You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कांग्रेस पूरे देश में चलाएगी 'जन आंदोलन'

पूरे देश में चलाए जाने वाला यह आंदोलन सोमवार से शुरू होगा.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and चंदन शर्मा

  1. अमृतपाल सिंह को घर में शरण देने वाली महिला ने पुलिस को क्या बताया

    छह दिनों से फ़रार चल रहे 'वारिस पंजाब दे' संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में कथित तौर पर अपने घर में रखने के आरोप में पुलिस ने 30 साल की एक महिला को गिरफ्तार किया है.

    इस खबर कोइंडियन एक्सप्रेसने अपने पहले पन्ने पर जगह दी है. अख़बार के मुताबिक़ पुलिस ने महिला की पहचान बलजीत कौर के रूप में की और कहा कि अमृतपाल सिंह पंजाब में गिरफ़्तारी से बचने के लिए 19 मार्च की रात महिला के घर रुके थे.

    यह घर हरियाणा के शाहबाद मारकंडा इलाके की सिद्धार्थ कॉलोनी में है.

    अख़बार के मुताबिक़, पंजाब के आईजी सुखचैन गिल ने बताया कि गुरुवार की सुबह पंजाब और हरियाणा की पुलिस ने मिलकर महिला को गिरफ़्तार किया.

  2. परिणीता के निर्देशक प्रदीप सरकार का निधन, बॉलीवुड ने जताया शोक

    फ़िल्म निर्माता प्रदीप सरकार का निधन हो गया है. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ शुक्रवार शाम चार बजे उनकी अंत्येष्टि की जाएगी.

    वे 67 साल के थे और लंबे समय से किडनी की समस्या से जूझ रहे थे.

    फ़िल्म निर्देशक हंसल मेहता ने ट्वीट कर प्रदीप सरकार के निधन पर श्रद्धांजलि दी है.

    अभिनेता अजय देवगन ने भी श्रद्धांजलि देते हुए लिखा है, ''प्रदीप सरकार, हममें से कुछ के लिए 'दादा' के निधन की ख़बर पर यक़ीन करना मुश्किल है. उनके परिवार के साथ मेरी गहरी संवेदनाएँ.''

    प्रदीप सरकार को परिणीता, मर्दानी, लागा चुनरी में दाग और हेलिकॉप्टर ईला जैसी फ़िल्मों के निर्देशन के लिए जाना जाता है.

    वे बेस्ट आर्ट डायरेक्टर के लिए फ़िल्मफेयर पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुके हैं.

  3. जेपी नड्डा ने राहुल गांधी के ख़िलाफ़ किए कई ट्वीट, ओबीसी समाज के अपमान का लगाया आरोप

    बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए उन पर ओबीसी समाज का अपमान करने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने 'मोदी सरनेम' मानहानि मामले को लेकर कई ट्विट किए. चार साल पुराने इस मामले में सूरत की अदालत ने राहुल गांधी को दो साल जेल की सजा सुनाई है.

    जगत प्रकाश नड्डा ने लिखा, ''कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को तथ्यों से परे और मनगढ़ंत आरोप लगाने की आदत है. 2019 लोकसभा चुनाव के पहले राहुल ने राफ़ेल के नाम पर देश को भ्रमित करने की कोशिश की जिसे लेकर माननीय सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई और राहुल गांधी को मनगढ़ंत आरोप के लिए बिना शर्त माफ़ी मांगनी पड़ी थी.''

    ''फिर चौकीदार चोर है का शोर मचाया, जिस पर मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों तक ने एतराज़ जताया. इस नारे पर जनता जनार्दन की अदालत ने 2019 चुनाव में राहुल गांधी को जमकर फटकार लगाई और कांग्रेस को मुँह की खानी पड़ी - बुरी हार का सामना करना पड़ा.''

    नड्डा ने ओबीसी समाज का ज़िक्र करते हुए लिखा, ''राहुल गांधी का अहंकार बहुत बड़ा और समझ बहुत छोटी है. अपने राजनीतिक लाभ के लिए उन्होंने पूरे ओबीसी समाज का अपमान किया. उन्हें चोर कहा. समाज और कोर्ट के द्वारा बार-बार समझाने और माफ़ी मांगने के विकल्प को भी उन्होंने नज़रअंदाज़ किया और लगातार ओबीसी समाज की भावना को ठेस पहुंचाई.''

    ''कल सूरत कोर्ट ने राहुल को ओबीसी समाज के प्रति उनके आपत्तिजनक बयान के लिए सज़ा सुनाई है. परंतु राहुल व कांग्रेस पार्टी अभी भी अपने अहंकार के चलते लगातार अपने बयान पर अड़े हैं और निरंतर ओबीसी समाज की भावनाओं को आहत कर रहे हैं. पूरा ओबीसी समाज प्रजातांत्रिक ढंग से राहुल से इस अपमान का बदला लेगा.''

    लेकिन, कांग्रेस का आरोप है कि सरकार राहुल गांधी की आवाज़ को दबाने की कोशिश कर रही है क्योंकि वो सरकार पर सवाल उठाते हैं.

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी सरकार को तानाशाह बताते हुए ये दावा किया है कि राहुल गांधी सरकार के काले कारनामों को उजागर कर रहे हैं, इसलिए सरकार उनसे तिलमिलाई हुई है.

  4. विश्व बैंक के चीफ़ के लिए मनोनीत अजय बंगा कोरोना पॉज़िटिव, पीएम मोदी से होनी थी मुलाक़ात

    विश्व बैंक के चीफ़ के पद के लिए मनोनीत अजय बंगा कोरोना पॉज़िटिव हो गए हैं. अजय बंगा राजधानी दिल्ली में थे और पीएम मोदी से उनकी मुलाक़ात होनी थी.

    अजय बंगा के कोरोना पॉज़िटिव होने के बाद वो क्वारंटीन हो गए हैं. वो तीन हफ़्ते के विश्व भ्रमण पर थे जिसकी शुरुआत उन्होंने अफ़्रीका से की और अंत में उन्हें दिल्ली आना था.

    यहीं उनकी पीएम मोदी सहित वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाक़ात होनी थी.

    भारतीय मूल के अमेरिकी कारोबारी और मास्टरकार्ड के पूर्व चीफ़ अजय बंगा को अमेरिका राष्ट्रपति ने विश्व बैंक के चीफ़ के पद के लिए मनोनीत किया है.

    अजय बंगा ने क्रेडिट कार्ड की जानी मानी कंपनी मास्टरकार्ड का एक दशक से भी अधिक वक्त तक नेतृत्व किया है. अब वे अमेरिका में प्राइवेट इक्विटी कंपनी जनरल अटलांटिक के वाइस चेयरमैन के तौर पर काम कर रहे हैं.

  5. नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी को कैंसर, ट्विटर पर लिखा भावुक संदेश

    पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने गुरुवार को बताया कि उन्हें स्टेज दो का कैंसर है.

    उन्होंने ट्विटर पर इसकी जानकारी देते हुए नवजोत सिंह सिद्धू के लिए संदेश भी लिखा जो इस वक़्त जेल में हैं.

    नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, ''वह (नवजोत सिंह सिद्धू) उस अपराध के लिए जेल में हैं जो उन्होंने किया ही नहीं. इसमें शामिल सभी लोगों को माफ़ करें. बाहर रहकर हर दिन तुम्हारा इंतज़ार करना बेहद तकलीफ़देह है. कुछ हुआ है, मुझे पता है कि वो बुरा है.''

    ''तुम्हारा इंतज़ार किया, तुम्हें बार-बार न्याय ना मिलते देखा. लेकिन, सच बहुत ताक़तवर होता है और आपकी कड़ी परीक्षा लेता है. कलयुग. माफ़ करना तुम्हारे लिए इंतज़ार नहीं कर सकती क्योंकि ये स्टेज दो का इनवेसिव कैंसर है. आज ऑपरेशन होगा. किसी का दोष नहीं है क्योंकि ये भगवान ने तय किया है.''

    अमृतसर के पूर्व विधायक नवजोत सिंह सिद्धू 1998 के रोड रेज के एक मामले में एक साल जेल की सज़ा काट रहे हैं. वो पटियाला सेंट्रल जेल में बंद हैं.

    पिछले साल 20 मई को उन्हें जेल भेजा गया था. उन्होंने पटियाला कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था.

  6. ब्रिटेन की संसद ने टिकटॉक पर लगाया प्रतिबंध, कंपनी ने क्या कहा

    ब्रिटेन की संसद ने सुरक्षा चिंताओं के चलते चीन के सोशल मीडिया ऐप टिकटॉक पर प्रतिबंध लगा दिया है. अब संसद के वाई-फ़ाई नेटवर्क से इसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा.

    एक प्रवक्ता ने बताया कि ब्रिटेन की सरकार ने सुरक्षा संबंधी समीक्षा करने के बाद फ़ैसला लिया है कि मंत्री अपने फ़ोन पर इस ऐप का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे.

    उन्होंने बताया कि कई सांसद इस ऐप का इस्तेमाल करते हैं. इसके साथ ही स्टाफ़ को दिए गए उपकरणों से भी टिकटॉक को हटाया जाएगा.

    टिकटॉक ने इन आरोपों से साफ़ इनकार किया है कि वो अपने यूज़र्स का डेटा चीन की सरकार को देता है.

    अपने बयान में कंपनी ने ससंद के इस फ़ैसले को ग़लतफ़हमियों पर आधारित बताया है.

    इस प्रतिबंध के बाद सभी सांसद और संसद आने वाले मेहमान संसद के वाई-फ़ाई नेटवर्क से अपने उपकरणों पर टिकटॉक का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे.

    हालांकि, वो अपने मोबाइल डेटा से अपने फ़ोन पर टिकटॉक का इस्तेमाल कर सकेंगे.

  7. फ्रांस में पेंशन की उम्र बढ़ाने के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन, लगाई आग

    फ़्रांस में पेंशन मिलने की उम्र बढ़ाने के ख़िलाफ़ हो रहे विरोध प्रदर्शनों में बोर्डो टाउन हॉल में आग लगा दी गई.

    फ़्रांस में गुरुवार को लाखों लोग विरोध प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरे. गृह मंत्रालय के मुताबिक़ राजधानी पेरिस में क़रीब एक लाख 19 हज़ार लोग प्रदर्शन में शामिल हुए.

    पेरिस में विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और पूरे देश में 80 लोग गिरफ़्तार किए गए.

    फ़्रांस में सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाकर 64 करने को लेकर विधेयक लाया गया है जिसका विरोध हो रहा है.

    गुरुवार शाम को प्रदर्शनकारियों ने टाउन हॉल में आग लगी दी जिसमें इमारत का दरवाज़ा बुरी तरह झुलस गया. प्रदर्शनकारियों की इस दौरान पुलिस से झड़प भी हुई.

    आग को तुरंत बुझा लिया गया, लेकिन फ़िलहाल ये स्पष्ट नहीं हुआ है कि आग किसने लगाई थी.

    एक प्रदर्शनकारी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा, ''मैं इस सुधार के विरोध में हूं. यहां पर लोकतंत्र का कोई मतलब नहीं रह गया है. हमारा कोई प्रतिनिधित्व नहीं है और हम इससे तंग आ चुके हैं.''

    एक अन्य प्रदर्शनकारी ने समाचार एजेंसी एएफ़पी से कहा, ''इस विरोध प्रदर्शन के ज़रिए हम अपनी आवाज़ पहुंचाना चाहते हैं क्योंकि दूसरे किसी तरीक़े से ये सुधार वापस नहीं लिया जाएगा.''

    विरोध प्रदर्शन के चलते रेल यातायात और तेल रिफ़ाइनरी का काम प्रभावित हुआ और कुछ लोगों को चोटें भी आईं.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 23 मार्च के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.