'पीएम मोदी के लिए बैठक महत्वपूर्ण नहीं', मणिपुर हिंसा पर बुलाई ऑल पार्टी मीटिंग को लेकर राहुल गांधी बोले
कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद राहुल गांधी ने मणिपुर हिंसा के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा है.
राहुल गांधी ने कहा है कि मणिपुर 50 दिनों से जल रहा है लेकिन प्रधानमंत्री मौन रहे.
उन्होंने ये भी कहा कि मणिपुर पर केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक भी ऐसे समय बुलाई है जब पीएम देश में नहीं हैं. इससे ये साफ़ है कि पीएम के लिए ये बैठक महत्वपूर्ण नहीं है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर हिंसा को लेकर 24 जून यानी शनिवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है.
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 और 25 जून को मिस्र के दौरे पर रहेंगे.
इससे पहले बुधवार को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी एक वीडियो संदेश जारी कर के मणिपुर में शांति बनाए रखने की अपील की थी.
मणिपुर में मैतई समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा दिए जाने के ख़िलाफ़ संघर्ष शुरू हुआ था, जो धीरे-धीरे गंभीर रूप लेता गया. इस हिंसा में अब तक 100 से अधिक लोगों की जान गई है.