You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

'पठान' की सफलता भाजपा की नकारात्मक राजनीति को करारा जवाब: अखिलेश यादव

शाहरुख़ ख़ान के अभिनय और सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन वाली इस फ़िल्म ने छह दिनों में क़रीब 600 करोड़ रुपए कमाकर रिकॉर्ड बनाया है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and चंदन शर्मा

  1. पानी से लबालब आपने कई सारी नदियां देखी होंगी, लेकिन ऐसी नहीं देखी होगी!

  2. पेशावर मस्जिद धमाका: मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 92, भारत ने ये कहा

    पाकिस्तान के पेशावर शहर की पुलिस लाइन मस्जिद में हुए धमाके में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 92 हो गई है.

    बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल लाए गए सभी लोगों की शिनाख्त का काम पूरा हो चुका है.

    पेशावर के लेडी रीडिंग अस्पताल में फिलहाल 57 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    157 घायलों को अस्पताल लाया गया था जिनमें से अधिकांश को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है.

    रेस्क्यू 1122 पेशावर के मुताबिक मस्जिद की इमारत के मलबे में अब कोई नहीं फंसा है.

    बचाव संगठन के अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के बाद शुरू हुए अभियान में मलबे से कुल 24 शव निकाले गए जबकि नौ लोगों को जिंदा बचा लिया गया.

    अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पूरी तरह से मलबा हटाने का काम अंतिम चरण में है.

    उधर, भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, "कल पेशावर में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति भारत अपनी संवेदनाएं प्रकट करता है. इतने सारे लोगों की जान लेने वाले इस हमले की हम पुरजोर आलोचना करते हैं."

  3. अर्चना देवी: अंडर 19 वर्ल्ड कप जीतने वाली अर्चना देवी की कामयाबी के पीछे संघर्ष की लंबी कहानी है

  4. इसराइल में अदानी समूह की हाइफा पोर्ट विकास परियोजना पर शहर की मेयर ने कहा...

    इसराइल में अदानी समूह की हाइफा पोर्ट विकास परियोजना पर शहर की मेयर ने कहा है कि इससे उनका शहर भूमध्यसागर में एक ताक़तवर और महत्वपूर्ण केंद्र में बदल जाएगा.

    अदानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (एपीएसईज़ेड) और इसराइल के गादोट ग्रुप के कंसोर्शियम ने पिछले साल जुलाई में हाइफा पोर्ट के निजीकरण का टेंडर 1.18 अरब डॉलर में हासिल किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल 11 जनवरी को अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो गई जिसके बाद बंदरगाह के विकास का काम शुरू हो गया है.

    इस कंसोर्शियम में भारतीय साझीदार अदानी पोर्ट्स की 70 फ़ीसदी की साझीदारी है जबकि इसराइली कंपनी गादोट ग्रुप के पास 30 फ़ीसदी.

    हाइफा की मेयर डॉक्टर एनाट कालिश रोटेम ने मंगलवार को कहा कि इस परियोजना से शहर के दीर्घकालीन लक्ष्य साकार होंगे और ये भूमध्यसागर के एक वास्तविक सी-सिटी (समंदर किनारे बसा शहर) में बदल पाएगा.

    शिपिंग कंटेनर्स और क्रूज शिप के मामले में पोर्ट ऑफ़ हाइफा इसराइल का दूसरा सबसे बड़ा बंदरगाह है.

    कालिश रोटेम ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "मैं अदानी समूह और उनके इसराइली पार्टनर गादोट का हाफिया शहर में स्वागत करता हूं. पोर्ट ऑफ हाइफा में आपके आने से सभी शहरियों के उस बरसों पुराने ख्वाब को फिर से जगा दिया है कि उनका खूबसूरत शहर लगभग सौ सालों के अलगाव के बाद समंदर से फिर से जुड़ सकेगा."

  5. ईयरफोन, हेडफोन और बाकी तेज़ आवाज़ें हमें बहरा बना रही हैं?

  6. भारत और चीन की बदौलत होगा इस साल दुनिया का विकास: अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष

    इस साल दुनिया का विकास मुख्यत: चीन और भारत की बदौलत होगा.

    अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ़) के मुख्य अर्थशास्त्री पियरे ओलिविएर गौरिनचास ने बताया है कि वैश्विक विकास में इन दोनों देशों की हिस्सेदारी क़रीब 50 फ़ीसदी की होगी.

    वहीं, अमेरिका और यूरोपीय संघ के देशों की वैश्विक विकास में हिस्सेदारी केवल 10 फ़ीसदी की ही होगी.

    आईएमएफ़ ने अपने विकास पूर्वानुमानों में बताया है कि 2023 में दुनिया की विकास दर 2.9 फ़ीसदी रहेगी.

    इसके अनुसार, विकसित देशों की विकास दर 1.2 प्रतिशत और विकासशील देशों की विकास दर 4 प्रतिशत रहने का अनुमान है.

    साल 2023 में भारत की विकास दर 6.1 प्रतिशत और चीन की 5.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है.

    साल 2024 में भारत और चीन की अर्थव्यवस्था क्रमश: 6.8 और 4.5 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अंदाज़ा लगाया गया है.

    आईएमएफ़ ने बताया है कि पिछले साल भारत और चीन की वृद्धि दर क्रमश: 6.8 और 3.0 प्रतिशत रही थी.

    आईएमएफ़ ने यह भी बताया है कि 2023 में तेज़ी से बढ़ती महंगाई और यूक्रेन युद्ध का आर्थिक गतिविधियों पर असर होने का अनुमान है.

    चीन में कोरोना पर नियंत्रण के लिए किए गए लॉकडाउन का 2022 में काफ़ी असर पड़ा, लेकिन अब मार्केट को खोलने से उम्मीद से बेहतर सुधार होने का अनुमान लगाया गया है.

  7. म्यांमार में विरोध की बुलंद आवाज़ें

    म्यांमार में सैन्य तख़्तापलट को दो साल होने वाले हैं. लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुआ सरकार को हटा कर सेना सत्ता पर क़ाबिज़ हो गई और तब से आम लोगों ने सेना के ख़िलाफ़ मोर्चा संभाल लिया.

    इनकी मांग है कि उनके देश में लोकतंत्र की बहाली हो. कई लोग इस दौरान मारे गए, कई विस्थापित हुए और कई छिपकर रहने को मजबूर हैं. लेकिन छिपकर भी कई लोगों ने कैसे अपनी लड़ाई जारी रखी है, उनकी कहानी कवर स्टोरी में.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत की जीडीपी साल 2023-24 में 6-6.8 फीसदी की दर से बढ़ेगी: आर्थिक सर्वे

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को संसद में आर्थिक सर्वेक्षण 2023 पेश किया. इसमें देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया की सबसे तेज़ी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक बताया गया है.

    • आर्थिक सर्वेक्षण 2023 के अनुसार 2023-24 में भारत की जीडीपी 6-6.8% की दर से बढ़ने का अनुमान है.
    • सर्वे में कहा गया है कि प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना, पीएम गति शक्ति, राष्ट्रीय रसद नीति, सार्वजनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म का विस्तार, पूंजी निवेश और कर्ज़ देना भारत की आर्थिक वृद्धि को आगे बढ़ाने वाले ड्राइविंग फ़ोर्स होंगे.
    • आर्थिक सर्वेक्षण 2023 में कहा गया है कि देश की 65% (2021 डेटा) आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है और 47 प्रतिशत आबादी आजीविका के लिए कृषि पर निर्भर है. ऐसे में ग्रामीण विकास पर सरकार का फोकस ज़रूरी है.
    • सरकार का ज़ोर ग्रामीण लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने पर होगा ताकि देश का सर्वांगीण विकास निश्चित कर सके.

    बुधवार को वित्तमंत्री देश का आम बजट पेश करेंगी.

    मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) अपनी टीम के साथ आर्थिक सर्वेक्षण तैयार करते हैं. डॉ वी अनंत नागेश्वरन भारत के मुख्य आर्थिक सलाहकार हैं और वे आर्थिक सर्वेक्षण 2023 की बारीकियों को समझाने के लिए मंगलवार शाम तक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे.

  9. महात्मा गांधी के दिखाए रास्ते पर चल कर ये ला रहे हैं समाज में बदलाव

    30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि थी. इस मौक़े पर बात उन लोगों की जो आज भी गांधीवादी विचारों को न सिर्फ़ मानते हैं बल्कि उस राह पर चल कर लोगों की ज़िंदगी बेहतर बना रहे हैं.

    मिलिए महाराष्ट्र के एक ऐसे ही एक दंपति से बीबीसी संवाददाता मयूरेश कोन्नूर की इस रिपोर्ट में.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, विशाखापत्तनम होगी आंध्र प्रदेश की नई राजधानी, सीएम जगन मोहन रेड्डी ने किया एलान

    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने एलान किया है कि आने वाले दिनों में विशाखापत्तनम राज्य की राजधानी होगी.

    दिल्ली में इंटरनेशनल डिप्लोमैट्स के एक कार्यक्रम में उन्होंने निवेशकों से कहा, "मैं यहां आपको विशाखापत्तनम आने के लिए निमंत्रण देता हूं जो आने वाले दिनों में हमारी राजधानी होगी. मैं भी आने वाले महीनों में विशाखापत्तनम शिफ़्ट हो जाऊंगा."

    इससे पहले 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती को राजधानी बनाने के लिए किसानों से क़रीब 33 हज़ार एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया था.

    लेकिन 2019 में मुख्यमंत्री बनने के बाद रेड्डी ने एलान किया था कि राज्य में तीन राजधानियां विकसित करने की योजना है.

    उनके अनुसार, आंध्र प्रदेश की प्रशासनिक राजधानी विशाखापत्तनम होगी, जबकि अमरावती राज्य की विधायी राजधानी होगी और कुरनूल को न्यायिक राजधानी बनाया जाएगा.

    हालांकि पिछले साल हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की मंशा के विरोध में फ़ैसला देते हुए अमरावती को राजधानी के रूप में विकास करने का आदेश दिया था.

    उसके बाद नवंबर में जगन मोहन रेड्डी ने 'आंध्र प्रदेश विकेंद्रीकरण और सभी प्रदेशों का समेकित विकास क़ानून, 2020' को वापस लेने का एलान किया था.

    उन्होंने कहा था कि उनकी सरकार जल्द ही 'व्यापक, पूर्ण और बेहतर' विधेयक लेकर विधानसभा में पेश करेगी.

  11. 'पठान' की कमाई और कामयाबी पर बोले शाहरुख़ ख़ान

    'पठान' को मिल रही सफलता पर शाहरुख़ ख़ान ने सोमवार को कहा कि इस फ़िल्म के सफल होने का पूरा बॉलीवुड बेसब्री से इंतज़ार कर रहा था. ऐसे में उन्होंने पूरी इंडस्ट्री को ​फिर से ज़िंदा करने के लिए लोगों को धन्यवाद कहा.

    मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेन्स में ख़ान ने कहा कि बीते चार दिनों में इस फ़िल्म को मिली शानदार सफलता से चार साल की थकान मिट गई. उनके साथ इस प्रेस कॉन्फ्रेन्स में दीपिका पादुकोण, जॉन अब्राहम और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद भी थे.

    शाहरुख़ ख़ान ने बॉयकॉट की अपील के बावजूद इस फ़िल्म को शानदार सफलता दिलाने और ढेर सा प्यार देने के लिए अपने प्रशंसकों का बहुत शुक्रिया अदा किया. साथ ही इस फ़िल्म के निर्माण से जुड़े लोगों को भी धन्यवाद किया.

    शाहरुख ख़ान ने कहा, ''कई बार हमें लोगों को फोन करना पड़ता था और उनसे कहना पड़ता था कि कृपया हमें अपनी फ़िल्म शांति से रिलीज करने दें. फ़िल्म देखना और फ़िल्म बनाना प्यारा अनुभव है और मैं उन सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने इस फ़िल्म को रिलीज़ करने में हमारी मदद की.''

  12. अदानी ऐक्ट लाने के लिए राष्ट्रपति जी पीएम मोदी को दें सलाह: बीआरएस सांसद

    बजट सत्र से पहले संसद के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण का तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति और आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को बहिष्कार किया.

    बीआरएस के सांसद के केशव राव ने कहा कि हम राष्ट्रपति के ख़िलाफ़ नहीं हैं और बहिष्कार का फ़ैसला केंद्र सरकार की नाकामियों के विरोध में लिया गया है.

    केशव राव ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "हमने आज राष्ट्रपति जी का संबोधन सुना लेकिन उनके भाषण में बेरोज़गारी और महंगाई के मुद्दे का कोई जिक्र नहीं था. मैं राष्ट्रपति जी को ये सुझाव देता हूं कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'अदानी ऐक्ट' लाने के लिए सुझाव दें क्योंकि यहां हर तरफ़ क्रोनी कैपिटलिज़्म का बोलबाला है."

    उन्होंने कहा, "बीआरएस और आम आदमी पार्टी ने आज संसद में राष्ट्रपति के संबोधन के बहिष्कार का फ़ैसला किया है. हम राष्ट्रपति के ख़िलाफ़ नहीं हैं. लेकिन हम लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए एनडीए सरकार की नाकामियों के ख़िलाफ़ विरोध जतलाना चाहते हैं."

    इससे पहले आज आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा था कि उनकी पार्टी राष्ट्रपति के अभिभाषण का विरोध करेगी.

    उन्होंने कहा, "माननीय राष्ट्रपति का अभिभाषण मोदी सरकार के झूठे वादों और झूठे दावों का पुलिंदा होता है. इसमें माननीय के अपने एक शब्द नहीं है. मोदी सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है, इसलिए आम आदमी पार्टी राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार करेगी. बारह बजे विजय चौक पर प्रेस वार्ता करके पार्टी अपना पक्ष रखेगी."

  13. पाकिस्तान में डीज़ल-पेट्रोल में लगी 'आग', जनता परेशान

    पाकिस्तान के वित्त मंत्री इसहाक़ डार ने देश में पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में 35-35 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है.

    इस फ़ैसले को तत्काल लागू करने की घोषणा की गई है. पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इस तरह के इजाफे को लेकर क्या कह रहे हैं पाकिस्तानी. देखिए वीडियो.

  14. उपेंद्र कुशवाहा बोले- जेडीयू के संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष पद मेरे लिए झुनझुना है...

      • Author, चंदन कुमार जाजवड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता

    बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने एक बार फिर से पार्टी में दरकिनार किए जाने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने मंगलवार को पटना में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मुख्यमंत्री ने कहा है कि पार्टी में उपेंद्र कुशवाहा आए तो हमने उन्हें इज्जत दी और वे मुझसे स्नेह करते हैं. संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष मुझे जरूर बनाया गया. तब मुझे भी लगता था मुझे उन दायित्वों का निर्वहन करने का अवसर मिलेगा. मैं कार्यकर्ताओं के हितों की रक्षा कर पाऊंगा."

    संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष पद को झुनझुना बताते हुए उन्होंने कहा, "लेकिन मुझे बाद में पता चला कि संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष मुझे बनाया गया तो सीधे तौर पर एक झुनझुना मेरे हाथ में थमाया गया है. मैं अध्यक्ष बन गया पर सदस्यों को भी मनोनीत नहीं कर सकता, इसका क्या अर्थ है? मुझसे कभी कोई सुझाव नहीं मांगा गया."

    उपेंद्र कुशवाहा ने ये भी कहा कि पार्टी चाहे तो उनसे विधान परिषद की सदस्यता वापस ले सकती है.

    उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, "मुझे एक लॉलीपॉप थमाया गया. राज्य सभा की सदस्यता छोड़ने में मुझे एक पल का भी मलाल नहीं होता है, भारत सरकार में मंत्री पद को छोड़ते हुए एक पल का मलाल नहीं होता है तो एमएलसी (विधान परिषद की सदस्यता) कौन सी बड़ी चीज है. मुख्यमंत्री या पार्टी चाहें तो एमएलसी वापस ले सकते हैं."

    उन्होंने कहा, "अभी भी हम मुख्यमंत्री जी पर पूरा भरोसा करते हैं. हम उनका आदर करते हैं. आज भी मुख्यमंत्री जी से हाथ जोड़कर प्रार्थना करते हैं कि पार्टी और लव कुश समाज को बचा लीजिए. पार्टी में मेरे व्यक्तिगत अपमान का कोई सवाल नहीं है. गांधी जी का सामान भी फेंक दिया गया था. मेरे लिए आम लोगो के हितों की रक्षा ज़्यादा जरूरी है."

    इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उपेंद्र कुशवाहा की नाराज़गी पर कहा था, "क्या आपने कभी किसी राजनीतिक दल के भीतर होने वाली चर्चाओं पर बार-बार बाहर बात करते देखा है? लोगों को पार्टी में मिल कर बात करनी चाहिए. हमारा इतना स्नेह है कि पार्टी से कोई चला भी जाता है तो कोई फर्क नहीं पड़ता."

    उपेंद्र कुशवाहा और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए बयानबाज़ी लगातार सुर्खियों में बनी हुई है. यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि कुशवाहा जल्द ही जेडीयू छोड़कर बीजेपी के साथ जा सकते हैं.

    उपेंद्र कुशवाहा क़रीब दो साल पहले ही जेडीयू में शामिल हुए थे. 2014 में जब नरेंद्र मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने थे तब कुशवाहा केंद्र में राज्यमंत्री भी बनाए गए थे. उस वक़्त वे अपनी पार्टी आरएलएसपी को लीड कर रहे थे. बाद में उन्होंने बीजेपी का साथ भी छोड़ दिया और बिहार में विपक्षी महागठबंधन के साथ जुड़ गए.

  15. ऐसा स्कूल जो हमें भी बहुत कुछ सिखा सकता है

    महाराष्ट्र के रत्नागिरि का ये स्कूल कई मायनों में ख़ास है. इस स्कूल के संस्थापक का मानना है कि शिक्षा का काम सिर्फ़ बच्चों को शिक्षित करना नहीं होता बल्कि हर बच्चे की प्रतिभा को उजागर करना होता है.

    इसका ध्यान रखते हुए इस स्कूल में कई नए प्रयोग किए जाते हैं. देखिए, कैसे ये स्कूल किसी भी दूसरे स्कूल से अलग है.

    वीडियो: जान्हवी मुले, मिद्हत उल्ला हसनी, किंजल पंड्या वाघ

  16. विस्तारा एयरलाइंस की अबू धाबी से मुंबई आ रही फ़्लाइट में हंगामे का पूरा मामला क्या है

    अबू धाबी से मुंबई आ रही विस्तारा एयरलाइंस की फ़्लाइट में 45 साल की एक इतालवी महिला यात्री ने कथित तौर पर चालक दल के सदस्यों के साथ मारपीट की और अपने कपड़े उतारने की कोशिश की.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से बताया है कि सोमवार को ये घटना उस वक़्त हुई जब उस महिला को विमान के बिज़नेस क्लास में दाखिल होने से रोका गया.

    विमान के मुंबई लैंड होने के बाद क्रू मेंबर्स ने महिला यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई पुलिस ने महिला को गिरफ़्तार कर लिया. हालांकि बाद में अदालत ने उस महिला को जमानत दे दी

    विस्तारा एयरलाइंस ने एक बयान जारी कर कहा कि यात्री को उसके अभद्र और हिंसक बर्ताव के लिए क्रू ने रोका और प्रक्रिया के तहत संबंधित एजेंसी को घटना की जानकारी दी गई.

    पुलिस का कहना है कि महिला इकोनॉमी क्लास के टिकट पर यात्रा कर रही थीं. उन्होंने बिजनेस क्लास में दाखिल होने की कोशिश की जिसके बाद क्रू मेंबर्स ने उन्हें ऐसा करने से रोका.

  17. क्या इन पत्थरों से लाइट बल्ब जल रहा है?

    अफ़्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कॉन्गो में कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि वहां पत्थरों से बिजली पैदा हो रही है.

    इन वीडियो में कई लाख व्यू आए हैं और सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि इससे अफ्रीकी महाद्वीप में बिजली का संकट दूर हो सकता है. आखिर इन वीडियो की क्या सच्चाई है, बीबीसी ने विशेषज्ञों की मदद से यही जानने की कोशिश की.

  18. गौतम अदानी दुनिया के दस सबसे अमीर लोगों की लिस्ट से बाहर हुए

    अदानी समूह के संस्थापक गौतम अदानी मंगलवार को दुनिया के दस सबसे ज़्यादा अमीर लोगों की सूची से बाहर हो गए हैं.

    अमेरिकी वित्तीय फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च की ओर से अदानी समूह पर वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े गंभीर आरोप लगाने के बाद से इससे जुड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की जा रही है.

    गौतम अदानी की निजी संपत्ति पर भी इसका असर पड़ा है.

    पिछले कुछ दिनों में ही दुनिया के पांच सबसे अमीर लोगों की लिस्ट से बाहर होने के बाद अब दस सबसे अमीर लोगों की लिस्ट से भी बाहर हो गए हैं.

    आर्थिक जगत से जुड़ी ख़बरें देने वाले समूह ब्लूमबर्ग की ताजा लिस्ट में गौतम अदानी 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं. इस लिस्ट को आज यानी 31 जनवरी को ही अपडेट किया गया है.

    हालांकि, फोर्ब्स की अरबपतियों वाली लिस्ट में वह अभी भी आठवें स्थान पर मौजूद हैं.

    मंगलवार को शेयर बाज़ार के शुरुआती कारोबार में अदानी इंटरप्राइजेज के शेयर में दो फ़ीसदी का उछाल देखा गया है.

    आज ही अदानी इंटरप्राइजेज के बीस हज़ार करोड़ के एफ़पीओ का आख़िरी दिन भी है.

    सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शॉर्ट सेलिंग रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद कंपनी अपने एएफ़पीओ के लिए निवेशकों का भरोसा जीत पाती है या नहीं.

    24 जनवरी को इस रिपोर्ट के जारी होने के बाद अदानी समूह की लिस्टेड कंपनियों को 65 अरब डॉलर का नुक़सान हो चुका है. अदानी समूह ने इन रिपोर्टों को बेबुनियाद बताया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, एएफ़पीओ की कामयाबी ये बताएगी कि अदानी समूह हिंडनबर्ग रिपोर्ट के झटके से संभल सकती है या नहीं.

  19. गुजरात के इस 'मंकी मैन' की कहानी जानिए

    वीडियो में दिख रहे ये शख़्स हितेश वाधवानी हैं. इन्हें गुजरात के राजकोट में 'मंकी मैन' के नाम से जाना जाता है.

    दिहाड़ी मजदूर के तौर पर भी काम कर चुके हितेश कहते हैं कि मंकी मैन बनने की सलाह उन्हें अपने एक दोस्त से मिली.

    आज वो अपने इस काम से खुश हैं और भविष्य में सेलिब्रिटी बनना चाहते हैं. देखिए वीडियो.

  20. संसद में राष्ट्रपति मुर्मू का पहला अभिभाषण, कहा- सरकार ने 370 और तीन तलाक ख़त्म करने जैसे बड़े फ़ैसले लिए

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों को दिए गए संयुक्त अभिभाषण में कहा है कि सरकार के काम काज को पूरे नौ साल पूरे होने वाले हैं और देश में कई सकारात्मक बदलाव हो रहे हैं. सरकार ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, तीन तलाक की प्रथा ख़त्म करने जैसे बड़े फ़ैसले लिए.

    संसद में अपने पहले अभिभाषण में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, "आज़ादी के इस अमृत साल में देश के अमृत इतिहास का गौरव शामिल है. ये हमारे सामने युग-निर्माण का अवसर है, हमे इसके लिए शत प्रति शत साथ काम करना होगा."

    "साल 2047 तक ऐसा भारत बनाना है जो आत्मनिर्भर हो और जो अपने मानवीय दायित्वों को पूरा करने में सक्षम हो. जहां गरीबी ना हो, मध्यम वर्ग मज़बूत हो, ऐसा भारत जिसकी विविधता और भी उज्ज्वल हो. आज अमृतकाल का ये कालखंड बेहद महत्वपूर्ण हो गया."

    "मेरी सरकार को जब पहली बार लोगों ने अवसर दिया तो इसकी शुरुआत हमने 'सबके साथ और सबके विकास' के साथ की थी. विकास के पथ पर चलते हुए कुछ महीनों में 9 साल पूरे हो जाएंगे. कई सकारात्मक परिवर्तन हमने देखा, हर भारतीय का आत्मविश्वास चरम पर है और दुनिया देश को गौरव के साथ देखती है."

    'सरकार अभूतपूर्व गति से काम करती है'

    राष्ट्रपति ने कहा, "जिस आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की हम सभी कामना करते थे, वो इस दौरान बनना शुरू हुआ. देश जिस भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहता था, आज उसे मुक्ति मिल रही है. हम देश की 10 वें नंबर की अर्थव्यवस्था से 5वें नंबर की अर्थव्यवस्था बन गए है."

    उन्होंने कहा, "आज भारत में एक निडर और बड़े सपनों के लिए काम करने वाली सरकार है, आज भारत में ईमानदार का सम्मान करने वाली सरकार है. आज भारत में अभूतपूर्व गति से काम करने वाली सरकार है, महिलाओं की हर बाधा को दूर करने वाली सरकार है."

    'गरीबों के लिए योजनाएं लाई गईं'

    राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार ने कई योजनाए लाकर गरीबों की मदद की है.

    उन्होंने कहा, "आज मैं देशवासियों का धन्यवाद अदा करती हूं कि आपने हमारी सरकार को दो बार जिताया."

    "सरकार ने आयुष्मान भारत और गरीब कल्याण भारत योजना के ज़रिए में लाखों करोड़ों रुपये की मदद की. सभी तक पानी पहुंचाने के लिए सरकार ने जल जीवन मिशन की शुरुआत की. इन योजनाओं से गरीबों की चिंता का स्थाई समाधान मिल रहा है. सरकार ने टॉयलेट, बिजली, घर, गैस जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगों तक पहुंचाई है."