जब राजस्थान के कई हिस्सों में पेड़-पौधों पर जम गई बर्फ़
राजस्थान के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है.
माउंट आबू में शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया जा रहा है.
फसलों पर बर्फ़ जमने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है.
You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
हैदराबाद में हुए पहले वनडे मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड को एक बेहद नज़दीकी मुक़ाबले में 12 रन से हरा दिया है.
कीर्ति दुबे and संदीप राय
राजस्थान के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है.
माउंट आबू में शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया जा रहा है.
फसलों पर बर्फ़ जमने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है.
फ़िलीपींस के कोर्ट ने पत्रकार और नोबेल पुरस्कार विजेता मारिया रेसा और मीडिया संस्था रैपलर को टैक्स में धांधली के मामले में बरी कर दिया है. कोर्ट के इस फ़ैसले को देश में प्रेस की आज़ादी की जीत के रूप में देखा जा रहा है.
रेसा ने इस फ़ैसले के बाद कहा, "आज तथ्य की जीत हुई है, सच की जीत हुई, न्याय की जीत हुई है."
इस मामले में अगर रेसा को दोषी ठहराया जाता तो उन्हें 34 साल की सज़ा होती. रेसा पर ये केस साल 2018 से चल रहा था.
पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो डुटर्टे की सरकार ने मारिया रेसा और न्यूज़ संस्था रैपलर को विदेशी निवेशकों से जुटाए पैसे पर टैक्स के भुगतान में अनियमितता में अभियुक्त बनाया था.
फ़िलीपींस के न्याय विभाग ने आरोप लगाया था कि साल 2015 में विदेशी निवेशकों ओमिड्यार नेटवर्क और नॉर्थ बेस मीडिया ने रैप्लर को फंडिंग दी थी और डिपॉजिटरी रसीद के रूप में रैप्लर ने 2.5 मिलियन डॉलर की टैक्स योग्य आय जुटाई थी जिसे उसने डिक्लेयर नहीं किया.
रेसा और मीडिया संस्था रैपलर ने इस आरोप को ख़ारिज करते रहे हैं.
कोर्ट ने फ़ैसला सुनाते हुए कहा कि सरकारी पक्ष के वकील रेसा और मीडिया संस्था के खिलाफ़ आशंकाएं जताने के अलावा पुख़्ता सबूत नहीं पेश कर पाए.
कुछ साल पहले एक वीडियो ख़ूब शेयर हुआ था जिसमें किसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ चलने की कोशिश कर रहे जगत प्रकाश नड्डा को अमित शाह ने बांह से खींचकर पीछे कर दिया था. वो अमित शाह जो नरेंद्र मोदी के बाद भारतीय जनता पार्टी के सबसे कद्दावर नेता माने जाते हैं और मोदी के सबसे क़रीबी भी.
जेपी नड्डा और एक साल के लिए पार्टी के अध्यक्ष बने रहेंगे, ये जानकारी मीडिया को मंगलवार को अमित शाह से ही मिली. उन्होंने इसे एक 'शुभ समाचार' बताते हुए कहा कि 'कार्यसमिति ने सर्वसम्मति से जगत प्रकाश नड्डा के कार्यकाल को जून 2024 तक बढ़ाने को सहमति' दे दी है.
बातों के क्रम में अमित शाह ने कहा कि जेपी नड्डा ने मोदी जी के करिश्माई नेतृत्व में उनकी लोकप्रियता का और विस्तार किया, और बीसवीं सदी की सबसे बड़ी महामारी के दौरान भी संगठन के काम को जारी रखा और उसे सुदृढ़ किया.
राजनीतिक विश्लेषक राधिका रामाशेषन कहती हैं कि सत्ता की उम्मीदों और ज़रूरतों को पूरा करने की ज़िम्मेदारी निभाने में वो एक 'मिसाल' हैं और 'सीमाओं को पार न करने की क्षमता रखते हैं, वो सीमाएं भी जिन्हें खुले तौर पर न बताया गया हो.'
पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ वक़ार यूनुस ने कहा है कि उनका पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बॉलिंग कोच बनने का "कोई इरादा नहीं" है.
हाल ही में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ के बाद शॉन टैट ने पाकिस्तानी टीम के बॉलिंग कोच के पद से इस्तीफ़ा दे दिया. इसके बाद ये चर्चा तेज़ हो गई की वक़ार यूनूस टीम के नए बॉलिंग कोच हो सकते हैं.
इस बीच अब उन्होंने ट्वीट कर इस अटकलों को ख़ारिज किया है.
उन्होंने लिखा, “ऐसी अटकलें लगाई जा रही है कि मैं पाकिस्तान टीम का नया बॉलिंग कोच बनने वाला हूं. मैं सबको साफ़ कर देना चाहता हूं कि मुझसे इसे लेकर किसी ने बात नहीं की है न ही मेरा कोच बनने का कोई इरादा है.”
साल 2019 में अज़हर महमूद की जगह वक़ार यूनूस ने पाकिस्तानी टीम का बॉलिंग कोच बनाया गया था.
अज़हर महमूद के विश्वकप में पाकिस्तान की निराशजनक परफ़ॉर्मेंस के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया था. पाकिस्तान टूर्नामेंट में लीग स्टेज से आगे भी नहीं बढ़ पाया था.
साल 2019 से लेकर 2021 तक यूनूस टीम के बॉलिंग कोच बने रहे.
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फ़ारूक़ अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि कश्मीर की समस्या तब तक ख़त्म नहीं होगी जब तक हम अपने पड़ोसी से बात नहीं करते और दशकों से चली आ रही इस समस्या का वास्तविक समाधान नहीं ढूंढते.
उन्होंने यह भी कहा कि “जब तक हम एकजुट नहीं होंगे तब तक भारत तरक्की नहीं कर पाएगा और मजबूत नहीं बन पाएगा.”
रॉ के पूर्व प्रमुख एएस दुलत की किताब ‘अ लाइफ़ इन द शैडोज: अ मेमॉयर’ के दिल्ली में हुए विमोचन कार्यक्रम के दौरान नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख ने कहा, “भारत एक अनोखा देश है और यह इसलिए है, क्योंकि यहां हम सब मिलकर सोचते हैं.“
“हमें फिर से महात्मा गांधी के सपनों के भारत में लौटना होगा. अगर देश को प्रगति करनी है तो छोटे-छोटे विभाजन को समाप्त करना होगा. जब तक हम एकजुट नहीं होंगे, देश कभी मजबूत नहीं बनेगा.”
उन्होंने कश्मीर में चरमपंथ पर कहा, “कश्मीर की समस्या भी तब तक ख़त्म नहीं होगी जब तक हम अपने पड़ोसी से बात नहीं करते और इस समस्या का वास्तविक समाधान नहीं निकालते... और मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है कि आतंकवाद भी तब तक बना रहेगा.”
नेपाल के पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के क़रीब हुए विमान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में पांच भारतीय शामिल थे. इनमें से चार उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन चारों मृतकों के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये देने का एलान किया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, “यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल विमान हादसे में मारे गए गाजीपुर ज़िले के चार युवकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की.”
इस विमान ने काठमांडू से पोखरा के लिए उड़ान भरी थी जो लैंडिंग के पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में 68 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है.
नेपाल सरकार ने दुर्घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय आयोग बनाया है.
राष्ट्रीय जनता दल ने पार्टी के नेता सुधाकर सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
ये नोटिस सुधाकर सिंह के हालिया बयान को लेकर जारी किया गया है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि कृषि विभाग में भ्रष्टाचार हुआ और नीतीश कुमार इसके लिए ज़िम्मेदार हैं.
अपने नोटिस में आरजेडी ने कहा है कि सुधाकर सिंह ने गठबंधन धर्म की मर्यादा का उल्लंघन किया है और पार्टी के फ़ैसले के बावजूद नीतीश कुमार को लेकर बयान दिया जिससे पार्टी का बड़ा वर्ग आहत है.
पार्टी महासचिव अब्दुल बारी सिद्दिक़ी के हस्ताक्षरित नोटिस में कहा गया है कि “आपको यह कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है. संज्ञान में आया है कि एक बार पुनः आपने गठबंधन धर्म की मर्यादा का उल्लंघन किया.आरजेडी के राष्ट्रीय अधिवेशन में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया था कि गठबंधन के मसलों और शामिल दलों के शीर्ष नेतृत्व के संदर्भ में सिर्फ़ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ही बात रखने के लिए अधिकृत हैं.”
“राष्ट्रीय जनता दल के संविधान की धारा-33 के नियम-22 के तहत आप कृपया 15 दिनों के अंदर यह स्पष्टीकरण दें कि क्यों नहीं आपके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए.”
आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने मंगलवार को कहा कि यह सोचना जल्दबाज़ी होगी कि वैश्विक आर्थिक विकास को प्रभावित करने के मामले में भारत, चीन की जगह ले लेगा.
उन्होंने कहा कि स्थिति आगे चलकर बदल सकती है क्योंकि भारत पहले से ही दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, यह बढ़ रहा है और विस्तार जारी रखने की क्षमता रखता है.
वर्ल्ड इकोनॉमिक फ़ोरम में हाल ही में दुनिया के प्रमुख अर्थशास्रियों के जारी आउटलुक पर वह एक प्रेस ब्रीफ़िंग कर रहे थे, इसमें अधिकांश अर्थशास्रियों ने 2023 में वैश्विक मंदी की आशंका जताई है.
राजन ने कहा कि “चीनी अर्थव्यवस्था में कोई भी सुधार निश्चित रूप से वैश्विक विकास की संभावनाओं को बढ़ा देगा.”
उन्होंने कहा कि इस समय नीति निर्माता श्रम बाजार और आवास बाजार पर नज़र टिकाए हुए हैं. अमेरिका का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि "वहां घरों की बिक्री नहीं हो रही, लेकिन ऐसा भी नहीं है कि घर सस्ते हो रहे हैं."
उन्होंने कहा, “ऐसा ही भी नहीं है कि चारों ओर हताशा और निराशा ही छाई है, अगर पुतिन युद्ध खत्म कर देते हैं तो इसका बेहतर असर देखने को मिलेगा. अभी 12 महीने का समय है और अगर चीन का विकास होता है तो ये दुनिया के लिए एक अच्छी बात होगी.”
जानी-मानी पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग को पश्चिमी जर्मनी में चल रहे एक विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने थोड़ी देर के लिए हिरासत में लिया.
वह अन्य पर्यावरण कार्यकर्ताओं के साथ जर्मनी के एक निर्जन गांव लग्ज़राथ को तोड़ कर उसका कोयले के खदान के रूप में विस्तार किए जाने के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रही थीं.
पुलिस का कहना है कि थनबर्ग को गिरफ़्तार नहीं किया गया. इसके बाद पुलिस ने कहा कि उनके पहचान पत्र की जांच कर उन्हें छोड़ दिया गया था.
थनबर्ग को तब हिरासत में लिया गया जब कार्यकर्ताओं का समूह ग्राज़वाइलर 2 खदान की ओर ‘तेज़ी से आगे बढ़ने लगा.’
पुलिस अधिकारी ने कहा है कि जिन्हें भी हिरासत में लिया गया है उन पर कोई मुक़दमा नहीं चलेगा.
इस घटना का वीडियो सामने आया है जिसमें ग्रेटा थनबर्ग को तीन पुलिसकर्मी अपने साथ ले जाते नज़र आ रहे हैं और वह मुस्कुरा रही हैं. कार्यकर्ताओं का तर्क है कि ये कोयले से ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन को कम करने की जर्मनी की कोशिशों के खिलाफ़ है.
जर्मनी सरकार नॉर्थ राइन-वेस्टफ़ेलिया, जिस राज्य में खदान स्थित है, वहां कोयले को 2030 तक फ़ेज़-आउट करना चाहती है, वहीं पूरे देश में कोयले के इस्तेमाल को बंद करने का लक्ष्य 2038 है.
लिग्नाइट कोयले का सबसे गंदा रूप है, और लग्ज़रथ के आसपास के क्षेत्र में हर साल इसके 25 मिलियन टन का उत्पादन होता है.
इस गांव का मालिकाना हक़ एनर्जी कंपनी आरईडब्लू के पास है और कंपनी का कहना है कि उसे यहां पाए जाने वाले कोयले की ज़रूरत इस ठंड के मौसम में है.
सरकार का कहना है कि रूस से गैस ना आने के कारण जर्मनी में ऊर्जा की मांग पूरी करने के लिए कोयले की खदान का विस्तार करना ज़रूरी है.
नमस्कार,बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.
ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 16 जनवरी के अपडेट्स के लिए आपयहां क्लिककर सकते हैं.