You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लापता पनडुब्बी टाइटन की खोज जारी, पढ़िए अब तक क्या-क्या हुआ?

रीयर एडमिरल जॉन मॉगर ने बीबीसी से कहा है कि टाइटैनिक जहाज़ देखने के लिए यात्रियों को लेकर गहरे समुद्र में गई पनडुब्बी टाइटन के पास अब 18 घंटे से कम वक्त का ही ऑक्सीजन बचा हो सकता है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and प्रियंका झा

  1. लापता पनडुब्बी टाइटन की खोज जारी, पढ़िए अब तक क्या-क्या हुआ?

    रीयर एडमिरल जॉन मॉगर ने बीबीसी से कहा है कि टाइटैनिक जहाज़ देखने के लिए यात्रियों को लेकर गहरे समुद्र में गई पनडुब्बी टाइटन के पास अब क़रीब 20 घंटे से कम वक्त का ही ऑक्सीजन बचा हो सकता है.

    • जॉन मॉगर अमेरिकी कोस्ट गार्ड की तरफ से खोज अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं. उन्होंने 96 घंटों के लिए लगाए गए आकलन के आधार पर कहा कि हो सकता है कि अब क़रीब 20 घंटों का ही ऑक्सीजन बचा रह गया हो. 96 घंटे पहले पनडुब्बी का संपर्क मदर शिप से कट गया था.
    • हालांकि उन्होंने कहा है कि सही-सही ये कह पाना मुश्किल है कि उनके पास अब कितना वक्त है लेकिन वक्त तेज़ी से हाथ से निकल रहा है.
    • इससे पहले आज दिन के वक्त अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने कहा था कि टाइटन की तलाश में जुटे एक कनाडाई विमान को समुद्र के बीतर कुछ आवाज़ें सुनाई दी हैं. ये आवाज़ें "किसी एक चीज़ से बार-बार दूसरी चीज़ के टकराने की है."
    • बीबीसी विज्ञान संवाददाता पल्लब घोष कहते हैं समुद्र में कई तरह की आवाज़ें सुनाई देती हैं लेकिन विमान ने जो आवाज़ें सुन हैं वो लगातार आ रही हैं, हो सकता है कि ये आवाज़ इंसान पैदा कर रहे हों.
    • हालांकि जॉन मॉगर का कहना है टाइटैनिक जहाज़ जिस जगह डूबा था उस जगर बड़ी मात्रा में धातु के टुकड़े मौजूद हैं, ये आवाज़ उनकी भी हो सकती है.
    • जॉन मॉगर का कहना है कि पनडुब्बी टाइटन की तलाश के लिए और भी जहाज़ों को लगाया गया है.
    • पनडुब्बी टाइटन में पांच लोग हैं. ये लोग समुद्र में 3,800 मीटर की गहराई में 1912 में डूबे टाइटैनिक जहाज़ का मलबा देखने गए थे.
    • बीबीसी की विज्ञान संवाददता विक्टोरिया गिल कहती हैं कि जानकारों का मानना है कि अगर पनडुब्बी को नुक़सान हुआ होगा, उसमें क्रैक आया होगा या आग लगी होगी तो वो या तो समुद्रतल में रहेगी या फिर सतह पर आ जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है. हो सकता है तेज़ बहाव के कारण ये कहीं टाइटैनिक के मलबे के पास फंस गई हो.
    • पनडुब्बी की खोज में विक्टर-6000 नाम के मानवरहित अंडरवाटर व्हीकल (आरओवी) को भी लगाया गया है.

    टाइटन पनडुब्बी में कौन-कौन हैं?

    • 58 साल के ब्रितानी अरबपति व्यवसायी हामिश हार्डिंग जो पहले स्पेस जा चुके हैं और कई बार दक्षिणी ध्रुव की यात्रा पर गए हैं.
    • 48 साल के ब्रितानी व्यापारी अरबपति शहज़ादा दाऊद जो पाकिस्तान के जानेमाने क्रिकेट परिवार के सदस्य हैं और ब्रितानी किंग चार्ल्स की बनाई दो चैरिटी को सपोर्ट करते हैं.
    • उनके 19 साल के बेटे सुलेमान जो एक छात्र हैं.
    • 77 साल के फ़्रेंच एक्सप्लोरर पॉल आनरी नार्जेलेट जो नौसेना डाइवर हैं. पॉल 1987 में टाइटैनिक देखने जाने वाले पहले अभियान का हिस्सा रहे थे और पहले भी कई बार टाइटैनिक देखने जा चुके हैं.
    • पनडुब्बी का संचालन करने वाली कंपनी ओशनगेट के सीईओ स्टॉकटन रश.
  2. साजिद मीर पर यूएन में प्रस्ताव रोकने को लेकर भारत ने चीन से क्या-क्या कहा?

    भारत ने पाकिस्तान में रहने वाले चरमपंथी गुट लश्कर-ए-तैयबा के सदस्य साजिद मीर को संयुक्त राष्ट्र से आतंकवादी घोषित कराए जाने से रोकने के लिए चीन पर निशाना साधा है.

    भारत ने कहा कि चीन का ये कदम आतंकवाद से लड़ने के लिए वास्तविक राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी को दिखाता है.

    इससे पहले चीन ने मंगलवार को अमेरिका और भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र परिषद में साजिद मीर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किए जाने की मांग वाले प्रस्ताव पर रोक लगा दी थी.

    साजिद मीर 2008 में हुए मुंबई हमलों के मुख्य अभियुक्तों में से एक है और भारत में मोस्ट वांटेड की सूची में शामिल है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार न्यूयॉर्क में भारत के स्थायी मिशन के संयुक्त सचिव प्रकाश गुप्ता ने कहा, "अगर 'तुच्छ भू-राजनीतिक हितों' के कारण आतंकवादियों पर प्रतिबंध लगाने की कोशिशें विफल होती हैं, तो आतंकवाद की इस चुनौती से ईमानदारी से लड़ने को लेकर हमारे पास सचमुच राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं है."

    उन्होंने कहा, "हमें दोहरे मापदंडों और इस अच्छे आतंकवादी बनाम बुरे आतंकवादी वाली आत्म विनाशकारी दलील से बचना चाहिए. आतंकी कृत्य आतंकी कृत्य ही है, ये बिलकुल साफ़ और सरल है. से कृत्य को किसी भी तरह से जायज़ ठहराए जाने को कतई स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए."

    प्रकाश गुप्ता ने कहा कि जवाबदेही और पारदर्शिता के इस युग में क्या बिना कोई कारण बताए सबूतों पर आधारित प्रस्तावों को रोका जा सकता है.

    प्रकाश गुप्ता ने इस दौरान एक ऑडियो क्लिप भी चलाया जिसमें साजिद मीर को 26/11 मुंबई हमलों के दौरान पाकिस्तान से चरमपंथियों को निर्देश देते सुना जा सकता है.

    मुंबई हमले में कुल 166 लोगों की जान गई थी, जिनमें से 26 विदेशी नागरिक थे.

  3. फ़ुटबॉल में भारत ने पाकिस्तान को 4- 0 से हराया, सुनील छेत्री ने दागा हैट्रिक

    भारत की फ़ुटबॉल टीम ने सैफ़ चैम्पियनशिप के मुक़ाबले में पाकिस्तान को 4-0 से हरा दिया है.

    बेंगलुरु के कांतावीर स्टेडियम में टुर्नामेंट का आगाज़ ही भारत और पाकिस्तान के बीच मुक़ाबले से हुआ.

    सितंबर 2018 के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच ये पहला मुक़ाबला था. भारत की ओर से सुनील छेत्री ने हैट्रिक दागी.

    मुक़ाबले के बीच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के झगड़े का वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है.

    भारतीय कोच इगोर स्टीमेक ने मैच में हस्तक्षेप किया जिसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी आमने-सामने आ गए.

    इसके लिए उन्हें रेड कार्ड भी दिखाया गया.

  4. सुचेतना से सुचेतन बनना चाहती हैं पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की बेटी

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की बेटी सुचेतना अब लिंग परिवर्तन कर सुचेतन बनना चाहती हैं. वह इसके लिए क़ानूनी सलाह-मशविरा कर रही हैं और मनोचिकित्सकों के साथ भी संपर्क में हैं.

    सुचेतना ने बुधवार को एक स्थानीय बांग्ला अखबार के साथ बातचीत में इसकी पुष्टि की है.

    सुचेतना ने हाल में एक एलजीबीटी वर्कशॉप में हिस्सा लिया था. उसमें शामिल सुप्रभा राय ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में लिखा है कि सुचेतना अब सुचेतन बन गई हैं.

    फ़ेसबुक पोस्ट में ये भी लिखा है कि सुचेतन ने अपने जीवनसाथी के तौर पर सुचंदा को चुन लिया है और उनके साथ घर बसाने का फ़ैसला किया है. सुचंदा एक निजी फ़र्म में काम करती हैं.

    सुचेतना ने अख़बार से बातचीत में कहा, "मेरे माता-पिता या परिवार का परिचय कोई बड़ी बात नहीं है. मैं एलजीबीटी आंदोलन के अंग के तौर पर ऐसा कर रही हूं. एक ट्रांसमैन के तौर पर मुझे नियमित रूप से जो अपमान सहना पड़ता है, मैं उसे ख़त्म करना चाहती हूं. मैं अपने निजी जीवन के बारे में तमाम फ़ैसले खुद कर सकती हूं. कृपया इसमें मेरे माता-पिता को शामिल न करें. मैं खुद को मानसिक तौर पर पुरुष मानती हूं और अब शारीरिक तौर पर भी वही बनना चाहती हूं."

    सुचेतना ने कहा है कि उनके पिता बुद्धदेव बचपन से ही इस बारे में जानते हैं. ऐसे में सुचेतना ने मान लिया है कि पिता उनके इस फ़ैसले का समर्थन करेंगे.

    उनका कहना था, "मैंने अब फ़ैसला कर लिया है और इससे जुड़े तमाम सवालों का सामना करने के लिए तैयार हूं."

    सुचेतना का कहना है कि वो जानती हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी होने के कारण उनके इस फ़ैसले पर विवाद होना तय है. लेकिन ज़रूरत पड़ी तो वो अपने नाम के साथ भट्टाचार्य नहीं लगाएंगी. उन्होंने अपने बयान के आख़िर में अपना नाम 'सुचेतन उर्फ़ सुचेतना भट्टाचार्य' लिखा है.

  5. पंजाब की भगवंत मान सरकार और राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित के बीच क्यों बढ़ा टकराव?

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित पर निशाना साधने के एक दिन बाद अब राज्यपाल ने सीएम मान पर हमला बोला है.

    बुधवार को मीडिया को संबोधित करते हुए राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के कल उनके लिए इस्तेमाल की गई भाषा पर आपत्ति जताई है.

    दरअसल, मंगलवार को ही पंजाब विधानसभा में मुख्यमंत्री को राज्यपाल की जगह पंजाब विश्वविद्यालयों का कुलाधिपति बनाने के लिए एक विधेयक भी पारित किया गया.

    इस बिल को पेश करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के राज्यपाल पर निशाना साधा था.

    उन्होंने कहा था कि राज्यपाल केंद्र के इशारे पर राज्य सरकार को परेशान करते रहते हैं.

    राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने कहा, ''मुख्यमंत्री का एक दर्जा होता है. मेरे लिखे गए पत्रों के लिए उन्होंने 'लव लेटर' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया."

    राज्यपाल ने कहा, "हर बार वे कहते हैं कि राज्यपाल हस्तक्षेप कर रहे हैं. एक दागी मंत्री हैं जिन्हें हटाने के लिए कहा गया था, हर जगह आलोचना हो रही है लेकिन मंत्री को अभी तक हटाया नहीं गया है."

    उन्होंने कहा, "मैं उस स्कूल से प्रिंसिपल के पद से रिटायर हुआ हूं, जहां वह (भगवंत मान) पढ़ रहे हैं. मेरा मज़ाक उड़ाया गया. मेरी क़ानूनी टीम देख रही है, कार्रवाई की जाएगी."

  6. तमिलनाडु के सीएम स्टालिन आएंगे बिहार, क्यों चर्चा में आ गए यूट्यूबर मनीष कश्यप?

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन 23 जून को बिहार के पटना में विपक्षी दलों की बैठक में शिरकत करने वाले हैं.

    स्टालिन ने मंगलवार को कहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में हो रहे इस आयोजन में वो भी शामिल होंगे.

    तमिलनाडु के कलाईनार में एक कार्यक्रम में उन्होंने बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मौजूदगी में कहा कि भारतीय गणतंत्र को बचाने के लिए वो पूर्व मुख्यमंत्री करुणानिधि के सिपाहसालार के तौर पर बैठक में हिस्सा लेंगे.

    लेकिन उनके बिहार जाने से पहले उनका विरोध हो रहा है और प्रदेश के चर्चित यू-ट्यूबर मनीष कश्यप ट्विटर पर ट्रेंड कर रहे हैं.

    कई सोशल मीडिया यूज़र्स का कहना है कि तमिलनाडु में हिंसा भड़काने के आरोप में जेल में बंद मनीष कश्यप पर लगे एनएसए को हटाया जाए और उन्हें रिहा किया जाए.

    एक यूज़र का कहना है कि उन्होंने मनीष कश्यप को मदुरै की जेल बंद रखा है और खुद बिहार आ रहे हैं. उनका विरोध किया जाना चाहिए.

    विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी प्राची ने स्टालिन के बिहार दौरे पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि जिस तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने मनीष कश्यप पर एनएसए लगाया है वहीं बिहार आ रहे हैं, इसके विरोध में 23 जून को बिहार जाम होना चाहिए.

    मनीष कश्यप पर पुलिस ने तमिलनाडु में बिहार के मज़दूरों के ख़िलाफ़ हिंसा की भ्रामक ख़बरें फैलाने का आरोप लगाया है.

    जिसके बाद उन्होंने मार्च में पुलिस के आगे को आत्मसमर्पण कर दिया था.

    उनके ख़िलाफ़ तमिलनाडु पुलिस ने छह और बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई ने तीन मामले दर्ज किए हैं. फिलहाल वो जेल में हैं.

  7. इंग्लैंड के खिलाड़ी जो रूट दुनिया के नंबर वन टेस्ट बल्लेबाज़ बने

    इंग्लैंड के बल्लेबाज़ जो रूट आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मार्नस लाबुशेन को पीछे छोड़ते हुए पहले पायदान पर पहुंच गए हैं.

    एशेज़ टेस्ट सीरिज़ के पहले मुक़ाबले में उन्होंने 46 और 118 रनों की नाबाद पारी खेली थी. हालांकि, बर्मिंघम में हुआ ये मैच ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट से अपने नाम किया.

    रूट पहली बार साल 2015 में नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज़ बने थे. बीते साल दिसंबर में भी वो पहले पायदान पर रहे. हालांकि, इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मार्नस लाबुशेन पहले नंबर पर चल रहे थे.

    रूट फ़िलहाल 887 अंकों के साथ नंबर एक पर हैं. उनसे चार अंक कम वाले केन विलियमसन दूसरे स्थान पर हैं और लाबुशेन अब तीसरे नंबर पर हैं.

  8. रैपर हनी सिंह का दावा- गोल्डी बराड़ गैंग ने दी जान से मारने की धमकी, पुलिस में दी शिकायत

    मशहूर रैपर हनी सिंह ने दावा किया है कि उन्हें गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने जान से मारने की धमकी दी है. इस संबंध में उन्होंने दिल्ली पुलिस से शिकायत भी की है.

    मीडिया से बातचीत में हनी सिंह ने कहा, "मैं अमेरिका में था और मेरे मैनेजर को फ़ोन कॉल आया था. मेरे लिए भी धमकी दी गई है. मैंने पुलिस कमिश्नर (दिल्ली) से मुलाक़ात की है और मैंने शिकायत दी है. वो कह रहे हैं कि इस पर जांच की जाएगी. उन्होंने मुझे बताया कि स्पेशल सेल इस मामले को देखेगी. मेरे पास जो सबूत, जानकारी थी वो मैंने उन्हें दे दी है."

    हनी सिंह ने एक और बयान में कहा, "मेरे स्टाफ़ को कॉल आई. वो लोग गोल्डी बराड़ के नाम से बोल रहे थे. मैंने पुलिस कमिश्नर से निवेदन किया है कि मुझे सुरक्षा दें. अभी सर (पुलिस कमिश्नर) ने ज़्यादा जानकारी देने को मना किया है, जाँच पूरी होने तक."

    इसी साल मार्च में अभिनेता सलमान ख़ान को भी कथित तौर पर कनाडा में रहने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई थी.

  9. सोनिया गांधी ने मणिपुर हिंसा पर जारी किया वीडियो संदेश, कहा- लोगों का जीवन तबाह हुआ

    कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मणिपुर में करीब दो महीने से जारी हिंसा को लेकर एक वीडियो संदेश जारी किया है.

    सोनिया गांधी ने कहा, "करीब 50 दिनों से हमने मणिपुर में बहुत बड़ी मानवीय विपदा देखी है. इस हिंसा ने आपके राज्य (मणिपुर) में लोगों के जीवन को तबाह कर दिया है और हज़ारों लोगों को उजाड़ दिया है. इस हिंसा ने हमारे देश की अंतरात्मा में एक गहरा घाव छोड़ दिया है."

    कांग्रेस के संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हिंसा में जान गंवाने वालों के नाते-रिश्तेदारों के प्रति संवेदना ज़ाहिर की है.

    उन्होंने कहा, "मैं लोगों को उनके घरों को छोड़कर जाने पर मजबूर होता देख बहुत दुखी हूं. मैं शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील करती हूं. मुझे मणिपुर के लोगों पर अटूट भरोसा है और मैं ये जानती हूं कि एक साथ मिलकर हम इस समस्या से पार पा जाएंगे."

    मणिपुर की जातीय हिंसा को करीब 50 दिन हो गए हैं. वहां मैतेई और कुकी समुदाय के बीच संघर्ष में अब तक 100 से अधिक लोगों की जान गई है.

  10. दिनभर: लापता पनडुब्बी की खोज क्यों नहीं आसान?

    आज के पॉडकास्ट में बात बीते तीन दिनों से अटलांटिक महासागर में लापता पनडुब्बी से लेकर प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा की.

  11. छत्तीसगढ़: बीजेपी नेता की हत्या, रमन सिंह बोले- नक्सलियों ने अपनी कायरता दिखाई है...

      • Author, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बीजापुर में बुधवार को संदिग्ध माओवादियों ने भारतीय जनता पार्टी के एक नेता काका अर्जुन की हत्या कर दी.

    माओवादियों ने यह हत्या ऐसे समय में की है, जब गुरुवार को देश के गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे.

    पुलिस के एक अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि भाजपा नेता काका अर्जुन इल्मीडी गाँव के लंका पारा में थे, उसी समय संदिग्ध माओवादियों ने उन पर हमला किया. जहां मौक़े पर ही उनकी मौत हो गई.

    माओवादियों की मद्देड़ कमेटी ने घटनास्थल पर पर्चा छोड़ा है, जिसमें इस हत्या की ज़िम्मेवारी ली गई है.

    माओवादियों ने चेतावनी दी है कि इलाक़े में कोई भी व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी के लिए काम न करे.

    छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमण सिंह ने इस घटना को लेकर राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति की कड़ी आलोचना की है.

    उन्होंने कहा, "छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था समाप्त हो चुकी है, आज इल्मीडी गांव, बीजापुर में भाजपा नेता काका अर्जुन जी की नृशंस हत्या कर फिर नक्सलियों ने अपनी कायरता दिखाई है. मैं दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक-संतप्त परिजनों के धैर्य व संबल के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ."

    माओवादियों ने इस साल 16 जनवरी को बस्तर में भाजपा नेता बुधराम कर्टेम को मार डाला था.

    इसी तरह बीजापुर में 5 फ़रवरी को भाजपा नेता नीलकंठ कक्केम की संदिग्ध माओवादियों ने हत्या कर दी थी.

    फ़रवरी के महीने में ही 10 तारीख़ को नारायणपुर में भाजपा नेता सागर साहू और 11 तारीख़ को दंतेवाड़ा के भाजपा नेता रामधर अलामी की हत्या संदिग्ध माओवादियों ने कर दी थी.

    कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में ही 9 अप्रैल 2019 को माओवादियों ने भाजपा विधायक भीमा मंडावी और उनके सहयोगियों की हत्या कर दी थी.

  12. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संयुक्त राष्ट्र में क्या बोले पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में योग सत्र का नेतृत्व कर रहे हैं.

    इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, "लगभग नौ साल पहले यहीं पर संयुक्त राष्ट्र मुझे 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव करने का सम्मान मिला. मैं आप सभी को देखकर प्रसन्न हूं और यहां पर आने के लिए आप सभी का धन्यवाद करता हूं. मुझे बताया गया है कि आज यहां लगभग हर राष्ट्रीयता का प्रतिनिधित्व है."

    "योग का अर्थ है जोड़ना इसलिए आप एक साथ आ रहे हैं यह योग के दूसरे रूप की अभिव्यक्ति है. "पिछले साल, 2023 को अंतर्राष्ट्रीय बाजरा वर्ष के रूप में मनाने के भारत के प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए पूरी दुनिया एक साथ आई थी." "बाजरा एक सुपरफूड है. वे समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं और पर्यावरण के लिए भी अच्छे हैं."

    "योग भारत से आता है. सभी प्राचीन भारतीय परंपराओं की तरह यह भी जीवंत और गतिशील है. योग जीवन का एक तरीका है. ये विचारों और कार्यों में सावधानी बरतने का एक तरीका है. ये स्वयं के साथ, दूसरों के साथ और प्रकृति के साथ सद्भाव से जीने का तरीका है."

  13. डायबिटीज़ के मरीज़ों को लगने वाली इंसुलिन की कहानी क्या है?

  14. पाकिस्तान में होली के जश्न वाले वीडियो वायरल होने के बाद सरकारी एजेंसी ने क्या कहा

    पाकिस्तान के हायर एजुकेशन कमिशन (एचईसी) ने सभी सरकारी और निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में त्योहारों को मनाने के संबंध में चिट्ठी जारी की है.

    हालांकि, इस चिट्ठी में किसी विशेष संस्थान का नाम नहीं है लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि इसी साल इस्लामाबाद की क़ायद-ए-आज़म यूनिवर्सिटी में होली सेलिब्रेशन के वीडियो वायरल होने के बाद ये चिट्ठी जारी की गई है.

    इन वीडियो में बड़ी संख्या में छात्र डांस करते और एक-दूसरे पर रंग डालते दिख रहे थे.

    अपनी चिट्ठी में एचईसी ने इस जश्न को "सामाजिक-सांस्कृतिक मूल्यों से पूरी तरह अलगाव और देश की इस्लामी पहचान को कमज़ोर करने वाला बताया है."

    हालांकि, इस तरह के जश्न पर पूरी तरह प्रतिबंध की बात चिट्ठी में नहीं है लेकिन एचईसी ने शिक्षण संस्थानों को भविष्य में ऐसे सेलिब्रेशन से दूरी बनाने की सलाह दी है.

  15. पानी में डूबीं गुरुग्राम की सड़कें, लोगों ने बताई परेशानी

  16. टाइटैनिक के मलबे तक पहली बार पहुंचने वाले ब्रितानी गोताखोर ने क्या-क्या बताया?

    टाइटैनिक जहाज़ के मलबे तक पहली बार पहुँचने वाले ब्रितानी गोताखोर डिक बार्टन ने इस जगह को 'ख़तरनाक' बताया है, जहां स्थितियां बेहद 'प्रतिकूल' हैं.

    उन्होंने आईटीवी के गुड मॉर्निंग ब्रिटेन नाम के कार्यक्रम में कहा, "वहां पानी का बहाव काफ़ी तेज़ है और ये हमेशा एक जैसा भी नहीं रहता. इसकी तुलना में पनडुब्बी की क्षमता सीमित है."

    उन्होंने कहा, "पनडुब्बी के थ्रस्टर (मशीन) काफ़ी मज़बूत हैं लेकिन आख़िरकार आपको इसकी ऊर्जा बचाकर रखनी होगी क्योंकि यही आपका लाइफ़ सपोर्ट सिस्टम और नेविगेशन सिस्टम भी चलाएगा."

    ये पनडुब्बी रविवार से लापता है और माना जा रहा है कि इसमें कुछ ही घंटों की ऑक्सीजन बची होगी.

    पनडुब्बी पर पाकिस्तानी कारोबारी शहज़ादा दाऊद, उनके बेटे सुलेमान, ब्रितानी अरबपति हामिश हार्डिंग, फ़्रेंच एक्सप्लोरर पॉल आनरी नार्जेलेट सहित कुल पाँच लोग सवार हैं.

    टाइटैनिक जहाज़ साल 1912 में एक आइसबर्ग से टकराने की वजह से डूब गया था. ये उस समय का सबसे बड़ा जहाज़ था. साल 1985 में पहली बार इसका मलबा खोजा गया था.

  17. शी जिनपिंग को 'तानाशाह' बताने वाले जो बाइडन के बयान पर चीन ने दिया ये जवाब

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की ओर से शी जिनपिंग को 'तानाशाह' कहने पर चीन की सरकार ने प्रतिक्रिया दी है.

    इस बयान को चीन ने एकदम 'बेतुका' और 'गैर-ज़िम्मेदाराना' बताया है.

    जो बाइडन ने कैलिफोर्निया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को 'तानाशाह' बताया था.

    ख़ास बात ये है कि जो बाइडन का ये बयान ऐसे समय आया जब एक दिन पहले ही अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात की थी.

    इस मुलाकात का मक़सद दोनों देशों के बीच तनाव को कम करना था.

    बाइडन के बयान को चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने "खुले राजनीति उकसावे" की तौर पर परिभाषित किया.

    विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा ये बयान शिष्टाचार और चीन की राजनीतिक प्रतिष्ठा के ख़िलाफ़ है.

    उन्होंने कहा कि शी जिनपिंग को तानाशाह बताने का विचार बेतुका है.

    बाइडन ने क्या कहा था?

    मंगलवार की रात एक फंडरेजर कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि चीन के जासूसी गुब्बारे को लेकर जारी तनाव से शी जिनपिंग शर्मिंदा थे जिसे अमेरिका ने गिरा दिया था.

    उन्होंने कहा, "यही कारण था कि शी जिनपिंग बहुत परेशान हो गए, जब मैंने जासूसी उपकरणों से भरे गुब्बारे को मार गिराया था. क्या उन्हें नहीं पता था कि वो वहां है."

    जो बाइडन ने कहा, "तानाशाहों के लिए यह बहुत शर्मिंदगी की बात है. जब उन्हें नहीं पता होता कि क्या हुआ है."

  18. टाइटैनिक का मलबा दिखाने लेकर गई पनडुब्बी का खोज अभियान कैसा चल रहा है, क्या हैं चुनौतियां और मौजूदा स्थिति? बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता ज़ुबैर अहमद और प्रेरणा.

  19. उत्तर प्रदेश: बलिया में हीट वेव के बीच अस्पताल भरा पड़ा है मरीज़ों से- ग्राउंड रिपोर्ट

  20. लापता पनडुब्बी की तलाश के लिए कैसे आवाज़ की मदद ली जा रही है

    समंदर के भीतर ध्वनि संचार का एक माध्यम होती है. व्हेल मछली से लेकर इंसान तक आवाज़ को अपने संचार के लिए इस्तेमाल करते हैं.

    चाहे वो रेडियो हो या रडार, समंदर के भीतर सभी तरह के इलेक्ट्रोमैग्नेटिक रैडिएशन ज़्यादा काम नहीं आते हैं.

    लेकिन यहां ध्वनि बेहद प्रभावी तरीके से यात्रा करती है. समंदर के भीतर ध्वनि 1500 मीटर प्रति सेकेंड की रफ्तार से लंबी यात्राएं तय कर लेती हैं.

    यही वजह है कि रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही टीम सोनूबॉय नाम की एक मशीन पानी में गिरा रहे हैं जिससे समंदर में ऐसी किसी भी ध्वनि को सुना जा सके जो सामान्य नहीं है.

    टाइटैनिक के मलबे के पास से जिस तेज़ आवाज़ के सुने जाने की बात कही गई थी, अगर वो सच है तो रेस्क्यू टीम के लोग उसकी जांच इसी तकनीक से करेंगे ताकि लापता पनडुब्बी को खोजा जा सके.

    अगर ध्वनि के ट्रांसमिशन में कोई नियमित पैटर्न पाया गया तो अलग-अलग सोनूबॉय की मदद से इस आवाज़ के स्रोत का पता लगाया जा सकता है.

    आपके फोन में लगा जीपीएस रिसीवर अलग-अलग सैटेलाइट से ट्रांसमीट होने वाले रेडियो सिग्नल की मदद से इसी तरह से काम करता है.

    लापता पनडुब्बी की तलाश के लिए ध्वनि की मदद का तरीका पूरी तरह से सटीक तो नहीं लेकिन इससे काफी मदद ज़रूर मिलेगी.