिया है. पूरी दुनिया में सबसे कम टेस्ट की दर यहीं है. वहीं, नेपाल में कोरोना पॉज़िटिव का छठा मामला पाया गया है. नेपाल में लॉकडाउन 7 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है.

  18. पाकिस्तान: मज़दूरों पर कोरोना की मार

  19. महाराष्ट्र में तबलीग़ी जमात के कार्यक्रम को नहीं दी गई थी अनुमति

    लोग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    जान्ह्वी मुले

    बीबीसी संवाददाता, मराठी सेवा

    दिल्ली के हज़रत निज़ामुद्दीन इलाक़े में तबलीग़ी जमात मरकज़ में हुआ समारोह पहले मुंबई के नज़दीक़ वसई में होना था. लेकिन पुलिस ने महामारी फैलने के डर से इसको रद्द कर दिया था.

    महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने बीती रात एक बयान जारी करके इसकी जानकारी दी.

    यह कार्यक्रम में वसई में 14 और 15 मार्च को होना था और इस कार्यक्रम में 50,000 से अधिक लोगों के आने की संभावना थी. इसके आयोजकों में से एक शमीम एजुकेशन एंड वेलफ़ेयर सोसायटी ने गृह विभाग को पत्र लिखकर किसी सार्वजनिक कार्यक्रम की तरह ही इसकी अनुमति मांगी थी.

    5 फ़रवरी को पालघर ज़िले के पुलिस प्रशासन ने इसकी अनुमति भी दे दी थी लेकिन देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों और संक्रमण के डर से पुलिस और गृह विभाग ने 6 मार्च को अनुमति रद्द कर दी है.

    अनिल देशमुख ने कहा, “राज्य के गृह विभाग ने सतर्कता के साथ काम किया और एक परिस्थिति को डाल दिया था.”

    आख़िरकार, यह कार्यक्रम दिल्ली के निज़ामुद्दीन इलाक़े में 15 से 17 मार्च तक हुआ. कई लोग इसमें शामिल हुए और उसके बाद अपने गांव लौट आए.

    इनमें से कुछ लोग और इनके संपर्क में आए लोग कोरोना पॉज़िटिव पाए गए हैं या उनका क्वरंटीन में रखा गया है.

  20. शाहरुख़ ने कोरोना से लड़ाई में मदद का भरोसा दिलाया

    शाहरुख़ ख़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बॉलीवुड स्टार शाहरुख़ ख़ान ने कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ लड़ाई में मदद करने की पेशकश की है.

    ट्विटर में उन्होंने एक बयान जारी किया है, "इस बड़ी जंग को देखते हुए मैंने और मेरी टीम ने इसमें अपनी भूमिका निभाने का फ़ैसला लिया है. हम इस दिशा में कई तरह के क़दम उठाने वाले हैं. हम उम्मीद करते हैं कि इससे कुछ फ़र्क पड़ेगा."

    शाहरुख़ महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल की सरकार की मदद से स्वास्थ्य कर्मियों को 50000 पीपीई (चिकित्सा उपकरण) मुहैया कराएँगे.

    वो मुंबई के 5500 परिवारों की हर दिन खाने की ज़रूरत पूरा करेंगे. इसके साथ ही एक किचन शुरू करेंगे जो हर दिन अस्पतालों और घरों में 2000 लोगों को खाना उपलब्ध कराने का काम करेगी.