You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राजस्थान: सचिन पायलट का अपनी ही सरकार के ख़िलाफ़ अनशन करने का एलान

सचिन पायलट ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी ही सरकार के खिलाफ़ सवाल खड़े किए हैं.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and चंदन शर्मा

  1. पाकिस्तान: राष्ट्रपति पर भड़के पीएम शहबाज़ शरीफ़, कहा- पीटीआई का कार्यकर्ता

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी को पाकिस्तान तहरीक़-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) पार्टी का कार्यकर्ता बता दिया है.

    शहबाज़ शरीफ़ ने सुप्रीम कोर्ट (प्रैक्टिस एंड प्रोसीजर) विधेयक, 2023 को लौटाने को लेकर राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी की आलोचना की है.

    शहबाज शरीफ़ ने शनिवार को ट्वीट किया, "राष्ट्रपति अल्वी का संसद में पारित किए गए सुप्रीम कोर्ट विधेयक को लौटान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. पीटीआई के कार्यकर्ता की तरह काम करके उन्होंने इस प्रतिष्ठित पद का अपमान किया है. वो संविधान और अपने पद की ज़िम्मेदारियों से ज़्यादा इमरान नियाज़ी के लिए समर्पित हैं."

    इस विधेयक के ज़रिए मुख्य न्यायाधीश की शक्तियां कम की गई थीं. इसमें स्वत: संज्ञान और बैंच बनाने से जुड़ी शक्तियां भी शामिल हैं.

    वहीं, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की पार्टी पीटीआई ने इस विधेयक का पुरजोर विरोध करते हुए इसे न्यायपालिक पर हमला बताया है.

    ये विधेयक संसद के दोनों सदनों में पिछले महीने पास किया गया था और राष्ट्रपति को मंज़ूरी के लिए भेजा गया था.

    पाकिस्तान में सत्ताधारी गठबंधन और पीटीआई के बीच फिलहाल तनाव है. इमरान ख़ान पर 80 से ज़्यादा मामले दर्ज हैं और कोर्ट में सुनवाई चल रही है.

  2. अमित शाह करेंगे भारत चीन सीमा के पास के गांव का दौरा

    गृह मंत्री अमित शाह सोमवार और मंगलवार को देश के पूर्ववर्ती राज्य अरुणाचल प्रदेश का दौरा करेंगे.

    वो भारत-चीन सीमा के पास बने किबितू गांव में होने वाले 'वाइब्रेंट विलेजेज़ प्रोग्राम' में शिरकत करेंगे और 9 पनबिजली परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.

    हाल में भारत सरकार ने 'वाइब्रेंट विलेजेज़ प्रोग्राम' लॉन्च किया था. इसके तहत अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में के 19 जिलों के 46 ब्लॉक के 2,967 गांवों का विकास किया जाएगा.

    शनिवार को गृह मंत्रालय ने कहा है कि इसके लिए कुल 4,800 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया था. इसमें से 2,500 करोड़ रुपये का प्रावधान सीमावर्ती इलाक़ों में सड़क संपर्क बढ़ाने के लिए किया गया है.

  3. ईरान: महिलाओं के हिजाब पहनने पर नज़र रखने के लिए लगाए जा रहे कैमरा

    ईरान में महिलाओं के हिजाब पहनने पर नज़र रखने के लिए सार्वजनिक जगहों पर कैमरे लगाए जा रहे हैं.

    पुलिस ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि जिन महिलाओं के बाल ढंके नहीं होंगे उनकी पहचान कर उन्हें "मैसेज के ज़रिए चेतावनी दी जाएगी."

    पुलिस ने कहा कि इससे "हिजाब क़ानून के ख़िलाफ़ विरोध" को रोकने में मदद मिलेगी.

    ईरान में ये फ़ैसला तब लिया गया है जब पिछले साल महसा अमीनी की पुलिस कस्टडी में मौत के बाद पूरे देश में हिजाब के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे.महसा अमीनी को हिजाब ना पहनने के कारण गिरफ़्तार किया गया था.

    इसके बाद से कई महिलाओं ने अपना हिजाब उतारकर विरोध जताया और इस विरोध प्रदर्शन का असर ईरान के साथ-साथ विदेशों में भी दिखा.

    1979 में ईरानी क्रांति के बाद देश में धार्मिक क़ानून को सख्ती से लागू किया गया और इसी के तहत महिलाओं के लिए हिजाब पहनना अनिवार्य कर दिया गया. हिजाब न पहनने पर महिलाओं को जुर्माने या सजा का सामना करना पड़ सकता है.

  4. बुर्किना फासो में हुए दो चरमपंथी हमलों में 44 लोगों की मौत

    उत्तरी बुर्किना फासो में गुरुवार को हुए दो हमलों में 44 लोगों की मौत हो गई है. एक अधिकारी ने इन मौतों की पुष्टि की है.

    ये दो हमलेनाइजर सीमा के पास साहेल इलाक़े में कोराकू और टोंडोबी गांवों में हुए थे.

    किसी भी समूह ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है लेकिन इस इलाक़े में अक्सर जिहादी हिंसा होती है. अधिकारियों ने इसके लिए ''हथियारबंद आतंकी समूहों'' को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    चरमपंथी संगठन अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट से जुड़े चरमपंथी समूह इस इलाक़े में सक्रिय हैं.

    साहेल इलाके़ के लेफ्टिनेंट-गवर्नर रोडोल्फ़ सर्गो ने कहा कि इस ''घृणित और बर्बर हमले'' के लिए ज़िम्मेदार हमलावरों को निष्क्रिय कर दिया गया है.

    इस हमले में गांवों के कई लोग घायल हुए लेकिन उनकी संख्या साफ़ नहीं है. लेफ्टिनेंट-गवर्नर का कहना है कि इलाक़े में स्थिरता लाने की कोशिश की जा रही है.

    गांव में रहने वाले एक शख़्स ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि ''बड़ी संख्या में आतंकी गांव में घुस आए'' और उन्होंने रातभर गोलीबारी की.

    उन्होंने कहा, ''शुक्रवार सुबह हमने देखा कि कई लोगों की मौत हो गई है.''

    एएफ़पी की रिपोर्ट है कि ये कुछ दिनों पहले मवेशी चोरी करने की कोशिश करने वाले दो जिहादियों की लिंचिंग होने के बाद ये हमले किए गए हैं.

  5. नमस्ते!

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 07 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीते कल देश दुनिया में क्या कुछ हुआ एक नज़र उस पर-

    • केंद्रीय विश्वविद्यालयों सहित देश के कई विश्वविद्यालयों में अंडर ग्रैजुएट कोर्सेज़ में दाख़िले के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) के लिए छात्रों के पास अब एक और मौका है. इस बार आवेदन की तारीख़ 30 मार्च तक थी, जिसे अब बढ़ा कर 9 अप्रैल से लेकर 11 अप्रैल 2023 की रात 11:59 बजे तक के लिए दोबारा खोला जा रहा है.
    • राजस्थान के सरहदी ज़िले बाड़मेर के पचपदरा में एक दलित महिला को कथित तौर पर बलात्कार के बाद ज़िंदा जला दिया गया. साठ फ़ीसदी झुलसी महिला ने इलाज के दौरान जोधपुर के सरकारी अस्पताल में बीती देर रात दम तोड़ दिया.
    • जोधपुर के बोरानाड़ा इलाक़े में शनिवार शाम सनसिटी स्टील फ़ैक्ट्री में आग लगने से 10 कर्मचारी झुलस गए. घायलों को इलाज के लिए जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती किया गया है.
    • दिल्ली में सीएनजी और पीएनजी (रसोई गैस) की कीमतों में छह रुपये की कटौती कई गई है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने ट्वीट कर कहा कि अब दिल्ली में सीएनजी की कीमत 73.59 रुपये प्रति किलो हो गई है. नई कीमतें नौ मार्च सुबह छह बजे से लागू होंगी.
    • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तेलंगाना के दौरे पर राज्य के मुख्यमंत्री केसीआर पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र के ज्यादातर प्रोजेक्ट्स में राज्य सरकार सहयोग नहीं कर रही है. उन्होंने कहा कि इस कारण प्रोजेक्ट में देरी हो रही है और लोगों को नुकसान हो रहा है.
    • राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ या आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत का दावा है कि समाज सेवा में दक्षिण भारत के ईसाई मिशनरियों से अधिक हिंदू गुरुओं ने काम किया है. ये बात उन्होंने जयपुर में अपनी संस्था से जुड़े ग़ैर सरकारी संगठनों के एक सम्मेलन में कही.
    • सीबीआई ने 3 हजार 250 करोड़ रुपये के कर्ज धोखाधड़ी मामले में आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व एमडी और सीईओ चंदा कोचर, उनके पति दीपक कोचर और वीडियोकॉन ग्रुप के संस्थापक वेणुगोपाल धूत के खिलाफ चार्जशीट दायर की है.
    • पहले भारतीय गवर्नर जनरल सी राजगोपालाचारी के परपोते सीआर केसवन, कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए हैं. पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मैं दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी, बीजेपी में शामिल करने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं और खासकर उस दिन जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु दौरे पर हैं."
    • अदानी समूह के मामले में जेपीसी गठन की मांग पर एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार की असहमति पर शिवसेना के उद्धव बाला साहेब ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने कहा है कि इससे विपक्षी एकता में दरार नहीं पड़ेगी.