You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
पाकिस्तान के पेशावर में मस्जिद में धमाका, 59 की मौत कई घायल
पाकिस्तान के पेशावर शहर की एक मस्जिद में हुए धमाके में कम से कम 47 लोग मारे गए हैं.
लाइव कवरेज
बीजेपी के साथ फिर जाने पर नीतीश कुमार ने कहा- मर जाना हमें क़ुबूल, पर उनके साथ जाना क़ुबूल नहीं
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को अपना चर्चित बयान एक बार फिर दोहराया है कि वे भारतीय जनता पार्टी के साथ फिर जुड़ने के बजाय 'मर जाएंगे'.
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा, "मर जाना क़ुबूल है लेकिन उनके साथ जाना हमको कभी क़ुबूल नहीं है, यह याद रखिए."
उनका यह वक्तव्य बीजेपी नेताओं के हाल के उन बयानों के बाद आया है कि नीतीश कुमार अब अलोकप्रिय हो गए हैं और अब उनके साथ कोई गठबंधन नहीं होगा.
दरभंगा में संपन्न भाजपा की दो दिवसीय राज्य कार्यकारिणी की बैठक में भी नीतीश कुमार के साथ अब नहीं जाने का एलान किया गया.
2017 में बीजेपी के साथ जाना 'ग़लती' थी
नीतीश बिहार के सीएम ने 2013 में बीजेपी से गठबंधन तोड़ने के बाद 2017 में फिर से उसके साथ गठबंधन करने के फ़ैसले को अपनी 'ग़लती' करार दिया है.
नीतीश कुमार ने बीजेपी को अपने नेतृत्व में चुनावों में मिली शानदार सफलता की याद दिलाते हुए कहा कि उनकी वजह से बीजेपी को मुसलमानों के भी वोट मिलते थे.
बीजेपी को राज्य के विधानसभा चुनावों में अब तक सबसे अधिक 2010 में 91 सीटें मिली थीं. अभी वहां बीजेपी के पास 78 विधायक हैं.
नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जदयू का बीजेपी से पिछले साल अगस्त में गठबंधन टूट गया था. उसके बाद राजद और कांग्रेस के साथ मिलकर कुमार ने फिर से सरकार बना ली थी.
बीजेपी पर लालू यादव को फंसाने का आरोप
मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए कहा कि आज के ही दिन बापू की हत्या हुई थी और उनकी हत्या करने वालों को मुसलमानों की रक्षा करने के उनके कमिटमेंट से परेशानी थी.
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की ओर मुड़कर नीतीश कुमार ने कहा, "इनके पिता (लालू प्रसाद यादव) के ख़िलाफ़ कितने मामले दर्ज किए गए. लेकिन कुछ नहीं हुआ. उन्होंने मुझ पर फिर से हाथ मिलाने का दबाव बनाया. अब वे फिर से इन लोगों को दूसरे मामलों में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं."
उन्होंने कहा, "2020 में अपने वोट मुझे ट्रांसफर न करा पाने के कारण जब हमारी सीटें उनसे (बीजेपी से) कम आईं, तो मैं सीएम बनने का इच्छुक नहीं था. हमारे वोटरों ने उनका समर्थन किया था, जिससे उनका प्रदर्शन बेहतर रहा. उन्होंने मुझ पर फिर से कार्यभार संभालने का दबाव डाला. लेकिन चुनाव में उनकी संदिग्ध भूमिका को लेकर हमारी पार्टी में नाराज़गी बढ़ रही थी, तो मैंने अलग होने का फ़ैसला लिया."
नीतीश कुमार ने यह दावा भी किया है कि जदयू और बीजेपी गठबंधन के सबसे बेहतर दिनों में भी बीजेपी, जदयू के प्रति ईमानदार नहीं थी.
उन्होंने बताया, ''2010 में उन्होंने पांच या छह जगहों पर झामुमो जैसी पार्टी, जिसका चुनाव चिह्न हमारे जैसाा ही है, चुनाव लड़वाया ताकि हमारे वोटर भ्रमित हो जाएं. इससे तब हमें पांच या छह सीटें गंवानी पड़ी थीं.''
बजट सत्र के पहले हुई सर्वदलीय बैठक, सरकार का विपक्ष का समर्थन लेने का प्रयास
संसद के बजट सत्र शुरू होने के एक दिन पहले सोमवार को नई दिल्ली में हुई सर्वदलीय बैठक में 27 दलों के 37 नेताओं ने भाग लिया. हालांकि कांग्रेस पार्टी इस बैठक से नदारद रही.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी, राज्य सभा में बीजेपी के नेता पीयूष गोयल के साथ संसदीय कार्य मंत्रालय के दोनों राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और वी मुरलीधरन ने इस बैठक में सरकार का प्रतिनिधित्व किया.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बैठक समाप्त होने के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि सरकार विपक्षी दलों से सभी मसलों पर बात करने को तैयार है.
वहीं एएनआई के अनुसार जोशी ने कहा, ''आज की बैठक अच्छी रही. मैंने सदन के बेहतर संचालन के लिए विपक्षी दलों से सहयोग मांगा है.''
संसद के हर सत्र की शुरुआत के ठीक पहले होने वाली सर्वदलीय बैठक में सरकार विपक्ष का सहयोग हासिल करने की कोशिश करती है.
एएनआई ने बताया है कि इस बैठक में बहुजन समाज पार्टी ने चीन की घुसपैठ का मामला उठाते हुए इस पर संसद में बहस करने की मांग की है. बताया गया है कि इस पर सरकार ने जवाब दिया कि देश की सुरक्षा से जुड़े मसलों पर संसद में चर्चा नहीं हो सकती.
एजेंसी के अनुसार, इस बैठक में राजद ने अदानी मामले को उठाया, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने पीएम मोदी पर बनी बीबीसी की डॉक्युमेंट्री पर प्रतिबंध लगाए जाने के मसले को उठाया है.
वाईएसएआर कांग्रेस के सांसद विजय साई रेड्डी ने बताया कि उन्होंने संसद में महिला आरक्षण विधेयक को पेश करने और जाति आधारित जनगणना कराए जाने की मांग रखी है.
वहीं भारत राष्ट्र समिति के सांसद के केशव राव ने कहा है कि उनकी पार्टी राष्ट्रपति के अभिभाषण के बॉयकॉट करने या न करने पर तुरंत फ़ैसला लेगी.
दो हिस्सों में आयोजित होगा बजट सत्र
बजट सत्र की शुरुआत 31 जनवरी से होगी. यह सत्र दो हिस्से में आयोजित होगा. पहला हिस्सा 13 फ़रवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा हिस्सा 13 मार्च से 6 अप्रैल के बीच आयोजित होगा.
इस सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगी. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मंगलवार को ही मौजूदा वर्ष की आर्थिक समीक्षा पेश करेंगी.
बजट सत्र के अगले दिन (बुधवार को) लोकसभा में वित्त वर्ष 2023-24 का केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा. बाद में बजट को राज्यसभा में पेश किया जाएगा.
दो फ़रवरी से दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी. उसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी दोनों सदनों में जवाब देंगे.
पाकिस्तान के पेशावर में मस्जिद में धमाका, 59 की मौत कई घायल
पाकिस्तान के पेशावर शहर की एक मस्जिद में हुए धमाके में कम से कम 59 लोग मारे गए हैं. हमलावरों के निशाने पर पुलिसकर्मी थे क्योंकि ये मस्जिद पेशावर की पुलिस लाइन्स में मौजूद है. इस मस्जिद में पुलिस का सख़्त पहरा रहता है.
हमले में कम से कम 150 लोग घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. शहर के लेडी रिडिंग अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि अब भी कुछ लोगों की हालत गंभीर है.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने एक बयान में कहा है कि 'आतंकवादी पाकिस्तान की हिफ़ाज़त करने वालों को निशाना बनाकर ख़ौफ़ का माहौल बनाना चाहते हैं.'
अब तक इस हमले के लिए किसी ग्रुप ने ज़िम्मेदारी नहीं ली है. लेकिन इस पाकिस्तानी तालिबान से जोड़कर देखा जा रहा है.
तहरीके तालिबान पाकिस्तान नाम के इस चरमपंथी गुट ने बीते साल नवंबर में युद्ध विराम को ख़त्म कर दिया था. तब से पाकिस्तान के सरहदी इलाक़ों में हिंसा में तेज़ी आई है.
बताया जा रहा है कि पेशावर की मस्जिद पर हमला एक फ़िदायीन ने किया था.
निशाने पर पुलिसकर्मी
पेशावर पुलिस के प्रमुख मोहम्मद इजाज़ ख़ान ने स्थानीय मीडिया को बताया है कि धमाके के वक़्त घटनास्थल पर 300 से 400 के बीच पुलिसकर्मी मौजूद थे.
ये मस्जिद शहर के बेहद सुरक्षित समझे जाने वाले इलाक़े में मौजूद है जहां पुलिस का मुख्यालय है और आतंकवाद के विरुद्ध लड़ने वाले ब्यूरो का दफ़्तर भी.
एक बयान में पीएम शरीफ़ ने कहा है कि हमलावरों का इस्लाम से कोई नाता नहीं है. और सारा देश आतंकवाद के ख़तरे के ख़िलाफ़ एकजुट खड़ा है.
सोशल मीडिया में शेयर किए जा रहे एक वीडियो में धमाके के ज़ोर से आधी गिरी हुई दीवार देखी जा सकती है. सारी मस्जिद ईंटो और मलबे से सनी पड़ी दिख रही है.
पेशावर के कमिश्नर सैफ़ुल्लाह का कहना है कि मलबे के नीचे और भी लोगों के दबे होने की संभावना है.
केंद्र की नई एडवाइज़री में हर दिन आधे घंटे का 'जनहित कार्यक्रम' प्रसारित करना ज़रूरी
केंद्र सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक एडवाइज़री में निजी टीवी चैनलों को हर दिन 30 मिनट तक 'जनहित के कार्यक्रम' प्रसारित करने का निर्देश दिया है.
पत्र और सूचना कार्यालय यानी पीआईबी की वेबसाइट पर सोमवार को डाली गए एक रिलीज़ में यह जानकारी दी गई है.
'जनहित के कार्यक्रम' का अर्थ साफ़ करते हुए इस रिलीज़ में बताया गया है कि कॉन्टेन्ट, राष्ट्रीय महत्व और सामाजिक प्रासंगिकता के होने चाहिए.
इसमें शिक्षा और साक्षरता बढ़ाने, कृषि और गांवों के विकास, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, महिलाओं के कल्याण, कमज़ोर तबकों के कल्याण, राष्ट्रीय एकीकरण, पर्यावरण और सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा जैसे मुद्दों को शामिल किया गया है.
इस रिलीज़ के अनुसार, ''पिछले साल नौ नवंबर को 'भारत में टेलीविज़न चैनलों की अपलिंकिंग और डाउनलिंकिंग के बारे में दिशानिर्देश, 2022' जारी किया था. उसमें निजी प्रसारकों को हर दिन 30 मिनट तक जनहित के कार्यक्रम प्रसारित करने की ज़रूरत बताई गई.''
सरकार के अनुसार, ''इस बारे में, सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने निजी टीवी चैनलों और उनके संगठनों से व्यापक विचार विमर्श करने और उनसे मिली सलाह के आधार पर 30 जनवरी को यह एडवाइज़री जारी की जा रही है.''
अपनी इस एडवाइज़री में केंद्र सरकार ने साफ़ किया है कि ऐसे कॉन्टेन्ट लगातार 30 मिनट तक प्रसारित करना ज़रूरी नहीं, बल्कि इन्हें छोटे छोटे स्लॉट में प्रसारित किया जा सकता है.
यही नहीं प्रसारकों को हर महीने 'ब्रॉडकास्ट सेवा पोर्टल' पर ऑनलाइन एक रिपोर्ट जमा करनी होगी.
'पठान' की सफलता का असर, जानिए किस फ़िल्म की आगे खिसकी रिलीज़ डेट
शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्म 'पठान' की शानदार सफलता का असर दूसरी फ़िल्मों की रिलीज़ पर पड़ता हुआ दिख रहा है.
डेविड धवन के बड़े बेटे रोहित धवन के निर्देशन में बनी फ़िल्म 'शहज़ादा' की रिलीज़ की तारीख़ अब एक सप्ताह आगे खिसक गई है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस फ़िल्म के निर्माताओं ने सोमवार को जारी एक प्रेस रिलीज़ में इस फ़िल्म को अब 10 के बजाय 17 फ़रवरी को प्रदर्शित करने का फ़ैसला किया है.
इस फ़िल्म में कार्तिक आर्यन और कृति शैनन ने मुख्य भूमिका अदा की है. इसे भूषण कुमार, अल्लू अरविंद, अमन गिल और कार्ति आर्यन ने मिलकर बनाया है.
यह फ़िल्म 2020 की तेलुगु फ़िल्म 'अला वैकुंठपुरमुलू' की रीमेक है. उस फ़िल्म में अल्लू अर्जून और पूजा हेगड़े ने मुख्य भूमिकाएं की थी.
उधर पठान फ़िल्म के निर्माता यशराज फ़िल्म्स ने बताया है कि हिंदी सिनेमा के इतिहास में महज पांच दिनों के भीतर 500 करोड़ से ज़्यादा कमाने वाली यह पहली फ़िल्म है.
इस फ़िल्म ने पांच दिनों में 542 करोड़ रुपए कमा लिए हैं.
विश्व कप में हार के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम के चीफ़ कोच ग्राहम रीड का इस्तीफ़ा
ओडिशा में पुरुषों के हॉकी विश्व कप का समापन रविवार को होने के बाद भारतीय हॉकी टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड ने सोमवार को अपना इस्तीफ़ा दे दिया है. उन्होंने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की को अपना इस्तीफ़ा दिया है.
चीफ़ कोच रीड के साथ एनालिटिकल कोच ग्रेग क्लार्क और साइंटिफिक एडवाइज़र मिशेल डेविड पंबर्टन ने भी त्यागपत्र दे दिया है.
इस विश्व कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन काफ़ी निराशाजनक रहा और टीम क्वार्टर फ़ाइनल में भी नहीं पहुंच सकी. भारत इस टूर्नामेंट में नौवें स्थान पर रहा था.
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व मिडफ़ील्डर रीड 2019 से भारतीय टीम के कोच थे और टीम ने उनके रहते ही 2021 में टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था. यही नहीं 2022 के कॉमनवेल्थ खेलों में भारत ने सिल्वर मेडल जीता.
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा - भोजपुर में मेरे काफ़िले पर पथराव, भाग गए हमलावर
....में - Author, चंदन कुमार जजवाड़े
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, बिहार से
बिहार में जनता दल यूनाइटेड के नाराज़ नेता उपेंद्र कुशवाहा ने ट्वीट कर दावा किया है कि उनके काफ़िले पर हमला किया गया है.
कुशवाहा ने अपने ट्वीट में लिखा है कि भोजपुर जिले के जगदीशपुर में नयका टोला मोड़ के पास असामाजिक तत्वों ने उनके काफ़िले पर पत्थर फेंका.
ट्वीट में यह भी कहा गया है कि सुरक्षाकर्मियों के पीछा करने पर हमला करने वाले सभी लोग भाग गए. उपेंद्र कुशवाहा जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष है और पिछले काफ़ी दिनों से पार्टी से नाराज़ चल रहे हैं.
इस घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का बयान आया है. उन्होंने कहा है कि मुझे जानकारी नहीं है, यदि ऐसी बात है तो प्रशासन कार्रवाई करेगा.
उपेंद्र कुशवाहा और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए बयानबाज़ी लगातार सुर्खियों में बनी हुई है. यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि कुशवाहा जल्द ही जेडीयू छोड़कर बीजेपी के साथ जा सकते हैं.
उपेंद्र कुशवाहा क़रीब 2 साल पहले ही जेडीयू में शामिल हुए थे. 2014 में जब नरेंद्र मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने थे तब कुशवाहा केंद्र में राज्यमंत्री भी बनाए गए थे.
उस वक़्त वे अपनी पार्टी आरएलएसपी को लीड कर रहे थे. बाद में उन्होंने बीजेपी का साथ भी छोड़ दिया और बिहार में विपक्षी महागठबंधन के साथ जुड़ गए.
पिछले दिनों कुशवाहा इलाज के लिए दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में भर्ती हुए थे, उस दौरान बीजेपी के कुछ नेताओं ने उनसे मुलाक़ात भी की थी. तभी से ये चर्चा चल रही है कि उपेंद्र कुशवाहा एक बार फिर से जेडीयू से दूर जा सकते हैं.
इसी खींचतान के बीच भोजपुर में उपेंद्र कुशवाहा के ऊपर हमला हुआ है.
सुनिए दिनभर- 'पूरा दिन, पूरी ख़बर', मोहम्मद शाहिद और प्रेरणा के साथ
गोररखनाथ मंदिर में सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने वाले मुर्तज़ा अब्बासी को मौत की सज़ा
....में - Author, रशाद लारी
- पदनाम, गोरखपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए
पिछले साल अप्रैल में गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर के बाहर दो पीएसी जवानों पर हमले के अभियुक्त अहमद मुर्तज़ा अब्बासी को लखनऊ स्थित एनआईए-एटीएस कोर्ट ने फांसी की सज़ा सुनाई है.
लखनऊ स्थित एनआईए-एटीएस के स्पेशल कोर्ट के जज वीएस त्रिपाठी ने सोमवार को अपना फ़ैसला सुनाया. अब्बासी को कोर्ट ने शनिवार को दोषी करार दिया था.
फांसी की सज़ा सुनाए जाने के बाद गोरखपुर स्थित उनके घर पर सन्नाटा पसरा हुआ है.
मुर्तज़ा को फांसी की सज़ा सुनाए जाने पर उसके परिवार वालों ने मीडिया पर ख़बरों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया.
क्या है मामला?
अहमद मुर्तज़ा अब्बासी ने बीते साल तीन अप्रैल की शाम को गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर के सामने पीएसी के दो जवानों पर से हमला किया था. उन पर उत्तर प्रदेश एटीएस ने ग़ैरक़ानूनी गतिविधियां (रोकथाम) क़ानून यानी यूएपीए लगाया था.
पुलिस ने उन्हें बड़ी से मुश्किल से पकड़ा, जिस दौरान पुलिसकर्मी घायल भी हुए थे. अगले दिन उनके ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज किया गया था.
हालांकि हमले के ठीक बाद उनके पिता ने उन्हें मानसिक रूप से बीमार बताते हुए कहा था कि उनका इलाज चल रहा है.
गोरखपुर के सिविल लाइंस इलाक़े के प्रतिष्ठित परिवार में पैदा हुए अहमद मुर्तज़ा अब्बासी, आईआईटी मुंबई से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक हैं.
पुलिस ने मुर्तज़ा अब्बासी पर विदेशी चरमपंथी संगठनों के संपर्क में रहने के आरोप लगाए. सोशल मीडिया के ज़रिए कई चरमपंथी संगठनों से संपर्क में रहने के साथ उन पर फंडिंग लेने के भी आरोप थे.
उनकी गिरफ़्तारी के समय उनके बैग से उर्दू में छपी कुछ धार्मिक किताबें भी मिली थीं. गोरखनाथ मंदिर में अहमद मुर्तज़ा अब्बासी की हरकतें सीसीटीवी कैमरे में भी क़ैद हुई थीं.
'पठान' की कामयाबी पर बोले शाहरुख़ ख़ान - चार दिन में चार साल की थकान मिट गई
अपनी फ़िल्म 'पठान' को मिल रही सफलता पर शाहरुख़ ख़ान ने सोमवार को कहा कि इस फ़िल्म के सफल होने का पूरा बॉलीवुड बेसब्री से इंतज़ार कर रहा था. ऐसे में उन्होंने पूरी इंडस्ट्री को फिर से ज़िंदा करने के लिए लोगों को धन्यवाद कहा.
मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेन्स में ख़ान ने कहा कि बीते चार दिनों में इस फ़िल्म को मिली शानदार सफलता से चार साल की थकान मिट गई.
उनके साथ इस प्रेस कॉन्फ्रेन्स में दीपिका पादुकोण, जॉन अब्राहम और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद भी थे.
शाहरुख़ ख़ान ने बॉयकॉट की अपील के बावजूद इस फ़िल्म को शानदार सफलता दिलाने और ढेर सा प्यार देने के लिए अपने प्रशंसकों का बहुत शुक्रिया अदा किया. साथ ही इस फ़िल्म के निर्माण से जुड़े लोगों को भी धन्यवाद किया.
शाहरुख ख़ान ने कहा, ''कई बार हमें लोगों को फोन करना पड़ता था और उनसे कहना पड़ता था कि कृपया हमें अपनी फ़िल्म शांति से रिलीज करने दें. फ़िल्म देखना और फ़िल्म बनाना प्यारा अनुभव है और मैं उन सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने इस फ़िल्म को रिलीज़ करने में हमारी मदद की.''
हम इस फ़िल्म का समर्थन करने के लिए सभी दर्शकों और मीडिया के बहुत आभारी हैं.
हॉकी वर्ल्ड कप: नवीन पटनायक और ओडिशा को 11 सौ करोड़ के 'मेगा शो' से क्या मिला
केंद्र को अमर्त्य सेन का अपमान बंद कर देना चाहिए: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को बीरभूम में नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन से मुलाक़ात की.
इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को अमर्त्य सेन का अपमान बंद कर देना चाहिए.
उन्होंने केंद्र सरकार पर विश्वभारती (शांतिनिकेतन) का 'भगवाकरण' करने का आरोप लगाते हुए ऐसे प्रयासों को बंद करने की मांग की.
इस मुलाक़ात में ममता बनर्जी ने ख़ुद अमर्त्य सेन को 1.38 एकड़ ज़मीन के कागज़ात सौंपे. उन्होंने उन्हें 1984 के लैंड सर्वे और 1956 के रिवीज़नल सर्वे, दोनों ही काग़जात सौंपे.
इस दौरान उन्होंने कहा कि सेन पर ज़मीन हड़पने के विश्वभारती के आरोप 'झूठे' हैं और इसका मक़सद सेन को अपमानित करना है.
इससे पहले विश्वविद्यालय ने सेन पर आरोप लगाया था कि उन्होंने अवैध तरीक़े से 0.13 एकड़ ज़मीन कब्ज़ा कर रखी है, जिसे विश्वविद्यालय को लौटा देना चाहिए.
ममता बनर्जी ने इसके अलावा राज्य के डीजीपी को प्रो. सेन को 'ज़ेड प्लस' सिक्योरिटी देने का आदेश दिया है.
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा- आलोचना से ऊपर मैं भी नहीं
....में - Author, प्रभाकर मणि तिवारी
- पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कोलकाता के साल्ट लेक इलाक़े में 46वें कोलकाता पुस्तक मेले का उद्घाटन किया. यह मेला 31 जनवरी से शुरू होकर 12 फरवरी तक चलेगा.
इस मौक़े पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आलोचना से ऊपर वे भी नहीं हैं और आलोचना से सीखती हैं, लेकिन 'हेट स्पीच' की निंदा करती हैं.
इस मौक़े पर उन्होंने अब कोलकाता के अलावा दिल्ली में भी एक पुस्तक मेला आयोजित करने का एलान किया.
मेला परिसर में लगभग 700 बुक स्टाल के अलावा लघु पत्रिकाओं के 200 स्टाल हैं. इसे दिल्ली के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा पुस्तक मेला माना जाता है.
कोलकाता पुस्तक मेले में इस बार का थीम देश 'स्पेन' है. थाईलैंड इसमें पहली बार हिस्सा ले रहा है.
उद्घाटन समारोह में स्पेन, ब्रिटेन, फ्रांस, इटली, रूस, ऑस्ट्रेलिया, जापान, बांग्लादेश, अर्जेंटीना और क्यूबा समेत कई देशों के प्रतिनिधि और लेखक मौजूद थे.
'नेताओं के किताब लिखने की चर्चा नहीं होती'
ममता बनर्जी ने बताया कि उनकी अब तक 128 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं. इस साल छह पुस्तक और छप जाएंगी.
उनका कहना था कि कुप्रचार अलग बात है, लेकिन आलोचना से ऊपर वे ख़ुद भी नहीं हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें आलोचना से ख़ुशी होती है. वे सकारात्मक आलोचना से सीखने का प्रयास करती हैं.
मुख्यमंत्री ने इस बात पर अफ़सोस जताया कि मीडिया में बाक़ी चीज़ों का तो ज़िक्र होता है, लेकिन एक नेता के पुस्तक लिखने की कोई ख़ास चर्चा नहीं होती.
ममता बनर्जी ने कहा कि कोलकाता के बाद अब दिल्ली में भी पुस्तक मेला का आयोजन किया जाएगा. इसमें राज्य के विभिन्न ज़िले और विभिन्न देशों के प्रकाशक हिस्सा लेंगे.
उन्होंने कहा, “सबको अपनी बात कहने की आज़ादी है. लेकिन मैं 'हेट स्पीच' की निंदा करती हूं. उन्होंने लोगों से हेट स्पीच को 'ब्लैक आउट' करने और सकारात्मक रूप से सोचने की अपील की.”
ममता बनर्जी ने कहा कि कोरोना के बावजूद बीते साल क़रीब 24 करोड़ रुपए की किताबें बिकी थीं. इस साल यह आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है.
पाकिस्तान के पेशावर में मस्जिद पर आत्मघाती हमले में 28 मरे, 150 घायल
पेशावर पुलिस लाइन में मस्जिद में हुए विस्फोट की जानकारी देते हुए कमिश्नर पेशावर रियाज महसूद ने कहा है कि 'इस विस्फोट में अब तक मस्जिद के इमाम समेत 28 लोग मारे जा चुके हैं.'
पेशावर के आयुक्त के अनुसार, 'कई लोग अभी भी मलबे के नीचे दबे हुए हैं, जिससे हताहतों और घायलों की संख्या और बढ़ने की आशंका है.
उधर ख़ैबर पख़्तूनख्वाह के गर्वरन गुलाम अली ने कहा है कि घायलों की संख्या 150 है और इनमें अधिकतर पुलिसकर्मी हैं.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आत्मघाती विस्फोट की कड़ी निंदा की और कहा कि वह खैबर पख्तूनख्वाह में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर एक व्यापक रणनीति अपनाएंगे.
पेशावर में बचावकर्मियों के मुताबिक, फिलहाल मलबे में दबे जिंदा लोगों को निकालने की कोशिश जारी है.
बचाव दस्ते के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी के मुताबिक मलबे के नीचे पांच या छह लोग फंसे हो सकते हैं. और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है.
बिलाल अहमद फैजी ने कहा कि मलबे के नीचे कुछ मृतक भई हैं, लेकिन अभी तक शवों की संख्या का अंदाजा नहीं लगाया जा सका है.
राज्यों को मदद
उधर देश पीएम शाहबाज शरीफ ने कहा है कि उन्होंने गृह मंत्री को निर्देश दिया है कि राज्यों, खासकर खैबर पख्तूनख्वा के आतंकवाद विरोधी विभाग की क्षमता बढ़ाने में कोई कसर न छोड़ें.
शरीफ़ ने कहा कि केंद्र राज्यों की आतंकवाद विरोधी क्षमता को बढ़ाने में सहयोग करेगा. उनके अनुसार अन्यायी नागरिकों का खून बहाने वालों को सबक सिखाया जाएगा.
उनके मुताबिक अल्लाह के घर को निशाना बनाना इस बात का सबूत है कि हमलावरों का इस्लाम से कोई लेना-देना नहीं है और आतंकवादी उन लोगों को निशाना बनाकर डर पैदा करना चाहते हैं जो पाकिस्तान की रक्षा करने का कर्तव्य निभा रहे हैं.
मुरली विजय ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास
मुरली विजय ने सोमवार को इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी प्रारूपों से रिटायर होने का एलान किया है.
ट्विटर पर उन्होंने एक पत्र जारी करके ये सूचना दी.
इस पत्र में उन्होंने कहा है कि इंटरनेशनल स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना सम्मान की बात रही.
विजय ने इस ट्वीट में बीसीसीआई, तमिलनाडु क्रिकेट संघ, आईपीएल और चेन्नई सुपर किंग्स को भी टैग करते हुए लिखा है कि वे क्रिकेट खेलने का मौक़ा देने के लिए सबके आभारी हैं.
उन्होंने अपने सपने को सच करने में सहयोग देने के लिए अपने साथी खिलाड़ियों, कोच, मेंटर और सपोर्ट स्टाफ का शुक्रिया अदा किया है.
विजय ने क्रिकेट प्रशंसकों का भी शुक्रिया अदा किया है. उन्होंने अपने परिजनों और दोस्तों को भी धन्यवाद दिया है.
मुरली विजय ने 61 टेस्ट में कुल 3,982 रन बनाए, जबकि 17 वनडे में 339 रन. टेस्ट में इन्होंने 12 सेंचुरी और 15 हाफ़ सेंचुरी बनाई है. टेस्ट में इनका बैटिंग औसत 38.3 का रहा.
साइबर अपराधियों ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का फ़ेक इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर मांगे पैसे
संदिग्ध साइबर अपराधियों ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का फ़ेक इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उनके नाम पर लोगों से पैसे मांगे हैं.
राज्यपाल आर्लेकर ने इस बात की जानकारी अपने निजी ट्विटर अकाउंट पर दी है. उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और ऐसी मांगों पर ध्यान न देने की अपील की है.
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने इस बारे में ट्विटर पर किए एक ट्वीट में बताया है कि उसने इस बारे में शिकायत दर्ज कर ली है और संबंधित अधिकारियों से यह अकाउंट डिएक्टिवेट करने को कहा है.
पिछले साल संदिग्ध साइबर अपराधियों ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव जैसे सीनियर नेताओं और अधिकारियों के फ़र्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर मेडिकल इमरजेंसी का हवाला देते हुए लोगों से पैसे उगाहे थे.
हिमाचल प्रदेश में पिछले पांच सालों में साइबर अपराध के क़रीब 18 हज़ार मामले सामने आए. पुलिस के अनुसार, इनमें से आधे मामले वित्तीय धोखाधड़ी के रहे हैं.
पाकिस्तान: पेशावर की मस्जिद में धमाका, 17 की मौत, 10 की हालत गंभीर
पाकिस्तान के पेशावर शहर की मस्जिद में नमाज़ के वक्त एक धमाका हुआ है.
पेशावर के लेडी रीडिंग अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. आजम के मुताबिक, पुलिस लाइन स्थित मस्जिद में सोमवार को दोपहर की नमाज के दौरान हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या 17 हो गई है.
उन्होंने कहा है कि मरने वालों में पुलिसकर्मी भी हैं.
प्रवक्ता के मुताबिक इस विस्फोट में करीब 70 लोग घायल हैं जिनमें दस की हालत गंभीर है.
डॉ आजम के मुताबिक लेडी रीडिंग अस्पताल की स्थिति को देखते हुए इमरजेंसी लागू कर दी गई है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ज़रदारी ने हमले की निंदा करते हुए कहा है कि आतंक और मददगारों से सख़्ती निपटा जाएगा.
पेशावर धमाके पर पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई के चेयरमैन इमरान ख़ान ने कहा, "पेशावर पुलिस लाइन्स की मस्जिद में धमाके की पुरज़ोर निंदा करता हूँ. पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं. "
"ये ज़रूरी है कि हम अपने ख़ुफ़िया तंत्र को सुधारें और अपनी पुलिस को आतंकवाद के ख़तरे से निपटने के लिए पर्याप्त हथियार दें."
पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा है कि चुनावों से पहले हुआ ये धमाका निंदनीय है. उन्होंने कहा कि आतंकियों और उनके मददगारों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
बिलावल भुट्टो जरदारी ने एक बयान कहा, "नेशनल एक्शन प्लान ही आतंकियों का इलाज है, इसे सख्ती से लागू किया जाएगा. पीपीपी कार्यकर्ता और पदाधिकारी रक्तदान कर घायलों की जान बचाएं."
ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान: पेशावर की एक मस्जिद में धमाका, कई घायल
पाकिस्तान के पेशावर शहर में पुलिस लाइन के पास सोमवार दोपहर एक मस्जिद में धमाका हुआ है.
बचावकर्मियों ने बीबीसी को बताया कि इस धमाके में 20 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं और कुछ घायलों की हालत बेहद गंभीर है.
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, घायलों को पेशावर के लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती करवाया जा रहा है.
इस्लामाबाद के आईजी ने पेशावर में हुए धमाके के बाद हाई अलर्ट जारी किया है.
अहम इमारतों और ज़रूरी नाकों पर स्नाइपर्स यानी दूर से निशाना लगाने वाले तैनात किए गए हैं. नागरिकों को सलाह दी गई है कि वो घर से बाहर निकलते वक़्त अपने ज़रूरी दस्तावेज़ साथ में रखें.
घटनास्थल का क्या हाल है?
पाकिस्तान के टीवी चैनलों पर आ रही तस्वीरों में कई एबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचती हुई देखी जा रही हैं.
तस्वीरों में वहां भारी पुलिस मौजूदगी देखी जा रही है.
पाकिस्तान के निजी समाचार चैनल जियो टीवी ने अस्पताल के हवाले से बताया है कि अब तक लगभग 50 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
एक चश्मदीद ने जियो टीवी को बताया, "मैं मस्जिद की तरफ जा रहा था तभी एक धमाका हुआ. एक मेहराब गिर गई...नमाज़ बस शुरु ही हुई थी. बहुत बड़ा ब्लास्ट था. मैं बस मस्जिद में दाखिल ही होने वाला था. यहां कई पुलिस वाले नमाज़ पढ़ने आते हैं."
नॉर्थ वाजिरीस्तान से पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के सदस्य मोहसिन दावर ने ट्वीट किया, "पेशावर में फिर हमला हुआ है. पख़्तूनख़्वाह में जंग जारी है. पाकिस्तान अपनी ग़लत अफ़गान नीति को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है. जो तालिबान का समर्थन करते हैं उन्हें ज़िम्मेदार ठहराया जाना चाहिए."
ये पन्ना लगातार अपडेट किया जा रहा है.
भारी बर्फ़बारी के बीच राहुल गांधी का संबोधन, कहा- मैंने हिंसा देखी है कश्मीरियों का दुख समझता हूं
कश्मीर में भारी बर्फ़बारी के बीच भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि ''मैं हमेशा सरकारी घर में रहा, मेरे लिए ये ढांचे घर नहीं है, मेरे लिए जीने का तरीका घर है, जिसे आप कश्मीरियत कहते हैं उसे मैं अपना घर मानता हूं.''
एक ऐसा वक़्त भी आया कि लगा मैं नहीं चल पाऊंगा- राहुल गांधी
कश्मीर में इस वक़्त भारी बर्फ़बारी हो रही है. इस बर्फ़बारी के बीच जनता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “गर्मी में आपको गर्मी नहीं लगी और सर्दी में आपको सर्दी नहीं लग रही, ये देश की शक्ति है. जब प्रियंका ने मेरे मैसेज का ज़िक्र किया तो मेरी आंखें भर आईं, अमूमन ऐसा नहीं होता. इस यात्रा में ऐसा भी लगा था कि पता नहीं कर पाऊंगा या नहीं, लेकिन कर पाया. एक वक्त ऐसा आया जब मुझे लगा कि नहीं चल पाऊंगा. उस वक़्त एक बच्ची दौड़ती हुई आई और बोली-मैंने तुम्हारे लिए कुछ लिखा है अभी मत पढ़ो, बाद में पढ़ना. उसने लिखा था कि आपके घुटनो में दर्द है जब आप उस पर वज़न डालते हैं तो ये और दर्द होता है. मैं आपके साथ नहीं चल सकती क्योंकि मेरे माता-पिता नहीं चलने दे रहे, लेकिन मुझे पता है आप मेरे लिए चल रहे हैं और मेरा दर्द ये पढ़ कर गायब हो गया."
"मुझे छोटे बच्चे मिले जो भीख मांगते थे, उनके पास कपड़े नहीं थे मैं उनके गले लगा, वो ठंड से कांप रहे थे, शायद उन्हें खाना भी नहीं मिला था. तो मुझे लगा कि अगर वो स्वेटर नहीं पहन रहे तो मुझे भी नहीं पहनना चाहिए. ”
“जब मैं चल रहा था तो बहुत सारी महिलाएं मुझसे मिल कर रो रही थीं, लेकिन उनमें बहुत सी ऐसी महिलाएं भी थीं कि उनके साथ बलात्कार हुआ, उनका उत्पीड़न किया गया. अगर मैं उनसे पूछता कि पुलिस को बता दूं तो वह कहतीं, नहीं बस आपको बताना था, पुलिस को बताएंगे तो बहुत कुछ नुक़सान हो जाएगा. ”
कश्मीर जाने से पहले राहुल गांधी ने हमें संदेश भेजा कि मैं घर जा रहा हूं- प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंच से संबोधन करते हुए कहा, “मेरे भाई सितंबर से पैदल कन्याकुमारी से यहां तक चलने निकले थे मुझे पहले मुश्किल लग रहा था. पर जहां-जहां गए लोग बाहर आए, ये लोग बाहर किस लिए आए क्योंकि देश के लोगों में एक जज़्बा है, देश के संविधान के लिए जज़्बा है. कश्मीर की जनता का धन्यवाद कि आपने हमारा खुले दिल से स्वागत किया.”
“मुझे और मां को राहुल गांधी ने यहां आने से पहले संदेश भेजा था कि मुझे लग रहा है कि मैं अपने घर जा रहा हूं. मुझे गर्व है कि कांग्रेस ने एक ऐसी यात्रा की जिसका पूरे देश ने समर्थन किया.”
“मैं कह सकती हूं कि जो राजनीति बांटती है, तोड़ती है वो देश का भला नहीं कर सकती. ये एक आध्यात्मिक यात्रा रही. उन सभी का शुक्रिया जो देश के एक कोने से दूसरे कोने तक चले.”
“जिस सत्य अहिंसा की नींव पर ये देश बना उसकी हमें हिफ़ाजत करनी है. आप सभी को धन्यवाद देना चाहती हूं कि आपने एक रोशनी की किरण जलाई है.”
राहुल अपने घर आए हैं- मुफ़्ती
पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने कहा कि 'राहुल गांधी आपने कहा था कि आप कश्मीर में आए हैं, अपने घर आए हैं. यह आपका घर है. मुझे उम्मीद है कि गोडसे की विचारधारा ने जम्मू-कश्मीर से जो छीन लिया है वह इसे वापस मिल जाएगा. गांधी जी ने कहा था कि वह जम्मू-कश्मीर में आशा की किरण देखते हैं, आज देश को राहुल गांधी में आशा की किरण दिख रही है.
वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने इस मौके पर कहा, "हमें आपके साथ चलने का मौका मिला है. मुझे उम्मीद है कि अगर आप पूर्व से पश्चिम तक चलेंगे. हमें उम्मीद है कि हम आपके साथ आगे चलेंगे. ये बर्फ़ एक शुभ संकेत है, ये हमारे लिए खुशी और उजाला लेकर आई है.''