You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पश्चिम बंगाल: उत्तर दिनाजपुर में लापता छात्रा का शव तालाब से मिला, सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या का शक

पश्चिम बंगाल में एक छात्रा के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या के मामले को लेकर नाराज़ लोग सड़कों पर उतर आए.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा

  1. पश्चिम बंगाल: उत्तर दिनाजपुर में लापता छात्रा का शव तालाब से मिला, सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या का शक

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल में उत्तर दिनाजपुर ज़िले के कालियागंज में 12वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या के मामले को लेकर नाराज़ लोग सड़कों पर उतर आए.

    ये छात्रा 20 अप्रैल (गुरुवार ) से लापता थी और उनका शव शुक्रवार (कल) एक तालाब में मिला.

    लोगों ने पीड़िता के शव के साथ सड़क पर प्रदर्शन किया और अभियुक्तों को कड़ी सजा देने की मांग की. इस दौरान वाहनों की आवाजाही ठप कर दी गई. मौके पर पुलिस की टीम के पहुंची तो नाराज़ लोग पुलिसकर्मियों से भी भिड़ गए.

    भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा.

    पुलिस के साथ भिड़ंत के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया. फिलहाल वहां भारी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया है.

    पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शव के साथ प्रदर्शन करने वाले लोगों का आरोप है कि पड़ोस के गांव के चार-पांच युवकों ने किशोरी के साथ सामूहिक बलात्कर के बाद उसकी हत्या कर दी है. किशोरी का शव शुक्रवार सुबह एक तालाब से बरामद किया गया.

    स्थानीय लोगों का कहना है कि पीड़िता 20 अप्रैल को लापता हुई थी. पुलिस के मुताबिक, इस मामले की जांच की जा रही है.

    इस घटना के बाद उत्तर दिनाजपुर जिले के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल समेत पार्टी के कई नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की.

    कन्हैया लाल का कहना था, "स्थानीय लोगों की तरह हम लोग भी इस घटना से बेहद क्षुब्ध और मर्माहत हैं. हम लोग मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर स्थानीय विधायक सोमेन राय के साथ यहां आए हैं. दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए."

    दूसरी ओर, भाजपा विधायक जोएल मुर्मू समेत पार्टी के कई नेताओं ने भी कालियागंज इलाके का दौरा किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात की.

    शनिवार को इलाके के दौरे पर पहुंचे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद इस घटना की जांच सीबीआई से कराने की मांग की. इस मांग के समर्थन में उन्होंने एसपी ऑफिस के सामने कुछ देर धरना भी दिया.

    दूसरी ओर, राष्ट्रीय महिला आयोग ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को एक पत्र भेज कर तीन दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और अभियुक्तों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

    पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. इलाके में फैले तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस वालों को तैनात कर दिया गया है और गश्त बढ़ा दी गई है.

  2. पीएम मोदी की केरल यात्रा से जुड़ी 'ख़ुफिया रिपोर्ट' लीक होने से बीजेपी नाराज़, क्या है मामला

    केरल पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आत्मघाती बम हमले की धमकी वाली चिट्ठी की जाँच शुरू कर दी है. पीएम मोदी अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए 24 और 25 अप्रैल को केरल का दौरा करेंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार, केरल बीजेपी के अध्यक्ष के. सुरेंद्रन के दफ़्तर को कथित तौर पर कोच्चि के निवासी की मलयालम में लिखी चिट्ठी मिली. ये चिट्ठी पिछले हफ़्ते सुरेंद्रन ने पुलिस कौ सौंप दी थी.

    इस बीच बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया है कि केरल एडीजीपी (इंटेलिजेंस) की एक रिपोर्ट मीडिया में लीक हो गई है. उनका दावा है कि इस रिपोर्ट के लीक होने से धमकी भरी चिट्ठी की ख़बर सार्वजनिक हुई.

    सुरेंद्रन ने मीडिया को बताया कि उन्होंने एक हफ़्ते पहले धमकी भरी चिट्ठी केरल डीजीपी को सौंपी थी.

    लीक हुई कथित ख़ुफ़िया रिपोर्ट में कहा गया है, "पिछले सप्ताह केरल की बीजेपी राज्य समिति के अध्यक्ष को मलयालम में लिखा एक चिट्ठी मिली थी जिसमें आत्मघाती हमलावर के ज़रिए भारत के प्रधानमंत्री को जान की धमकी दी गई थी."

    रिपोर्ट में ये भी कहा गया है चिट्ठी की सत्यता और इसके पीछे कौन है, इसकी जाँच की जा रही है. 49 पन्नों की इस रिपोर्ट में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के नाम, उनकी भूमिका, प्रधानमंत्री के विस्तृत कार्यक्रम का शेड्यूल सहित अन्य बातों की जानकारी दी गई है.

    हालांकि, इस रिपोर्ट के कथित तौर पर लीक होने की अब आलोचना भी शुरू हो गई है. केंद्रीय राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने इसे एक गंभीर मामला बताया.

    इस बीच, कोच्चि निवासी एनजे जॉनी ने आज कहा कि वह निर्दोष हैं. जॉनी का नाम और नंबर कथित धमकी भरे पत्र में था.

    उन्होंने मीडिया से कहा, “पुलिस ने मुझसे पूछताछ की है. मैंने उन्हें सारी जानकारी दी है. उन्होंने लिखावट और हर चीज की जांच की.”

  3. आईपीएलः पंजाब ने बनाए 214 रन, क्या मुंबई लगाएगी जीत का चौका?

    पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में 214 रनों का बड़ा स्कोर बनाया है.

    पंजाब के लिए कप्तान सैम करन (29 गेंदों पर 55 रन) और हरप्रीत भाटिया (28 गेंदों में 41 रन) शानदार पारियां खेलीं.

    दोनों ने मिलकर पांचवे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी की और टीम को मज़बूत स्कोर की तरफ बढ़ाया.

    इसके अलावा पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह ने 26 रन, अथर्व तायडे ने 29 रनों की पारी खेली.

    आखिर में बल्लेबाज़ी करने आए जितेश शर्मा ने भी ताबड़तोड़ सात गेंदों में 25 रन बनाए.

    अर्जुन तेंदुलकर ने लुटाए रन

    मुंबई इंडियंस ने शुरुआत में तो कसी हुई गेंदबाज़ी की. जिसमें बड़ा योगदान अनुभवी स्पिनर पीयूष चावला का रहा. उन्होंने तीन ओवर में 15 रन खर्च कर दो विकेट चटकाए.

    लेकिन पंजाब की पारी का 16वां ओवर मोमेंटम बदलने वाला रहा. यह ओवर अर्जुन तेंदुलकर ने डाला.

    ओवर की पहली गेंद पर सैम करन ने छक्का लगाया, अगली गेंद वाइड रही, उसके बाद सैम करन ने दूसरी गेंद पर चौका लगाया. तीसरी गेंद पर एक रन आया. फिर चौथी गेंद पर हरप्रीत ने चौका लगाया, पांचवी गेंद पर उन्होंने छक्का जड़ा, इसके बाद अर्जुन ने नो बॉल डाली जो चौके के लिए गई, ओवर की आखिरी गेंद फ्री हिट थी, जिसमें हरप्रीत ने फिर एक चौका लगाया. कुल मिलाकर इस ओवर में 31 रन बने.

    देखना होगा कि मुंबई इस लक्ष्य को हासिल कर क्या जीत का चौका लगा पाएगा या पंजाब जीत की पटरी पर लौट पाएगा.

  4. कांग्रेस ने अंगकिता को छह साल के लिए पार्टी से निकाला, हिमंत बिस्वा सरमा ने दिया ये बयान

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए

    अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को युवा कांग्रेस की असम इकाई की अध्यक्ष अंगकिता दत्ता को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है. वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का कहना है कि अब कानून अपना काम करेगा.

    अंगकिता ने यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी पर 'उत्पीड़न और सेक्सिस्ट' कमेंट करने का आरोप लगाते हुए दिसपुर थाने में उनके ख़िलाफ़ मामला दर्ज कराया था.

    अंगकिता को पार्टी से निष्कासित करने के बारे में असम विधानसभा में विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया ने कहा, "अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अंगकिता को आज पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है.''

    सैकिया ने कहा, "अंगकिता के मामले को कुछ लोग महिला सुरक्षा से जोड़कर राजनीति कर रहे हैं. लेकिन अंगकिता का विषय पूरी तरह पार्टी अनुशासन से जुड़ा हुआ है.''

    अंगकिता ने दिसपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज किए मामले में श्रीनिवास बीवी पर "सेक्सिस्ट, अंधराष्ट्रवादी और एक महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने" के आरोप लगाए हैं.

    इस मामले में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का भी बयान आया है. उन्होंने कहा कि अब इस मामले में कानून अपना काम करेगा.

    उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह से इस मामले को संभाला है, वह दुखद है. उन्होंने कहा," एपीसीसी को एक जांच कमेटी बनानी चाहिए थी और अपने बीच में ही मामले को सुलझाना चाहिए था. मैंने सोचा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है. इसलिए मैंने पुलिस से इंतजार करने को कहा. लेकिन अब चूंकि मामला पहले ही दर्ज हो चुका है तो कानून अपना काम करेगा."

    असम कांग्रेस में मीडिया विभाग के अध्यक्ष मनजीत महंत का कहना है कि अंगकिता ने पार्टी के अध्यक्ष की भी बात नहीं मानी. उन्हें 48 घंटे तक इंतजार करने के लिए कहा गया था, लेकिन वह इसके बजाय पार्टी के खिलाफ चली गईं. उन्हें भाजपा द्वारा बलि का बकरा बनाया जा रहा है.

    अंगकिता दत्ता के परिवार का कांग्रेस से बहुत पुराना नाता रहा है. उनके पिता अंजन दत्ता असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष थे और कांग्रेस की तरुण गोगोई सरकार में मंत्री भी बनाए गए. साल 2016 में उनका निधन हो गया था. इसके अलावा उनके दादा थानेश्वर दत्ता ने भी कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था. फिलहाल पार्टी से निष्कासन को लेकर अंगकिता ने किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी है.

  5. 'मोदी सरनेम' मामले में राहुल गांधी ने खटखटाया पटना हाई कोर्ट का दरवाजा

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 'मोदी सरनेम' मानहानि के एक मामले में पटना हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है.

    बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी ने गांधी के ख़िलाफ़ मानहानि का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद पटना हाई कोर्ट ने उन्हें तलब किया है.

    गांधी के वकील अंशुल ने बीबीसी को बताया कि उनके मुव्वकिल ने पटना (निचली) अदालत द्वारा जारी समन को रद्द करने के लिए पटना हाई कोर्ट में याचिका दायर की है.

    गांधी की याचिका पर 24 अप्रैल को सुनवाई होगी. 31 मार्च को पटना कोर्ट ने राहुल गांधी को स्वंय 12 अप्रैल को कोर्ट में आने और इस मामले में अपना बयान दर्ज कराने के लिए कहा था लेकिन वो अदालत के सामने पेश नहीं हो पाए.

    इसके बाद निचली अदालत ने उन्हें 25 अप्रैल को पेश होने का आदेश दिया. अंशुल ने कहा, '' एक अपराध के लिए दोहरी सजा नहीं दी जा सकती है और हमारे मुव्विकल को आरोपी नहीं बनाया जा सकता.'

  6. सूडान: सेना के विमान से बाहर निकलेंगे अमेरिका-चीन के राजनयिक

    सूडान की सेना ने बताया है कि देश में फंसे कुछ विदेशी नागरिकों को बाहर भेजने का काम शुरु हो गया है. सूडान की राजधानी खार्तूम में बीते हफ़्ते से संघर्ष जारी है.

    सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच संघर्ष की ख़बरें लगातार आ रही हैं.

    सेना की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि सेना प्रमुख फतेह अल बुरहान ‘आने वाले कुछ घंटों में’ विदेशी नागरिकों के सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने की सुविधा मुहैया कराने पर सहमत हो गए हैं.

    सेना प्रमुख बुरहान का अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फ़ोर्सेज़ के प्रमुख के साथ सत्ता के लिए संघर्ष चल रहा है.

    सेना की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि सऊदी अरब के मिशन से लोग सड़क के रास्ते पोर्ट सूडान पहुंचे और वहां से विमान से अपने देश लौटे. सेना के मुताबिक जॉर्डन के लोग भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करेंगे. जॉर्डन ने बताया है कि उसके तीन सौ नागरिक घर लौट रहे हैं.

    सूडान की सेना ने बताया है कि अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन और चीन अपने राजनयिकों को निकालने के लिए सेना के विमान का इस्तेमाल कर सकते हैं. लेकिन ऐसा करने के लिए खार्तूम के इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा स्थितियों में सुधार आना ज़रूरी है

  7. आईपीएलः मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ टॉस जीता, पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला

    आईपीएल में आज यानी शनिवार को खेले जाने वाले दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    मुंबई के लिए तेज़ गेंदबाज़ जोफ़्रा आर्चर वापसी कर रहे हैं. वहीं पंजाब की कमान एक बार फिर सैम करन के हाथों में है.

    एक तरफ जहां मुंबई लगातार तीन मैच जीतकर अपने घरेलू मैदान में मैच खेलने आई है, वहीं दूसरी तरफ पंजाब पिछला मैच अपने घर में हार चुकी है.

  8. शाहरुख़ ख़ान ईद पर फैन्स से हुए मुख़ातिब और बोले...

    बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख़ ख़ान ईद पर अपने पुराने अंदाज में दिखे और मन्नत के बाहर खड़े फ़ैन्स का अभिवादन किया.

    वह अपने बंगले मन्नत की बालकनी में आए और फ़ैन्स को ईद की शुभकामनाएं दीं.

    ख़ान ने ट्विटर पर लिखा, ''ईद के मौके पर आप सबको यहां देख कर खुशी हो रही है. आइए प्यार बांटे...अल्लाह आप सबको खुश रखे... ईद मुबारक''

    शाहरुख के घर के बाहर हजारों प्रशंसक उनकी झलक पाने को जमा थे. इस दौरान उनके साथ उनके छोटे बेटे अबराम भी मौजूद थे.

    इस साल आई उनकी फ़िल्म 'पठान' ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की.

    फ़िल्म की सफ़लता के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा था, '' ''मेरी दिल से तमन्ना रहती है कि मैं लोगों में ख़ुशी बाँट सकूं. जब मैं इसमें फ़ेल होता हूं तो किसी को इतना दुख नहीं होता, जितना मुझे होता है. ऐसे में बहुत ख़ुश हूं कि मैं ख़ुशी बाँट सका.''

  9. सरकारी बंगला खाली करने के बाद ये बोले राहुल गांधी

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को अपना सरकारी बंगला खाली करने के बाद कहा कि वह 'सच बोलने के लिए हर कीमत चुकाने को तैयार हैं.'

    उन्होंने कहा, '' ये जो घर है, उसे हिंदुस्तान की जनता ने मुझे 19 सालों के लिए दिया. सबसे पहले मैं उनका धन्यवाद करना चाहता हूं. और सच्चाई बोलने की कीमत है आजकल, मैं कीमत चुकाता जाऊंगा. जो भी कीमत है, मैं चुकाऊंगा.''

    जब उनसे पत्रकारों ने पूछा कि अभी मामला कोर्ट में है तो उनका जवाब था, '' मैं रहना नहीं चाहता हूं. मुझसे ये छीन लिया गया है तो ठीक है. कोई दिक्कत नहीं है. कुछ समय के लिए मैं 10 जनपथ में रहूंगा.''

    10 जनपथ कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का सरकारी बंगला है.

    लोकसभा सचिवालय के उप सचिव मोहित राजन की ओर से 27 मार्च को जारी एक पत्र में राहुल गांधी को सांसद के तौर पर आवंटित सरकारी आवास खाली करने के लिए एक महीने का नोटिस दिया गया था.

    पत्र में कहा गया था कि वे अधिकतम एक महीने यानी 22 अप्रैल, 2023 तक पहले की शर्तों के अनुसार 12, तुगलक लेन का आवंटित बंगला रख सकते हैं.

    इसमें बताया गया था कि 23 अप्रैल, 2023 से उन्हें मिले इस बंगले का आवंटन रद्द माना जाएगा.

    प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया

    इस पर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का भी बयान आया है. उन्होंने कहा, '''' भाई ने जो बोला है, वो बिल्कुल सच है. उन्होंने सच्चाई बोली सरकार के बारे में इसलिए ही उनके साथ ये सब हो रहा है. वो हिम्मतवाले हैं, वो डरेंगे नहीं.''

    पिछले महीने गुजरात की एक कोर्ट ने मानहानि के मामले में राहुल गांधी को दोषी माना था और उसके बाद उनकी लोक सभा की सदस्यता रद्द कर दी गई थी.

    पिछले महीने सूरत की अदालत ने चार साल पुराने आपराधिक मानहानि केस में उन्हें दो साल की सज़ा सुनाई थी.

    वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा, '' राहुल गांधी ने लोकसभा सचिवालय के आदेश पर आज तुगलक़ लेन स्थित आवास खाली कर दिया.''

    थरूर ने कहा कि अदालत ने उन्हें अपील करने के लिए 30 दिन का समय दिया था लेकिन घर खाली करने का उनका यह कदम दिखाता है कि उनके मन में नियमों के प्रति कितना सम्मान है.

  10. बिहार: नालंदा में धमाके की ख़बर पर पुलिस ने क्या कहा?, महमूद आलम, बीबीसी हिंदी के लिए

    बिहार में नालंदा के पहाड़पुरा गांव में हुए एक धमाके में कम से कम एक व्यक्ति के घायल होने की ख़बर है.

    बिहार पुलिस का कहना है कि कथित धमाका 'विस्फोट जैसा नहीं लग रहा है.'

    हालांकि, रामनवमी पर हुई सांप्रदायिक हिंसा की यादें लोगों के दिमाग में ताज़ा हैं और धमाके जैसी आवाज़ सुनने के बाद कई लोग दहशत में आ गए.

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौके पर पहुंचने के बाद यह विस्फोट जैसा नहीं लग रहा और न ही वहां से विस्फोटक पदार्थ के सुराग मिले हैं.

    नालंदा के डीएम शशांक शुभंकर ने बताया कि फॉरेंसिक टीम इसकी जांच करेगी और उसी से पता चल पाएगा कि हुआ क्या है.

    उन्होंने कहा कि इस घटना में एक दो व्यक्ति के घायल होने की भी ख़बर है.

    एसपी अशोक मिश्रा ने कहा, '' हमने घटनास्थल की जांच की और वहां जलने जैसी कोई चीज नहीं है. ऐसा नहीं लगता है कि यह विस्फोट है. हालांकि ख़ून के कुछ धब्बे वहां मिले हैं. 1-2 व्यक्ति घायल हुए हैं. उनकी तलाश जारी है.

    नालंदा जिले के बिहार शरीफ़ में रामनवमी की शोभायात्रा के दौड़ान हिंसा भड़क गई थी. हिंसा में एक व्यक्ति की मौत भी हो गई थी. बिहार शरीफ़ नालंदा ज़िले का मुख्यालय है. यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह ज़िला भी है

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, हार्दिक पांड्या की हाफ सेंचुरी, गुजरात ने लखनऊ को दिया 136 रन का लक्ष्य

    आईपीएल 2023 में आज (शनिवार) पहला मैच गुजरात टाइटन्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला जा रहा है.

    लखनऊ में हो रहे मैच में गुजरात टाइटन्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी की और 20 ओवर में छह विकेट पर 135 रन बनाए और लखनऊ के सामने 136 रन का लक्ष्य रखा.

    गुजरात की टीम ने आखिरी पांच ओवर में 43 रन बनाए.

    गुजरात के लिए कप्तान हार्दिक पांड्या ने सबसे ज़्यादा रन बनाए. उन्होंने 50 गेंद में 66 रन बनाए. हार्दिक ने अपनी पारी में दो चौके और चार छक्के जमाए. वो आखिरी ओवर में आउट हुए.

    गुजरात टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ओपनर शुभमन गिल बिना कोई रन बनाए दूसरे ओवर में क्रुणाल पांड्या की गेंद पर आउट हो गए.

    तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी के लिए हार्दिक पांड्या ने दूसरे ओपनर ऋद्धिमान साहा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 71 रन जोड़े. साहा 37 गेंद में 47 रन बनाकर आउट हुए.

    अभिनव मनोहर (3 रन), विजय शंकर (10 रन) और डेविड मिलर (6 रन) कुछ खास नहीं कर सके.

  12. जम्मू-कश्मीर के पूर्व गवर्नर सत्यपाल मलिक की गिरफ़्तारी के दावे पर क्या बोली दिल्ली पुलिस?

    जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को सीबीआई के नोटिस मिलने के बाद शनिवार को सोशल मीडिया पर कई अकाउंट से दावा किया गया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तार कर लिया है. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने एक ट्वीट में बताया कि ये जानकारी सही नहीं हैं.

    दिल्ली पुलिस ने ट्विटर पर जानकारी दी , '' सोशल मीडिया पर जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल को पुलिस हिरासत में लेने की सूचना गलत हैं. वो ख़ुद अपने समर्थकों के साथ आर.के. पुरम पुलिस थाने आए थे. हमने उनसे कहा कि वो जब चाहें अपनी मर्जी से जा सकते हैं.''

    वहीं किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट करके दावा किया, ''साथियों मुझे, खाप प्रधान और सत्यपाल मलिक को दिल्ली के आर.के.पुरम में गिरफ़्तार कर लिया गया.''

    उन्होंने अपने दावे में कहा कि वो वसंत कुंज पुलिस थाने में हैं जबकि मलिक आर.के.पुरम पुलिस थाने में हैं.

    पुलिस ने उनके इस दावे को ख़ारिज किया.

    सीबीआई ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को कथित इंश्योरेंस घोटाला मामले में कुछ सवालों के जवाब जानने के लिए कल नोटिस जारी किया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पिछले सात महीने में मलिक को सीबीआई ने दूसरी बार पूछताछ के लिए बुलाया है. पिछले साल उन्हें अक्टूबर में पूछताछ के लिए बुलाया गया था.

    दरअसल सीबीआई ने जम्मू-कश्मीर में सरकारी कर्मचारियों के लिए एक ग्रुप मेडिकल इंश्योरेंस और सिविल कामकाज के कॉन्ट्रैक्ट को लेकर मलिक के आरोपों पर दो प्राथमिकियां दर्ज की थी.

    कुछ दिन पहले सत्यपाल मलिक ने न्यूज़ वेबसाइट 'द वायर' के वरिष्ठ पत्रकार करण थापर को इंटरव्यू दिया था.

    मलिक ने दावा किया था कि जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल रहने के दौरान (23 अगस्त-2018 से 30 अक्टूबर, 2019) उन्हें दो फाइल पास करने के एवज में 300 करोड़ रुपये की रिश्वत का ऑफ़र दिया गया था.

    सत्यपाल मलिक ने इंटरव्यू में क्या कहा था:

    'द वायर' को दिए इंटरव्यू में मलिक ने पुलवामा हमले के लिए न सिर्फ़ केंद्र सरकार को ज़िम्मेदार बताया बल्कि भ्रष्टाचार को लेकर सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सवाल उठाए.

    भ्रष्टाचार पर बात करते हुए उन्होंने कहा था कि जम्मू-कश्मीर और गोवा का राज्यपाल रहते हुए उन्होंने कई बार भ्रष्टाचार का मुद्दा प्रधानमंत्री के सामने उठाया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.

    सत्यपाल मलिक ने कहा कि प्रधानमंत्री के क़रीबी लोग उनके पास जम्मू-कश्मीर में दलाली का काम लेकर आए, जिसमें उन्हें 300 करोड़ रुपये का ऑफ़र था. इस काम को करने से उन्होंने मना कर दिया. सत्यपाल मलिक ने कहा, "मैं सेफ़ली कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री जी को करप्शन से कोई बहुत नफ़रत नहीं है."

  13. मैं जान देने को तैयार हूं, लेकिन देश नहीं बंटने दूंगीः ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि वो देश तोड़ना चाहती है.

    ईद-उल-फ़ितर के मौक़े पर कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा, ‘‘आज ईद पर मैं वादा करती हूं कि मैं अपनी जान देने को तैयार हूं, लेकिन यह देश नहीं बंटने दूंगी.’’

    उन्होंने कहा, ‘‘हम बंगाल में शांति चाहते हैं. हम दंगे नहीं चाहते. हम देश के टुकड़े नहीं करना चाहते.’’

    ममता बनर्जी ने कहा, ‘‘कोई बीजेपी से पैसा लेकर यदि कहता है कि वे मुस्लिम वोटों को बांट देंगे. तो उनसे मैं कहती हूं कि उनमें मुस्लिम वोटों को बांटने की हिम्मत नहीं है. ये आज मेरा आपसे वादा है. चुनाव में अब एक साल बचा है, देखते हैं कि कौन जीतता है और कौन नहीं.’’

    उन्होंने कहा कि लोकतंत्र चला जाएगा, तो सब कुछ चला जाएगा. आज देश का संविधान और इतिहास बदला जा रहा है.

    इस कार्यक्रम में ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे.

  14. शारजाह में सचिन तेंदुलकर की ऐतिहासिक पारी के 25 साल पूरे, किया पापा को याद

    भारत के महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर की ऑस्ट्रेलिया के खि़लाफ़ रेतीले तूफान के बीच शारजाह में खेली गई ऐतिहासिक पारी के आज 25 साल पूरे हो गए हैं.

    उस पारी को याद करने के लिए मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में तेंदुलकर ने प्रशंसकों के बीच केक भी काटा.

    इस दौरान उन्होंने प्रशंसकों को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘‘मुझे जो हासिल हुआ, वो बिना आपके समर्थन, प्यार और स्नेह के संभव नहीं था. उस पाॅज़िटिव एनर्जी ने भारत के लिए जो मैंने किया, वो करने की ताक़त दी.’’

    तेंदुलकर ने कहा, ‘‘मेरा सपना भारत के लिए खेलने का और उस खूबसूरत ट्रॉफी को उठाना था. मेरा वो सपना 1983 में पनपा और तब से 2011 तक केवल वही मेरी ज़िंदगी की ख़्वाहिश रही.’’

    उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए कहा, ‘‘जब मैंने भारत के लिए खेलना शुरू किया, तब मेरे पापा ने मुझसे पूछा कि तुमने तो अपना लक्ष्य प्राप्त कर लिया, अब आगे क्या करोगे.’’

    तेंदुलकर के अनुसार, ‘‘तब उन्होंने मुझसे कहा कि वे चाहते हैं कि तुम एक अच्छे इंसान बनो. ये ऐसी चीज़ है, जो अंतिम सांस तक तुम्हारे साथ रहेगी और लोग तुम्हें क्रिकेट करियर के बाद भी प्यार करेंगे.’’

    शारजाह की वो ऐतिहासिक पारी

    भारत, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के बीच 1998 अप्रैल में खेली गई वनडे सिरीज़ के फाइनल में पहुंचने के लिए खेले गए उस मैचमें भारत को ऑस्ट्रेलिया को हराना था या तय ओवरों में एक तय स्कोर तक पहुंचना था.

    भारत 285 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहा था कि बीच में रेत का तूफान आ गया. हालांकि भारत वो मैच 34 रन से हार गया, लेकिन तेंदुलकर की शानदार 143 रनों की पारी के दम पर भारत फाइनल में पहुंच गया.

    और फाइनल में फिर से सचिन ने अपने जन्म की 25वीं सालगिरह पर 134 रनों की पारी खेलकर भारत को जीत दिला दी.

    आज भी वो दोनों पारियां लोगों के जे़हन में बसी हैं.

  15. सलमान ख़ान की 'किसी का भाई, किसी की जान' की कमज़ोर ओपनिंग, इतनी रही कमाई

    सलमान ख़ान की फ़िल्म 'किसी का भाई, किसी की जान' की ओपनिंग कमज़ोर रही है. शुक्रवार को इस फ़िल्म ने मामूली कमाई की.

    फ़िल्म ट्रेड विशेषज्ञ तरण आदर्श ने ट्वीट कर बताया, ''2010 से लेकर 2019 तक अगर सलमान की फ़िल्मों के पहले दिन की कमाई की तुलना करें, तो फ़िल्म 'किसी का भाई किसी की जान' का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है. पहले दिन इसने सिर्फ़ 15.81 करोड़ रुपये की कमाई की. हालांकि ईद के दिन इसके कई गुना बढ़ने की उम्मीद की जा रही है.''

    इससे पहले 21 अप्रैल को इस फ़िल्म का प्रीमियम रद्द कर दिया था.

    कहा गया कि मशहूर फ़िल्म निर्देशक यश चोपड़ा की पत्नी पामेला चोपड़ा के निधन की वजह से ऐसा किया गया. पामेला चोपड़ा प्लेबैक सिंगर भी थीं.

    सलमान यश चोपड़ा की फ़िल्म कंपनी यशराज फ़िल्म्स के साथ मिल कर फ़िल्म टाइगर बना चुके हैं.

    टाइगर सीरीज़ की तीसरी फ़िल्म इस साल के आख़िर तक थियेटर में रिलीज़ हो सकती है.

  16. अखिलेश यादव ने कहा, रामराज्य और समाजवाद तभी संभव जब...

    समाजवादी पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देश में जातिगत जनगणना कराने की मांग फिर से उठाई है.

    अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में कहा कि रामराज्य और समाजवाद तभी संभव है, जब जातिगत जनगणना हो.

    उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना होने के बाद ही सबका साथ, सबका विकास संभव हो पाएगा.

    अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘जातीय जनगणना से ही भाईचारा आएगा, जातीय जनगणना से ही भेदभाव खत्म होगा, जातीय जनगणना से ही लोकतंत्र मजबूत होगा. जातीय जनगणना से ही समाजवाद आएगा. जातीय जनगणना से ही रामराज्य आएगा.’’

    फ़िलहाल, बिहार में 15 अप्रैल से जातिगत सर्वे का दूसरा चरण चल रहा है, जो 15 मई तक चलेगा.

    हालांकि सुप्रीम कोर्ट में बिहार के जातीय सर्वे को चुनौती दी गई है. इस पर 28 अप्रैल को सुनवाई होनी है.

  17. गर्भपात की दवा मिफेप्रिस्टोन पर लगी रोक अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने हटाई

    अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक अहम फै़सले में गर्भपात की लोकप्रिय दवा मिफेप्रिस्टोन को फिर से बेचने की इजाज़त दे दी है. साथ ही कहा है कि इसे लेकर चल रहे मुक़दमे चलते रहेंगे.

    अपने इस बंटे हुए फै़सले में अदालत ने यथास्थिति बहाल करते हुए गर्भपात अधिकार के समर्थकों को तात्कालिक राहत दी है.

    सुप्रीम कोर्ट के ताज़ा फै़सले के बाद मिफेप्रिस्टोन की मंजूरी पर रोक लगाने का मामला अब अदालत में आगे बढ़ सकेगा. इससे यह मामला फिर से सुप्रीम कोर्ट में जाने की संभावना है.

    अब से कुछ हफ़्ते पहले टेक्सास की एक स्थानीय अदालत ने गर्भपात की लोकप्रिय दवा मिफेप्रिस्टोन की एफडीए से सालों पहले मिली मंजूरी पर रोक लगा दी थी.

    जानकारों के अनुसार, इस मामले पर अदालत का जो भी फै़सला आएगा, उसके दूरगामी असर होंगे.

    पिछले साल जून में सुप्रीम कोर्ट ने 6-3 के बहुमत से दिए गए एक अहम फ़ैसले में गर्भपात को क़ानूनी तौर पर मंज़ूरी देने वाले 1973 के ‘रो बनाम वेड’ मामले के फ़ैसले को पलट दिया था.

    उसके बाद अमेरिका में जमकर प्रदर्शन हुए थे. वहीं उसके बाद महिलाओं के लिए गर्भपात का हक़ क़ानूनी रहे या नहीं, उस पर अमेरिका के अलग-अलग राज्यों के अलग-अलग नियम बनाने का रास्ता साफ़ हो गया था.

    रो बनाम वेड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने गर्भपात कराने को क़ानूनी मान्यता दी थी और और कहा था कि संविधान गर्भवती महिला को गर्भपात से जुड़ा फ़ैसला लेने का हक़ देता है.

  18. कोरोना संक्रमण के रोज़ाना के मामले 12 हज़ार पार

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना के 12 हज़ार से अधिक मामले सामने आए हैं. इस दौरान 10 हज़ार से अधिक लोग ठीक हुए हैं.

    बीते 24 घंटों में कोरोना के 12,193 नए संक्रमण सामने आए हैं, जबकि 10,765 मरीज़ इससे ठीक हो चुके हैं. इस तरह देश में कोरोना के कुल सक्रिय मामलों की संख्या 67,556 हो गई है.

    इससे पहले, शुक्रवार को कोरोना के 11,692 नए मामले सामने आए थे और 10,780 लोग ठीक हुए थे.

    अभी पाॅज़िटिव रेट 6.17 फ़ीसदी, जबकि रिकवरी रेट 98.66 फ़ीसदी है.

  19. भारत की मेज़बानी में होने वाले वर्ल्ड कप पर पीसीबी चीफ़ ने दिया अब ये बयान

    पाकिस्तान ने अपनी मेज़बानी में इस साल सितंबर में होने वाले एशिया कप क्रिकेट को लेकर अपने रुख़ में नरमी के संकेत दिए हैं.

    पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी के प्रमुख नजम सेठी ने एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी एसीसी को भेजे एक प्रस्ताव में अब कहा है कि भारत के मैच किसी तटस्थ स्थान पर खेले जा सकते हैं. हालांकि बाक़ी के मैच पाकिस्तान में खेले जाएंगे.

    वहीं उन्होंने अक्टूबर और नवंबर में भारत और अन्य देशों में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत जाने पर अपनी सहमति भी जताई है. यह पाकिस्तान के पहले के रुख़ से अलग है.

    इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने कहा था कि एशिया कप में भाग लेने भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी.

    नजम सेठी ने शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस काॅन्फ्रेन्स में बताया कि एशिया कप को ‘हाइब्रिड माॅडल’ पर कराने का फ़ैसला करते हुए ये प्रस्ताव एसीसी को भेज दिया है.

    2 सितंबर से 17 सितंबर के बीच होने वाले इस टूर्नामेंट में कुल छह टीमें भाग लेंगी.

    सेठी ने कहा कि अब जब पाकिस्तान ने एशिया कप में भारत के साथ होने वाले मैचों को तटस्थ स्थान पर कराने पर रज़ामंदी दी है, ऐसे में भारत को भी इस हाइब्रिड मॉडल पर काम करना चाहिए. इसी साल अक्टूबर-नवंबर में भारत में वनडे वर्ल्ड कप होना है और पाकिस्तान चाहता है कि उसके मैच भी तटस्थ स्थान पर कराए जाएं.

  20. दुर्गा भाभी जिन्होंने भगत सिंह की पत्नी बनकर अँग्रेज़ों को चकमा दिया- विवेचना