पीएम मोदी को मानवाधिकारों पर नसीहत नहीं देंगे बाइडन, व्हाइट हाउस ने बताया
अमेरिका के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मानवाधिकारों के मुद्दे पर कोई नसीहत नहीं देंगे.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवान ने बुधवार को बताया है कि दोनों नेताओं के बीच आपसी और वैश्विक हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी.
सुलिवान ने ये भी बताया है कि बाइडन मानवाधिकारों के मुद्दे पर पीएम मोदी के साथ अपनी चिंता व्यक्त करेंगे.
उन्होंने कहा है, “हम सार्वजनिक और निजी तौर पर बात करते हैं. हम इस तरह बात करते हैं जिसमें हम लैक्चर नहीं देना चाहते. और ये नहीं जताना चाहते कि इस मुद्दे पर हमारे सामने कोई चुनौतियां नहीं हैं.”
ये पीएम नरेंद्र मोदी का अमेरिका में पहला राजकीय दौरा है जिस दौरान वह जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे.
इसके साथ ही वह अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे. और वह अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को दूसरी बार संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे.