You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ग़ज़ाः ग्राउंड अटैक में मरने वाले इसराइली सैनिकों की संख्या बढ़कर 15 हुई, अब तक का अपडेट

मंगलवार को ग़ज़ा में चलाए गए ज़मीनी अभियान में मरने वाले इसराइली सैनिकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है. इससे पहले सेना ने 11 सैनिकों के मारे जाने की बात कही थी.

लाइव कवरेज

स्नेहा and संदीप राय

  1. ग़ज़ा के जबालिया में हुई बमबारी के बारे में इसराइली सेना ने ये दावा किया

    इसराइली सेना के प्रवक्ता लेफ़्टिनेंट कर्नल जोनाथन कोनरिक्स ने बताया है कि ग़ज़ा के जबालिया हमले में उनका निशाना हमास के वरिष्ठ कमांडर इब्राहिम बियारी थे.

    उन्होंने कहा कि इस हमले में हमास के 'कई लड़ाके' अंडरग्राउंड टनल में मारे गए हैं, जहां से बियारी ऑपरेशन को चला रहे थे.

    इसराइली सेना के प्रवक्ता का कहना है कि आईडीएफ़ ने अंडरग्राउंड टनल कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाया था और इसके गिरने की वजह से आसपास की कई इमारतें ढह गईं, जिसे रोका नहीं जा सकता था.

    आईडीएफ़ ने कहा कि वो 'कॉलेटरल डेमेज' (व्यापक नुकसान) की ख़बरों पर नज़र रखे हुए है.

    बीबीसी स्वतंत्र रूप से इन दावों की अभी पुष्टि नहीं करता है.

    हमले के बाद की तस्वीरों में आस-पास की इमारतें गिरी हुई नज़र आ रही हैं और वहां बड़े गड्ढे भी बन गए हैं. इस हमले में मरनेवालों का आंकड़ा अब भी स्पष्ट नहीं है.

    चरमपंथी संगठन हमास संचालित ग़ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस हमले में कम से कम 50 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी है.

    वहीं 'फ़लस्तीन रेड क्रेसेंट सोसाइटी' ने बताया है कि क़रीब 25 लोगों की मौत हुई है.

    बीबीसी ने ग़ज़ा में एक डॉक्टर से बात की है, जिन्होंने बताया है कि उनके अस्पताल में 150 शव लाए गए हैं.

  2. बोलीविया ने ग़ज़ा पर हमले की वजह से इसराइल से अपने संबंध तोड़ने की घोषणा की

    लातिन अमेरिकी देश बोलीविया ने ग़ज़ा में इसराइल के सैन्य अभियान के मद्देनजर उससे राजनयिक संबंध तोड़ने की घोषणा की है.

    उप विदेश मंत्री फ्ऱेडी ममानी ने इसराइल के क़दम को 'आक्रामक और असंगत' करार दिया है.

    बोलीविया लातिन अमेरिका का पहला देश है, जिसने इस संघर्ष की वजह से इसराइल से संबंध ख़त्म करने की घोषणा की है. इस देश ने संघर्षविराम की अपील की थी और कहा था कि वो ग़ज़ा में मानवीय सहायता भेजेंगे.

    बोलीविया पहले भी ग़ज़ा पट्टी को लेकर इसराइल से संबंध तोड़ चुका है. करीब एक दशक तक इसराइल से संबंध तोड़ने के बाद 2019 में ही दोनों के बीच राजनयिक संबंध बहाल हुए थे.