You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

स्वीटी बूरा भी महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के फ़ाइनल में

इस तरह गुरुवार को भारत की चार महिला मुक्केबाज़ विभिन्न भार वर्गों में अपने अपने सेमीफाइनल मुक़ाबले जीतकर फ़ाइनल में पहुंच गई हैं.

लाइव कवरेज

विकास त्रिवेदी, प्रियंका झा and चंदन शर्मा

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, स्वीटी बूरा भी महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के फ़ाइनल में

    तीन महिला मुक्केबाज़ों के बाद स्वीटी बूरा भी महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच गई हैं.

    दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले जा रहे इस चैंपियनशिप के 81 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की एम्मा सू ग्रीनट्री को हराया.

    स्वीटी बूरा भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान दीपक हुड्डा की पत्नी हैं.

    इस तरह गुरुवार को भारत की चार महिला मुक्केबाज़ विभिन्न भार वर्गों में अपने अपने सेमीफाइनल मुक़ाबले जीतकर फ़ाइनल में पहुंच गई हैं.

    स्वीटी बूरा से पहले नीतू घनघस (48 किलोग्राम), निख़त ज़रीन (50 किलोग्राम) और लवलीना बोरगोहाईं (75 किलोग्राम) ने भी गुरुवार को ही फ़ाइनल का सफ़र तय किया.

  2. पत्रकार के साथ 'दुर्व्यवहार' के मामले में सलमान ख़ान को जारी समन पर 30 मार्च को फ़ैसला

    अप्रैल 2019 में एक पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में अभिनेता सलमान ख़ान की याचिका पर बॉम्बे हाईकोर्ट 30 मार्च को अपना फ़ैसला सुनाएगा.

    सलमान ख़ान ने अपनी याचिका में निचली अदालत की ओर से जारी किए गए समन को चुनौती दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, हाईकोर्ट ने गुरुवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना आदेश 30 मार्च तक के लिए सुरक्षित रख लिया.

    अशोक पांडे नाम के एक पत्रकार ने अंधेरी की एक अदालत के समक्ष दायर एक शिकायत में सलमान ख़ान और उनके बॉडीगार्ड नवाज़ शेख़ के ख़िलाफ़ कई तरह के आरोप लगाए थे.

    उसके बाद दोनों के ख़िलाफ़ भारतीय दंड संहिता की धारा 504 और 506 के तहत केस दर्ज किया गया था.

    पांडे ने अदालत से दोनों के ख़िलाफ़ आपराधिक कार्रवाई करने की मांग की थी. अदालत ने उसके बाद ​2022 में सलमान ख़ान को समन जारी किया था.

    ख़ान ने उसके बाद हाईकोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया. उन्होंने अदालत से निचली अदालत का आदेश रद्द करने की मांग की है.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, लवलीना बोरगोहाईं भी महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के फ़ाइनल में पहुंची

    नीतू घनघस और निख़त ज़रीन के बाद लवलीना बोरगोहाईं भी महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के फ़ाइनल में पहुंच गई हैं.

    75 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में ओलंपिक पदक विजेता इस बॉक्सर ने चीन की ली क़ियान को हरा दिया.

    इस तरह दिल्ली में खेले जा रहे महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के फ़ाइनल में गुरुवार को तीन महिला बॉक्सर पहुंच गईं.

    बोरगोहाईं के पहले नीतू घनघस (48 किलोग्राम) और निख़त ज़रीन (50 किलोग्राम) ने भी अपने अपने सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले जीतकर फ़ाइनल में जगह बना ली.

  4. राम सिर्फ़ हिंदुओं के नहीं, सबके भगवान हैं- फ़ारूक़ अब्दुल्लाह

    नेशनल कॉन्फ्रेन्स के अध्यक्ष फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने गुरुवार को फिर कहा है कि भगवान राम सिर्फ़ हिंदुओं के नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के भगवान हैं.

    जम्मू और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने उधमपुर में एक कार्यक्रम में ये बातें कही हैं.

    अब्दुल्लाह ने गुरुवार को कहा, ''मुझे लगता है कि जम्मू और कश्मीर में जब चुनावों की घोषणा होगी, तो जनता का ध्यान हटाने के लिए वे लोग राम मंदिर का उद्घाटन करेंगे, लेकिन राम सब के हैं.''

    उनके अनुसार, ''भगवान राम सिर्फ़ हिंदुओं के भगवान नहीं हैं. ये अपने दिमाग़ से निकालिए. भगवान राम हरेक के भगवान हैं, चाहे वो मुसलमान हों, ईसाई हो, अमेरिकी हो, रूसी हो. जैसे हम कहते हैं कि अल्लाह सिर्फ़ मुसलमानों का रब नहीं हैं, वो सब के रब हैं.

    ''पाकिस्तान के एक बहुत बुज़ुर्ग प्रोफ़ेसर मौलाना असरार, जो अभी गुज़रे हैं, ने अपने तफ़्सीर में कहते हैं 'तुम लोग ये याद रखो कि भगवान राम जो हैं, वो भी अल्लाह की तरफ़ से ही भेजे गए लोगों को सही रास्ता दिखाने के लिए.''

    अब्दुल्ला के अनुसार, ''ये जो आपके सामने आते हैं राम के पुजारी हैं, बेवकूफ़ लोग हैं. ये राम को बेचना चाहते हैं. इन्हें राम से कोई मोहब्बत नहीं है, इन्हें हुकूमत से मोहब्बत है. वे किसी भी क़ीमत पर सत्ता में बने रहना चाहते हैं.''

  5. दिल्ली दंगा: अंकित शर्मा हत्याकांड में पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन समेत 11 के ख़िलाफ़ आरोप तय

    तीन साल पहले हुए दिल्ली दंगों के दौरान मारे गए अंकित शर्मा के मामले में अदालत ने आम आदमी पार्टी के पार्षद रहे ताहिर हुसैन समेत 11 लोगों के ख़िलाफ़ हत्या का आरोप तय कर दिया है.

    इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी रहे अंकित शर्मा का शव 2020 के दंगों के दौरान उत्तर पूर्वी दिल्ली के एक नाले से बरामद किया गया था. एडिशनल सेशन जज की अदालत ने कहा कि गवाहों के बयानों से साफ़ होता है कि ये सभी अभियुक्त घटनास्थल पर मौजूद थे.

    लाइव लॉ के अनुसार अदालत ने कहा, “ताहिर लगातार भीड़ पर नजर रखे हुए था और उन्हें भड़का रहा था. ये सब हिंदुओं को निशाना बनाने के लिए था."

  6. दिनभर: पूरा दिन पूरी ख़बर, सुनिए सारिका सिंह और प्रेरणा के साथ

  7. उत्तर प्रदेशः चलती ट्रेन में नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला, केस दर्ज, अमित सैनी, बीबीसी हिंदी के लिए

    उत्तर प्रदेश में एक चलती ट्रेन में एक नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. सूबेदारगंज सुपरफास्ट एक्सप्रेस 22432 (उद्यमपुर-सुबेदारगंज एक्सप्रेस) में 22 मार्च की रात क़रीब दो बजे ट्रेन के स्लिपर कोच में सो रही एक बच्ची के साथ एक बेटिकट यात्री ने छेड़छाड़ की.

    परिवार ने इस संबंध में रेलवे पुलिस को शिकायत दी है. रेलवे पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुक़दमा दर्ज किया जा रहा है और क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी. पीड़िता के पिता पेशे से अधिवक्ता हैं और कानपुर में रहते हैं. ये परिवार जम्मू से मां वैष्णो देवी के दर्शन करके लौट रहा था.

    लड़की के पिता ने इस संबंध में यूपी पुलिस को ट्वीट भी किया है और लिखित शिकायत भी दी है. लड़की के पिता ने घटना के बारे में बताया, "मैं अपने परिवार के साथ जम्मू से माता रानी के दर्शन करके कानपुर आ रहा था. रास्ते में जब ट्रेन देवबंद और मुज़फ़्फ़रनगर के बीच थी तब स्लीपर सीट पर सो रही मेरी बेटी को एक व्यक्ति छेड़खानी करता है और उसे उठा लेने जाने की कोशिश करता है. बेटी के शोर मचाने पर जब लोग जागे तो वो भाग गया."

    पीड़िता के पिता के मुताबिक बाद में जब ट्रेन में खोजबीन की गई तो संदिग्ध व्यक्ति ट्रेन के टॉयलेट के पास बैठा मिला. ट्रेन में सवार यात्रियों ने उसे जीआरपी पुलिस को सौंप दिया था. परिवार का आरोप है कि उन्हें पता चला है कि पुलिस ने उस व्यक्ति को छोड़ दिया.

    इस घटना पर जीआरपी मुरादाबाद के सर्किल अधिकारी देवी दयाल का कहना है, "हमें इस घटना की जानकारी मिली है. क्षेत्र के इंस्पेक्टर ने बताया है कि एक बेटिकट यात्री ने लड़की के साथ छेड़छाड़ की थी. लोगों ने उसे पकड़ लिया था. पीड़ित परिवार ने उस समय शिकायत नहीं दी थी इसलिए उसे छोड़ दिया गया था. अब हमें शिकायत मिली है, एफ़आईआर दर्ज करके कार्रवाई कर रहे हैं."

    देवी दयाल ने कहा, "पीड़िता के पिता ने उस समय पुलिस से कहा था कि वो कार्रवाई नहीं चाहते हैं इसलिए अभियुक्त को मुज़फ़्फ़रनगर में छोड़ दिया गया था. बाद में उन्होंने ट्वीट करके इस घटना के बारे में जानकारी दी. हमने उनसे बात की है. उनका कहना है कि वो चाहते हैं कि अभियुक्त के ख़िलाफ़ कार्रवाई हो."

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, निख़त ज़रीन भी पहुंची महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के फ़ाइनल में

    नीतू घनघस के बाद निखत ज़रीन भी दिल्ली में खेली जा रही महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच गई हैं.

    गुरुवार को 50 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल मुक़ाबले में उन्होंने कोलंबिया की बॉक्सर इंग्रिट लोरेना वालेंसिया विक्टोरिया को मात दी.

    यह मुक़ाबला एकतरफ़ा रहा और ज़रीन ने 5-0 से अपनी प्रतिद्वंद्वी को मात दी.

  9. गूगल के एआई चैटबॉट 'बार्ड' में क्या है ख़ास?

    तकनीक ने हमारी ज़िंदगी बदल दी है. अब क्या आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस इसे अगले लेवल तक ले जाएगा. बड़ी टेक कंपनियों को भरोसा है कि एआई हमारे काम करने के तरीक़े को पूरी तरह बदल देगा.

    तो वहीं कइयों को डर सता रहा है कि इसका अंजाम भी हमें ही भुगतना होगा. माइक्रोसॉफ़्ट के पास पहले से ही अपना एक एआई चैटबॉट है.

    अब गूगल भी अपना एक चैटबॉट लॉन्च करने जा रहा है जिसका नाम है बार्ड. बीबीसी संवाददाता ज़ो क्लिनमैन उन कुछ पहले लोगों में हैं जिन्होंने इसे पहली बार इस्तेमाल किया. देखते हैं उन्होनें क्या देखा.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, नीतू घनघस महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के 48 किलोग्राम वर्ग के फ़ाइनल में

    भारत की नीतू घनघस ने दिल्ली में चल रहे महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के 48 किलोग्राम वर्ग के फ़ाइनल में प्रवेश कर लिया है.

    इसके साथ ही इनका सिल्वर मेडल अब पक्का हो गया है.

    हरियाणा की 22 साल की बॉक्सर ने सेमीफाइनल में कज़ाख़स्तान की अलुआ बाल्किबेकोवा को 5-2 से हराया.

    इससे पहले क्वॉर्टर फ़ाइनल में उन्होंने जापान की मडोका वाडा को मात दी थी.

    नीतू घनघस के बाद लोगों की निगाहें अब निख़त ज़रीन (50 किलोग्राम) और लवलीना बोरगोहेन (75 किलोग्राम) पर भी टिकी हैं.

  11. महाराष्ट्र: क्या है अनिल जयसिंघानी का मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से कनेक्शन?

    महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अनिक्षा जयसिंघानी नाम की एक डिजाइनर तरह-तरह के वीडियो दिखाकर उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी.

    अमृता फडणवीस ने शिकायत में कहा है कि 'उन्होंने अपने पिता पर से केस हटाने के लिए रिश्वत देने की कोशिश की'.

    इस शिकायत पर उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में कुछ चौंकाने वाले दावे किए. उन्होंने कहा कि मामसे से कई नेताओं के नाम जुड़े हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उनके परिवार को 'फंसाने' की कोशिश की गई.

    इसके बाद चर्चा शुरू हुई कि आख़िर वो नेता कौन हैं? अटकलें मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को लेकर लगाई जाने लगीं.

  12. चीन का दावा- यूएस नेवी ने की उसके जल क्षेत्र में घुसपैठ, अमेरिका ने किया इनकार

    चीन की सेना ने गुरुवार को दावा किया है कि अमेरिका के एक युद्धपोत ने अवैध तरीके से दक्षिण चीन सागर में घुसपैठ की है.

    उसके अनुसार, पारसेल द्वीप के पास हुई इस घटना के बाद उस युद्धपोत को खदेड़ दिया गया.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने चीनी सेना के हवाले से बताया है कि गाइडेड मिसाइल मारने वाले यूएसएस मिलियस पोत ने इलाके की शांति और स्थिरता की अनदेखी करते हुए चीन के जल क्षेत्र में घुसपैठ की.

    चीन के दक्षिण थिएटर कमान के प्रवक्ता तियान जुनली ने बताया, "थिएटर फोर्स हर वक़्त हाई अलर्ट बनाए रखेगी और दक्षिण चीन सागर में देश की संप्रभुता, सुरक्षा, शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए ज़रूरी उपाय करेगी."

    हालांकि अमेरिकी नौसेना ने चीनी सेना के बयान से अलग राय रखते हुए अपनी बात कही है.

    अमेरिकी नौसेना के सातवें बेड़े ने एक बयान में कहा कि उनका यह जहाज़ दक्षिण चीन सागर में 'नियमित अभियान' पर था और उसे निकाला नहीं गया.

    उसने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय क़ानून जहां भी इजाज़त दे, अमेरिका वहां उड़ान भरना और नौवहन करना जारी रखेगा.

    इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है.

  13. लाहौर से LIVE: भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु को जहाँ हुई थी फाँसी, वहां क्या है माहौल? ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता अली क़ाज़मी

  14. राइस कुकर से लेकर न्यूक्लियर पावर प्लांट तक बनाने वाली तोशिबा के टेकओवर का रास्ता साफ़

    जापानी मीडिया में ख़बर है कि इंजीनियरिंग फर्म तोशिबा के बोर्ड ने कंपनी के अधिग्रहण के प्रस्ताव पर सहमति दे दी है.

    लगभग 20 जापानी कंपनियों ने तोशिबा को खरीदने के लिए कंसोर्शियम बनाया है. कहा जा रहा है कि ये सौदा 15 अरब डॉलर का होने वाला है.

    ये साफ़ नहीं है कि तोशिबा में लगभग एक चौथाई की हिस्सेदारी रखने वाले फंड्स कंपनी के निजीकरण पर अपनी सहमति देंगे या नहीं.

    राइस कुकर से लेकर न्यूक्लियर पावर प्लांट तक बनाने वाली कंपनी तोशिबा बीते सालों में कई एकाउंटिंग स्कैंडल्स और हाई प्रोफ़ाइल इस्तीफ़ों का गवाह रही है.

  15. राहुल गांधी कोर्ट की सुनवाई के बाद दिल्ली लौटे, देखिए...

  16. दुनिया में पहली बार 3डी प्रिंटर से तैयार रॉकेट ने भरी उड़ान

    इतिहास में पहली बार 3डी प्रिंटिंग से लगभग पूरी तरह तैयार एक रॉकेट ने अमेरिका में उड़ान भरी है. हालांकि अपनी पहली उड़ान में यह रॉकेट अपनी कक्षा में पहुंचने में नाकाम रहा.

    टेरान-1 नाम का यह रॉकेट फ्लोरिडा के केप केनवेरल स्थित लॉन्च पैड से स्थानीय समय के अनुसार बुधवार की रात 11.25 बजे उड़ान भरी.

    लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यह ज़मीन पर गिर पड़ा. इसे कैलिफॉर्निया की रिलेटिविटी स्पेस ने बनाया है.

    बताया गया है कि 112 फीट लंबे इस रॉकेट के 85 फ़ीसदी हिस्से को 3डी प्रिंटिंग से तैयार किया गया है.

    एयरोस्पेस इंडस्ट्री में इस तकनीक का इस्तेमाल करके हर तरह के उपकरण बनाए जाते हैं, लेकिन इस रॉकेट में यह तकनीक अलग स्तर पर इस्तेमाल की गई है.

    रिलेटिविटी स्पेस ने इस रॉकेट के छोटे और बड़े उपकरण बनाने के लिए अलग अलग मशीन बनाए.

    हालांकि इस कंपनी के अनुसार उसका लक्ष्य इस रॉकेट के 95 फ़ीसदी हिस्सों को 3डी प्रिंटिंग से बनाने का था.

    वैसे ज़्यादातर इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर चिप्स, रबर सील और वाल्व को पूर्व प्रचलित तकनीक से ही बनाया गया है.

  17. अमृतपाल सिंह के सात भेष, पुलिस ने जारी की नई-पुरानी कई तस्वीरें

    पंजाब पुलिस ने 'वारिस पंजाब दे' संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह सात तस्वीरें जारी की हैं. इन सातों तस्वीरों में वो अलग-अलग रूप में नज़र आ रहे हैं.

    पुलिस ने मीडिया से अपील की है कि वो इन तस्वीरों को सर्कुलेट करें ताकि अमृतपाल सिंह को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके. आप भी देखें ये तस्वीरें.

  18. मोदी सरकार ने बताया- सीबीआई से जनरल कंसेंट वापस लेने वाले ये हैं नौ राज्य

    कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़, पंजाब और राजस्थान सहित देश के 9 राज्यों ने सीबीआई जांच के लिए दी गई अपनी मंजूरी अब वापस ले ली है.

    केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मामलों के राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को एक लिखित जवाब में राज्यसभा को ये जानकारी दी है.

    उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़, पंजाब, राजस्थान, झारखंड, पश्चिम बंगाल, केरल, तेलंगाना, मेघालय और मिज़ोरम ने अपने राज्य क्षेत्र में मामलों की जांच के लिए सीबीआई को दी गई सामान्य स​हमति अब वापस ले ली है.

    केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को 1963 में दिल्ली स्पेशल पुलिस इस्टैब्लिशमेंट (डीएसपीई) एक्ट, 1946 के तहत स्थापित​ किया गया था.

    इस क़ानून की धारा 6 के अनुसार, किसी भी राज्य में किसी मामले की जांच सीबीआई तभी कर सकती है, जब वो राज्य केंद्र को अपनी सहमति दे.

    यदि कोई राज्य इस पर अपनी सहमति नहीं देती या पूर्व सहमति वापस ले लेती है, तो सीबीआई वहां जांच नहीं कर सकती.

  19. आयरन मैन जेट सूट: ऐसा सूट जिसे पहनकर आसमान में उड़ सकेगा इंसान

    ‘आयरन मैन’ जेट सूट को बनाने वाले शख़्स का कहना है कि ये सूट जल्दी ही इंसान को नई उड़ान देगा.

    वो एक अंतरराष्ट्रीय रेस सिरीज़ करवाना चाहते हैं.

    ग्रेविटी कंपनी विशेषज्ञों के साथ मिलकर ये ख़ास जेट सूट बना रही है.

  20. सूर्यकुमार यादव के 'गोल्डन डक' पर क्या बोले कप्तान रोहित शर्मा

    ऑस्ट्रेलिया के हाथों तीन मैचों की वनडे सिरीज़ हारने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने तीनों मैचों में पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट होने वाले सूर्यप्रकाश यादव का बचाव किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, रोहित शर्मा ने कहा, "उन्होंने सिरीज़ में केवल तीन गेंदें खेली. मुझे नहीं पता कि इस मामले पर कितना ज़ोर देना चाहिए. उन्हें तीन अच्छी गेंदें मिली."

    भारतीय कप्तान ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि तीसरे मैच में उन्हें मिली गेंद बेहतरीन थी. उन्होंने ग़लत शॉट चुना. उन्हें शायद आगे बढ़कर खेलना चाहिए था. उन्हें बेहतर पता है."

    रोहित शर्मा के अनुसार, "वे स्पिन वाक़ई बहुत अच्छे से खेलते हैं. इसलिए हम चाहते थे कि वे आख़िरी 15-20 ओवरों के दौरान अपना खेल खेलें. लेकिन ये वाक़ई दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने सिरीज़ में केवल तीन ही गेंदें खेला. ऐसा किसी के साथ भी हो सकता है. उनमें संभावना और गुण दोनों हैं."

    इससे पहले बुधवार को चेन्नई में खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया को भारत ने 21 रन से हरा दिया. इस हार के साथ ही भारत यह सिरीज़ 2-1 से हार गया.

    सूर्यकुमार यादव ने जुलाई 2021 में पहला वनडे खेलने के बाद अब तक 23 मैच खेले हैं. इन मैचों में उन्होंने क़रीब 24 की औसत से 433 रन बनाए.