कोरोना वायरस से हर दिन इटली में सैकड़ों मौतें हो रही हैं. इटली में कोरोना वायरस के संक्रमण फैलने के बाद से शुक्रवार को एक दिन में मरने वालों की संख्या सबसे ज़्यादा रही. शुक्रवार को पिछले 24 घंटे में इटली में 919 लोगों की जान गई.
इसके साथ ही कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 9,134 हो गई है. यूरोप में इटली कोरोना वायरस की चपेट में सबसे बुरी तरह से है. पूरे इटली में सब कुछ बंद हैं और लोग अपने-अपने घरों में क़ैद हैं. शुक्रवार को प्रशासन ने कहा कि देश भर में लगी पाबंदिया तीन अप्रैल तक आगे बढ़ सकती हैं.
इटली का उत्तरी इलाक़ा लोम्बार्डी कोरोना वायरस से सबसे ज़्यादा प्रभावित है. इटली में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 86,500 हो गई है. डर है कि इटली का दक्षिणी इलाक़ा भी कोरोना की चपेट में लोम्बार्डी की तरह ही न आ जाए. बीबीसी के रोम संवाददाता मार्क लोवेन के अनुसार इटली में कोरना वायरस की त्रासदी लगतार विकराल रूप धारण करती जा रही है. देश की ग्रामीण आबादी हर दिन कम हो रही है.
केवल लोम्बार्डी में ही पिछले 24 घंटों में कुल 541 लोगों की मौत हुई है.
यूरोप में इटली के बाद स्पेन कोरोना वायरस के संक्रमण की त्रासदी से सबसे बुरी तरह से प्रभावित है. हर दिन मरने वालों की संख्या बढ़ रही है. हालांकि संक्रमण फैलने के मामले में कमी आई है. स्पेन में कोरोना से संक्रमण के कुल 64,059 मामले सामने आ चुके हैं.
यहां पिछले 24 घंटों में 769 लोगों की मौत हुई है और कोरोना वायरस से मरने वालों की कुल संख्या 4,858 पहुंच गई है. स्पेन की सरकार ने देश में आपाकाल को बढ़ाकर 12 अप्रैल तक कर दिया है.
शुक्रवार को फ़्रांस में भी कोरोना वायरस से 299 लोगों की जान गई. फ़्रांस में कोरोना के संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 1,995 हो गई है. यहां कोरोना से संक्रमण के कुल 33,000 मामले सामने आ चुके हैं. फ़्रांस के प्रधानमंत्री ने लोगों से 15 अप्रैल तक घरों में ही रहने के लिए कहा है.