You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना: भारत में 27 लोगों की मौत, 1,000 से ज़्यादा पॉज़िटिव मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, भारत में कोरोना वायरस की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 27 हो गई है.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना वायरस का टीका आख़िर कब तक तैयार होगा?

    दुनिया भर में कोविड-19 का टीका विकसित करने के लिए तेज़ रफ़्तार से रिसर्च की जा रही है.

    दुनिया में इस समय अलग-अलग जगह पर 20 से अधिक टीकों पर काम चल रहा है.

    बीबीसी के स्वास्थ्य और विज्ञान संवाददाता जेम्स गैलाघर ने बताया है कि शोधकर्ताओं की एक टीम ने प्रतिरोधी टीके का इंसानों पर परीक्षण भी शुरू कर दिया है.

    किसी भी टीके के विकास की प्रक्रिया एक अहम चरण होता है. उसका जानवरों पर परीक्षण किया जाता है ताकि सुरक्षा और टीके के असर का टेस्ट हो सके. लेकिन इस मामले में ये शर्त नज़रअंदाज़ कर दी गई है.

    • दूसरे वैज्ञानिक फ़िलहाल जानवरों पर परीक्षण के चरण में हैं और उन्हें उम्मीद है कि साल के आख़िर तक इंसानों पर परीक्षण के नतीजे सामने आ जाएंगे.
    • अगर वैज्ञानिकों ने टीका विकसित करने की चुनौती इस साल पार भी कर ली तो अगली परेशानी इसका व्यापक पैमाने पर उत्पादन करने की होगी.
    • इसका मतलब ये भी हुआ कि हमें कम से कम अगले साल जून तक कोरोना वायरस का प्रतिरोधी टीका नहीं मिलने वाला है. ये सब कुछ ऐसे समय में हो रहा है जब हालात नाजुक हैं और टीका विकसित करने के लिए नए तरीके अपनाए जा रहे हैं.
    • इसलिए इस बात की गारंटी नहीं दी जा सकती है कि सबकुछ सामान्य ही रहेगी.
    • याद रहे कि इंसानों के बीच चार किस्म के कोरोना वायरस पहले से ही मौजूद हैं. इसके असर की वजह से सामान्य सर्दी-जुकाम होते हैं और हमारे पास इनमें से किसी भी कोरोना वायरस के लिए कोई टीका नहीं है.
  2. कनिका कपूर की पार्टी में गए हर शख़्स की होगी जाँच

    • लखनऊ ज़िला प्रशासन सिंगर कनिका कपूर की पार्टी में जाने वाले हर शख़्स की पूरी जाँच करेगा.
    • पार्टी की जगह, आने वाले मेहमानों और अन्य सभी पहलुओं पर लखनऊ के ज़िलाधिकारी जाँच करेंगे और राज्य के गृह विभाग को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे.
  3. कोरोना वायरस: अमरीका में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

    अमरीकी मीडिया के अनुसार, न्यू जर्सी में एक महिला और उनके तीन वयस्क बच्चों की कोविड-19 की वजह से मौत हो गई है.

    इनके अलावा इसी परिवार के तीन और सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं.

    स्थानीय मीडिया में आईं ख़बरों के अनुसार परिवार के सभी सदस्यों ने हाल ही में एक डिनर पार्टी आयोजित की थी.

    ग्रेस फ़ुस्को नाम की जिन महिला की मृत्यु हुई है वे 73 वर्ष की थीं.

    उनकी बहन रोसेन पैराडीसो ने प्रेस को बताया, "अस्पताल में भर्ती परिवार के अन्य सदस्य फ़िलहाल स्थिर हैं. डिनर पार्टी में आये 19 अन्य लोगों के ख़ून के नमूने लिए गए हैं और उन्हें आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया है."

    गुरुवार सुबह ग्रेस के बाद उनके बड़े बेटे कारमिन और बेटी रीटा की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हो गई थी. इनके कुछ देर बाद छोटे बेटे विन्सेंट जूनियर का भी देहांत हो गया. ग्रेस के तीनों बच्चों की उम्र 50 से अधिक थी.

    ग्रेस के रिश्तेदार स्थानीय प्रशासन के रवैये से बहुत नाराज़ हैं. उन्होंने प्रेस से कहा, "कोरोना वायरस की जाँच के नतीजे पता करने के लिए उन्हें लगभग एक सप्ताह का इंतज़ार करना पड़ा."

    रिश्तेदारों ने सवाल उठाया, "परिवार के जिन लोगों को अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया, उनकी जाँच के नतीजे क्यों नहीं बताए जा रहे?ये एक पब्लिक इमरजेंसी है."

    परिवार को अब अस्पताल में भर्ती तीन सदस्यों के साथ-साथ उन 19 लोगों की भी चिंता है जिसमें कुछ बच्चे और युवक शामिल हैं.

  4. कोरोना वायरस क्या गर्मी बढ़ने पर मर सकता है?

    कई जगह इस तरह के दावे किए जा रहे हैं कि मौसम में गर्मी बढ़ने से कोरोना वायरस ख़त्म हो सकता है.

    दावा यह भी किया जा रहा है कि गर्म पानी पीकर कोरोना वायरस संक्रमण से बचा जा सकता है. यहाँ तक कि नहाने के लिए गर्म पानी के इस्तेमाल की बात भी कही जा रही है.

    बीते कई दिनों से सोशल मीडिया पर इस तरह के दावों की भरमार है.

    एक पोस्ट जिसे कई देशों में हज़ारों लोगों ने शेयर किया है, उसमें दावा किया गया कि गर्म पानी पीने और सूरज की रोशनी में रहने से इस वायरस को मारा जा सकता है.

    क्या है इन दावों की हक़ीक़त: पढ़ें पूरी कहानी.

  5. कोरोना वायरस संक्रमण से लखनऊ में अफ़रा-तफ़री

    शुक्रवार को लखनऊ में चार लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि होने के बाद शहर में ज़बर्दस्त अफ़रा-तफ़री का माहौल है.

    लखनऊ में मौजूद पत्रकार समीरात्मज मिश्र ने बताया कि सभी दुकानें, रेस्तरां आदि बंद कराए जा रहे हैं.

    स्वास्थ्य मंत्री जयप्रकाश सिंह को लेकर भी तमाम अफ़वाहें हैं. कहा जा रहा है कि वे भी उस पार्टी में थे जिसमें बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर थीं.

    उसके बाद उन्होंने ना सिर्फ़ कैबिनेट की बैठक अटेंड की बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कई और बैठकों में भी रहे. फ़िलहाल सभी डरे हुए हैं.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, केरल में कोरोना के 12 नए मामले

    • केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने प्रेस को बताया है कि केरल में 12 और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गए हैं. केरल में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या अब 40 हो गई है.
  7. सिंगर कनिका कपूर के कोरोना से संक्रमित पाये जाने के बाद...

    • राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके बेटे दुष्यंत ने खुद को अलग-थलग किया. एक पार्टी में तीनों की मुलाक़ात हुई थी.
    • कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद भी उस पार्टी में गए थे जहाँ कनिका कपूर थीं. वे भी अब सेल्फ़-आइसोलेशन पर हैं.
    • यूपी के मिर्ज़ापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने भी ख़ुद के आइसोलेशन में जाने की बात कही. बोलीं- ‘एक कार्यक्रम में दुष्यंत से मिली थीं.’
    • तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन भी सेल्फ़-आइसोलेशन पर, कहा- ’18 मार्च को संसद में दो घंटे के लिए दुष्यंत के बगल वाली सीट पर बैठे थे, ख़ुद को अलग रखना होगा.’
    • 18 मार्च को ही भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने एक तस्वीर ट्वीट की थी जिसमें दुष्यंत सिंह कई अन्य सांसदों के साथ दिखाई देते हैं. ये सभी सांसद राष्ट्रपति के साथ नाश्ते के लिए राष्ट्रपति भवन पहुँचे थे.
  8. कोरोना वायरस: भारत में संक्रमण के मामले बढ़कर 223 हुए

    • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि गुजरात, लखनऊ और हैदराबाद में COVID-19 के कुछ नए मामले सामने आने के बाद कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 223 हो गई है.
  9. ब्रेकिंग न्यूज़, वसुंधरा राजे भी सेल्फ़-आइसोलेशन में

    • राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने ट्वीट किया है कि 'वे और उनके बेटे दुष्यंत भी रविवार को एक पार्टी में बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर से मिले थे और इसे देखते हुए उन्होंने सावधानी पूर्वक सेल्फ़-आइसोलेशन में जाने का फ़ैसला किया है.'
  10. भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 195 हुए

    भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 195 हो गए हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश के अलग-अलग हिस्सों में 22 नए मामले दर्ज किए गए हैं. कोरोना से संक्रमित लोगों में 32 विदेशी हैं.

    इनमें 17 इटली के हैं, 3 फिलिपींस से हैं और दो ब्रितानी हैं. कनाडा, इंडोनेशिया और सिंगापुर से भी एक-एक व्यक्ति भारत में संक्रमित हैं. संक्रमण के 195 मामलों में चार लोगों की अब तक मौत हो चुकी है.

    ये केस दिल्ली, कर्नाटक, पंजाब और महाराष्ट्र के हैं. मंत्रालय ने बताया, "भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या अभी तक 171 दर्ज की गई है. इनमें 20 को पूरी तरह से इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है."

    दिल्ली में अभी तक कोरोना वायरस संक्रमण के 17 मामले दर्ज किए हैं जिसमें एक विदेशी नागरिक है. दूसरी तरफ़ उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 19 मामले सामने आए हैं जिसमें एक विदेशी व्यक्ति है.

    महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 47 और केरल में 28 दर्ज की गई है. महाराष्ट्र में तीन विदेशी तो केरल में दो विदेशी नागरिक संक्रमित पाए गए हैं.

    कर्नाटक में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 15 है तो लद्दाख में इसके संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है. जम्मू और कश्मीर में संक्रमण के चार मामले दर्ज किए गए हैं.

    तेलंगाना में कोरोना वायरस संक्रमण के 16 केस दर्ज किए गए हैं जिसमें चार विदेशी हैं. राजस्थान के सात मामलों में दो विदेशी नागरिक हैं. तमिलनाडु में तीन, आंध्र प्रदेश में दो, हरियाणा में 17 मामले दर्ज किए हैं.

    हरियाणा के 17 मरीजों में 14 विदेशी नागरिक हैं.

  11. जनता कर्फ़्यू के दौरान दिल्ली मेट्रो रहेगी बंद

    • दिल्ली मेट्रो ने कहा है कि 'जनता कर्फ़्यू के लिए प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद मेट्रो की सेवाएं रविवार को बंद रहेंगी.'
  12. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: लखनऊ के कुछ इलाक़ों में आंशिक बंद का आदेश

  13. सिंगर कनिका कपूर कोरोना वायरस से संक्रमित

    बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है.

    इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखकर उन्होंने ख़ुद इसकी जानकारी दी है.

    उन्होंने लिखा है, "पिछले चार दिन से मुझमें फ़्लू के लक्षण दिख रहे थे. मैंने अपनी जाँच कराई तो उसमें मुझे कोविड-19 से संक्रमित पाया गया."

    कनिका ने बताया है, "वे 10 दिन पहले ही घर लौटी थीं. इस दौरान उन्हें एयरपोर्ट पर चेक भी किया गया था. पर तब उन्हें कोई लक्षण दिखाई नहीं दे रहे थे."

    स्थानीय मीडिया के अनुसार कनिका कपूर पिछले दिनों लंदन के दौरे पर थीं. ब्रिटेन में भी कोरोना वायरस के 2500 से ज़्यादा मामले अब तक सामने आए हैं.

    कुछ ख़बरों में कहा गया है कि कनिका ने लंदन से लौटने के बाद लखनऊ में तक़रीबन 100 लोगों के साथ एक होटल में पार्टी की.

    कनिका ने इंस्टाग्राम पर लिखा है, "मेरा परिवार और मैं पूरी ऐहतियात बरत रहे हैं. अलग-थलग हैं. डॉक्टरों की सलाह ले रहे हैं. मैं जिन लोगों के संपर्क में थी, उनकी भी जाँच हो रही है."

    हालांकि सोशल मीडिया पर कनिका को 'ग़ैर ज़िम्मेदार' बताया जा रहा है.

    ट्विटर पर#KanikaKapoorइस वक़्त टॉप ट्रेंड में है और लोग सवाल कर रहे हैं कि कनिका ने लोगों की जान जोखिम में डालने की कोशिश क्यों की?

  14. कोरोना संकट के मद्देनज़र बंगाल में पीडीएस की दुकानों पर चावल फ़्री

    कोरोना संकट के मद्देनज़र पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने राज्य में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों पर दो रुपये में दिए जाने वाले चावल को अगले छह महीने तक के लिए निशुल्क कर दिया है.

  15. कोरोना के चलते दिल्ली के सारे मॉल बंद

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने की घोषणा. मॉल में मौजूद दवा और फल-सब्जियों की दुकानें खुली रहेंगी.

  16. चीन: आज भी कोरोना का कोई नया मामला नहीं

    चीन का कहना है कि उसके यहाँ शुक्रवार को भी कोरोना संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया.

    हालांकि बाहर से आए लोगों में संक्रमण के 39 मामले दर्ज किए गए.

    चीन में कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों की संख्या में भी तेज़ी से कमी आई है.

    वहाँ शुक्रवार को सिर्फ़ तीन नए मामले दर्ज किए गए जिसे मिलाकर मौतों की कुल संख्या 3,248 हो गई.

    हालांकि चीन के आधिकारिक आंकड़ों की विश्वसनीयता पर सवाल भी उठाए जा रहे हैं.

  17. लखनऊ: चार नए पॉजिटिव मामलों की पुष्टि

    सरकारी अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोविड-19 संक्रमण के चार और पॉज़िटिव मामले सामने आए. इसी के साथ यूपी में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 23 हो गई है: PTI

  18. भारत में कोविड-19 के 206 पॉजिटिव मामले

    इंडियन काउंसिल ऑफ़ मेडिकल रिसर्च के मुताबिक़ भारत में कोरोना संक्रमण के 206 पॉजिटिव मामलों की पुष्टि हो चुकी है. 20 मार्च की सुबह 10 बजे तक 13,486 लोगों के 14,376 नमूनों की जांच की जा चुकी थी.

  19. सरकार ने जारी किया व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर

    देश में कोरोना वायरस वायरस के बढ़ते मामलों के बीच सरकार ने एक नया हेल्पडेस्क नंबर जारी किया है.

    ये नंबर है – 91 90131 51515.

    इस नंबर पर अब कोई भी व्यक्ति व्हाट्सऐप के ज़रिए सवाल कर सकते हैं.

  20. पश्चिम बंगाल में कोरोना का दूसरा मामला

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार पीएम तिवारी के मुताबिक़ पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस से संक्रमण का दूसरा मामला सामने आया. 20 साल का संक्रमित यह युवक हाल ही में ब्रिटेन से लौटा था. इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि इस वायरस से निपटने में केंद्र से ज़रूरी सहायता नहीं मिल रही है और राज्य सरकार अपने स्तर पर ही तमाम इंतज़ाम कर रही है. उन्होंने कहा, बंगाल में बाज़ार, शॉपिंग माल और डिपार्टमेंटल स्टोर खुले रहेंगे. इसलिए लोगों को आतंकित होने की ज़रूरत नहीं है.