You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार ने दिया इस्तीफ़ा, क्या है वजह
यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार ओलेस्की अरेस्तोविच ने अपने एक बयान को लेकर माफी मांगी है और इस्तीफ़ा दे दिया है.
लाइव कवरेज
प्रियंका झा and वात्सल्य राय
यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार ने दिया इस्तीफ़ा, क्या है वजह
यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार ओलेस्की अरेस्तोविच ने इस्तीफ़ा दे दिया है.
राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के सलाहकार ओलेस्की ने एक बयान में कहा था कि नीप्रो शहर में यूक्रेन के एयर डिफेंस ने रूस की एक मिसाइल को मार गिराया और इस वजह से ये मिसाइल एक इमारत से टकरा गई.
मिसाइल टकराने से 44 लोगों की मौत हो गई थी. ओलेस्की ने कहा है कि उनसे 'ग़लती' हो गई और उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी है.
उनके शुरूआती बयान के बाद यूक्रेन के लोगों ने गहरी नाराज़गी जाहिर की थी.
वहीं, रूस के अधिकारियों ने इस घटना को यूक्रेन को बदनाम करने के लिए इस्तेमाल किया था.
वाराणसी में हॉट एयर बैलून और नौका महोत्सव, देखिए कैसी है रंगत
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में चार दिन के हॉट एयर बैलून और नौका महोत्सव का आयोजन किया गया है.
पर्यटन विभाग ने ये जानकारी देते हुए बताया है कि इसमे वाराणसी के स्थानीय लोगों के अलावा बाहर से आने वाले लोग भी उत्साह से हिस्सा ले रहे हैं.
समाचार एजेंसी एएनआई ने पर्यटन विभाग की डिप्टी डायरेक्टर प्रीति श्रीवास्तव के हवाले से बताया, " बीते साल वाराणसी में साढ़े सात करोड़ पर्यटक आए थे."
उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य वाराणसी को देश नंबर वन टूरिस्ट डेस्टिनेशन (पर्यटन केंद्र) बनाने का है. इसके लिए अहम अलग अलग गतिविधियों की शुरुआत कर रहे हैं जो पर्यटकों को भी लुभाएं."
वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है.
अल शबाब के हमले में सोमालिया के सीनियर कमांडर की मौत
सोमालिया में जिहादी समूह अल शबाब के एक हमले में सेना के एक सीनियर कमांडर की मौत हो गई. इस हमले में कई और सैनिक मारे गए हैं.
सोमालिया के अधिकारियों ने बताया कि अल शबाब ने एक सैन्य ठिकाने पर हमला किया.
ये सैन्य अड्डा राजधानी मोगादिशू के उत्तर में हावाले शहर में है.
मारे गए अधिकारी की पहचान कर्नल अबशीर शताके के रुप में हुई है. सेना ने बीते साल अक्टूबर महीने में इस सैन्य ठिकाने पर अधिकार किया था. हाल में सोमालिया की सेना ने अल शबाब को कई मोर्चों पर मात दी है.
एक दिन पहले ही सेना ने एक अहम पोर्ट पर अधिकार हासिल किया था.
इस पोर्ट पर कई सालों से जिहादियों का कब्ज़ा था. बीते साल शुरु हुए अभियान के बाद से सोमालिया की सेना अल शबाब के कब्ज़े वाले बड़े क्षेत्र पर अधिकार कर चुकी है.
सोमालिया की सेना को अमेरिका और तुर्की की हवाई सेना का भी सहयोग मिल रहा है.
बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में क्या बोले पीएम नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा है कि वो 'हाशिए के लोगों को मुख्यधारा' में लाने के लिए काम करें.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में 'देश और समाज को बदलने के काम को कर्तव्य मानकर' करने को कहा.
प्रधानमंत्री मोदी के भाषण को लेकर मीडिया को महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जानकारी दी.
उन्होंने बताया, "प्रधानमंत्री हमेशा कहते हैं कि जब तक हम हाशिए के लोगों को मुख्यधारा में नहीं लाएंगे तब तक विकास अधूरा होगा. "
फडणवीस ने कहा, "प्रधानमंत्री ने एक बात बहुत स्पष्टता से बताई कि हम लोगों को संवेदनशीलता के साथ समाज के सभी अंगों के साथ अपना रिश्ता जोड़ना है."
'वोट की चिंता नहीं करें'
उनके मुताबिक, "प्रधानमंत्री ने कहा कि केवल वोट की चिंता मत कीजिए. हमें देश और समाज को बदलना है. ये हमारा कर्तव्य है. जो संकल्प करता है. वही इतिहास रचता है."
फडणवीस ने कहा, "'अमृत काल' को 'कर्तव्य काल' में परवर्तित करने से ही देश को आगे ले जाया जा सकता है "
उन्होंने बताया, "प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस प्रकार हमने बेटी बचाओ अभियान को सफल बनाया, उसी प्रकार से धरती बचाओ अभियान भी चलाना होगा."
नड्डा जून 2024 तक अध्यक्ष बने रहेंगे
बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ाने का फ़ैसला किया गया.
जेपी नड्डा जून 2024 तक अपने पद पर बने रहेंगे. उनके कार्यकाल विस्तार की जानकारी बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दी.
लोकसभा के अगले चुनाव 2024 में होने हैं. इस फ़ैसले के बाद साफ़ है कि आने वाले लोकसभा चुनाव के समय नड्डा ही बीजेपी के अध्यक्ष रहेंगे.
दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर: मोहम्मद शाहिद और अंजुम शर्मा के साथ
दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर: सुनिए मोहम्मद शाहिद और अंजुम शर्मा के साथ
ईशान किशन न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ किस पोजीशन पर खेलेंगे, रोहित शर्मा ने बताया
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा है कि विकेटकीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ सिरीज़ में मध्यक्रम में खेलेंगे.
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सिरीज़ कल (18 जनवरी) से शुरू हो रही है.
तेज़तर्रार बल्लेबाज़ ईशान किशन पारी की शुरुआत भी करते हैं. उन्होंने अब तक 10 वनडे मैच खेले हैं और दो बार ओपनिंग की है.
बांग्लादेश के ख़िलाफ दिसंबर में खेली गई वनडे सिरीज़ में उन्होंने बतौर ओपनर दोहरा शतक जमाया था. उन्होंने सिर्फ़ 131 गेंदों में 210 रन की पारी खेली थी और वनडे में सबसे तेज़ दोहरे शतक का रिकॉर्ड अपने नाम किया.
इसके बाद श्रीलंका के ख़िलाफ़ सिरीज़ में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. कप्तान रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल ने पारी की शुरुआत की.
श्रीलंका के ख़िलाफ़ सिरीज के शुरुआती मैच में ईशान किशन को मौका न दिए जाने को लेकर बहस भी हुई लेकिन गिल ने अपने प्रदर्शन से आलोचकों को प्रभावित किया.
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने आज (मंगलवार को) साफ़ कर दिया कि न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ भी ईशान किशन पारी की शुरुआत नहीं करेंगे. रोहित ने कहा, " ईशान किशन मिडिल ऑर्डर में खेलेंगे."
अय्यर की जगह पाटीदार
मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ सिरीज से बाहर हो गए हैं. बीसीसीआई ने बताया है कि अय्यर को पीठ में चोट लगी है. चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह रजत पाटीदार को टीम में मौका मिला है.
भारत की वन डे टीम:रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, ईशान किशन, विराट कोहली, सूर्य कुमार यादव, केएस भरत, हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), रजत पाटीदार, वाशिंगटन सुंदर, शहबाज़ अहमद, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, और उमरान मलिक.
पत्रकार राना अय्यूब की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 23 जनवरी को सुनवाई
....में - Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए
ग़ाज़ियाबाद कोर्ट के समन के ख़िलाफ़ पत्रकार राना अय्यूब की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को सुनवाई के लिए तैयार हो गया.
प्रवर्तन निदेशालय ने राना अयूब के ख़िलाफ़ मनी लॉन्ड्रिंग ये केस दर्ज किया है.
इस केस में ग़ाज़ियाबाद के पीएमएलए कोर्ट ने उन्हें समन जारी किया है.
राना अय्यूब की तरफ़ से एडवोकेट वृंदा ग्रोवर ने सुप्रीम कोर्ट से अर्जेंट लिस्टिंग के लिए आग्रह किया था.
चीफ़ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस पीएस नरसिम्हा ने राना अय्यूब की याचिका पर 23 जनवरी को सुनवाई पर सहमति दी है.
वृंदा ग्रोवर ने कहा कि ग़ाज़ियाबाद कोर्ट ने इस मामले में राना अय्यूब को 27 जनवरी को पेश होने के लिए कहा है, इसलिए इस पर जल्द सुनवाई की जाए.
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, राना अय्यूब ने अपनी याचिका में ग़ाज़ियाबाद कोर्ट की कार्यवाही रद्द करने की मांग की है.
चीन कैसे चुरा रहा है अमेरिका के तकनीकी राज़
वो एक सीधी-सादी तस्वीर थी, जिसने ज़ेंग शियाओचिंग की पतन की पटकथा लिख दी. ज़ेंग अमरीकी कंपनी जनरल इलेक्ट्रिक पावर के कर्मचारी थे.
अमरीका के न्याय विभाग की ओर से लगाए गए आरोप के मुताबिक़, अमेरिकी नागरिक ज़ेंग शियाओचिंग ने अपनी कंपनी से चुराई गई गोपनीय फ़ाइलों को डूबते सूरज की एक डिजिटल तस्वीर में बाइनेरी कोड के तौर पर छुपा रखा था. इसके बाद ज़ेंग शियाओचिंग ने ये तस्वीर ख़ुद को मेल की थी.
ज़ेंग ने जिस तकनीक से गोपनीय जानकारी चुराई थी, उसे स्टेगानोग्राफ़ी कहा जाता है. इसमें किसी डेटा फ़ाइल को किसी दूसरी डेटा फ़ाइल में कोड के तौर पर छुपाया जाता है. ज़ेंग ने जनरल इलेक्ट्रिक से संवेदनशील जानकारियों वाली फ़ाइलें चुराने के लिए कई बार इस तकनीक का इस्तेमाल किया था.
जनरल इलेक्ट्रिक एक बहुराष्ट्रीय कंपनी है, जिसे स्वास्थ्य, ऊर्जा और अंतरिक्ष के क्षेत्रों में बड़ी उपलब्धियों के लिए जाना जाता है. ये कंपनी फ़्रिज से लेकर हवाई जहाज़ के इंजन तक, सब कुछ बनाती है.
नाम 'शरीफ़', ख़ुद को बताया यूएई का बड़ा अधिकारी, होटल को लगाया 23 लाख का चूना, तलाश रही है पुलिस
दिल्ली पुलिस यूएई के शाही परिवार के करीबी होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति की तलाश कर रही है.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया है कि अभियुक्त फ़र्जी पहचान के साथ दिल्ली के पांच सितारा होटल लीला पैलेस में रुका और होटल का 23 लाख रुपये से ज़्यादा बकाया चुकाए बिना ही चंपत हो गया.
होटल ने पुलिस में की शिकायत में आरोप लगाया है कि ये व्यक्ति अपने साथ होटल का कीमती सामान भी ले गया है.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, "बीते साल एक अगस्त को ख़ुद को यूएई सरकार का वरिष्ठ अधिकारी बताने वाला व्यक्ति होटल में आया. उसने अपना नाम मोहम्मद शरीफ बताया."
पुलिस ने क्या बताया
पुलिस के मुताबिक, "वो कमरा नंबर 427 में रुके हुए थे. वो 20 नवंबर को होटल छोड़कर चले गए. जब वो होटल में आए थे तो उन्होंने ख़ुद को यूएई सरकार का अहम अधिकारी बताया था. पुलिस के मुताबिक उन्होंने फ़र्जी बिजनेस कार्ड दिया था."
पुलिस अधिकारियों ने बताया, "ऐसा लगता है कि होटल में रुके व्यक्ति ने ग़लत पहचान को पुष्ट करने के लिए जानबूझकर कार्ड दिए थे. "
पुलिस के मुताबिक होटल ने अपनी शिकायत में बताया है, " उस व्यक्ति ने अगस्त और सितंबर 2022 में कुछ राशि का भुगतान भी किया था. उन्होंने कमरे के किराए के तौर पर साढ़े 11 लाख रुपये दिए थे लेकिन अब भी उन पर 23 लाख 48 हज़ार 413 रुपये की देनदारी बाकी है. "
शिकायत में आगे कहा गया है, "बकाया राशि के एवज में उन्होंने 21 नवंबर 2022 की तारीख का एक चेक भी दिया था जो खाते में रकम न होने की वजह से बाउंस हो गया. "
पुलिस ने बताया है कि वो व्यक्ति 20 नवंबर को दोपहर एक बजे के करीब होटल का कीमती सामान लेकर चंपत हो गया.
पुलिस ने गठित की कई टीमें
शिकायत में कहा गया है कि ऐसा लगता है कि उन्होंने ये जानबूझकर किया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखकर उनकी गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
पुलिस ने बताया है कि अभियुक्त को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं.
लोकेशन की जानकारी करने के लिए उनके फ़ोन को सर्विलांस पर लगाया गया है.
विदेश मंत्री जयशंकर बोले-'ताकत के बूते चीन ने की सीमा को बदलने की कोशिश'
विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि चीन ने भारत की उत्तरी सीमाओं पर सैन्य ताकत के बूते और दोनों देशों के बीच हुए समझौतों का उल्लंघन कर यथास्थिति को बदलने की कोशिश की.
लेकिन कोविड के बावजूद, मई 2020 में भारत की जवाबी प्रतिक्रिया मज़बूत और दृढ़ थी.
ब्रेकिंग न्यूज़, मक्की को वैश्विक आतंकवादी घोषित करने पर भारत खुश, चीन ने क्या कहा?
भारत ने लश्कर ए तैयबा (एलईटी) नेता अब्दुल रहमान मक्की को वैश्विक आतकंवादियों की सूची में शामिल किए जाने के फ़ैसले का स्वागत किया है. चीन ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि 'आतकंवाद मानवता का साझा दुश्मन' है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, "लश्कर ए तैयबा (एलईटी) आतंकवादी अब्दुल रहमान मक्की को लिस्ट करने (वैश्विक आतंकवादियों की सूची में शामिल करने) के संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आईएसआईएल और अलक़ायदा प्रतिबंध समिति के फ़ैसले का हम स्वागत करते हैं."
बागची ने कहा, "वो एलईटी लीडर हाफ़िज सईद के रिश्तेदार भी हैं. मक्की ने एलईटी नेतृत्व से जुड़ी कई भूमिकाएं निभाई हैं. वो इस संगठन के लिए धन भी जुटाते रहे हैं."
उन्होंने आगे कहा, "आतंकवादी संगठनों से इस इलाक़े में हमेशा बड़ा ख़तरा बना रहता है. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की ओर से (आतंकवादियों को) सूचिबद्ध करना और प्रतिबंध लगाना ऐसे ख़तरों को रोकने और इस इलाक़े में आतंक के ढांचे को ध्वस्त करने के लिहाज से प्रभावी कदम हैं."
'दुनिया पर दबाव बनाए रखेंगे'
बागची ने कहा, "आतंकवाद को लेकर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति को लेकर भारत प्रतिबद्ध है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर इस बात का दबाव बनाता रहेगा कि वो आतंकवाद के ख़िलाफ़ विश्वसनीय, प्रामाणिक और दोबारा न बदले जा सकने वाले कदम उठाए."
चीन ने क्या कहा?
मक्की को वैश्विक आतंकवादी घोषित करने के मामले में चीन ने 'टेक्निकल होल्ड' (तकनीकी रोक) हटाने के मामले में कहा, 'आतंकवाद मानवता का साझा दुश्मन है.'
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वान वेनबिन ने कहा कि 'आतंकवाद रोकने के दिशा में पाकिस्तान के प्रयासों की भी सराहना' होनी चाहिए.
नेपाल विमान हादसे की कहानी चश्मदीदों ने बताई
नेपाल के पोखरा में हुए विमान हादसे में 68 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. रविवार को यह हादसा पोखरा हवाई अड्डे के पास लैंडिग से ठीक पहले हुआ.
ये हादसा कितना ख़तरनाक था इस बारे में वहां मौजूद चश्मदीदों ने बताया. नेपाल सरकार ने दुर्घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय आयोग बनाया है.
ब्रिटेन ने किया फ़ैसला, हथियारों के डीलर संजय भंडारी का होगा भारत प्रत्यर्पण
ब्रिटेन की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने आर्म्स डीलर और मिडिलमैन संजय भंडारी को भारत प्रत्यर्पित करने का आदेश दिया है. संजय भंडारी भारत में कर चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों का सामना कर रहे हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, संजय भंडारी के प्रत्यर्पण का फ़ैसला पिछले हफ़्ते किया गया था. इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील के लिए भंडारी को 14 दिनों की मोहलत दी गई है.
लंदन के हाई कोर्ट के एडमिनिस्ट्रेटिव डिविजन में संजय भंडारी जनवरी के आख़िर तक प्रत्यर्पण के फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपनी अपील दायर कर सकेंगे.
60 वर्षीय संजय भंडारी के ख़िलाफ़ भारत ने दो प्रत्यर्पण याचिकाएं दायर कर रखी हैं. पहली मनी लॉन्ड्रिंग और दूसरी कर चोरी के मामले से जुड़ी हुई हैं.
पिछले साल नवंबर में ब्रिटेन की एक अदालत ने ये फ़ैसला दिया था कि संजय भंडारी का प्रत्यर्पण किया जा सकता है. इसके बाद ब्रिटिश सरकार के लिए प्रत्यर्पण के फ़ैसला का रास्ता खुल गया था.
नेपाल: ब्लैक बॉक्स खोलेगा विमान हादसे का राज़?
नेपाल में दुर्घटनाग्रस्त हुए यती एयरलाइंस के विमान का ब्लैक बॉक्स सोमवार को मिल गया. उम्मीद है कि इससे दुर्घटना के बारे में अहम जानकारी मिल पाएगी.
विमान में सवार सभी 72 यात्रियों के मारे जाने की आशंका है. देखिए बीबीसी संवाददाता रजनी वैद्यनाथन की रिपोर्ट.
बीजेपी और आरएसएस ने देश की सभी संस्थाओं पर कब्ज़ा कर लिया है: राहुल गांधी
कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भारत की सभी संस्थाओं को कंट्रोल करने का आरोप लगाया है.
होशियापुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, "सभी संस्थाओं पर उनका दवाब है. चुनाव आयोग, नौकरशाही, न्यायपालिका पर उन्होंने कब्जा कर रखा है. जो पहले राजनीतिक लड़ाई होती थी, वैसी लड़ाई नहीं है. अब लड़ाई भारत की संस्थाओं और विपक्ष के बीच है."
उन्होंने ये भी कहा कि वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दफ़्तर कभी नहीं जाएंगे भले ही कोई उनका गला काट दे.
उन्होंने आरोप लगाया, "प्रेस पर दबाव है. ब्यूरोक्रेसी पर दबाव है. चुनाव आयोग पर दबाव है. वे न्यायपालिका पर दबाव डालते हैं."
ईवीएम से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "ये एक राजनीतिक पार्टी की दूसरी राजनीतिक पार्टी से लड़ाई नहीं है. ये अब उनके द्वारा कब्ज़े में ले ली गई संस्थाओं और विपक्ष के बीच की लड़ाई है. इसमें से एक फ़ैक्टर ईवीएम भी है."
उन्होंने दावा किया कि देश में सामान्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया अब ग़ायब हो गई है. उन्होंने कहा कि ये साफ़ है कि आर्थिक परेशानियां, बेरोज़गारी और बढ़ती क़ीमतें बीजेपी को बड़ा नुक़सान पहुंचाएंगे.
मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हुई कथित सुरक्षा चूक के मामले में उन्होंने कहा, "कौन सी सुरक्षा में चूक हुई थी. वह मुझे गले लगाने आया था और अति उत्साहित था. इसे सुरक्षा में चूक नहीं कहेंगे. यात्रा में ऐसा होता रहता है."
यूपी में कड़ाके की ठंड में छुट्टा जानवरों से फसल बचाते हुए जान गँवा रहे हैं किसान
केस- 1:
मृतक किसान का नाम: नन्हा लोधी, उम्र 49 साल
गांव: देवराकला, उन्नाव, उत्तर प्रदेश
मौत का कारण: छुट्टा पशुओं से फसल बचाते हुए ठंड से मौत का दावा
नन्हा लोधी छोटी जोत के किसान थे. उनके पास आधा बीघा से भी कम ज़मीन थी, जिसमें उन्होंने गेहूं लगाया था.
इस फसल को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए खेत में ही मचान बनाकर रहते थे.
अमेरिका, इसराइल, चीन, फ्रांस, भारत हथियार बनाने में म्यांमार की मदद कर रहे हैं: रिपोर्ट
म्यांमार पर नजर रखने वाले अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के एक समूह 'स्पेशल एडवाइज़री काउंसिल ऑन म्यांमार' का कहना है कि भारत समेत एक दर्जन से देश अधिक हथियारों के उत्पादन में बर्मा की सेना की मदद कर रहे हैं.
उनका कहना है कि म्यांमार इन हथियारों का इस्तेमाल अपने ही लोगों के ख़िलाफ़ कर रहा है.
'स्पेशल एडवाइज़री काउंसिल ऑन म्यांमार' में संयुक्त राष्ट्र के पूर्व अधिकारी शामिल हैं.
समूह का कहना है कि म्यांमार की मिलिट्री सरकार को हथियार बनाने के लिए ज़रूरी रॉ मटीरियल, ट्रेनिंग और मशीनें मुहैया कराई जा रही हैं.
म्यांमार को मदद देने वाले देशों में अमेरिका, फ्रांस, भारत और जापान जैसे देश शामिल हैं.
दो साल पहले म्यांमार में सत्ता सेना ने अपने हाथ में ले ली थी. आधिकारिक रूप से देश की कमान सेना के हाथों में जाने के बाद 2600 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं.
हालांकि जानकारों का कहना है कि वास्तविक आंकड़े इससे कहीं अधिक हो सकते हैं.
'स्पेशल एडवाइज़री काउंसिल ऑन म्यांमार' की जांच में ये बात भी सामने आई है कि म्यांमार के हथियारों के कारखानों में इसराइल और फ्रांस के सॉफ़्टवेयर, चीन का रॉ मटीरियल और अमेरिकी और जापान की मशीनें इस्तेमाल हो रही हैं.
COVER STORY: धरती पर मंडराता ख़तरा
कहीं बर्फ़ीला तूफ़ान तो कहीं बाढ़ तो कहीं सूखा. जलवायु परिवर्तन का असर पूरी दुनिया में साफ़ तौर पर दिख रहा है.
एशिया से लेकर अमेरिका और यूरोप तक लोग इसकी मार झेल रहे हैं.
दुनिया भर में जलवायु परिवर्तन कैसे लोगों की ज़िंदगी को प्रभावित कर रहा है, इसी की बात कवर स्टोरी में.
ब्रेकिंग न्यूज़, जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ा, जून 2024 तक बने रहेंगे बीजेपी के अध्यक्ष: अमित शाह
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जून 2024 तक अपने पद पर बने रहेंगे.
ये जानकारी आज बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दी.
लोकसभा के अगले चुनाव 2024 में होने हैं. इस फ़ैसले के बाद साफ़ है कि आने वाले लोकसभा चुनाव के समय नड्डा ही बीजेपी के अध्यक्ष रहेंगे.
अमित शाह ने बताया कि सदस्यता अभियान पूरा नहीं होने की वजह से उनका कार्यकाल बढ़ाया गया है.
अमित शाह ने बताया कि कार्यकाल बढ़ाने का प्रस्ताव पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने रखा, जिसे राष्ट्रीय कार्यसमिति ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी. जेपी नड्डा 20 जनवरी 2020 को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे.
अमित शाह ने कहा कि पहले भी ऐसा हुआ है जब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल बढ़ाया गया हो.
उन्होंने जेपी नड्डा के कार्यकाल की उपलब्धियों का भी ज़िक्र किया.