भारत के लिए अगले 25 साल सबसे महत्वपूर्ण होने जा रहे हैं: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है.
पीएम मोदी ने गुजरात के केवड़िया में सरदार पटेल की प्रतिमा 'स्टेच्यू ऑफ यूनिटी' पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
'राष्ट्रीय एकता दिवस' के मौके पर आयोजित एक परेड में भी वो शामिल हुए.
उन्होंने कहा, "मैं इस पावन अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के चरणों में नमन करता हूं. मैं सभी देशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की बधाई देता हूं. मेरे परिवारजनों, आने वाले 25 साल भारत के लिए इस शताब्दी के सबसे महत्वपूर्ण 25 साल हैं."
"इन 25 वर्षों में हमें अपने इस भारत को समृ्द्ध बनाना है, भारत को विकसित बनाना है. आजादी के पहले 25 साल का ऐसा कालखंड आया था, जिसमें हर देशवासी ने स्वतंत्र भारत के लिए खुद को खपा दिया था. अब समृद्ध भारत के लिए अगले 25 साल का अमृतकाल सामने आया है, अवसर बन के आया है."
उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि सरदार पटेल के समर्पण ने देश का भाग्य तय किया.
उन्होंने लिखा, "राष्ट्र के एकीकरण को लेकर उनकी प्रतिबद्धता आज भी हमें रास्ता दिखाती है. हम उनकी सेवा के लिए हमेशा ऋणी रहेंगे."