CUET-UG के लिए रजिस्ट्रेशन: छात्रों को फिर से मिला तीन दिन का मौका, ऐसे करें आवेदन

कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 9 अप्रैल से लेकर 11 अप्रैल 2023 की रात 11:59 बजे तक के लिए दोबारा खोली जा रही है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and अभिनव गोयल

  1. COVER STORY: वाचाती बलात्कार मामले में 30 साल से इंसाफ़ का इंतज़ार

  2. यूएई ने ठुकराई गुप्ता भाइयों के प्रत्यर्पण की दक्षिण अफ़्रीका की मांग

    दक्षिण अफ्रीका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दक्षिण अफ़्रीका ने शुक्रवार को बताया है कि संयुक्त अरब अमीरात ने गुप्ता भाइयों के प्रत्यर्पण का अनुरोध उनका ठुकरा दिया है.

    अपने अनुरोध में उसने अपने देश में धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे भारतीय मूल के कारोबारी भाई राजेश गुप्ता और अतुल गुप्ता का प्रत्यर्पण करने की मांग की थी.

    गुप्ता परिवार के तीन भाई अजय, अतुल और राजेश पर सरकारी उद्यमों से सैकड़ों करोड़ की लूट में शामिल होने का आरोप है.

    उन पर आरोप है कि धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार करने के लिए उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा से अपनी नज़दीकी का फायदा उठाया था.

    दक्षिण अफ़्रीका ने पिछले साल राजेश गुप्ता और अतुल गुप्त का प्रत्यर्पण करने के लिए संयुक्त अरब अमीरात से औपचारिक अनुरोध किया था.

  3. नमस्ते!

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 07 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीते कल देश दुनिया में क्या कुछ हुआ एक नज़र उस पर-

    • अमेरिकी पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स ने कहा है कि उन्हें भुगतान करने को लेकर पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जेल नहीं भेजा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगली सुनवाई में अगरउन्हें बयान देने के लिए बुलाया जाता है तो वो ज़रूर जाएंगी.
    • इसराइल के क़ब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में हुई गोलीबारी में दो इसराइली महिलाओं की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गई. इसराइली सेना का कहना है कि ये महिलाएं एक कार में थीं जो गोली लगने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी.
    • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि 'भारत सरकार ने पिछले तीन सालों से 80 करोड़ लोगों को मुफ़्त राशन दिया है, वहीं पाकिस्तान में लोग खाने के लिए तरस रहे हैं.'
    • भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को कहा कि 31 मार्च को समाप्त हुए सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 32.9 करोड़ डॉलर घटकर 578.449 अरब डॉलर रह गया है.
    • बांग्लादेश की पुलिस ने बताया है कि दो विरोधी गुटों के बीच हुई गोलीबारी में आठ लोगों की मौत हो गई है. ये घटना देश के दक्षिणी इलाके में स्थित बंदरबन ज़िले के रवांगचारी गांव में गुरुवार देर शाम को हुई.
    • चीन में एक शोध टीम ने तीन साल से कोविड-19 से जुड़ा एक शोध जारी किया है जिसके सैंपल तीन साल पहले उस मार्केट से लिए थे जहां से कोरोना की शुरुआत हुई. पता चला है कि पॉज़िटिव पाए गए स्वैब में जंगली जानवरों के जेनेटिक मटेरियल भी मिले, जो वहां बाज़ार में बेचे जा रहे थे. इस शोध को अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों ने सत्यापित किया.
    • एडिटर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया ने शुक्रवार को इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी रूल्स में किए गए संशोधनों पर एतराज जताया है. गिल्ड ने एक बयान जारी कर कहा है कि इन संशोधनों से सरकार को फ़ेक न्यूज़ पर फ़ैसला लेने का 'निरंकुश अधिकार' मिल जाता है.
    • सिद्धू मूसेवाला की मौत की पहली बरसी से एक महीना पहले उनका एक पंजाबी गाना, 'मेरा ना' शुक्रवार को रिलीज़ किया गया.