You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
'पठान' की सफलता भाजपा की नकारात्मक राजनीति को करारा जवाब: अखिलेश यादव
शाहरुख़ ख़ान के अभिनय और सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन वाली इस फ़िल्म ने छह दिनों में क़रीब 600 करोड़ रुपए कमाकर रिकॉर्ड बनाया है.
लाइव कवरेज
कीर्ति दुबे and चंदन शर्मा
बजट सत्र से पहले बोले पीएम मोदी, ‘अर्थ जगत से मिल रहे हैं सकारात्मक संदेश’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बजट सत्र की शुरुआत पर संसद पहुंचकर बताया है कि आर्थिक दुनिया से सकारात्मक संदेश मिल रहे हैं.
उन्होंने कहा, “आज बजट सत्र शुरू हो रहा है, और इसकी शुरुआत के साथ ही अर्थ जगत से सकारात्मक संदेश मिल रहे हैं. आज एक महत्वपूर्ण अवसर है. भारत की वर्तमान राष्ट्रपति जी आज पहली बार भारत के संयुक्त सदन को संबोधित करने जा रही हैं.”
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पहली बार बजट सत्र से पहले संसद के संयुक्त सदन को संबोधित करने जा रही है.
पीएम मोदी ने इस मौके पर कहा है, “राष्ट्रपति जी का भाषण भारत के संविधान का गौरव है, भारत की संसदीय प्रणाली का गौरव है. और विशेषरूप से आज नारी सम्मान का भी अवसर है. दूर-सुदूर जंगलों में जीवन बसर करने वाले हमारे देश की महान आदिवासी परंपरा के सम्मान का भी अवसर है.”
पीएम मोदी ने कहा है कि वह उम्मीद करते हैं कि भारतीय संसद की परंपरा के अनुरूप राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन उमंग, ऊर्जा और उत्साह से भरा रहे.
इसके साथ ही उन्होंने कहा, “हमारे देश की वित्त मंत्री भी महिला हैं, वे कल एक और बजट लेकर देश के सामने आ रही हैं. आज की वैश्विक परिस्थिति में भारत के बजट की ओर न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया का ध्यान है. डांवाडोल विश्व की आर्थिक परिस्थिति में भारत का बजट, भारत के सामान्य मानवी की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करेगा. विश्व जो आशा की किरणें देख रहा है, उन्हें वो अधिक प्रकाशमान नज़र आएं. मुझे पूरा भरोसा है कि निर्मला जी इन अपेक्षाओं को पूर्ण करने का भरपूर प्रयास करेंगी.”
जयराम रमेश और खड़गे नहीं होंगे राष्ट्रपति के अभिभाषण में शामिल, बताई वजह
जयराम रमेश ने बताया है कि श्रीनगर से आने वाली फ़्लाइट में होने वाली देरी के कारण वह बजट सत्र की शुरुआत में संसद के दोनों सदनों में होने वाले राष्ट्रपति के अभिभाषण में शामिल नहीं हो पाएंगे.
उन्होंने ट्वीट कर बताया, “ख़राब मौसम के कारण श्रीनगर एयरपोर्ट पर फ़्लाइट में देरी होने के कारण मैं और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और कई अन्य कांग्रेस सांसद आज सुबह 11 बजे संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण में शामिल नहीं हो पाएंगे.”
कांग्रेस के ये नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के समापन में शामिल होने कश्मीर पहुंचे थे. रविवार देर रात से ही कश्मीर में बर्फ़बारी हो रही है जिसके कारण मौसम ख़राब है.
वहीं, मंगलवार से राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ बजट सत्र की शुरुआत होगी. आज देश का आर्थिक सर्वे पेश किया जाएगा और कल यानी बुधवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश का आम बजट पेश करेंगी.
आईएमएफ़ ने भारत के लिए विकास दर का अनुमान घटा कर 6.1% किया
इंटरनेशनल मॉनिटरी फ़ंड (अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष) ने वैश्विक आर्थिक वृद्धि का अनुमान लगाते हुए कहा है कि दुनिया मंहगाई के पीक को पार कर चुकी है. हालांकि संस्था ने कहा है कि आने वाले वित्त वर्ष में भारत की आर्थिक विकास दर थोड़ी पिछड़ेगी.
अपने वर्ल्ड इकॉनमिक आउटलुक में आईएमएफ़ ने कहा है कि चीन के अपनी कोविड ज़ीरो पॉलिसी छोड़ने के क़दम ने जल्द रिकवरी का रास्ता तैयार किया है. वैश्विक आर्थिक विकास दर अब 2.9%होने का अनुमान है.
बीते साल आईएमएफ़ ने चेताया था कि अर्थव्यवस्था का बेहद बुरा दौर आना अभी बाक़ी है.
आईएमएफ़ ने आने वाले वित्तीय वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि को लेकर अपना अनुमान घटाया है. आने वाले वित्त वर्ष में भारत की विकास दर 6.1 प्रतिशत रह सकती है. वहीं 31 मार्च को पूरे होने वाले चालू वित्त वर्ष के के लिए यह अनुमान 6.8 प्रतिशत लगाया गया था.
आईएमएफ़ के वर्ल्ड इकॉनमिक आउटलुक अपडेट में कहा गया है, “भारत में विकास इस साल थोड़ा कम होगा. इस साल ये दर 6.1 हो सकती है, जो 2022 में 6.8 प्रतिशत थी. हालांकि 2024 में भारत की आर्थिक विकास दर फिर रफ़्तार पकड़ेगी और अगले साल ये 6.8 फ़ीसदी रह सकती है.”
हालांकि आईएमएफ़ ने सभी देशों के केंद्रीय बैंकों से ये अपील की है कि वह मंहगाई से लड़ने लिए अपनी मज़बूत नीतियों पर टिके रहें क्योंकि ये लड़ाई अभी पूरी तरह नहीं जीती गई है.
आईएमएफ़ का अनुमान कहता है कि ब्रिटेन अकेली ऐसी बड़ी जी-7 अर्थव्यवस्था है जो साल 2023 में घटेगी.
अमेरिका ने यूक्रेन को एफ़-16 लड़ाकू विमान देने से किया इनकार
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन को हर तरह से समर्थन देने के एलान के बावजूद अपने एफ़-16 लड़ाकू विमान देने से इनकार कर दिया है.
सोमवार को एक रिपोर्टर की ओर से ये पूछे जाने पर कि क्या अमेरिका एफ़-16 विमान यूक्रेन को उपलब्ध कराएगा, बाइडन ने इसका जवाब "नहीं" में दिया.
बाइडन की ये टिप्पणी ऐसे समय आई है जब एक दिन पहले ही जर्मनी ने यूक्रेन को लड़ाकू विमान भेजने से इनकार कर दिया है.
यूक्रेन पहले ही कह चुका है कि रूस के साथ जारी युद्ध में अपने एयरस्पेस को पाने के लिए उसे लड़ाकू विमानों की ज़रूरत है.
एफ़-16 लड़ाकू विमानों को दुनिया के सबसे विश्वसनीय फाइटर जेट में से एक माना जाता है.
इसे अमेरिका के अलावा बेल्जियम और पाकिस्तान जैसे अन्य देश भी इस्तेमाल करते हैं.
अगर ये यूक्रेन को मिलता तो उसके लिए ये हवाई लड़ाई में बड़ा अपग्रेड होता क्योंकि यूक्रेन अभी सोवियत-काल का लड़ाकू विमान इस्तेमाल कर रहा है.
इसे यूक्रेन की आज़ादी से पहले, सोवियत संघ के ज़माने में आज से लगभग तीस साल पहले बनाया गया था.
हालाँकि, बाइडन ने यूक्रेन की ओर से लड़ाकू विमानों की मांग को बार-बार ख़ारिज किया है और वो अन्य क्षेत्रों में सैन्य सहायता देने पर ज़्यादा ध्यान दे रहा है.
कनाडा: मशहूर गौरी-शंकर मंदिर की दीवारों पर भारत-विरोधी ग्रैफ़िटी बनाई गई
कनाडा के ब्रैंपटन शहर में जाने-माने गौरी-शंकर मंदिर की दीवारों पर भारत-विरोधी ग्रैफ़िटी बनाई गई और तोड़फोड़ की गई.
टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस घटना की निंदा की है और इस लेकर एक बयान जारी करते हुए कहा है कि इससे कनाडा में रहने वाले भारतीय समुदाय को गहरी पीड़ा हुई है.
मंगलवार को जारी किए गए बयान में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कहा, “इस नफ़रत भरी हरकत से कनाडा में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है. हमने कनाडा के अधिकारियों के साथ इस मामले पर अपनी चिंता ज़ाहिर की है.”
कनाडा के अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं.
पिछले साल जुलाई से कनाडा में इस तरह की कम से कम तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं.
पिछले सितंबर में भी भारत सरकार की ओर से इस तरह की घटनाओं को लेकर एक सख़्त बयान जारी किया गया था.भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा था कि कनाडा में भारतीयों के ख़िलाफ़ हेट क्राइम और अन्य "भारत विरोधी गतिविधियों" में काफ़ी वृद्धि हुई है.
भारत ने कनाडा सरकार से मामले की गहन जांच करने की अपील की थी.
पाकिस्तान: पेशावर हमले में कम से कम 59 की मौत, हाई सिक्योरिटी इलाके में हुआ ब्लास्ट
पाकिस्तान के पेशावर में एक मस्जिद में नमाज़ अदा कर रहे पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती हमले में कम से कम 59 लोग मारे गए हैं.
ये मस्जिद पुलिस मुख्यालय इलाके में थी जहां शहर की सबसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होती है.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने घटना के बाद कहा, "आतंकवादी पाकिस्तान की रक्षा करने वालों को निशाना बनाकर डर पैदा करना चाहते हैं."
शुरुआत में पाकिस्तानी तालिबान के एक कमांडर के इस घटना की ज़िम्मेदारी ली थी, लेकिन थोड़ी देर बाद संगठन ने हमले के पीछे शामिल होने से इनकार किया.
चरमपंथी समूह ने नवंबर में पाकिस्तान के साथ युद्धविराम ख़त्म कर दिया था और तब से हिंसा बढ़ रही है.
दिसंबर में पेशावर के एक पुलिस स्टेशन पर हमला हुआ था.
अस्पताल के प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि अब तक 59 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 157 लोग इस हादसे में ज़ख़्मी हुए हैं.
पेशावर के पुलिस प्रमुख मोहम्मद एजाज़ ख़ान ने स्थानीय मीडिया को बताया कि घटना के वक़्त उस इलाके में 300 से 400 पुलिसकर्मी मौजूद थे.
मस्जिद का इलाका शहर के सबसे अधिक नियंत्रित क्षेत्रों में से एक है, यहां पुलिस मुख्यालय, खुफ़िया विभाग और आतंकवाद विरोधी ब्यूरो का कार्यालय है.
शरीफ़ ने कहा कि हमले के पीछे जो लोग हैं उनका ‘इस्लाम से कोई लेना-देना नहीं’ था.
उन्होंने कहा, "आतंकवाद के ख़तरे के ख़िलाफ़ पूरा देश एकजुट है."
यह विस्फोट दोपहर की नमाज के दौरान लगभग 13:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) हुआ.
नमस्कार!
बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.
हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे.
यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 30 जनवरी के अपडेट्स के लिए आपयहांक्लिक कर सकते हैं.