You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ग़ज़ाः ग्राउंड अटैक में मरने वाले इसराइली सैनिकों की संख्या बढ़कर 15 हुई, अब तक का अपडेट

मंगलवार को ग़ज़ा में चलाए गए ज़मीनी अभियान में मरने वाले इसराइली सैनिकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है. इससे पहले सेना ने 11 सैनिकों के मारे जाने की बात कही थी.

लाइव कवरेज

स्नेहा and संदीप राय

  1. दिल्ली नगर निगम के 5000 सफ़ाई कर्मचारियों को पक्का करने पर केजरीवाल ने क्या कहा?

    दिल्ली नगर निगम ने संविदा पर काम कर रहे 5000 सफ़ाई कर्मचारियों को परमानेंट करने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी है.

    मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश में इस कदम के लिए सभी को बधाई दी है.

    उन्होंने कहा कि ‘मंगलवार को नगर निगम की सदन की बैठक हुई थी जिसमें लगभग 5000 सफ़ाई कर्मचारियों को नियमित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है.’

    “जनवरी में नगर निगम में जबसे हमारी सरकार बनी है तबसे लगभग 6,494 सफ़ाई कर्मचारियों को हम लोग पक्का कर चुके हैं. पंजाब में भी हमारी सरकार को बने डेढ़ साल होने को हैं और वहां भी हमने लगभग 30,000 से अधिक सफाई कर्मचारियों को पक्का किया है.”

  2. मराठा आरक्षणः ऑल पार्टी मीटिंग के बाद सीएम शिंदे ने क्या कहा?

    मराठा आरक्षण को लेकर हुई ऑल पार्टी मीटिंग के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा ने बताया कि सभी पार्टियां आरक्षण देने के मुद्दे पर एकमत हैं.

    उन्होंने कहा, "मराठा आरक्षण के मसले पर सभी पार्टियां एकमत हैं. हालांकि ये क़ानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद ही दिया जा सकता है. इस संबंध में राज्य की सभी पार्टियां एकजुट हो कर काम करने पर राज़ी हैं."

    उन्होंने कहा कि “मैं मनोज जारांगे पाटिल से अपील करता हूं कि वो सरकार की कोशिशों पर भरोसा रखें. यह प्रदर्शन नई दिशा में जाना शुरू हो गया है. आम लोगों को असुरक्षित नहीं महसूस होने देना चाहिए. मैं सभी से शांति और राज्य सरकार के साथ सहयोग करने की अपील करता हूं.”

    उधर मनोज जारांगे पाटिल ने प्रेस कांफ्रेंस कर अपनी भूख हड़ताल को जारी रखने की जानकारी दी है और पानी भी छोड़ देने की चेतावनी दी है.

    बुधवार को उनकी भूख हड़ताल का आठवां दिन है.

    मराठा आरक्षण के लिए हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच हिंसा भड़कने के बाद महाराष्ट्र के धाराशिव और बीड ज़िले में कर्फ़्यू लगा दिया गया था.

    सोमवार को मराठा समुदाय के आरक्षण की मांग वाला प्रदर्शन अचानक हिंसक हुआ और कई लोगों ने विधायकों के घरों और दफ़्तरों पर हमला बोल दिया.

    छत्रपति संभाजी नगर में बीजेपी विधायक प्रशांत बांब के दफ़्तर पर प्रदर्शनकारियों ने पत्थर फेंके.

    सोमवार को ही बीड में एनसीपी के विधायक प्रकाश सोलंके के आवास को प्रदर्शनकारियों ने आग के हवाले कर दिया था. इसके अलावा एक अन्य एनसीपी विधायक के घर पर भी भीड़ ने हमला किया था.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, वर्ल्ड कप: 40 गेंद में शतक जड़ने वाले मैक्सवेल चोटिल, इंग्लैंड के ख़िलाफ़ नहीं खेलेंगे

    ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल चोटिल हो गए हैं और वो इंग्लैंड के ख़िलाफ़ मैच में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं होंगे.

    इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच चार नवंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा.

    मैक्सवेल ने नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ दिल्ली में खेले गए मैच में सिर्फ़ 40 गेंद में शतक जड़कर वर्ल्ड कप का नया रिकॉर्ड बनाया था.

    आईसीसी के मुताबिक मैक्सवेल गोल्फकार्ट से गिर गए थे.

    आईसीसी की वेबसाइट के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड कप की टीम में मैक्सवेल की जगह किसी और खिलाड़ी को शामिल नहीं किया है. ऐसे में लगता है कि आगे के मैचों में उन्हें मैक्सवेल के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की उम्मीद है.

    मैक्सवेल वर्ल्ड कप में 196 रन बनाए हैं और चार विकेट लिए हैं. उन्होंने नीदलैंड्स के ख़िलाफ़ 44 गेंद में 106 रन बनाए थे.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, ग़ज़ा की रफ़ाह क्रॉसिंग से पहली एंबुलेंस मिस्र में दाख़िल, 88 गंभीर घायलों को मिली जाने की इजाज़त

    ग़ज़ा से घायलों को लेकर पहली एंबुलेंस रफ़ाह क्रॉसिंग के रास्ते मिस्र में प्रवेश कर गई है.

    क्रॉसिंग पर 500 लोग मिस्र में प्रवेश करने के इंतज़ार में है.

    रफ़ाह में मौजूद बीबीसी संवाददाता रश्दी अबू अलूफ़ ने कहा कि पासपोर्ट अधिकारियों ने सबसे गंभीर 88 लोगों को मिस्र में जाने की इजाज़त दी गई है.

    सात अक्टूबर के बाद रफ़ाह क्रॉसिंग ग़ज़ा के आम लोगों के लिए पहली बार खुली है. आज 80 से अधिक घायलों और 500 से अधिक विदेशी नागरिकों को ग़ज़ा से मिकलने की इजाज़त दी गई है. पहले घायल जाएंगे और उसके बाद बाकी लोग जाएंगे.

    अभी तक सूचना के मुताबिक हर दिन 500 विदेशी नागरिकों को रफ़ाह क्रॉसिंग के रास्ते ग़ज़ा से निकलने की इजाज़त दी गई है.

    ग़ज़ा में करीब 7,000 लोगों के पास दोहरी नागरिकता है.

    रफ़ाह क्रॉसिंग को आम लोगों के लिए खोला जाना बहुत महत्वपूर्ण घटनाक्रम है क्योंकि जबसे युद्ध शुरू हुआ है, इसे सील कर दिया गया था.

  5. ग़ज़ा के घायलों के लिए मिस्र में फ़ील्ड हॉस्पिटल, रफ़ाह से आज निकलेंगे 500 से ज़्यादा लोग

    सात अक्टूबर को इसराइल पर हमास के मिलिटरी विंग अल क़ासम ब्रिगेड के हमले के बाद पहली बार बुधवार को मिस्र से लगे रफ़ाह बार्डर को लोगों के लिए खोला गया. इससे पहले सारे बॉर्डर गेट सील कर दिए गए थे.

    रफ़ाह क्रॉसिंग पर कुछ कारें मिस्र की ओर जाती दिखी हैं और ग़ज़ा की ओर बड़ी संख्या में लोग, महिलाओं, बच्चों, अपने बैग और सामान के साथ इंतज़ार कर रहे हैं.

    दक्षिणी ग़ज़ा में रफ़ाह क्रॉसिंग पर मौजूद बीबीसी संवाददाता रश्दी अबू अलूफ़ के मुताबिक 88 घायल फ़लस्तीनी लोगों को जाने की इजाज़त दी जाएगी.

    मिस्र की ओर से कई एंबुलेंस गाड़ियां ग़ज़ा में घायलों को लाने के लिए प्रवेश कर गई हैं.

    समाचार एजेंसी रायटर्स ने मिस्र के सूत्रों के हवाले से कहा है कि आज 500 विदेशी नागरिकों को रफ़ाह क्रॉसिंग से जाने की इजाज़त दी जाएगी.

    इस बीच न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी का कहना है कि दोहरी नागरिकता रखने वालों समेत 545 विदेशी नागरिकों को ग़ज़ा से मिस्र में प्रवेश की इजाज़त मिलेगी.

    इससे पहले ख़बर आई थी कि घायलों को ग़ज़ा से निकालने के लिए क़तर ने अमेरिका के साथ मिलकर मध्यस्थता की है.

    रफ़ाह क्रॉसिंग से मिस्र में 10 किलोमीटर दूर पर एक फ़ील्ड अस्पताल बनकर तैयार हो चुका है.

    बताया जा रहा है कि घायल फ़लस्तीनियों को यहीं इलाज के लिए लाया जाएगा.

  6. इसराइल-हमास संघर्ष को लेकर क्यों दुविधा में है चीन, फ़लस्तीनी लोगों और ईरान से रिश्तों की चर्चा

      • Author, टेसा वोंग
      • पदनाम, एशिया डिजिटल रिपोर्टर

    इसराइल और हमास के बीच संघर्ष तेज़ एक और घटनाक्रम ध्यान खींच रहा है. चीन दोनों पक्षों के बीच शांति का रास्ता निकालने वाले मध्यस्थ की भूमिका में आता दिख रहा है.

    हमास का समर्थन करने वाले ईरान के साथ चीन के करीबी रिश्ते हैं. ये माना जा रहा है कि चीन हालात को संभालने के लिए ईरान के साथ अपनी साझेदारी का इस्तेमाल कर सकता है.

    लेकिन चीन को संतुलन बनाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. इसकी वजह ये है कि फ़लस्तीनी मुद्दे को लेकर चीन की लंबे समय से सहानुभूति रही है. चीनी की कम्युनिस्ट पार्टी के संस्थापक माओ त्से तुंग के समय से ये सिलसिला चल रहा है. माओ ने फ़लस्तीनियों के लिए हथियार भेजे थे.

    बाद में चीन ने अपनी आर्थिक नीतियां बदलीं. ऐसे वक़्त में इसराइल के साथ उसके रिश्ते सामान्य होने लगे. लेकिन तब भी चीन ने साफ़ कर दिया था कि वो फ़लस्तीनियों का समर्थन करता रहेगा.

    हाल के दिनों चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और दूसरे अधिकारियों ने आज़ाद फ़लस्तीनी राज्य की ज़रूरत पर ज़ोर दिया है

    संघर्ष में एक पक्ष को हो रहे बड़े नुक़सान को लेकर ऑनलाइन काफी कुछ लिखा जा रहा है. राष्ट्रवादी ब्लॉगर ऐसी भावनाओं को हवा दे रहे हैं.

    ये स्थिति उस लिहाज से चीन के लिए अच्छी नहीं है, जब सरकार इसराइल की सरकार के साथ बातचीत के प्रयास में जुटी है.

  7. ग़ज़ा पर बमबारी को लेकर बोले जावेद अख़्तर- 'इसराइल के बयान को सुन रही है दुनिया'

    गीतकार जावेद अख़्तर ने कहा है कि इसराइल ग़ज़ा पर बमबारी को 'हिरोशिमा और नागासाकी पर हुए परमाणु हमले का उदाहरण देकर सही ठहराने की कोशिश कर रहा है.'

    उन्होंने एक ट्वीट में कहा, "और उनके इस स्पष्टीकरण को तथाकथित सभ्य दुनिया सुन रही है, ये वही लोग हैं जो मानवाधिकार पर ज्ञान देते हैं."

    मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि इसराइल ने ऐसे बयान के ज़रिए ग़ज़ा पर 'हमले को सही ठहराया है.'

    हालांकि, बीबीसी ऐसे बयान की पुष्टि नहीं करता.

    सात अक्टूबर को इसराइल पर हमास ने हमला किया था. इसके बाद इसराइल ने ग़ज़ा पर लगातार बमबारी की है.

    हमास संचालित ग़जा स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि इसराइल के हमले में अब तक ग़ज़ा में 8,500 से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है.

  8. सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत

    सुप्रीम कोर्ट से सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ और उनके पति जावेद आनंद को गुजरात दंगे के पीड़ितों के फ़ंड गबन के मामले में राहत मिली है.

    उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को अपने आदेश में गुजरात हाई कोर्ट के 2019 के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया.

    हाई कोर्ट ने इन दोनों को अग्रिम जमानत दी थी.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार सुचित्र मोहंती ने बताया कि तीन जजों की एक बेंच ने ये फ़ैसला सुनाया. बेंच का नेतृत्व जस्टिस संजय किशन कौल कर रहे थे.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले में काफी समय बीत चुका है और अब तक कोई आरोप पत्र भी दाखिल नहीं हुआ है. सुप्रीम कोर्ट ने दंपति को इस मामले में जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया है.

    सीतलवाड़ की तरफ़ से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल पेश हुए थे और गुजरात सरकार की तरफ़ से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एस वी राजू पेश हुए.

    शीर्ष अदालत, अहमदाबाद की गुलबर्ग हाउसिंग सोसायटी में 'म्यूज़ियम ऑफ़ रजिस्टेंस' बनाने के लिए इकट्ठा किए गए फंड के गबन मामले में तीस्ता की अग्रिम जमानत याचिका की सुनवाई कर रहा था.

    2002 में गुजरात दंगों के दौरान इस सोसायटी में 60 लोग मारे गए थे.

  9. योगी आदित्यनाथ ने किया इसराइल-हमास संघर्ष का ज़िक्र, बोले- 'तालिबान का उपचार बजरंग बली की गदा'

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अराजकता और आतंकवाद सभ्य समाज के लिए 'सबसे बड़ा कलंक' है.

    राजस्थान के अलवर की एक रैली में योगी आदित्यनाथ ने इसराइल और हमास के बीच जारी संघर्ष का भी ज़िक्र किया.

    उन्होंने कहा, "तालिबान का उपचार तो बजरंग बली की गदा ही है.देख रहे हैं इस समय ग़ज़ा में इसराइल तालिबानी मानसिकता को कैसे कुचलने का काम कर रहा है. सटीक. एक दम निशाना मार मार के."

    गहलोत सरकार को घेरा

    योगी आदित्यनाथ ने कहा, "अराजकता और गुंडागर्दी या आतंकवाद सभ्य समाज के लिए सबसे बड़ा कलंक है. गुंडागर्दी और अराजकता के साथ वोट बैंक की राजनीति जुड़ जाती है तो एक ग़रीब, एक निरीह, एक महिला, एक व्यापारी और पूरा सभ्य समाज उसकी चपेट में आता है."

    योगी आदित्यनाथ ने क़ानून व्यवस्था के मामले में अपनी सरकार का ज़िक्र करते हुए राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को कठघरे में खड़ा किया.

    राजस्थान विधानसभा चुनाव में 25 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी.

  10. हमास से संघर्ष में मंगलवार को इसराइल के 11 सैनिकों की मौत, सबकी उम्र 25 से कम, अब तक 326 की मौत

    इसराइल की सेना ने अपनी वेबसाइट पर सात अक्टूबर को हुए हमले के बाद से मारे गए जवानों की संख्या बताई है.

    इसराइल की सेना ने बताया है कि अब तक 326 सैनिकों की मौत हुई है. इनमें से ज़्यादातर सात अक्टूबर या उसके आसपास मारे गए हैं. सात अक्टूबर को हमास ने इसराइल पर हमला किया था.

    वेबसाइट पर मारे गए सैनिकों की तस्वीरें पोस्ट की गई हैं और उनकी उम्र की जानकारी भी दी गई है.

    बीते दिन 11 सैनिकों की मौत हुई उनकी उम्र 19 से 24 साल के बीच थी.

    इस बीच ग़ज़ा में हमास शासित स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि सात अक्टूबर से अब तक ग़ज़ा में 8525 लोगों की मौत हो चुकी है.

  11. ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ इसराइल की रणनीति, रेड सी में तैनात मिसाइल बोट

    यमन के हूती विद्रोहियों के इसराइल पर 'मिसाइल हमला करने' के दावे के बाद इसराइल ने रेड सी में मिसाइल बोट भेजी हैं.

    हूती विद्रोहियों ने कहा था कि उन्होने तीन बार इसराइल पर मिसाइल से हमला किया था. ये माना जाता है कि हूती विद्रोहियों को ईरान का समर्थन हासिल है.

    इसराइली सेना का कहना है कि रेड सी में कल मिसाइल बोट भेजे गए हैं ताकि इस इलाके में रक्षा घेरे को मजबूत किया जाए. बुधवार तड़के इसराइल ने कहा था कि उन्होंने रेड सी में हवाई हमले को नाकाम किया है.

    हूती विद्रोहियों की चेतावनी

    यमन में ईरान के समर्थन वाले हूती विद्रोहियों ने कहा है कि अगर इसराइल हमास के ख़िलाफ़ जंग नहीं खत्म करता है तो वो उस पर ड्रोन और मिसाइल से हमले करना जारी रखेंगे.

    विद्रोहियों के 'अल-मसीराह टीवी' पर एक बयान जारी किया गया है.

    इसमें कहा गया, " यमन की सशस्त्र सेना इसकी पुष्टि करती है कि वो इसराइल पर तब तक मिसाइल और ड्रोन से हमले करते रहेंगे जब तक वो हमास के ख़िलाफ़ हमले बंद नहीं करता."

    बयान में कहा गया है कि हूती विद्रोहियों ने "बड़ी संख्या में मंगलवार को इसराइल की तरफ़ मिसाइलें दागी हैं."

  12. मराठा आरक्षण आंदोलन: सर्वदलीय बैठक जारी, भूख हड़ताल पर बैठे मनोज बोले- 'बंद करूंगा पानी पीना'

    महाराष्ट्र के बीड जिले में मराठा आरक्षण आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने अब तक 99 लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    इस बीच मराठा आरक्षण को लेकर राज्य में सर्वदलीय बैठक भी चल रही है. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शरद पवार समेत कई नेता मीटिंग में शामिल हैं.

    वहीं राज्य सभा सांसद संजय राउत ने सर्वदलीय बैठक में शिवसेना (उद्धव) को नहीं बुलाए जाने की निंदा की है. उन्होंने कहा, "शिवसेना को निजी घृणा और बदले की भावना की वजह से बैठक में शामिल नहीं किया गया."

    मनोज जरांगे की चेतावनी

    मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे ने बुधवार कहा कि अगर आरक्षण की मांग पूरी नहीं हुई तो वो बुधवार शाम से पानी भी पीना बंद कर देंगे. मराठा आरक्षण की मांग करते हुए जरांगे 25 अक्टूबर से ही भूख हड़ताल कर रहे हैं.

    सोमवार को बीड में एनसीपी के विधायक प्रकाश सोलंके के आवास को प्रदर्शनकारियों ने आग के हवाले कर दिया था. इसके अलावा एक अन्य एनसीपी विधायक के घर पर भी भीड़ ने हमला किया था.

    सोमवार को मराठा समुदाय के आरक्षण की मांग वाला प्रदर्शन अचानक हिंसक हुआ और कई लोगों ने विधायकों के घरों और दफ़्तरों पर हमला बोल दिया. छत्रपति संभाजी नगर में बीजेपी विधायक प्रशांत बांब के दफ़्तर पर प्रदर्शनकारियों ने पत्थर फेंके.

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, वर्ल्ड कप: हार्दिक पांड्या की चोट पर ताज़ा अपडेट, गुरुवार को है श्रीलंका के ख़िलाफ़ मैच

      • Author, नितिन श्रीवास्तव, बीबीसी संवाददाता

    भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या श्रीलंका के ख़िलाफ़ होने वाले मैच में टीम का हिस्सा नहीं हैं. श्रीलंका और भारत का मुक़ाबला गुरुवार (2 नवंबर) को होगा. ये मैच मुंबई में होना है.

    भारतीय टीम अब तक टूर्नामेंट में अजेय है. हार्दिक पांड्या टीम के अहम खिलाड़ी हैं. वो टीम में होते हैं तो बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी दोनों मोर्चों पर अतिरिक्त ताक़त हासिल हो जाती है. वो पिछले दो मैचों से प्लेइंग इलेवन में नहीं हैं.

    बांग्लादेश के ख़िलाफ़ मैच में लगी चोट

    पुणे में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ गेंदबाज़ी करते समय अपने ओवर की तीसरी गेंद पर लिटन दास के एक स्ट्रेट ड्राइव को रोकने की कोशिश में उन्हें पैर की एड़ी में चोट लगी थी.

    इसके बाद से ही हार्दिक पांड्या का इलाज बेंगलुरु की नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में चल रहा है और वे टीम के हिस्सा नहीं रहे हैं.

    बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में घायल होने से पहले हार्दिक पांड्या ने इस विश्व कप में तीन मैच खेले और पांच विकेट भी लिए हैं. लेकिन न्यूज़ीलैंड और इंग्लैंड के ख़िलाफ़ हुए अहम मैचों में पांड्या टीम का हिस्सा नहीं रह सके हैं.

    जानकारों का मानना है क्योंकि भारत का सेमीफ़ाइनल में पहुँचना अब लगभग पक्का हो रहा है तो टीम प्रबंधन यही चाहेगा कि पांड्या नॉकआउट मैचों के लिए पूरी तरह फ़िट होकर वापसी करें.

    पांड्या की बाहर होने के बाद भारतीय प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए गए. टीम में मोहम्मद शमी और सूर्य कुमार यादव को मौका मिला. दोनों ही खिलाड़ी मौका भुनाने में कामयाब रहे हैं.

  14. इसराइली सेना ने बताया, तीन हफ़्ते में हमास के 11,000 से ज़्यादा ठिकानों को बनाया निशाना

    इसराइल डिफेंस फोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने बताया है कि करीब तीन हफ़्ते पहले हमास के ख़िलाफ़ शुरु हुई कार्रवाई में वो 11 हज़ार से ज़्यादा ठिकानों को निशाना बना चुकी है.

    आईडीएफ़ ने ग़ज़ा में सात अक्टूबर को कार्रवाई शुरू की थी. सात अक्टूबर को ही हमास ने इसराइल पर हमला किया था. इस हमले में करीब 1400 सौ लोगों की मौत हुई थी. हमास के लड़ाके 200 से ज़्यादा लोगों को बंधक बनाकर अपने साथ ले गए थे.

    आईडीएफ़ ने बताया है कि सैनिकों ने जबालिया में हमास के हमलावरों की पहचान की.आईडीएफ़ के मुताबिक इसके करीब बहुमंज़िला इमारतें, स्कूल, मेडिकल सेंटर और सरकारी दफ़्तर हैं.

    इसके पहले आईडीएफ़ ने बताया था कि जबालिया में हुए हमले में हमास के एक सीनियर कमांडर की मौत हो गई. इस हमले में हमास के भूमिगत ढांचे को तबाह कर दिया गया.

    आईडीएफ़ ने एक वीडियो भी जारी किया है. इसमें हवाई हमले के जरिए एक वाहन को निशाना बनाते देखा जा सकता है. आईडीएफ़ ने दावा किया है कि इस वाहन में एंटी टैंक मिसाइल ले जाई जा रही थी और ये वाहन इसराइली सेना की ओर जा रहा था.

  15. ग़ज़ा में मोबाइल और इंटरनेट पूरी तरह ठप, इस तरह बाहरी दुनिया से संपर्क कर रहे हैं लोग

    ग़जा में मोबाइल और इंटरनेट सर्विस पूरी तरह ठप हो गई है.

    बीबीसी के ग़ज़ा संवाददाता रश्दी अबुअलोफ़ ने इसकी पुष्टि की है.

    उनका कहना है कि ग़ज़ा के कुछ मोबाइल में इसराइल के मोबाइल टॉवर्स के सिग्नल मिल रहे हैं. इसराइल या फिर इंटरनेशल सिमकार्ड का इस्तेमाल करते हुए बाहरी दुनिया से संपर्क किया जा सकता है.

    फ़लस्तीनी समाचार संगठनों और हमास ने टेलिग्राम पर जानकारी दी है कि ग़ज़ा में कम्युनिकेशन के सारे माध्यम ठप हो गए हैं.

    ग़ज़ा के सबसे बड़े सर्विस प्रोवाइडर पैलटेल ने कुछ घंटे पहले जानकारी दी थी कि यहां ‘कम्युनिकेशन पूरी तरह ठप’ हो चुका है.

    हमास ने बीती सात अक्टूबर को इसराइल पर हमला किया था. उसके बाद से इसराइल की सेना लगातार ग़ज़ा पर कार्रवाई कर रही है.

  16. इसराइली सेना ने जारी की ग़ज़ा में जमीनी अभियान की तस्वीरें

    इसराइल की सेना ने उत्तरी ग़ज़ा पट्टी में अपने सैन्य अभियान की तस्वीरें जारी की हैं.

    इन तस्वीरों में खाली और टूटी हुई इमारतें और मलबों के ढेर देखे जा सकते हैं. हर तस्वीर एक कहानी की तरह लगती है और बताती है कि यहां इस संघर्ष के बाद किस कदर तबाही हुई है.

    इसराइल की सेना ने हमास के साथ संघर्ष में मारे गए सैनिकों की सूची जारी की है.

    अब तक कुल 326 सैनिकों की मौत हो चुकी है. इसमें वो 11 सैनिक भी शामिल हैं, जिनकी मौत मंगलवार को हुई. मंगलवार को मारे गए सैनिकों की उम्र 19-20 साल के बीच में है.

  17. ग़ज़ा पर इसराइल की बमबारी के बाद का मंज़र, तस्वीरों में देखिए

  18. फ़लस्तीनी कंपनी का दावा- ग़ज़ा में इंटरनेट सेवा ठप

    फ़लस्तीनी कंपनी ने बताया है कि ग़ज़ा में 'संचार के सभी साधन ठप पड़ गए हैं और इंटरनेट सेवाएं बाधित' हैं.

    पलटेल ने एक ट्वीट में कहा, " पहले जो इंटरनेशनल एक्सेस मिला था, वो दोबारा रोक दी गई हैं."

    बीबीसी ग़ज़ा में मौजूद अपनी टीम इस जानकारी को पुष्टि करने की कोशिश में है.

    इस बीच विश्वसनीय सूत्रों से ऐसी ख़बर आ रही है कि मिस्र की सीमा पर स्थित रफ़ाह बॉर्डर को गंभीर रूप से घायल फ़लस्तीनी लोगों के लिए खोला जा सकता है.

    ब्रिटेन के विदेश कार्यालय ने बताया कि विदेश मंत्रालय ने ग़ज़ा में फंसे ब्रिटिश नागरिकों को इस बारे में जानकारी दी है. हालांकि, इस बारे में अभी विस्तृत जानकारी नहीं मिली है.

  19. यमन के हूती विद्रोहियों ने इसराइल पर दागी मिसाइल, कहा- जारी रखेंगे हमले

    यमन में ईरान के समर्थन वाले हूती विद्रोहियों ने कहा है कि अगर इसराइल हमास के ख़िलाफ़ जंग नहीं खत्म करता है तो वो उस पर ड्रोन और मिसाइल से हमले करना जारी रखेंगे.

    विद्रोहियों के 'अल-मसीराह टीवी' पर एक बयान जारी किया गया है.

    इसमें कहा गया, " यमन की सशस्त्र सेना इसकी पुष्टि करती है कि वो इसराइल पर तब तक मिसाइल और ड्रोन से हमले करते रहेंगे जब तक वो हमास के ख़िलाफ़ हमले बंद नहीं करता."

    बयान में कहा गया है कि हूती विद्रोहियों ने "बड़ी संख्या में मंगलवार को इसराइल की तरफ़ मिसाइलें दागी हैं."

    इससे पहले इसराइल की सेना ने ये बताया था कि "शत्रु के विमान घुसपैठ" की वजह से लाल सागर के इलत में सायरन की आवाज सुनी गई. बाद में सेना ने एक बयान में कहा कि इसराइली क्षेत्र की तरफ़ दागी गई मिसाइल को नष्ट कर दिया गया है.

    सेना ने कहा, " सभी हवाई ख़तरों को इसराइली क्षेत्र से बाहर ही रोक दिया गया."

    हूती विद्रोहियों ने 2014 में ही यमन की राजधानी पर कब्जा कर लिया था और अब भी वो देश के बड़े हिस्से पर नियंत्रण रखते हैं.

    हूती विद्रोही यमन युद्ध के समय सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात पर भी हमले कर चुका है.

    अमेरिका ने हूती विद्रोहियों की इस घोषणा पर प्रतिक्रिया दी है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने वाशिंगटन में संवाददाताओं से कहा, " अगर कोई भी इस संघर्ष में शामिल होने की सोच रहा है तो उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए."

    पेंटागन के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल पैट राइडर ने इसकी पुष्टि की है कि इसराइल ने हूती विद्रोहियों की तरफ़ से दागी गई मिसाइल को मार गिराया है.

  20. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्टेशन पर सुहेलदेव एक्सप्रेस के दो डिब्बे और इंजन पटरी से उतरे

    उत्तर प्रदेश के प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात सुहेलदेव एक्सप्रेस के दो डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गये.

    ये ट्रेन दिल्ली के आनंद विहार और उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के बीच चलती है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार, उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु कुमार उपाध्याय ने बताया, ‘‘ट्रेन स्टेशन से चली ही थी कि इंजन के दो पहिये पटरी से उतर गये. इंजन के पीछे के दो डिब्बे भी पटरी से उतर गये."

    उन्होंने बताया, " यह घटना रात करीब नौ बजे हुई और ट्रेन थोड़ी ही देर में रवाना होने के लिए तैयार हो गई. दुर्घटना के पीछे की वजह की जांच शुरू कर दी गई है."

    दुर्घटना में किसी के घायल होने की ख़बर नहीं है.