You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इमरान की गिरफ़्तारी के बाद पहली बार बोले पीएम शरीफ़, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना आतंकवाद

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान ख़ान की गिरफ़्तारी के बाद पहली बार वहां के पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने बयान जारी किया है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and शुभम किशोर

  1. कर्नाटक चुनाव: बोम्मई ने किया मतदान, नारायण मूर्ति ने कहा- नौजवानों को समझाने की ज़रूरत

    कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं. इस बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शिग्गांव विधानसभा सीट के एक पोलिंग बूथ पर पहुंच कर मतदान किया.

    इंफ़ोसिस के चेयरमैन नारायण मूर्ति और उनकी पत्नी सुधा मूर्ति ने भी मतदान किया.

    नारायण मूर्ति ने पोलिंग बूथ से बाहर निकलते वक़्त युवाओं के लिए मतदान के मायने पर बात की.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा,“ये बड़ों की ज़िम्मेदारी है कि वो नौजवानों के साथ बैठें और उन्हें मतदान के महत्व के बारे में समझाएं. मेरे माता-पिता ने ऐसा ही किया था.”

    सुधा मूर्ति ने कहा, “मैं हमेशा नौजवानों से कहती हूं कि वो वोट करें. अगर आप वोट नहीं करते हैं तो आपको बोलने का हक़ नहीं रह जाता.”

    कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे से वोटिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है जो शाम 6 बजे तक चलेगी.

    राज्य में बीजेपी, कांग्रेस और जेडीएस प्रमुख राजनीतिक दल हैं और सरकार बनाने के लिए किसी दल या गठबंधन को 113 के जादुई आंकड़े की ज़रूरत होगी.

    चुनाव से पहले कर्नाटक में हाई वोल्टेज कैंपेन चला जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी, सोनिया गांधी सहित राजनीतिक पार्टियों के कई नेताओं ने रैली, रोड शो और जनसभाएं की.

    सोमवार को शाम पांच बजे ये चुनाव प्रचार ख़त्म हुआ.

    राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि चुनाव में लिंगायत और वोक्कालिगा वोट महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. लिंगायत समुदाय की जनसंख्या तक़रीबन 17 फ़ीसदी है तो वहीं वोक्कालिगा 11 फ़ीसदी हैं. ऐसे में दोनों समुदाय चुनावी कैंपेन में राजनीतिक पार्टियों के लिए काफ़ी अहम रहे.

  2. इमरान ख़ान की गिरफ़्तारी के बाद पाकिस्तान में हिंसक प्रदर्शन जारी, रात भर क्या-क्या हुआ

      • Author, शुमाइला जाफ़री
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, इस्लामाबाद से

    इमरान ख़ान की गिरफ़्तारी के बाद पाकिस्तान में उनके समर्थकों के हिंसक प्रदर्शन तेज़ होते जा रहे हैं.

    मंगलवार दोपहर से ही पाकिस्तान के अलग-अलग हिस्सों से हिंसा की खबरें सामने आने लगी और देर रात हालात अधिक गंभीर हो गए.

    इमरान ख़ान के समर्थक और तहरीक़-ए-इंसाफ़ के कार्यकर्ता रावलपिंडी स्थित सेना के मुख्यालय में भी घुस गए.

    मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात क्या-क्या हुआ

    • पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद स्थित पुलिस लाइन के मुख्यालय को सब-जेल बना दिया है और इमरान ख़ान को रातोंरात वहां ट्रांसफ़र कर दिया है. सरकार की ओर से पीटीआई को जो अधिसूचना मिली है उसके अनुसार नेशनल अकाउंटिबिलिटी ब्यूरो यानी नैब की अदालत गेस्ट हाउस में ही भारी सुरक्षा के बीच लगाई जाएगी. हालांकि मीडिया से इसकी आधिकारी पुष्टि नहीं की गई है.
    • नैब इमरान ख़ान की 14 दिन की रिमांड मांग सकता है.
    • इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने देर रात इमरान ख़ान की गिरफ़्तारी को वैध क़रार दिया. तहरीक-ए-इंसाफ के नेता फ़वाद चौधरी ने हाईकोर्ट के फ़ैसले को हैरान करने वाला बताया है. उन्होंने कहा कि-इमरान खान की ज़मानत पर फैसला दिए बग़ैर गिरफ्तारी अवैध है और पीटीआई इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने वाली है.
    • लाहौर में नाराज़ पीटीआई प्रदर्शनकारियों ने लिबर्टी चौक पर स्थित अस्करी टावर में आग लगा दी. इसी बिल्डिंग में ऑडी कार का एक शोरूम भी था, जिसे प्रदर्शनकारियों ने अपने कब्जे में ले लिया और गाड़ियों में आग लगा दी.
    • पीटीआई नेतृत्व ने अपनी आपात बैठक में इमरान खान की अवैध गिरफ़्तारी की निंदा की और रिहाई तक ‘शांतिपूर्ण’ विरोध प्रदर्शन जारी रखने का फैसला किया.
    • देश में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर कायम रहेगी.
    • मोबाइल ब्रॉडबैंड और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म देश में सस्पेंड कर दिया गया.
  3. पाकिस्तान में गंभीर हालात के बीच अमेरिकी दूतावास ने जारी किया अलर्ट

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की गिरफ़्तारी के बाद रावलपिंडी, लाहौर, पेशावर सहित कई शहरों में उनके समर्थक और तहरीक़-ए-इंसाफ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है.

    देश में हालात को देखते हुए अमेरिकी दूतावास ने अलर्ट जारी किया है.

    दूतावास ने बयान जारी कर कहा है, “अमेरिकी दूतावास इस्लामाबाद में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हो रही झड़पों और आने वाले समय में जो प्रदर्शन हो सकते हैं या जिनकी योजना चल रही है उन सभी पर नज़र बनाए हुए है. इसे देखते हुए इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास 10 मई, 2023 की सभी कांसुलर अपॉइंटमेंट रद्द कर रहा है.”

    इसके साथ ही दूतावास ने एक एडवाइज़री जारी की है जिसमें बताया गया है कि पाकिस्तान में रह रहे अमेरिकी नागरिकों को किन-किन चीज़ों का ख़्याल रखना होगा.

    -चौकन्ने रहें और उन जगहों पर जाने से परहेज़ करें जहां बड़ी संख्या में भीड़ जुटी हो.

    -अपनी सुरक्षा की योजनाओं की समीक्षा करते रहें.

    -अपनी आईडी साथ रखें और क़ानून का पालन करें

    -स्थानीय मीडिया के ज़रिए हालात की जानकारी लेते रहें.

    मंगलवार को इमरान ख़ान को भ्रष्टाचार के एक मामले में इस्लामाबाद में पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया. इसके बाद इमरान समर्थकों ने कई शहरों में प्रदर्शन और तोड़फोड़ शुरू कर दी.

    इमरान ख़ान की गिरफ़्तारी का विरोध कर रहे पीटीआई के कार्यकर्ता रावलपिंडी में सेना के हेडक्वॉर्टर में घुस गए. पुलिस के वाहन जलाए. बदले में पुलिस ने भी भीड़ को क़ाबू करने के लिए उन पर आंसू गैस के गोले दागे.

  4. कर्नाटक चुनाव: 224 विधानसभा सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से शुरू

    हाई वोल्टेज कैंपेन के बाद बुधवार को कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं.

    224 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे से वोटिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है जो शाम 6 बजे तक चलेगी.

    राज्य में बीजेपी, कांग्रेस और जेडीएस प्रमुख राजनीतिक दल हैं और सरकार बनाने के लिए किसी दल या गठबंधन को 113 के जादुई आंकड़े की ज़रूरत होगी.

    मतदान के एक दिन पहले भी कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा.

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि गोवा से बस में भर कर लोग उत्तर कर्नाटक लाए जा रहे हैं.

    उन्होंने मंगलवार देर रात ट्वीट करते हुए कहा, “क्यों गोवा की बीजेपी सरकार कदम्ब ट्रांसपोर्ट की बस से लोगों को आज रात उत्तरी कर्नाटक भेज रही है. बीते सप्ताह पीएम की रैली में भी 100 से अधिक लोगों को गोवा से लाया गया था.”

    बीते कुछ दिनों में कर्नाटक चुनाव के लिए ज़बर्दस्त चुनावी कैंपने चला जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी, सोनिया गांधी सहित राजनीतिक पार्टियों के कई नेताओं ने रैली, रोड शो और जनसभाएं की.

    सोमवार को शाम पांच बजे ये चुनाव प्रचार ख़त्म हुआ.

    राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि चुनाव में लिंगायत और वोक्कालिगा वोट महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. लिंगायत समुदाय की जनसंख्या तक़रीबन 17 फ़ीसदी है तो वहीं वोक्कालिगा 11 फ़ीसदी हैं. ऐसे में दोनों समुदाय चुनावी कैंपेन में राजनीतिक पार्टियों के लिए काफ़ी अहम रहे.

    58000 से अधिक मतदान केंद्र

    कर्नाटक में 5.21 करोड़ मतदाता हैं. इनमें 2.59 करोड़ महिला मतदाता हैं. 100 वर्ष से अधिक आयु के 16,976 मतदाता हैं. थर्ड जेंडर के 4,699 मतदाता हैं. पहली बार वोट डालने वाले 9.17 लाख मतदाता हैं.

    राज्य की 224 विधानसभा में से 36 अनुसूचित जाति और 15 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटें हैं. कर्नाटक के विधानसभा क्षेत्रों में 58,282 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. 50 प्रतिशत मतदान केंद्रों में वेबकास्टिंग की सुविधा दी गई है.

  5. नमस्कार.

    आपका दिन शुभ हो. ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा. 9 मई के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिककरें.