You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

थाईलैंडः 12 दोस्तों को साइनाइड देकर मारने के आरोप में महिला गिरफ़्तार

पुलिस ने सरत रंगसिवुतापोर्न नाम की इस महिला को बैंकॉक से मंगलवार को गिरफ़्तार किया.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and चंदन शर्मा

  1. लालू प्रसाद यादव से मिलने पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की.

    मुलाकात की एक तस्वीर अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा, "आदरणीय लालू जी से एक ‘कुशलक्षेम-मुलाक़ात’."

    दो दिन पहले अखिलेश यादव, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मिले थे. इसे उन्होंने संविधान और आरक्षण को खत्म करने की साजिश और षड्यंत्र के खिलाफ एक मुलाकात बताया था.

    दिसंबर, 2022 में किडनी ट्रांसप्लांट के लिए लालू यादव का सिंगापुर के माउंट एलिज़ाबेथ अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था.

    बेटी रोहिणी आचार्य ने ही पिता कोकिडनीडोनेट थी, जिसके बाद से वे आराम कर रहे हैं.

  2. एक अरब डॉलर का घोटाला करने वाले कारोबारियों की तलाश

    पहले आप फोन की घंटी बजते हुए सुनते हैं. एक बुज़ुर्ग आदमी फोन उठाते हैं.

    फ़ोन करने वाला अपना नाम 'विलियम ग्रांट' बताते हुए कहता है कि वो सोलो कैपिटल्स नाम की ट्रेडिंग कंपनी से है. वो उन बुज़ुर्ग से कहता है कि उसके पास उनके लिए, एक 'ज़बरदस्त प्रमोशनल' ऑफर है.

    वो बुज़ुर्ग कुछ चकराए हुए और कमज़ोर मालूम होते हैं और उससे कहते हैं कि, 'नहीं, मुझे ये ऑफर नहीं चाहिए. मेरी दिलचस्पी नहीं है.'

    लेकिन, विलियम ग्रांट उनके पीछे ही पड़ जाता है. वो उन बुज़ुर्ग से कहता है, 'मैं आपसे सिर्फ़ एक सवाल पूछता हूँ.'

  3. पश्चिम बंगाल में रामनवमी पर हुई हिंसा की जांच एनआईए करेगी

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    कलकत्ता हाई कोर्ट ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को पश्चिम बंगाल के हावड़ा, हुगली और उत्तर दिनाजपुर में रामनवमी के जुलूस के दौरान हुई हिंसा की जांच करने का निर्देश दिया है.

    कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस टीएस शिवज्ञानम और जस्टिस हिरण्मय भट्टाचार्य की एक खंडपीठ ने राज्य सरकार को दो सप्ताह के भीतर हिंसा की तमाम घटनाओं से संबंधित दस्तावेज़ एनआईए को सौंपने का भी निर्देश दिया है.

    रामनवमी का जुलूस निकालने के दौरान हावड़ा समेत विभिन्न इलाकों में हिंसा और आगजनी हुई थी.

    विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इन घटनाओं की जांच एनआईए से कराने की मांग की थी.

    उन्होंने जांच की मांग को लेकर हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की थी.

    बीते 10 अप्रैल को इस मामले की सुनवाई के दौरान एनआईए ने कोर्ट में कहा था कि वह इन घटनाओं की जांच के लिए तैयार है.

    इसके बाद कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने कहा था, "राज्य पुलिस के लिए यह पता लगाना संभव नहीं है कि इन घटनाओं में कौन लोग शामिल हैं और किसने हिंसा भड़काई थी."

    "पुलिस की रिपोर्ट से यह साफ है कि हिंसा और अशांति की घटनाएं हुई हैं. ऐसे में केंद्रीय एजेंसी से इनकी जांच करानी ज़रूरी है."

    जस्टिस शिवज्ञानम ने अशांत इलाकों में इंटरनेट बंद करने पर भी सवाल उठाया था.

    उन्होंने कहा था कि "किसी एक घटना के कारण इंटरनेट सेवाएं बंद नहीं की जाती. इससे से आम लोगों में चिंता बढ़ती है."

    कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का कहना था, "छत से पत्थर फेंकने के आरोप लग रहे हैं. लेकिन उस समय छत पर पत्थर कहां से आए?"

    "घटना से दस मिनट के भीतर छत पर इतनी तादाद में पत्थर जमा करना संभव नहीं है. पुलिस की रिपोर्ट से साफ है कि हिंसा के बाद मौके से एसिड की बोतलों के अलावा शीशे की बोतलें, बांस, ईंट और पत्थर बरामद किए गए हैं."

  4. डिमेंशिया मरीज़ों के लिए ख़ास पब

    डिमेंशिया ऐसी बीमारी है जिसका आसानी से पता नहीं चल पाता. मरीज़ के परिवार के सामने कई चुनौतियां होती हैं.

    इनमें से एक दिक्कत ये है कि परिवार वाले इस बीमारी से जूझ रहे अपनों को कहां लेकर जाएं.

    इंग्लैंड में एक महिला ने डिमेंशिया मरीज़ों के लिए एक पब की शुरुआत की है.

  5. पूर्व मंत्री ने 59 साल की उम्र में यूपी बोर्ड से पास की बारहवीं की परीक्षा

      • Author, शहबाज़ अनवर
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से

    59 साल के प्रभुदयाल वाल्मीकि ने यूपी बोर्ड से 12वीं की परीक्षा करीब 54 प्रतिशत अंकों के साथ पास की है.

    वे समाजवादी पार्टी सरकार में दो बार विधायक और मंत्री रह चुके हैं. परीक्षा में उन्हें 500 में से 271 अंक हासिल हुए हैं.

    प्रभुदयाल मेरठ की हस्तिनापुर विधानसभा सीट से साल 2002 और 2007 में विधायक रहे हैं.

    साथ ही 2003 से 2007 तक लघु उद्योग, वस्त्र और रेशम विभाग के प्रभारी मंत्री रह चुके हैं.

    'पढ़ने की कोई उम्र नहीं है'

    प्रभुदयाल वाल्मीकि ने बीबीसी से कहा, "देखिए पढ़ाई की कोई उम्र नहीं होती. मेरे क़रीबियों ने मुझसे कहा कि विधायक और मंत्री रहते हुए मेरे पास वक्त नहीं था. ऐसे में मेरी पढ़ाई नहीं हो पाई थी, लेकिन मुझे अब लगा किसी तरह पढ़ाई को मुझे जारी करना चाहिए."

    "साल 2021 में मैंने नामांकन कराया लेकिन कोरोना के कारण इम्तिहान नहीं दे पाया और बोर्ड की तरफ से अगली कक्षा के लिए प्रमोट कर दिया गया."

    सवालों से बचने के लिए क्या किया?

    मेरठ, मवाना के रहने वाले पूर्व मंत्री प्रभु दयाल वाल्मीकि ने अपनी ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा का नामांकन ज़िला बाग़पत के अंतर्गत आने वाले आदर्श इंटर कॉलेज दोला में कराया.

    उन्होंने बीबीसी से इस बारे में कहा, "मैंने मेरठ क्षेत्र में 11वीं और 12वीं की परीक्षा नहीं दी क्योंकि यहां मैं जब इम्तिहान देने जाता तो मुझे पहचानने वाले तमाम लोग मुझसे सवाल करते, उनके सवालों और थोड़ी झिझक से बचने की वजह से मैंने 11वीं और 12वीं की परीक्षा बाग़पत से दी."

    "हालांकि यहां भी मेरे कुछ जानने वाले लोग निकल आए, लेकिन मैंने उनके सवालों को नज़र अंदाज़ किया. मेरे आस-पास बैठने वाले छात्र-छात्राएं भी मुझसे सवाल करते लेकिन मैं मुस्कुरा कर उनकी बात को टाल दिया करता था, लेकिन मैं अब स्नातक कर आगे भी पढ़ाई जारी रखूंगा."

    परिवार में दो बेटे, पत्नी को भी पढ़ाने का मन

    प्रभुदयाल वाल्मीकि के परिवार में उनकी पत्नी कमला के अलावा दो बेटे राजन गहलोत और राहुल गहलोत हैं.

    राजन गहलोत लगभग 32 साल के हैं और दिल्ली में एक कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं जबकि छोटा बेटा राहुल मेरठ के मवाना में एक पैथोलॉजी लैब के संचालक हैं.

    प्रभुदयाल वाल्मीकि अब अपनी पत्नी कमला को पढ़ाने की बात कर रहे हैं और जल्द ही उन्हें क्लास छह में दाखिला दिलवाएंगे.

    कमला कक्षा पांच तक पढ़ी हैं. प्रभु दयाल बताते हैं कि बीमारी की वजह से वे नहीं पढ़ पाई थीं.

  6. यूक्रेन: रूस के ख़िलाफ़ जंग में ड्रोन कैसे बना बड़ा हथियार

    फ़्रंटलाइन पर हो रही जंग से निपटने के लिए यूक्रेन अपने ड्रोन के घरेलू उत्पादन में तेज़ी ला रहा है.

    यूक्रेन ने अब तक तीन हज़ार तीन सौ ड्रोन खरीदे हैं. सैकड़ों ड्रोन लोगों ने सीधे डाक से भी भेजे हैं.

    इस सबके बीच यूक्रेन पर रूस के क्षेत्र में ड्रोन हमले करने का आरोप लग रहा है.

    बीबीसी संवाददाता जो टाइडी की ग्राउंड रिपोर्ट.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, सनराइजर्स हैदराबाद के लिए झटका, वाशिंगटन सुंदर चोट लगने के कारण आईपीएल से बाहर

    सनराइजर्स हैदराबाद के ऑल राउंडर वाशिंगटन सुंदर चोट लगने के कारण आईपीएल के बाक़ी मैचों में नहीं खेल सकेंगे.

    पहले से संकटों का सामना कर रही है सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल रैंकिंग में फिलहाल नौवें नंबर पर है और वाशिंगटन सुंदर का टूर्नामेंट से बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, वाशिंगटन सुंदर को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है.

    सनराइजर्स हैदराबाद ने उनकी इंजरी की जानकारी देते हुए बताया है कि वे आईपीएल के बाक़ी मैचों के लिए उपलब्ध नहीं हो सकेंगे.

    23 वर्षीय वाशिंगटन सुंदर ने टूर्नामेंट में अभी तक सात मैच खेले हैं और 48.66 रनों के औसत और 8.26 की इकॉनमी रेट से तीन विकेट लिए हैं.

    रन के मोर्चे पर उनका कुल स्कोर 60 का रहा है जिसमें अधिकतम स्कोर 24 नॉट आउट का रहा है. तमिलनाडु से आने वाले वाशिंगटन सुंदर आईपीएल के पिछले सीजन में भी इंजरी का शिकार हुए थे.

  8. सूडान से जान बचाकर भागते लोग, किस हाल में हैं भारतीय?

    ना सीज़फ़ायर काम आ रहा है, ना ही दूसरे देशों की पहल का कोई नतीजा दिख रहा है.

    सूडान में 11 दिनों से संघर्ष जारी है.

    भूख-प्यास से बेहाल लोग जान बचाने के लिए देश छोड़ कर भाग रहे हैं.

    क्या इस मुश्किल का निकलेगा कोई हल? इसी की चर्चा कवर स्टोरी में.

  9. बीसीसीआई ने जारी की महिला क्रिकेटर्स की नई कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट, जानिए कौन-कौन हैं शामिल

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने महिला क्रिकेटर्स की नई कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी की है.

    बीसीसीआई ने नई सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में कुल 17 खिलाड़ियों को जगह दी है.

    ग्रेड ए में कप्तान हरमनप्रीत कौर के अलावा स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा को रखा गया है.

    ग्रेड बी में रेणुका ठाकुर, जेमिमाह रॉड्रिक्स, शेफाली वर्मा, रिचा घोष और राजेश्वरी गायकवाड़ को जगह मिली है.

    ग्रेड सी में मेघना सिंह, देविका वैद्य, सबभिनेनी मेघना, अंजली सरवानी, पूजा वस्त्राकर, स्नेह राणा, राधा यादव, हरलीन देओल, यास्तिका भाटिया शामिल हैं.

  10. महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे सरकार के गिरने की अटकलें क्यों?

    एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिव सेना में पिछले साल हुई टूट और 16 विधायकों की योग्यता पर सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ के आने वाले फ़ैसलों को लेकर अटकलों का बाज़ार गर्म हो रखा है.

    शीर्ष अदालत के संभावित फ़ैसले से महाराष्ट्र की राजनीति में एक और भूचाल आने या न आने के बारे में जमकर चर्चा हो रही है.

    लोग जानना चाहते हैं कि विपक्ष के नेता अजित पवार सरकार बचाने के लिए क्या उसका समर्थन करेंगे! चर्चा मुख्यमंत्री बदलने और दल-बदल फिर शुरू होने को लेकर भी चल रही है.

    उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिव सेना के नेता संजय राउत ने बीते रविवार को 'भविष्यवाणी' वाले अंदाज़ में कहा, "यह सरकार टिकने वाली नहीं है. इस सरकार का 'डेथ वॉरंट' जारी हो चुका है. अब सिर्फ़ एक बात तय होनी है कि इस पर कब और कौन दस्तख़त करता है.''

  11. पीएम मोदी के चुटकुले में 'आत्महत्या' का जिक्र, राहुल गांधी ने उठाए सवाल

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आत्महत्या करने वाले बच्चों का मज़ाक उड़ाने का आरोप लगाया है.

    राहुल गांधी ने कहा, "हज़ारों परिवार आत्महत्या के कारण अपने बच्चों को खोते हैं. प्रधानमंत्री को उनका मज़ाक नहीं उड़ाना चाहिए!."

    बुधवार को न्यूज़ चैनल रिपब्लिक के एक कार्यक्रम में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "बचपन में एक चुटकला हम सुनते थे वो बताना चाहता हूं. एक प्रोफेसर थे और उनकी बेटी ने आत्महत्या की, तो एक चिट छोड़कर गई, कि मैं जिंदगी में थक गई हूं. मैं जीना नहीं चाहती हूं, तो मैं काकरिया तालाब में कूदकर के मर जाऊंगी."

    "अब सुबह देखा तो बेटी घर में नहीं है. बिस्तर में चिट्ठी मिली, तो पिता जी को बहुत गुस्सा आया कि मैं प्रोफेसर, इतने साल मैंने मेहनत की, अभी भी काकरिया की स्पेलिंग गलत लिखकर जाती है."

    प्रियंका गांधी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण का वीडियो ट्वीट करते हुए निशाना साधा है.

    उन्होंने कहा कि डिप्रेशन और आत्महत्या, खासकर युवाओं में, कोई हंसी का विषय नहीं है.

    प्रियंका ने लिखा, "एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, 2021 में 1 लाख 64 हजार 33 भारतीयों ने आत्महत्या की, जिनमें से बड़ी संख्या में मरने वाले 30 साल से कम उम्र के थे. ये एक त्रासदी है मजाक नहीं."

  12. अर्जेंटीना का बड़ा एलान, चीनी आयात अब डॉलर में नहीं युआन में होगा

    अर्जेंटीना ने घोषणा की है कि वह चीन से जो सामान खरीदता है उसका भुगतान अब डॉलर की बजाय चीनी मुद्रा युआन में करेगा.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक अर्जेंटीना ने यह फैसला देश के घटते डॉलर के भंडार के मद्देनज़र लिया है.

    एजेंसी के मुताबिक सरकारी बयान में कहा गया है कि अप्रैल के महीने में अर्जेंटीना का लक्ष्य करीब एक अरब डॉलर के चीनी आयात का भुगतान युआन में करने का है.

    इस भुगतान के बाद करीब 79 करोड़ डॉलर का मासिक आयात भी चीन को युआन में किया जाएगा.

    चीनी राजदूत जू शियाओली के साथ बैठक के बाद अर्जेंटीना के वित्त मंत्री सर्जियो मस्सा ने कहा कि इस फ़ैसले के पीछे की वजह डॉलर की कमी को दूर करना है.

    यह फ़ैसला ऐसे समय पर लिया गया है जबअर्जेंटीना में सूखे के कारण के कृषि निर्यात में भारी गिरावट आई है, जिसके चलते उसका डॉलर रिजर्व कमजोर हुआ है.

    पिछले साल नवंबर में अर्जेंटीना ने अपने अंतरराष्ट्रीय भंडार को मज़बूत करने के लिए चीन के साथ 5 अरब डॉलर की मुद्रा बदली थी.

  13. राजस्थान: आरक्षण के लिए जयपुर-आगरा हाइवे जाम, इंटरनेट बंद

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    भरतपुर ज़िले की नदबई तहसील के आरोद गांव में जयपुर-आगरा नेशनल हाइवे सातवें दिन भी जाम है.

    वहीं नदबई, वैर और भुसावर तहसील के चिह्नित टावर से इंटरनेट सेवाएं 21 अप्रैल से ही बंद हैं.

    सैनी, माली, कुशवाहा, शाक्य, मौर्य और काछी समाज 12 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर धरने पर बैठा हुआ है. धरना स्थल के पास मंगलवार को समाज के 48 साल के मोहन सिंह ने सुसाइड कर लिया है. इसके बाद से समाज में आक्रोश है. बुधवार को सीएम अशोक गहलोत से एक प्रतिनिधिमंडल की बातचीत भी हुई है.

    फूले आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक मुरारी लाल सैनी ने बीबीसी से कहा, "मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाक़ात हुई है. उन्होंने आरक्षण की मांग को लेकर केंद्र को चिट्ठी भेजी है. जयपुर में अति पिछड़ा वर्ग आयोग के साथ एक मई को हमारी मीटिंग भी प्रस्तावित है."

    सैनी ने कहा, "मोहन सिंह ने समाज के आरक्षण मांग के लिए सूसाइड किया है. हमारी सरकार से मांग है कि उनके परिवार को एक सरकारी नौकरी, आर्थिक सहायता दी जाए."

    उन्होंने कहा, "सूसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है कि 12 प्रतिशत आरक्षण लेकर रहेंगे. मोहन सिंह समाज के लिए शहीद हुए हैं. इसलिए हमारी सरकार से मांग है कि उन्हें शहीद का दर्जा दिया जाए."

    मृतक मोहन सिंह का शव दो दिन से भरतपुर ज़िला अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है. मांगों पर सहमति नहीं बनने से शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है. समाज मांगें नहीं माने जाने तक हाईवे से हटने के लिए तैयार नहीं है.

    नदबई के डिप्टी एसपी नितिराज सिंह शेखावत ने बीबीसी से फ़ोन पर कहा, "मृतक के परिजन एक करोड़ रुपये की सहायता और सरकारी नौकरी की मांग कर रहे हैं."

  14. प्रकाश सिंह बादल का आज होगा अंतिम संस्कार

    पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक रहे प्रकाश सिंह बादल का अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके पैतृक गांव बादल में किया जाएगा.

    पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहने वाले प्रकाश सिंह बादल ने 25 अप्रैल की देर शाम मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली थी. वह 95 साल के थे.

    बीती रात करीब 10 बजे प्रकाश सिंह बादल का पार्थिव शरीर 'बादल' गांव पहुंचा.

    25 साल पहले उन्होंने अपने गांव में एक बगीचा बनाया था. इसी बगीचे में करीब दो एकड़ बाग की जुताई कर अंतिम संस्कार के लिए जगह तैयार की जा रही है.

    उनका पार्थिव शरीर दोपहर 12 बजे तक आम लोगों और अकाली कार्यकर्ताओं के दर्शन के लिए रखा जाएगा.

    दोपहर करीब एक बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा.

    उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों के साथ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा विशेष रूप से मौजूद रहेंगे.

  15. तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन की सेहत इंटरव्यू के बीच हुई ख़राब, छोड़ना पड़ा इंटरव्यू

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन को ख़राब सेहत के चलते लाइव इंटरव्यू को बीच में ही छोड़ना पड़ा.

    मंगलवार को वे टीवी पर एक इंटरव्यू दे रहे थे जो 90 मिनट तक चलना था, लेकिन दस मिनट के बाद ही बीच सवाल को काटते हुए चैनल को ब्रेक लेना पड़ा.

    न्यूज वेबसाइट अरब न्यूज़ के मुताबिक करीब 15 मिनट के बाद वे स्क्रीन पर लौटे और उन्होंने कहा, "आज और कल का दिन काफ़ी थकाऊ रहा, जिसकी वजह से मुझे पेट में इंफेक्शन हो गया है. मैं आपसे और दर्शकों से माफ़ी मांगता हूं."

    इसके बाद कार्यक्रम को ख़त्म कर दिया गया. अर्दोआन ने बुधवार को तीन जगह होने वाले चुनावी प्रचार को भी रद्द कर दिया था.

    उन्होंने कहा, "डॉक्टरों की सलाह पर आज मैं घर में आराम करूंगा."

    69 साल के अर्दोआन की 2012 में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सर्जरी हुई थी.

    14 मई को तुर्की में आम चुनाव होने हैं. 20 साल से तुर्की पर शासन कर रहे रेचेप तैय्यप अर्दोआन सत्ता में बने रहने के लिए काफ़ी ज़ोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं.

    ऐसे में उनकी सेहत का बिगड़ना, उनके लिए मुश्किलें पैदा कर सकता है.

  16. आनंद मोहन जेल से सुबह-सुबह रिहा हुए

      • Author, चंदन कुमार जजवाड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, बिहार से

    बिहार में आईएएस जी कृष्णैया हत्याकांड के दोषी आनंद मोहन सिंह को गुरुवार सुबह सहरसा जेल से रिहा कर दिया गया है.

    सहरसा के जेल सुपरिटेंडेंट ने बीबीसी को बताया है कि यह जेल मैनुअल में लिखा है कि किसी भी क़ैदी को रिहा करना हो तो यह सुबह ही होगा.

    आनंद मोहन को सुबह 6:15 पर रिहा किया गया है. जेल सुपरिटेंडेंट के मुताबिक़ आनंद मोहन की रिहाई बुधवार को ही हो जाती लेकिन प्रक्रिया में देरी की वजह से रिहाई आज हुई है.

    बिहार की नीतीश सरकार ने जेल मैनुअल में संशोधन करते हुए सांसद रहे बाहुबली नेता आनंद मोहन समेत 27 लोगों की रिहाई के आदेश दिए हैं.

    बाहुबली नेता आनंद मोहन को इस मामले में उम्र क़ैद की सज़ा मिली थी.

    क्या था मामला

    5 दिसंबर 1994 के दिन बिहार के गोपालगंज के ज़िलाधिकारी की हत्या बीच सड़क पर कर दी गई थी.

    आनंद मोहन पर उस दिन भीड़ को भड़काने का आरोप लगा था.

    इस मामले में आनंद मोहन को निचली अदालत ने फांसी की सज़ा सुनाई थी, जिसे पटना हाई कोर्ट ने उम्र क़ैद में बदल दिया था.

    आनंद मोहन राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट तक गए थे, लेकिन उन्हें इस मामले में कोई राहत नहीं मिली थी.

    आनंद मोहन विधायक और सांसद रह चुके भारत के पहले ऐसे नेता थे जिन्हें फ़ांसी की सज़ा सुनाई गई थी.

    कौन हैं आनंद मोहन

    बिहार के सहरसा ज़िले के पंचगछिया गाँव के रहने वाले आनंद मोहन ने छात्र जीवन में ही 1974 के जेपी आंदोलन के दौरान राजपूतों के एक बड़े चेहरे के तौर पर पहचान बना ली थी.

    आनंद मोहन ने साल 1990 में जनता दल के टिकट पर महिषी से विधानसभा का चुनाव जीता था.

    इस समय तक आनंद मोहन कोसी के इलाक़े में एक बाहुबली राजपूत नेता के तौर पर सुर्ख़ियों में रहने लगे थे.

    आनंद मोहन बिहार में अख़बारों और पत्र पत्रिकाओं में छपी तस्वीरों में कभी घोड़े की सवारी करते, तो कभी बंदूक के साथ दिखते थे.

    उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर का भी क़रीबी माना जाता था जो उनकी ही जाति के थे.

  17. प्रधानमंत्री का पद छोड़ने के बाद जेसिंडा अर्डर्न ने लिया हार्वर्ड यूनिवर्सिटी जाने का फ़ैसला

    न्यूजीलैंड की पूर्व प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने इस साल हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के साथ एक फेलो के तौर पर जुड़ेंगी.

    अमेरिका के मैसाचुसेट्स शहर के कैंब्रिज में स्थित प्रतिष्ठित आईवी लीग यूनिवर्सिटी ने यह घोषणा की है.

    मंगलवार को हार्वर्ड ने जानकारी दी है कि जैसिंडा केनेडी स्कूल में ड्यूल फेलोशिप के तहत शामिल होंगी.

    वे एंजलपोलोस ग्लोबल पब्लिक लीडर्स फेलो और हॉसर लीडर के साथ जुड़ेंगी.

    जेसिंडा अर्डर्न, पांच साल से ज़्यादा समय तक न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री रही हैं. जनवरी, 2023 में उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी.

    ये घोषणा करते हुए उनका गला भर आया था. तब उन्होंने कहा था कि छह साल तक इस 'चुनौतीपूर्ण' पद को संभालने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की है.

    उन्होंने कहा था कि इसके बाद अब अगले चार साल में उनके पास योगदान देने के लिए कुछ ख़ास नहीं बचा है. इसलिए अब वो अगला चुनाव नहीं लड़ेंगी.

    दुनिया की सबसे कम उम्र की महिला राष्ट्र प्रमुख बनी थीं

    टीनेजर रहते हुए अर्डर्न देश की लेफ़्ट पार्टियों से जुड़ी थीं. वो देश की अंतिम वामपंथी प्रधानमंत्री हेलेन क्लार्क के कार्यालय में काम करती थीं. इसके अलावा वो ब्रिटेन में टोनी ब्लेयर की सलाहकार भी रही थीं.

    वो अपने चुनाव अभियानों में समाज में फैली असमानताओं की बात किया करती थीं. राजनीति में उन्हें क्या खींचता है, इस पर बात करते हुए कभी अर्डर्न ने कहा था कि "भूख से संघर्ष करते बच्चे और बिना जूते के उनके पांव ने उन्हें राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया."

    लेबर पार्टी के टिकट पर साल 2008 में संसद पहुंचीं अर्डर्न अगस्त 2017 में लेबर पार्टी की नेता चुनी गईं. हैमिल्टन में 1980 में जन्मी अर्डर्न साल 2017 में गठबंधन सरकार में न्यूज़ीलैंड की प्रधानमंत्री बनीं थीं.

    साल 2017 में 37 साल की उम्र में पीएम चुनी जाने वाली जेसिंडा अर्डर्न उस समय दुनिया में सबसे कम उम्र की महिला राष्ट्र प्रमुख बनी थीं. वो साल 1856 के बाद न्यूज़ीलैंड की सबसे युवा प्रधानमंत्री बनी थीं.

    इसके एक साल बाद जून 2018 में वो दुनिया की दूसरी ऐसी राष्ट्राध्यक्ष बनीं जिन्होंने पद पर रहते हुए बच्चे को जन्म दिया.

  18. राहुल गांधी कांग्रेस को खत्म करने के अभियान में लगे हुए हैं- शिवराज सिंह चौहान

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कर्नाटक में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा, "महात्मा गांधी ने आजादी के बाद कहा था कि कांग्रेस खत्म कर दो. कांग्रेस का उद्देश्य आजादी प्राप्त करना था, लेकिन पंडित जवाहरलाल नेहरू जी ने उनकी बात नहीं मानी और कांग्रेस को एक राजनीतिक पार्टी बना दिया."

    "पंडित जवाहरलाल नेहरू जी ने महात्मा गांधी की बात नहीं मानी, लेकिन राहुल गांधी ने कहा कि मैं तो बापू जी की बात मानूंगा और कांग्रेस को खत्म करके ही रहूंगा. राहुल गांधी आज कांग्रेस को खत्म करने के अभियान में लगे हुए हैं."

    बुधवार को उन्होंने कर्नाटक में बीजेपी उम्मीदवारों के पक्ष में तीन विधानसभा सीटों पर प्रचार किया.

    शिवराज सिंह चौहान ने पीएफआई(पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया) को आतंकवादी संगठन बताते हुए कहा कि उनकी सरकार ने उस पर रोक लगाने का काम किया है.

    उन्होंने कहा, "हम आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेंगे. जब सिद्धारमैया मुख्यमंत्री थे तो आपने पीएफआई के लोगों को जेलों से बाहर छोड़ दिया था. कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती है और भारतीय जनता पार्टी संतुष्टीकरण की."

  19. बीजेपी बिहार से गुंडे लाकर प्रदेश में गुंडागर्दी कर रही है- ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर दिनाजपुर ज़िले में एक लड़की की हत्या के बाद भड़की हिंसा के लिए भारतीय जनता पार्टी को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    उन्होंने कहा, “बीजेपी बिहार से गुंडे लाई थी. इन गुंडों ने थाने में तोड़फोड़ की और आग लगा दी. वे थाने में हथियारों के साथ घुसे थे. उन्होंने गांव वालों के साथ लूटपाट की और महिला पुलिसकर्मियों को भी पीटा. मैंने पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.”

    पिछले हफ़्ते एक नाबालिग़ लड़की की हत्या के विरोध में हिंसा हुई थी. उत्तर दिनाजपुर में भड़की इस हिंसा में में बदमाशों ने एक पुलिस स्टेशन पर हमला किया था, जिसमें क़रीब 17 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे.

    मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा कि लड़की की मौत बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन इसके बाद जिस तरह से घटनाएं हुईं वे सुनोयित थी और बीजेपी प्रदेश में गुंडागर्दी कर रही है.

    ममता बनर्जी के बयान पर पलटवार करते हुए हुगली से बीजेपी सांसद लॉकेट चटर्जी ने कहा कि बीजेपी कानून हाथ में लेने या पुलिस पर हमला करने का समर्थन नहीं करती है, लेकिन जब पुलिस सत्ताधारी दल की गुलाम हो जाएगी तो लोग क्या करेंगे?

  20. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा.

    26 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.