You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

CUET-UG के लिए रजिस्ट्रेशन: छात्रों को फिर से मिला तीन दिन का मौका, ऐसे करें आवेदन

कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 9 अप्रैल से लेकर 11 अप्रैल 2023 की रात 11:59 बजे तक के लिए दोबारा खोली जा रही है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and अभिनव गोयल

  1. CUET-UG के लिए रजिस्ट्रेशन कल फिर से होंगे शुरू, ऐसे करें आवेदन

    केंद्रीय विश्वविद्यालयों सहित देश के कई विश्वविद्यालयों में अंडर ग्रैजुएट कोर्सेज़ में दाख़िले के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) के लिए अगर आप रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाएं हैं तो आपके पास एक और मौका है.

    इस बार आवेदन की तारीख़ 30 मार्च तक थी, लेकिन इसके आवेदन की प्रक्रिया 9 अप्रैल से लेकर 11 अप्रैल 2023 की रात 11:59 बजे तक के लिए दोबारा खोली जा रही है.

    इसके लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले cuet.samarth.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा.

    किन विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए होती है परीक्षा?

    देश के 44 केंद्रीय विश्वविद्यालयों के स्नातक पाठ्यक्रमों यानी अंडर ग्रैजुएट कोर्सेस में प्रवेश के लिए अब ये परीक्षा पास करनी होती है.

    इनके अलावा, कई राज्यों के विश्वविद्यालय, निजी विश्वविद्यालय और डीम्ड विश्वविद्यालय भी इस प्रवेश परीक्षा के तहत आते हैं.

    मतलब ये कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों से बाहर की संस्थाएँ या विश्वविद्यालय भी इस प्रवेश परीक्षा को अपना सकते हैं.

    इस बार 44 केंद्रीय विश्वविद्यालयों के अलावा 37 राज्य विश्वविद्यालय, 31 डीम्ड विश्वविद्यालय, 117 निजी विश्वविद्यालय और 3 अन्य संस्थाओं सहित कुल 232 संस्थान इस परीक्षा में हिस्सा ले रहे हैं.

    विश्वविद्यालयों की पूरी सूची सीयूईटी की वेबसाइट पर दी गई है.

    परीक्षा कब होगी?

    परीक्षा किन शहरों में आयोजित होगी यानी परीक्षा केंद्रों का एलान 30 अप्रैल को किया जाएगा. ये परीक्षाएं 21 मई से 31 मई के बीच होंगी.

    परीक्षा कई दिनों में दो पालियों में करवाई जाएंगी. इसे आवेदकों की संख्या और उनकी चुनी हुई परीक्षाओं के हिसाब से तय किया जाएगा.

    पहली पाली की परीक्षा सवा तीन घंटे की होगी और दूसरी पाली की पौने चार घंटे की.

    परीक्षा ऑनलाइन होगी. इसे सीबीटी (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) कहा जाता है. ये परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी या नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) आयोजित करवाएगी.

    इस तरह से ली जाने वाली परीक्षा में एनटीए की वेबसाइट पर लॉगिन बनाना होता है और परीक्षा केंद्र पर उस लॉगिन से टेस्ट देना होता है.

  2. राजस्थान: जोधपुर की निजी स्टील फ़ैक्ट्री में लगी आग, 10 झुलसे

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    जोधपुर के बोरानाड़ा इलाक़े में शनिवार शाम सनसिटी स्टील फ़ैक्ट्री में आग लगने से दस कर्मचारी झुलस गए. घायलों को इलाज के लिए जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती किया गया है.

    महात्मा गांधी अस्पताल की मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ राजश्री बोहरा ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा, "इस दुर्घटना में आहत सभी 10 युवकों की ड्रेसिंग कर उनका इलाज किया जा रहा है."

    उन्होंने कहा, "सभी घायलों को कुछ समय तक ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा."

    डॉ राजश्री के अनुसार, "सभी घायल 25 से 35 साल की उम्र के हैं. 10 से 15 प्रतिशत तक जल गए हैं. लेकिन, खतरे से बाहर हैं."

    जोधपुर उपखंड अधिकारी नीरज मिश्रा एमजीएच अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मीडिया से इस घटना के बारे में कहा, "स्टील फ़ैक्ट्री में काम करने के दौरान आग लग गई. सेफ़्टी वॉल्व फट जाने से बड़ा हादसा टल गया. डॉक्टर्स के अनुसार सभी की तबीयत ठीक है."

  3. प्रीति ज़िंटा ने बताया उनकी बेटी को अंजान महिला ने कैसे जबरन किया किस

    एक्टर प्रीति ज़िंटा ने अपनी ताज़ा इंस्टाग्राम पोस्ट में अपने साथ हाल में हुई उन दो घटनाओं का ज़िक्र किया है जिसने उन्हें काफ़ी परेशान किया है.

    प्रीति ज़िंटा ने बताया है कि एक महिला ने उनकी नवजात बेटी की तस्वीर ली और उसको जबरन किस किया.

    दूसरी घटना का ज़िक्र करते हुए उन्होंने बताया कि व्हीलचेयर पर एक शख़्स ने उन्हें जबरन रोकना चाहा और वो पैसों की मांग कर रहा था.

    पहली घटना का ज़िक्र करते हुए प्रीति ज़िंटा ने बताया कि एक महिला ने उनकी बेटी जिया की तस्वीर लेनी चाहिए लेकिन उन्होंने उसे मना कर दिया लेकिन एकाएक उसने उनकी बेटी को अपनी गोद में ले लिया और उसके मुंह के क़रीब किस किया.

    प्रीति ने बताया कि वो महिला एक एलीट बिल्डिंग में रहती है और गार्डन में उनके बच्चों के खेलते समय ये घटना हुई. उन्होंने कहा कि अगर वो सिलेब्रिटी न होकर कोई एक आम महिला होतीं तो बेहद बुरे तरीक़े से इस पर प्रतिक्रिया दे देतीं.

    इंस्टाग्राम की अपने पोस्ट को ख़त्म करते हुए उन्होंने लिखा कि उनके बच्चों की प्राइवेसी का उल्लंघन नहीं किया जाना चाहिए और उनके बच्चे किसी ‘पैकेज डील’ का हिस्सा नहीं हैं.

  4. आईपीएलः डीआरएस को फैंस क्यों कह रहे हैं 'धोनी रिव्यू सिस्टम'

    आईपीएल का 12वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    मुंबई इंडियंस पहले बल्लेबाजी कर रही है. दो विकेट गिरने के बाद आठवां ओवर डालने मिचेल सेंटनर आए और उन्होंने इस ओवर की दूसरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव को एक फ्लेट गेंद डाली.

    इस गेंद को सूर्यकुमार यादव ने खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद पीछे खड़े महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में चली गई.

    इसे लेकर धोनी ने आउट की अपील की लेकिन अंपायर ने आउट देने से मना कर दिया.

    इसके बाद धोनी ने तुरंत डीआरएस (डिसीजन रिव्यू सिस्टम) का इशारा किया और टीवी अंपायर ने रिव्यू करने के बाद सूर्यकुमार यादव को आउट दे दिया.

    दरअसल गेंद सूर्यकुमार यादव के ग्लव्स को हल्की सी छूती हुई धोनी के हाथों में पहुंची थी. कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर 'धोनी रिव्यू सिस्टम' ट्रेंड करने लगा.

    यूजर्स ट्विटर पर लिख रहे हैं कि डीआरएस का मतलब 'धोनी रिव्यू सिस्टम' है.

    आईपीएल में हर टीम दो रिव्यू ले सकती हैं. अगर रिव्यू की अपील ख़ारिज हो जाए तो टीम को रिव्यू गंवाना होता है.

    ऐसे में हर टीम सोच समझकर रिव्यू लेती है.

    धोनी जब भारतीय टीम के लिए खेलते थे, तब भी डीआरएस को लेकर उनकी कॉल कई बार सटीक होती थीं. एक्सपर्ट और फैन्स इसके लिए उनकी तारीफ भी करते थे.

  5. जानिए कैसे भूकंप की भविष्यवाणी कर सकता है आपका स्मार्टफ़ोन

    25 अक्टूबर, 2022 को कैलिफोर्निया के तट पर 5.1 तीव्रता का भूकंप आया.

    यह भूकंप शुरू होता, इससे पहले ही लोगों के फ़ोन पर अलर्ट आने लगा कि भूकंप आने वाला है.

    गूगल और कैलिफ़ोर्निया विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के साथ मिलकर एक ऐसी तकनीक पर काम कर रहे हैं जिससे यह भविष्य में संभव हो पाएगा.

    भूकंप का पता लगाने के लिए 700 सिस्मोमीटर का नेटवर्क बनाया गया है. यह डेटा अमेरिका के ओरेगन और वाशिंगटन को मिलता है.

    दूसरी तरफ गूगल अपने नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहा है, जिसमें वह लोगों के फोन का इस्तेमाल करता है.

    गूगल एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलने वाले लगभग सभी स्मार्टफोन में एक्सेलेरोमीटर होते हैं. ये काफी संवेदनशील होते हैं. जब आप फोन पर कुछ देखने के लिए उसे होरिज़ोंटल तरीके से पकड़ते हैं तो वह खुद स्क्रीन की दिशा बदल देता है.

    उन्हीं की मदद से पैदल चलते हुए पता चलता है कि किसी व्यक्ति ने कितने कदम चले हैं. यह एक्सेलेरोमीटर, छोटे सिस्मोमीटर की तरह काम करते हैं.

    गूगल ने एंड्रॉयड भूकंप चेतावनी प्रणाली सिस्टम बनाया है. फोन में इस सिस्टम को परमिशन देने पर यह फोन को मिलने वाली भूकंप की शुरुआती कंपनों को अपने सिस्टम में भेजेंगे.

    एंड्रॉयड भूकंप चेतावनी प्रणाली सिस्टम, कुछ लाख फोन से आने वाले डेटा का विश्लेषण करता है और भविष्यवाणी करता है कि किस क्षेत्र में भूकंप आने वाला है.,

    आसान भाषा में कहें तो जब भूकंप आता है तो उसे व्यक्ति बाद में महसूस करता है लेकिन हमारा स्मार्टफोन उन तरंगों को पहले महसूस कर सकता है.

    अक्टूबर 2022 में गूगल को सैन फ्रांसिस्को के तट पर रहने वाले लोगों के फोन से जो डेटा मिला उससे पता लगा कि वहां भूकंप आने वाला है.

  6. सीएनजी और पीएनजी के दाम घटे, जानिए कितनी हुई है कटौती

    दिल्ली में सीएनजी और पीएनजी (रसोई गैस) की कीमतों में छह रुपये की कटौती कई गई है.

    इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने ट्वीट कर कहा कि अब दिल्ली में सीएनजी की कीमत 73.59 रुपये प्रति किलो हो गई है. नई कीमतें नौ मार्च सुबह छह बजे से लागू होंगी.

    फिलहाल दिल्ली में एक किलो सीएनजी की करीब 80 रुपये है.

    एक दिन पहले ही केंद्र सरकार ने प्राकृतिक गैस के मूल्य को तय करने के फॉर्मूले में बदलाव किया है जिसके बाद कीमतों में कटौती का फैसला लिया गया है.

    अब पेट्रोल डीजल की तरह ही प्राकृतिक गैस की कीमतें मार्केट तय करेगी.

    सीएनजी के अलावा घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाली पाइप्ड नेचुरल गैस की दरों में भी कटौती की गई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अप्रैल 2021 से दिसंबर 2022 के बीच 15 बार सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी की गई.

    एजेंसी के मुताबिक अप्रैल 2021 में सीएनजी की कीमत करीब 36 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो बढ़कर 80 रुपये तक पहुंच गई है.

    वहीं पीएनजी की बात करें तो इसमें भी 10 गुना की बढ़ोतरी हुई है

  7. आईपीएलः मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीता, पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला

    आईपीएल का 12वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    टॉस जीत कर चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला लिया है.

    चेन्नई सुपर किंग्स ने इस टूर्नामेंट में अपना सफ़र गुजरात टाइटन्स के ख़िलाफ़ मुक़ाबले के साथ किया लेकिन वहां उसे हार का सामना करना पड़ा.

    जबकि दूसरे मैच में उसने लखनऊ सुपर जायंट्स को 12 रन से हराया.

    वहीं मुंबई इंडियंस की टीम अपना पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के ख़िलाफ़ बहुत आसानी से 22 गेंद शेष रहते 8 विकेट से हार गई थी.

    मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच यह इस टूर्नामेंट में पहला मुक़ाबला है. हालांकि दोनों टीमों की प्रतिद्वंद्विता सबसे पुरानी और चर्चित रही है.

    चेन्नई और मुंबई के बीच आईपीएल में अब तक हुए 34 मैचों में पलड़ा रोहित की टीम का भारी रहा है.

    हालांकि 2018 से 2019 के दरम्यान लगातार पांच मैचों में मुंबई इंडियंस की जीत के बाद से दोनों टीमों के बीच आईपीएल के हर सीज़न में बराबरी का मुक़ाबला रहा है.

    2020, 2021 और 2022 में दोनों टीमों ने एक एक मुक़ाबले जीते.

    चेन्नई सुपर किंग्स की टीम

    महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), डेवन कॉनवे, ऋतुराज गायकवाड़, अंबाति रायुडू, रवींद्र जडेजा, सुभ्रांशु सेनापति, मोइन अली, शिवम दूबे, राजवर्धन हैंगरगेकर, ड्वेन प्रिटोरियस, मिशेल सेंटनर, तुषार देशपांडे, मुकेश चौधरी, मथीशा पथिराना, सिमरजीत सिंह, दीपक चाहर, प्रशांत सोलंकी, महेश ठीकशाना, अजिंक्य रहाणे, बेन स्टोक्स, शेख रशीद, निशांत सिंधु, काइल जेमिसन, अजय मंडल और के भगत वर्मा.

    मुंबई इंडियंस की टीम

    रोहित शर्मा (कप्तान), डेवल्ड ब्रेविस, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, अर्जुन तेंदुलकर, ऋतिक शौकीन, जोफ़्रा आर्चर, मोहम्मद अरशद ख़ान, एन तिलक वर्मा, रमनदीप सिंह, टिम डेविड, जसप्रीत बुमराह, कैमरून ग्रीन, जे रिर्चडसन, कुमार कार्तिकेय सिंह, ट्रिस्टन स्टब्स, पीयूष चावला, विष्णु विनोद, डुआन जानसेन, कैमरून ग्रीन, शम्स मुलानी, नेहल वढेरा, जेसन बेहरेनडॉर्फ, आकाश मधवाल और राघव गोयल.

  8. तेलंगाना में बोले पीएम मोदी, 'राज्य सरकार से नहीं मिल रहा सहयोग'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तेलंगाना के दौरे पर राज्य के मुख्यमंत्री केसीआर पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र के ज्यादातर प्रोजेक्ट्स में राज्य सरकार सहयोग नहीं कर रही है.

    उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग नहीं मिलने पर प्रोजेक्ट में देरी हो रही है और इससे लोगों को नुकसान हो रहा है.

    पीएम मोदी ने कहा, "मेरा राज्य सरकार से आग्रह है कि वो विकास से जुड़े किसी कार्य में बाधा ना आने दे."

    उन्होंने कहा, "आज के नए भारत में देशवासियों की आशाओं को पूरा करना हमारी प्राथमिकता है लेकिन कुछ मुट्ठी भर लोग विकास के इन कार्यों से बहुत बौखलाए हुए हैं. ऐसे लोग जो परिवारवाद, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार को पोषित करते रहे उन्हें ईमानदारी से काम करने वालों से परेशानी हो रही है."

    'गेम चेंजर' हैदराबाद रिंग रोड

    तेलंगाना में विकास कार्यों की बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "साल 2014 में यहां करीब 2500 किलोमीटर लंबा नेशनल हाईवे था जो आज बढ़ कर 5,000 किलोमीटर पहुंच गया है."

    "इस समय भी तेलंगाना के विकास के लिए 60 हजार करोड़ रुपये के रोड प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है जिसमें 'गेम चेंजर' हैदराबाद रिंग रोड भी शामिल है."

    पीएम मोदी ने कहा, "बीते 9 वर्षों के दौरान हैदराबाद में करीब 70 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क बनाया गया है. हैदराबाद के मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट सिस्टम (MMTS) प्रोजेक्ट पर भी तेजी से काम हुआ है. एमएमटीएस का तेजी से विस्तार हो इसके लिए इस वर्ष के केंद्रीय बजट में तेलंगाना के लिए 600 करोड़ रुपये रखे गए हैं."

  9. राजस्थान: दलित महिला को कथित रेप के बाद ज़िंदा जलाया गया, अस्पताल में मौत

    राजस्थान के सरहदी ज़िले बाड़मेर के पचपदरा में एक दलित महिला को कथित तौर पर बलात्कार के बाद ज़िंदा जला दिया गया. साठ फ़ीसदी झुलसी महिला ने इलाज के दौरान जोधपुर के सरकारी अस्पताल में बीती देर रात दम तोड़ दिया.

    मृतक महिला का शव जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है. परिजन अपनी मांगों को लेकर बाड़मेर के बालोतरा एसडीएम ऑफिस में धरने पर हैं. उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है. पुलिस और मृतक महिला के परिजनों के बीच बातचीत जारी है.

    मृतक महिला के पति राजू राम के बड़े भाई पदमाराम के मुताबिक, "मांगों पर प्रशासन से वार्ता सफल नहीं रही है." पहले परिजन मोर्चरी के बाहर धरना दे रहे थे.

  10. महिलाओं पर कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बोल पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

    कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया है.

    पार्टी ने ट्वीट कर कैलाश विजयवर्गीय के उस बयान पर सवाल उठाए हैं जिसमें उन्होंने कहा था, "मैं रात में जब निकलता हूं और पढ़े लिखे नौजवानों को झूमते हुए देखता हूं कि सच में ऐसी इच्छा होती है कि उतरकर पांच सात ऐसे दूं कि नशा उतर जाएगा."

    "लड़कियां भी इतने गंदे कपड़े पहनकर निकलती हैं. हम लोग महिलाओं को देवी बोलते हैं. उनमें देवी का स्वरूप ही नहीं दिखता है. बिल्कुल शूर्पणखा लगती हैं."

    उन्होंने कहा, "भगवान ने सुंदर शरीर दिया है. जरा अच्छा कपड़े पहनो यार. बच्चों को आप संस्कार डालिए. सच में बहुत चिंतित हूं.

    कांग्रेस का कहना है कि गंदगी लड़कियों के कपड़ों में नहीं कैलाश विजयवर्गीय की सोच और नजर में ज्यादा है.

    पार्टी ने सवाल उठाते हुए कहा, "नारी शक्ति को आप सूर्पणखा कहकर अपमानित कैसे कर सकते हैं?"

  11. सरहद पार क्यों फीका पड़ा कच्छ की चुनरी का रंग

    भारत की सीमा से लगे पाकिस्तान का एक ऐसा ज़िला है जो अपनी ख़ास पहचान के लिए दुनियाभर में जाना जाता है.

    यहां बांधनी चुनरी बनाई जाती हैं, जो मूल रूप से कच्छ के रण में रहने वाले लोगों का हुनर है.

    पाकिस्तान के सिंध में ये महिलाएं आम तौर पर इस चुनरी का इस्तेमाल करती हैं, अल्पसंख्यक हिंदुओं में ये ख़ासतौर पर लोकप्रिय हैं.

    लेकिन अब इस चुनरी का रंग फीका पड़ रहा है. देखिए बीबीसी संवाददाता शुमाएला ख़ान की ये रिपोर्ट.

  12. भारत की तुलना पाकिस्तान से करने पर नाराज़ अखिलेश बोले- 'तुलना हमेशा श्रेष्ठ से करनी चाहिए'

    मुफ्त राशन को लेकर भारत की पाकिस्तान से तुलना करने पर अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर सवाल उठाए हैं.

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "तुलना हमेशा अपने से श्रेष्ठ से करनी चाहिए."

    शुक्रवार को कौशांबी में बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा था, "भारत सरकार ने पिछले तीन सालों से 80 करोड़ लोगों को मुफ़्त राशन दिया है, वहीं पाकिस्तान के लोग खाने के लिए तरस रहे हैं. दुनिया भारत की ओर देख रही है."

  13. लेबनान में हमास के ठिकानों पर इसराइली हमले

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने गज़ा पट्टी और लेबनान में हमास के ठिकानों पर रात के वक्त हवाई हमले किए हैं.

    फ़लस्तीनी चरमपंथियों ने भी गज़ा से राकेट दाग़े हैं.

    किस ओर बढ़ रहा है ये तनाव, देखिए यरूशलम से बीबीसी संवाददाता योलांद नेल की रिपोर्ट.

  14. जयपुर में 'राष्ट्रीय सेवा भारती' के कार्यक्रम में क्या बोले आरआरएस प्रमुख मोहन भागवत, ज़ुबैर अहमद, बीबीसी संवाददाता, जयपुर

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ या आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत का दावा है कि समाज सेवा में दक्षिण भारत के ईसाई मिशनरियों से अधिक हिंदू गुरुओं ने काम किया है.

    ये बात उन्होंने जयपुर में अपनी संस्था से जुड़े ग़ैर सरकारी संगठनों के एक सम्मेलन में कही.

    भागवत ने कहा, "आम तौर पर, देश के बुद्धिजीवी अपनी सेवा के लिए मिशनरियों का जिक्र करते हैं. लेकिन चार दक्षिणी राज्यों में हिंदू आध्यात्मिक गुरुओं द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवा मिशनरियों द्वारा की जाने वाली सेवा से अधिक है."

    सम्मेलन में शामिल हज़ारों लोगों ने तालियों के साथ आरएसएस सरसंघचालक के इस बयान पर अपनी मुहर लगाई. लेकिन मोहन भागवत पुरानी बात कर रहे थे.

    हक़ीक़त ये है कि आरएसएस का सामाजिक क्षेत्र में काम मौजूदा दौर में ही शुरू हुआ है. ये प्रयास 1989 में शुरू हुआ जब इसकी सामाजिक सेवा शाखा 'राष्ट्रीय सेवा भारती' का जन्म हुआ.

    इस सम्मेलन का आयोजन 7-9 अप्रैल को पिंक सिटी जयपुर की सीमा के बाहर केशव विद्यापीठ के विशाल कैंपस में कराया जा रहा है.

    इस कैंपस को हर तरफ़ भगवा रंग के कपड़ों और झंडों से सजाया गया है.

    इसका आयोजन सफ़ेद रंग के एक विशाल पंडाल के अंदर कराया जा रहा है ताकि सम्मेलन में शामिल होने वाले हज़ारों वालंटियर्स कड़ी धूप से बच सकें.

    पंडाल के एक तरफ़ लाइन से सैकड़ों की संख्या में स्टॉल लगाए गए हैं जो अलग-अलग प्रांतों से लाए सामान बेच रहे हैं.

    ये सामान राष्ट्रीय सेवा भारती से संबंधित गैर सरकारी संगठनों की सहायता से बनाए गए हैं.

    आयोजकों के अनुसार राष्ट्रीय सेवा भारती (आरएसबी) सैकड़ों गैर सरकारी संगठनों का एक संघ है जो आरएसएस से जुड़ा है.

    आयोजकों ने इस बात पर ज़ोर दिया कि आरएसबी आरएसएस से स्वतंत्र रूप से संचालित होता है और इसकी अपनी संगठनात्मक संरचना और नेतृत्व है.

    राष्ट्रीय सेवा भारती की स्व-घोषित दृष्टि एक आत्मनिर्भर समाज का निर्माण करना है जो अपनी समस्याओं को हल करने के लिए सशक्त हो.

    लेकिन क्या इसमें इन्हें कामयाबी मिली है, क्योंकि भारत की चीन पर निर्भरता बढ़ती ही जा रही और दोनों देश के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2022 में 129 अरब डॉलर तक पहुंच गया है.

    यही सवाल बीबीसी से एक संक्षिप्त बातचीत में आरएसएस के वरिष्ठ नेता सुरेश भैयाजी जोशी से पूछा गया तो उन्होंने कहा, "आत्मनिर्भर करना ये सब अलग संस्थाएँ काम करती हैं, राष्ट्रीय सेवा भारती संस्थाएँ नहीं करती. सेवा संस्थाएँ ट्रेनिंग दे सकती हैं, एम्पलोयमेंट जेनरेशन नहीं करती."

    "हम लोगों को स्किल्स देते हैं जिसके आधार पर वो रोज़गार ढूंढे या रोज़गार करें. सेवा भारती रोज़गार देने के लिए प्रतिबद्ध नहीं है, उनका काम नहीं है."

    इस सम्मेलन का आयोजन एक ऐसे समय में हो रहा है जब भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने विदेशी फंडिंग प्राप्त करने वाले एनजीओ पर नियामक शिकंजा कस दिया है.

    सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाली ऐसी कई स्वैच्छिक संस्थाओं के पिछले कुछ वर्षों में नियमों के कथित उल्लंघन के लिए विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम के तहत अपना पंजीकरण रद्द कर दिए गए हैं.

    इससे देश के विभिन्न हिस्सों में कई गैर-सरकारी संगठनों की गतिविधियों में कमी आई है.

    इसपर बीबीसी के एक सवाल पर सुरेश भैयाजी जोशी ने कहा, "जो एनजीओ ठीक तरह से काम कर रहे हैं सरकार उन्हें बंद नहीं कर सकती. बंद वो होते हैं जिनके बारे में कुछ प्रश्न हैं, जो सकारात्मक काम कर रहा हैं उनके ऊपर कोई आपत्ति नहीं है."

    "देश भर से 1000 से अधिक गैर सरकारी संगठन सम्मेलन में आये हैं. स्पेस नहीं सिकुड़ रहा है. लोग काम कर ही रहे हैं. अब सरकार किसको रोकती है वो तो सरकार का प्रश्न है."

    सम्मेलन में मौजूद संस्थाएं आरएसएस से जुड़े हैं. सवाल ये है कि समस्या में घिरी वो संस्थाएं हैं जो सरकार से सहमत नहीं हैं.

    इस बारे में जोशी कहते हैं, "जो आरएसबी से जुड़ी संस्थाएं हैं उन्हें यहाँ बुलाया गया है. बाक़ी जो आना चाहते हैं तो कोई आपत्ति नहीं है लेकिन उन्हें हमारा अफिलिएशन लेना पड़ेगा. आरएसबी की कुछ शर्तें हैं वो मानना होगा, आरएसबी अपनी शर्तों पर काम कर रहा है."

    तीन दिनों तक चलने वाला यह सम्मेलन इतने बड़े पैमाने पर काफ़ी सालों के बाद आयोजित कराया गया है. ये सम्मेलन सामाजिक सेवा क्षेत्र में सक्रिय रूप से अपनी पहुंच बढ़ाने के आरएसएस के नए सिरे से प्रयास को चिह्नित करता है. आरएसबी के अध्यक्ष पन्नालाल भंसाली हैं.

    उनका दावा है कि उनकी संस्थाओं ने 43,000 से अधिक सामाजिक सेवा योजनायें शुरू की हैं और देश के 117 ज़िलों में 12,000 से अधिक सेल्फ-हेल्प समूह चल रहे हैं.

  15. चीन के दबाव में क्या भारत को छोड़ देगा रूस, ऐसा हुआ तो क्या होगा?

    भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से इसी साल 21 फ़रवरी को एक सवाल पूछा गया था कि चीन के मामले में भारत सख़्ती से पेश क्यों नहीं आता है?

    इस सवाल के जवाब में जयशंकर ने समाचार एजेंसी एएनआई की स्मिता प्रकाश से कहा था, ''वह बड़ी अर्थव्यवस्था है. आपको क्या लगता है कि हम छोटी अर्थव्यवस्था के रूप में बड़ी अर्थव्यवस्था से जंग करने चले जाएं? सवाल सख़्ती से जवाब देने का नहीं है बल्कि कॉमन सेंस का है.''

    एस. जयशंकर 2009 से 2013 तक चीन में भारत के राजदूत रहे हैं और वह चीन की ताक़त को बख़ूबी समझते होंगे.

    एस. जयशंकर कहना चाह रहे हैं कि क़रीब 18 ट्रिलियन डॉलर की चीनी अर्थव्यवस्था से लगभग 3.5 ट्रिलियन डॉलर की भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए टकराना आसान नहीं है.

  16. असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा का राहुल पर पलटवार, 'कोर्ट में मिलेंगे'

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अदानी मामले को लेकर पलटवार किया है.

    राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा था कि अदानी की कंपनियों में बीस हजार करोड़ बेनामी पैसे किसके हैं?

    इसका जवाब देते हुए सीएम सरमा ने कहा, "यह हमारी शालीनता थी कि हमने आपसे कभी नहीं पूछा कि आपने बोफोर्स और नेशनल हेराल्ड घोटाले से मिले पैसे को कहां छुपाया है."

    उन्होंने आरोप लगाया है कि बोफोर्स मामले में इटली के व्यापारी ओटैवियो क्वात्रोकी को भारत से भगाने में कांग्रेस पार्टी ने मदद की.

    हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राहुल गांधी को कोर्ट में जवाब देंगे.

    क्वात्रोकी पर बोफ़ोर्स बंदूकों की खरीद में 64 करोड़ रुपये की दलाली के मामले में शामिल होने का आरोप लगा था.

  17. आदित्य रॉय कपूर और मृणाल ठाकुर की फिल्म गुमराह कैसी है?

    इस हफ्ते फिल्म गुमराह रिलीज़ हुई है.

    इसमें आपको आदित्य रॉय कपूर, मृणाल ठाकुर, रॉनित रॉय जैसे सितारे नज़र आएंगे.

    आइए देखते हैं, कैसी है ये फिल्म. वीडियो: विदित मेहरा, शाहनवाज़ अहमद

  18. सीबीआई ने कर्ज धोखाधड़ी मामले में चंदा कोचर के खिलाफ चार्जशीट दायर की

    सीबीआई ने 3 हजार 250 करोड़ रुपये के कर्ज धोखाधड़ी मामले में आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व एमडी और सीईओ चंदा कोचर, उनके पति दीपक कोचर और वीडियोकॉन ग्रुप के संस्थापक वेणुगोपाल धूत के खिलाफ चार्जशीट दायर की है.

    सीबीआई ने आईपीसी की धारा 120 बी(आपराधिक साजिश) और 409 (आपराधिक विश्वासघात) और

    प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के प्रावधानों के तहत चार्जशीट दायर की है.

    एजेंसी ने चार्जशीट में नौ को नामित किया है जिसमें व्यक्तियों के साथ कंपनियां भी शामिल हैं.

    अधिकारियों का कहना है कि मुंबई की एक विशेष अदालत के सामने अपनी अंतिम रिपोर्ट दाखिल की है.

    एजेंसी का कहना है कि चंदा कोचर के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए बैंक से मंजूरी चाहिए, जिसके लिए बैंक को पत्र लिखा गया है और जवाब का इंतजार है.

    आम तौर पर विशेष अदालत चार्जशीट पर आगे बढ़ने के लिए मंजूरी का इंतजार करती है.

    अधिकारियों का कहना है कि सीबीआई की विशेष अदालत ने आरोपपत्र पर अभी तक संज्ञान नहीं लिया है.

    एजेंसी का कहना है कि अगर बैंक से मंजूरी नहीं मिलती है तो ऐसे में चंदा कोचर पर प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के प्रावधान लागू नहीं होंगे.

    सीबीआई ने चंदा कोचर को पिछले साल दिसंबर महीने में गिरफ्तार किया था.

  19. स्वाति मालीवाल ने कहा, पिता के हाथों यौन हिंसा - ये मेरा सच है

    पिछले दिनों दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने अपने साथ पिता के हाथों हुई यौन हिंसा पर बात की.

    महिला दिवस पर एक खुले मंच से दिए इस बयान पर सवाल कई उठे और उन्होंने जवाब भी दिए.

    बीबीसी से बातचीत में उन्होंने बताया क्यों ज़रूरी है औरतों का अपने साथ हुई यौन हिंसा पर बोलना, भले जब भी हिम्मत बंधे.

    उन्होंने साझा किया कैसे ज़िंदगी बदली इस बात के बाहर आने के बाद. बीबीसी न्यूज़ की इंडिया हेड रूपा झा ने स्वाति मालीवाल से बातचीत की.

  20. पहले भारतीय गवर्नर जनरल के परपोते, कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए

    पहले भारतीय गवर्नर जनरल सी राजगोपालाचारी के परपोते सीआर केसवन, कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए हैं.

    बीजेपी में शामिल होने पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मैं दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी, बीजेपी में शामिल करने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं और खासकर उस दिन जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु दौरे पर हैं."

    सीआर केसवन ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामों से प्रभावित होकर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं.

    उन्होंने 23 फरवरी को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया था. ट्विटर पर अपना इस्तीफा शेयर करते हुए उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी ने उनके काम की कद्र नहीं की है.