You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना: भारत में 27 लोगों की मौत, 1,000 से ज़्यादा पॉज़िटिव मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, भारत में कोरोना वायरस की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 27 हो गई है.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना वायरस: दक्षिण कोरिया ने जो किया वो दुनिया के लिए मिसाल

  2. नोएडा: संक्रमित लोगों को 28 दिन की पेड लीव

    नोएडा प्रशासन ने कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों को 28 दिन की पेड लीव (भुगतान सहित छुट्टी) देने का निर्देश दिया है. इसमें फ़ैक्ट्रियों और कारखानों में काम करने वाले, दुकानों पर काम करने वाले और दिहाड़ी मज़दूरों को भी शामिल किया गया है.

  3. दुनिया भर में छह लाख से ज़्यादा लोग संक्रमित

    जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के ताज़ा आंकडों के अनुसार दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण के शिकार लोगों की संख्या छह लाख से ज़्यादा हो गई है.

    सबसे ज़्यादा संक्रमण वाले पांच देश ये हैं:

    अमरीका-104,865

    इटली- 86,498

    चीन- 81,996

    स्पेन- 72,248

    जर्मनी- 53,340

  4. मध्य पूर्व में कैसी स्थिति है

    इरान दुनिया के उन देशों में से एक है जहां कोरोना वायरस का प्रकोप सबसे ज़्यादा है. यहां अब देश के सालान बजट का 20 फ़ीसदी हिस्सा कोरोना से निबटने के लिए ख़र्च किया जाएगा. पिछले 24 घंटे में इरान में 139 लोगों की मौत कोविड-19 संक्रमण की वजह से हुई और इसी के साथ यहां मौतों का कुल आंकड़ा 2,517 पर पहुंच गया.

    गज़ा में फ़लस्तीनी समूहों ने संक्रमण के ख़तरे को देखते हुए अगले कुछ हफ़्तों के लिए अपनी पूर्व निर्धारित रैलियां रद्द कर दी हैं.

    क़तर में शनिवार को कोरोना वायरस की वजह से पहली मौत हुई. पिछले 24 घंटों में क़तर में 28 नए मामले सामने आए और संक्रमण के कुल मामले 590 हो गए.

  5. पंजाब: 90 हज़ार प्रवासी भारतीय वापस लौटे

    पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन को चिट्ठी लिखकर बताया है कि देश में सबसे ज्यादा एनआरआई (प्रवासी भारतीय) पंजाब से हैं और इनमें से 90 हजडार लोग पिछले महीने ही राज्य में लौटे हैं.

  6. क्वरंटीन के लिए तैयार लेकिन लॉकडाउन पर असहमत हैं न्यूयॉर्क के गवर्नर

    न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रू क्योमो ने क्वरंटीन के प्रस्ताव पर राष्ट्रपति ट्रंप से सहमति जताई है. साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि वो लॉकडाउन के विचार का समर्थन नहीं करते.

    सीएनएन से बातचीत में गवर्नर क्योमो ने कहा, “न्यूयॉर्क तो पहले से लगभग क्वरंटीन में ही है. यहां कोई कार्यक्रम नहीं हो रहा है, कहीं लोगों की भीड़ नहीं जुट रही है. अगर लोगों के घरों से निकलने पर भी पाबंदी लगा दी जाए तो ये लॉकडाउन होगा. फिर हम चीन के वुहान जैसे बन जाएंगे जिसका कोई मतलब नहीं है.”

    क्योमो ने लॉकडाउन के विचार को ‘अमरीका विरोधी’ और ‘अर्थव्यवस्था के लिए ख़तरा’ बताया. उन्होंने कहा कि लॉकडाउन लागू करना ‘युद्ध के ऐलान’जैसा होगा और वो इसका समर्थन नहीं करते.

    इससे पहले न्यूयॉर्क को क्वरंटीन किए जाने के ट्रंप के प्रस्ताव के बारे में पूछे जाने पर क्योमो ने कहा था कि इस सिलसिले में उनकी राष्ट्रपति से कोई बात नहीं हुई है.

  7. कोरोना पर 'मन की बात' करेंगे पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह 11 बजे 'मन की बात' रेडियो कार्यक्रम के ज़रिए देश में कोरोना संकट से पैदा हुए हालात के बारे में बात करेंगे.

  8. क्वरंटीन में होगा पूरा न्यूयॉर्क?

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो पूरे न्यूयॉर्क को क्वरंटाइन (अलग-थलग) करने पर विचार कर रहे हैं.

    उन्होंने कहा, “चूंकि न्यूयॉर्क संक्रमण का हॉटस्पॉट है इसलिए मैं इसे कम से कम दो हफ़्तों के लिए क्वरंटीन करने के बारे में सोच रहा हूं. न्यूयॉर्क के अलावा न्यूजर्सी और कुछ अन्य जगहों को भी क्वरंटीन किया जा सकता है. ये भी हो सकता है कि इसकी ज़रूरत न पड़े लेकिन इसकी संभावना है.”

  9. कनाडा: कोरोना के लक्षण हैं तो ट्रेन और प्लेन में प्रवेश नहीं

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने ऐलान किया है कि कोरोना संक्रमण के लक्षणों वाले व्यक्ति देश में ट्रेन या फ़्लाइट में सफ़र नहीं कर सकेंगे. यह नियम सोमवार से लागू हो जाएगा. कनाडा सरकार की प्रेस रिलीज़ में कहा गया है कि ट्रेनों और बसों में सफ़र के लिए जाने से पहले लोगों की थर्मल चेकिंग अनिवार्य होगी.

  10. दुनिया भर में 30 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत

    जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के अनुसार दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 30 हज़ार से ज़्यादा हो गई है. इनमें सबसे ज़्यादा मौतें इटली (10,023) में हुई हैं. इटली के बाद मौतों का आंकड़ा सबसे ज़्यादा स्पेन में (5,690) है.

  11. कोरोना से राहत के लिए IRS अधिकारियों की पहल

    ऑल इंडिया इंडियन रेवेन्यू सर्विस असोसिशन ने एक प्रस्ताव पारित करके तय किया है कि सभी आईआरएस अधिकारी कम से कम एक दिन की तनख़्वाह कोरोना से राहत कार्यों के लिए देंगे. (ANI)

  12. अपनी सीमाएं पूरी तरह बंद करेगा रूस

    कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए रूस सोमवार से अपनी सीमाएं पूरी तरह बंद कर लेगा.

    रूसी सरकार के एक बयान में कहा गया है कि देश में रेल, सड़क और फ़ुटपाथ...ये सब बंद रहेंगे. पिछले 24 घंटों में रूस में कोरोना संक्रमण के 228 नए मामले सामने आए हैं.

    समाचार एजेंसी इंटरफ़ैक्स के मुताबिक़ रूस में कोविड-19 की वजह से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है और 1,264 लोग संक्रमित हैं.

  13. कोरोना से बचाव के तीन रास्ते

    कोरोना से बचने के लिए इन तीन उपायों को रट डालें और अमल में लाएं.

  14. पांच मिनट में कोरोना वायरस का टेस्ट करेगी ये किट

    अमरीका के फ़ूड ऐंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने एक नई टेस्टिंग किट को मंज़ूरी दी है जो सिर्फ़ पांच मिनट में कोरोना वायरस के पॉज़िटिव मामलों का पता लगा सकती है.

  15. इटली में 10,000 से ज़्यादा मौतें

    शनिवार इटली के लिए एक और ख़ौफ़नाक दिन साबित हुआ. पिछले 24 घंटों में इटली में 880 मौतें हुईं और इसी के साथ वहां मौतों का आंकड़ा 10,023 हो गया है. इटली में 70,065 के लगभग कोरोना संक्रमण मामले हैं, जिनमें से 12,384 लोग ठीक हो चुके हैं.

  16. पिछले कुछ घंटों में भारत का हाल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 819 हो गए हैं.

    -आंध्र प्रदेश में छह नए पॉज़िटिव मामले. राज्य सरकार का कहना है कि अब वहां कुल 19 मामले हो गए हैं. (PTI)

    -अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में तीन नए पॉज़िटिव मामले. केंद्रशासित प्रदेश में अब कुल नौ पॉज़िटिव मामले. (PTI)

    -दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में कोरोना वायरस मामले बढ़कर 49 हुए और दूसरी मौत का मामला सामने आया. (PTI)

    -तेलंगाना में कोरोना संक्रमण से पहली मौत हुई. राज्य के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ 74 वर्षीय बुजुर्ग को मौत के बाद कोरोना पॉज़िटिव पाया गया. (PTI)

    -हरियाणा के गुरुग्राम से पांच और फ़रीदाबाद से एक कोरोना मरीज़ को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिली. (ANI)

    -महाराष्ट्र में कोविड-19 मरीज़ों की संख्या बढ़कर 181 हुई. शनिवार को 28 नए पॉज़िटिव मामले सामने आए और 104 का रिजल्ट निगेटिव आया. राज्य सरकार के मुताबिक़ अब तक 26 मरीज़ ठीक होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं. (ANI)

  17. कोरोना के दौर में 'जीवन के अधिकार' के लिए याचिका

    वकील और सामाजिक कार्यकर्ता अमित साहनी ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर कोरोना संक्रमण के हालात में मज़दूरों, बेघरों और भिखारियों के लिए ‘जीवन का अधिकार’ सुनिश्चित किए जाने की अपील की है. साहनी ने अदालत से तत्काल सुनवाई की गुज़ारिश की है.

  18. BCCI ने कोरोना से निबटने के लिए दिए 51 करोड़

    गृहमंत्री अमित शाह के बेटे और बीसीसीआई सचिव जय शाह ने ट्वीट कर बताया कि बीसीसीआई ने कोरोना से निबटने के लिए PM-CARES फ़ंड में 51 करोड़ रुपये दिए हैं.

    उन्होंने ट्वीट किया, “भारत इस चुनौतीपूर्ण वक़्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है. बीसीसीआई कोरोना से लड़ाई में मदद के लिए 51 करोड़ रुपये दे रहा है. हम सबको इस पहल में योगदान का संकल्प लेना चाहिए.”

  19. लॉकडाउन में सबसे बुरी हालत मज़दूरों की है

    देशव्यापी लॉकडाउन में लोगों को घरों में रहने को कहा गया है लेकिन दूसरे प्रदेशों से बड़े शहरों में आकर रोज़ी-रोटी के लिए मज़दूरी करने वालों के पास यह विकल्प नहीं है. यही वजह है कि बड़ी संख्या में मज़दूर शहर छोड़ने को मजबूर हैं. देखिए, ये वीडियो रिपोर्ट.

  20. दुनियाभर में आज क्या कुछ हुआ...

    ·पूरी दुनिया में संक्रमण के मामले 6 लाख हो गए हैं. जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय के अनुसार, सिर्फ़ यूरोप में मौत का आंकड़ा 20,000 पार कर गया है.

    ·ब्रिटेन में 260 और लोगों के मरने के बाद मौत का आंकड़ा 1,019 पहुंच गया है.

    ·स्पेन में 24 घंटों में 832 लोगों की मौत हुई है जिसके बाद वहां मौतों का कुल आंकड़ा 5,690 हो गया है. हालांकि वहां लोगों के ठीक होने का सिलसिला भी जारी है. 72,000 लोगों में से 12,285 लोग ठीक हो चुके हैं.

    ·कोरोना वायरस का केंद्र रहा चीन का वुहान शहर दुनिया से दो महीने तक अलग-थलग रहने के बाद आज फिर से आंशिक रूप से खोल दिया गया.

    ·दक्षिण कोरिया ने बताया है कि उसके यहां वायरस से संक्रमित होने से अधिक ठीक होने वाले लोगों की संख्या है.

    ·अमरीका ने एक रेपिड टेस्टिंग किट्स को अनुमति दे दी जो सिर्फ़ पांच मिनट में कोरोना वायरस संक्रमण का पता लग सकती है.

    ·भारत में 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा के बाद प्रवासी मज़दूरों का पैदल ही अपने घर लौटना जारी है. दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे पर शाम को मज़दूरों की भारी भीड़ जमा हो गई.