You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत ने न्यूज़ीलैंड को रोमांचक मैच में 12 रनों से हराया, वनडे सिरीज़ में 1-0 से बढ़त

हैदराबाद में हुए पहले वनडे मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड को एक बेहद नज़दीकी मुक़ाबले में 12 रन से हरा दिया है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and संदीप राय

  1. #INDvsNZ : शुभमन गिल ने लगाया शतक

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच हैदराबाद में खेले जा रहे तीन वनडे मैचों की सिरिज़ के पहले मैच में भारतीय बल्लेबाज़ शुभमन गिल ने शानदार शतक जड़ा है.

    शुभमन गिल का ये लगातार दूसरा शतक है और इसके साथ ही यह उनके वनडे करियर का तीसरा शतक है.

    टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की ओर से ओपनर शुभमन गिल ने 87 गेंदों में शतक बनाकर मेजबान टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया है.

    भारत न्यूज़ीलैंड के बीच तीन एकदिवसीय मैचों की सिरीज़ की शुरुआत आज से हो रही है.

    दोनों टीमों का मनोबल ऊंचा है क्योंकि एक तरफ़ भारतीय टीम ने हाल ही में श्रीलंका को वनडे सिरीज़ में मात दी है जबकि न्यूज़ीलैंड की टीम भी वनडे सिरीज़ में पाकिस्तान को हरा कर उत्साह में है.

  2. सिंधी समाज के लोग क्यों लौटा रहे हैं गुरु ग्रंथ साहिब की प्रतियाँ?

    मध्य प्रदेश के इंदौर में सिंधी समाज के मंदिरों और संतों के डेरों में दशकों से रखी गुरु ग्रंथ साहिब की प्रतियाँ गुरु सिंह सभा को सौंपी जा रही हैं.

    ये फ़ैसला एक विवाद के बाद हुआ और ये विवाद तेज़ी से फैलता भी चला गया. सिंधी समाज ने कुल मिलाकर विभिन्न मंदिरों और डेरों से गुरु ग्रंथ साहिब की 90 प्रतियाँ सिखों के हवाले कर दी हैं.

    सिंधी समाज का कहना है कि सारा विवाद तब शुरू हुआ जब शहर के राजमहल के इलाक़े में कुछ लोग एक घर में पहुँचे जहाँ गुरु ग्रंथ साहिब की प्रतियाँ रखी थीं. कुल दस हथियारबंद लोग थे जो वेशभूषा से निहंग लग रहे थे, उन्होंने वहाँ रखे ग्रंथ साहिब की 'बेअदबी' का आरोप लगाया और उनसे मर्यादा का पालन करने के लिए कहा.

    इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया जिसमे वहाँ मौजूद लोगों और 'निहंग जैसे दिखने' वाले लोगों के बीच तीखी नोक-झोंक हुई. निहंग जैसी वेश भूषा में आए लोगों की पहचान सामने नहीं आई है.

  3. स्टार धाविका दुती चंद डोप टेस्ट में पॉज़िटिव पाए जाने पर निलंबित

    दो बार की ओलंपियन और भारत की अग्रणी धाविका दुती चंद को डोप टेस्ट में पॉज़िटिव पाए जाने के बाद अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, वर्ल्ड एंटी डोपिंग एजेंसी (वाडा) द्वारा कराए गए सैंपल ए टेस्ट की रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है.

    उन्हें एजेंसी की ओर से इस बावत सूचना भेजी गई है और अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है.

    हालांकि दुती चंद को अभी अपील का मौका है और वो सैंपल बी टेस्ट के लिए कह सकती हैं.

    26 साल की दुती चंद ने 2018 के एशियन गेम्स में 100 मीटर और 200 मीटर की चैंपियनशिप में दूसरा स्थान हासिल किया था और 100 मीटर में वो नेशनल चैंपियन हैं.

    दुती को साल 2019 में प्रतिष्ठित टाइम मैग्ज़ीन की 100 उभरते हुए सितारों की लिस्ट में भी जगह मिल चुकी है जो अपने-अपने क्षेत्र में अगली पीढ़ी को प्रेरणा दे रहे हैं.

  4. त्रिपुरा समेत तीन राज्यों में चुनावों की तारीख़ों का एलान

    चुनाव आयोग ने पूर्वोत्तर के तीन राज्यों - नगालैंड, मेघालय और त्रिपुरा के विधानसभा चुनावों की तारीख़ों का एलान कर दिया है.

    मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि त्रिपुरा में 16 फ़रवरी को, मेघालय और नगालैंड में 27 फ़रवरी को चुनाव होगा.

    चुनावी नतीजे 2 मार्च को घोषित किए जाएंगे.

    इन तीनों राज्यों में कुल 62.8 लाख वोटर हैं, जिनमें 1.76 लाख वोटर पहली बार अपना मत देंगे.

    इन राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मार्च में ख़त्म हो रहा है.

    नगालैंड विधानसभा का कार्यकाल 12 मार्च को, मेघालय विधानसभा का 15 मार्च और त्रिपुरा विधानसभा का 22 मार्च को कार्यकाल ख़त्म हो जाएगा.

  5. बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक धरने पर बैठे, जानिए क्यों

    भारत के कई दिग्गज पहलवान भारतीय कुश्ती महासंघ के ख़िलाफ़ धरने पर बैठ गए हैं. दिल्ली के जंतर-मंतर पर बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट, साक्षी मलिक समेत कई अन्य खिलाड़ी धरने पर बैठे हुए हैं.

    विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है.

    विनेश फोगाट ने ट्वीट कर लिखा है, "खिलाड़ी आत्मसम्मान चाहता है और पूरी शिद्दत के साथ ओलंपिक और बड़े खेलो के लिए तैयारी करता है, लेकिन अगर फ़ेडरेशन उसका साथ ना दे, तो मनोबल टूट जाता है. लेकिन अब हम नही झुकेंगे. अपने अधिकारों के लिए लड़ेंगे. इन खिलाड़ियों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के बहिष्कार की अपील भी की है."

    दूसरी ओर बजरंग पुनिया का कहना है कि फ़ेडरेशन का काम खिलाड़ियों का साथ देना, उनकी खेल की ज़रूरतों का ध्यान रखना होता है.

    उन्होंने ट्विटर पर लिखा, "कोई समस्या हो तो उसका निदान करना होता है. लेकिन अगर फ़ेडरेशन ही समस्या खड़ी करे तो क्या किया जाए? अब लड़ना पड़ेगा, हम पीछे नहीं हटेंगे."

    बजरंग पुनिया ने कहा, "खिलाड़ी पूरी मेहनत कर के देश को मेडल दिलाता हैं लेकिन फ़ेडरेशन ने हमें नीचा दिखाने के अलावा कुछ नहीं किया. मनचाहे क़ायदे क़ानून लगा कर खिलाड़ियों को प्रताड़ित किया जा रहा है."

    साक्षी मलिक ने भी फ़ेडरेशन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

    खिलाड़ियों का आरोप है कि फ़ेडरेशन मनमाने और एकतरफ़ा नियम बनाकर खिलाड़ियों को परेशान कर रहा है.

    ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक ने कहा कि खिलाड़ी शाम चार बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने मुद्दे उठाएंगे.

    साक्षी मलिक ने ट्वीट किया है, "खिलाड़ी देश के लिए पदल जीतने के लिए जी जान लगा देते हैं लेकिन फ़ेडरेशन ने कुछ नहीं किया. मनमाने नियम लागू कर खिलाड़ियों को परेशान किया जा रहा है."

  6. पाकिस्तान: वैश्विक आतंकी घोषित होने वाले मक्की की कहानी

    पाकिस्तान से संचालित होने वाले प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के मौजूदा नेता अब्दुल रहमान मक्की को संयुक्त राष्ट्र ने ग्लोबल टेररिस्ट घोषित कर दिया है.

    भारत ने इस फ़ैसले का स्वागत किया है. कौन हैं मक्की, इस बारे में बता रही हैं बीबीसी संवाददाता शुमाइला जाफ़री.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, यूक्रेन: हेलीकॉप्टर क्रैश में देश के गृह मंत्री समेत 16 लोगों की मौत

    यूक्रेन की राजधानी कीएव के बाहरी इलाके में एक किंडरगार्टन के पास हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में देश के गृह मंत्री समेत 16 लोगों की मौत हो गई है. मरने वालों में दो बच्चे शामिल हैं.

    दुर्घटना में घायल 21 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें 10 बच्चे हैं. शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि पहले हेलीकॉप्टर किंडरगार्टन की इमारत से टकराया और उसके बाद पास ही स्थित रिहाइशी इमारत के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    हेलीकॉप्टर में मंत्री डेन्यस मोनास्टीर्सकी के साथ आठ अन्य लोग बैठे थे. जिस समय दुर्घटना हुई अंधेरा और कुहासा अधिक था. अधिकारियों ने कहा कि इस दुर्घटना में आंतरिक मामलों के उप मंत्री और स्टेट सेक्रेटरी की भी मौत हो गई है.

    देश के पुलिस प्रमुख ने अपने फ़ेसबुक पोस्ट में लिखा है कि हेलीकॉप्टर यूक्रेन के स्टेट इमरजेंसी सर्विस का था. एक जलती हुई इमारत के पास दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर का मलबा दिखाई दे रहा था.

  8. 30 साल बाद ऐसे पकड़ा गया इटली का मोस्ट वॉन्टेड डॉन

    लगभग तीन दशकों से पुलिस की आंखों में धूल झोंकने वाला इटली का मोस्ट वॉन्टेड माफ़िया सिसली में पकड़ा गया. माटेओ मेसीना डेनारो कई माफ़िया गिरोहों का सरगना था.

    इटली में 90 के दशक में हुए तीन बम धमाकों में उसका हाथ था. उसे ग़िरफ़्तार करने के लिए सौ लोगों की टीम बनाई गई और बेहद दिलचस्प तरीके से या यूं कहें फ़िल्मी तरीके से पुलिस ने उसे धर दबोचा.

  9. गुजरात में 'पठान' की रिलीज से पहले मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ने सुरक्षा मदद मांगी

    शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म 'पठान' की रिलीज से पहले 'मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ गुजरात' के अध्यक्ष मनु पटेल ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह मंत्री हर्ष सांघवी को पत्र लिखकर सुरक्षा मदद मांगी है.

    फिल्म 25 जनवरी को रिलीज होने वाली है. मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन की चिट्ठी में कहा गया है, "सिनेमाघरों में दिखाई जाने वाली फिल्म पहले सेंसर बोर्ड के पास जाती है और उसके बाद ही वह रिलीज होती है."

    उन्होंने कहा, "रंगमंच एक व्यवसाय है और उन्हें व्यवसाय करने का अधिकार है. इसलिए इस मुद्दे पर विचार किया जाए और उचित सहयोग दिया जाए."

    पत्र में यह भी कहा गया है, "पिछले 20 दिनों में मल्टीप्लेक्स मालिकों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से धमकी दी जा रही है, इसलिए उन्हें सुरक्षा दी जानी चाहिए. अगर किसी को फिल्म से कोई समस्या है, तो वह भारत सरकार या अदालत के पास जा सकता है."

    इससे पहले बजरंग दल ने अहमदाबाद में इस फिल्म के पोस्टर फाड़े थे. इस स्थिति को देखते हुए मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ गुजरात ने यह पत्र लिखा है.

    फिल्म के 'बेशरम रंग' गाने को लेकर पहले ही विवाद हो चुका है. इस गाने में एक्ट्रेस के कपड़ों के रंग पर हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई है. बीजेपी के कुछ नेताओं ने भी इस फिल्म पर बैन लगाने की मांग भी की है.

  10. -50 डिग्री सेल्सियस में कैसे जी रहे हैं ये लोग

    उत्तर भारत में इन दिनों ज़ोर का जाड़ा पड़ रहा है और तापमान शून्य के क़रीब पहुंचने पर जनता कांप रही है.

    लेकिन आज लिए चलते हैं आपको रूस के ऐसे शहर में जहां तापमान शून्य से 50 डिग्री नीचे है और ज़िंदगी रुकी नहीं है.

    ये रूस का यकुत्सक शहर है जिसे दुनिया की सबसे ठंडी जगहों में गिना जाता है.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, मनप्रीत सिंह बादल ने कांग्रेस पार्टी से दिया इस्तीफा, भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए

    पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. इस्तीफ़ा देने के बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है.

    राहुल गांधी को लिखे इस्तीफे वाले पत्र में मनप्रीत बादल ने कहा है, "मैंने सात साल पहले पीपल्स पार्टी ऑफ पंजाब को बड़ी उम्मीदों के साथ कांग्रेस का हिस्सा बनाया था. ताकि मुझे पंजाब के लोगों के लिए, पंजाब के हितों के लिए और अपनी क्षमता के अनुसार काम करने का अवसर मिल सके. बहुत दुख के साथ कह रहा हूं कि मैं कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं."

    मनप्रीत बादल ने अपने इस्तीफ़े की वजह पार्टी की आंतरिक गुटबाज़ी को बताया है.

    मनप्रीत सिंह बादल पंजाब के पांच बार के मुख्यमंत्री और अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैं. उन्होंने प्रकाश सिंह बादल की सरकार में वित्त मंत्री के रूप में भी काम किया है.

    राज्य में सबसे लंबे समय तक सत्ता में रहने वाले बादल परिवार से ताल्लुक रखने वाले मनप्रीत बादल अतीत में शिरोमणि अकाली दल का हिस्सा रह चुके हैं.

    अक्टूबर, 2010 में अकाली दल ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया था.

    इसके बाद साल 2011 में पूर्व वित्त मंत्री ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी 'पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब' बनाई, जिसका 2017 में उन्होंने कांग्रेस में विलय कर दिया.

    उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में बठिंडा (शहरी) से कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ा और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को हराकर जीत हासिल की. इस सीट से मनप्रीत बादल 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार से हार गए थे.

  12. हाइड्रोजन से चलने वाली गाड़ियां, जो धुआं नहीं पानी छोड़ती हैं

    ऑटो एक्सपो में इस बार हाइड्रोजन से चलने वाली कारों को भी शोकेस किया गया है.

    हाइड्रोजन कार को फ्यूचर कार कहा जाता है. ये कारें प्रदूषण नहीं फैलातीं.

    आने वाले समय में ये कारें भारत की सड़कों पर भी दौड़ेंगी.

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख्वा प्रांत की विधानसभा भंग

    पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख्वा प्रांत की विधानसभा बुधवार को भंग कर दी गई. पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की पार्टी के नेतृत्व वाली ये दूसरी राज्य सरकार थी जिसने सत्ता छोड़कर चुनाव का रास्ता चुना है.

    ख़ैबर पख़्तूनख्वा के गवर्नर हाजी गुलाम अली ने विधानसभा भंग करने के आदेश पर आज दस्तखत कर दिए.

    राज्यपाल के आदेश में कहा गया है कि मुख्यमंत्री की सलाह पर प्रांतीय विधानसभा को भंग किया जा रहा है.

    कार्यवाहक मुख्यमंत्री की नियुक्ति होने तक महमूद खान मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे.

    मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता आपसी सलाह-मशविरे के बाद तीन दिनों के भीतर कार्यवाहक मुख्यमंत्री की नियुक्ति करेंगे.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी की रिपोर्ट के अनुसार, इमरान ख़ान तय समय से पहले आम चुनाव कराने के एजेंडे पर आगे बढ़ रहे हैं.

    पिछले साल अप्रैल में अविश्वास प्रस्ताव हारने के बाद इमरान ख़ान सत्ता से बेदखल हो गए थे. उसके बाद से ही पाकिस्तान में राजनीतिक अनिश्चितता का माहौल जारी है.

  14. COVER STORY: धरती पर मंडराता ख़तरा

    कहीं बर्फ़ीला तूफ़ान तो कहीं बाढ़ तो कहीं सूखा. जलवायु परिवर्तन का असर पूरी दुनिया में साफ़ तौर पर दिख रहा है.

    एशिया से लेकर अमेरिका और यूरोप तक लोग इसकी मार झेल रहे हैं.

    दुनिया भर में जलवायु परिवर्तन कैसे लोगों की ज़िंदगी को प्रभावित कर रहा है, इसी की बात कवर स्टोरी में.

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, #INDvsNZ : भारत ने टॉस जीतकर किया पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला

    भारत और न्यूजीलैंड के बीच हैदराबाद में खेले जाने वाले पहले वनडे मैच में रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है. ये मैच 1.30 बजे से शुरू होगा.

    भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैच की सिरीज का आगाज़ बुधवार से हो रहा है और पहला मैच हैदराबाद में खेला जा रहा है.

    इससे पहले श्रीलंका के साथ खेली गई सिरीज़ में विराट कोहली ने शानदार प्रदर्शन किया था. इस सिरीज में भारत ने 3-0 से जीत दर्ज की थी.अब न्यूजीलैंड के खिलाफ भी टीम इंडिया दमदार प्रदर्शन जारी रखना चाहेगी.

    टीम कैप्टन रोहित शर्मा ने कहा, "पिच अच्छी दिख रही है, थोड़ी सूखी है. हम कोशिश करेंगे कि हम दिन की रोशनी में गेंदबाज़ी करें, और वैसे ही स्कोर का पीछा करें जैसा श्रीलंका में किया था."

    प्लेइँग इलेवन में हार्दिक, ठाकुर और किशन की जगह केएल राहुल, अय्यर और अक्षर पटेल को शामिल किया गया है.

    भारत के प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, शुभमान गिल, विराट कोहली, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, वाशिंगटन सुन्दर, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज

  16. तेलंगाना: केसीआर की रैली में साथ दिखेंगे अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान और पिनराई विजयन

    तेलंगाना के खम्मम में आज होने जा रही सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति की रैली में तीन ग़ैर-भाजपा और ग़ैर-कांग्रेसी राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होने जा रहे हैं.

    मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व में होने जा रही इस रैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन शामिल होंगे.

    ये रैली 18 जनवरी की दोपहर में होगी.

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के महासचिव डी राजा भी इस रैली में हिस्सा लेंगे.

    इस रैली से पहले केजरीवाल, भगवंत मान, पिनराई विजयन, अखिलेश यादव और डी राजा की बुधवार सुबह नाश्ते पर भी मिले.

    मुख्यमंत्री केसीआर ने अपनी पार्टी तेलंगाना राष्ट्र समिति का नाम भारत राष्ट्र समिति करने के बाद देश की ग़ैर-कांग्रेस और ग़ैर-बीजेपी पार्टियों को एक मंच पर लाने की कोशिश तेज़ कर दी है.

  17. नेपाल: ब्लैक बॉक्स खोलेगा विमान हादसे का राज़?

    नेपाल में दुर्घटनाग्रस्त हुए यती एयरलाइंस के विमान का ब्लैक बॉक्स सोमवार को मिल गया. उम्मीद है कि इससे दुर्घटना के बारे में अहम जानकारी मिल पाएगी.

    विमान में सवार सभी 72 यात्रियों के मारे जाने की आशंका है. देखिए बीबीसी संवाददाता रजनी वैद्यनाथन की रिपोर्ट.

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, राफ़ेल नडाल ऑस्ट्रेलियन ओपेन से बाहर, मैकेन्ज़ी मैकडॉनल्ड से हारे

    राफ़ेल नडाल बुधवार को अपना दूसरे राउंड का मैच हार कर ऑस्ट्रेलियन ओपेन 2023 से बाहर हो गए हैं.

    नडाल जो अपने 23वें ग्रैंड स्लैम सिंगल टाइटल जीतने की रेस में थे, वो अमेरिका के मैकेन्ज़ी मैकडॉनल्ड से तीनों सेट में हार कर टूर्नामेंट से बाहर हो गए.

    स्पैनिश टेनिस खिलाड़ी चोट के कारण मैच के दौरान मेडिकल टिम आउट लिया, इसके बाद भी जब वो मैदान पर वापस आए तो वह दर्द में खेलते दिखे. उन्हें कुल्हों के पास चोट आई है.

    पहले राउंड में उन्हें जैक ड्रैपर से मुकाबला जीतने में काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी. इस राउंड में वो 7-5,2-6, 6-4, 6-1 से मुकाबला जीता और दूसरे राउंड में पहुंचे.

  19. जलीकट्टू ने बदली इनकी ज़िंदगी

    तमिलनाडु की ट्रांसजेंडर महिला चिंतामणि साल 2017 में अपने बैल को पहली बार जल्लीकट्टू प्रतियोगिता में लेकर गई थीं.

    तब से उनकी पहचान एक ट्रांस महिला से बदलकर एक बहादुर तमिल महिला की हो गई.

    वो अपने बैलों को अपना बेटा कहती हैं. देखिए नटराजन सुंदर की ये रिपोर्ट.

  20. पश्चिम बंगाल: टेस्ट पेपर में 'आज़ाद कश्मीर' का जिक्र, केंद्रीय मंत्री बोले- 'आतंकवाद को बढ़ावा'

    पश्चिम बंगाल में दसवीं क्लास के एक प्रैक्टिस टेस्ट पेपर में 'आज़ाद कश्मीर' के जिक्र पर राज्य में राजनीतिक विवाद छिड़ गया है.

    पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर को पाकिस्तान 'आज़ाद कश्मीर' कहता है. प्रैक्टिस टेस्ट पेपर में बच्चों से नक़्शे पर 'आज़ाद कश्मीर' चिह्नित करने के लिए कहा गया था.

    बंगाल बीजेपी के कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर इस प्रैक्टिस टेस्ट पेपर के स्क्रीनशॉट शेयर किए हैं और ममता बनर्जी की सरकार पर 'भारत विरोधी मानसिकता तैयार करने' का आरोप लगाया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, ये प्रैक्टिस टेस्ट पेपर सरकारी संस्था पश्चिम बंगाल बोर्ड ऑफ़ सेकेंडरी एजुकेशन ने प्रकाशित किए हैं.

    केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार ने आरोप लगाया है कि प्रश्न सेट करने वाला 'आंतकवाद को बढ़ावा' दे रहा है.

    उन्होंने कहा, "पेपर सेटर राष्ट्र विरोधी है. वो चरमपंथ को बढ़ावा दे रहा है. ये शर्मनाक है. पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री को उन्हें लिखना चाहिए और टेस्ट पेपर सेल को बंद कर देना चाहिए. मैं केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय को इस घटना के बारे में अवगत कराऊंगा और इसका संज्ञान लिया जाएगा."

    हालांकि तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता रिजू दत्ता ने इस टेस्ट पेपर को एक व्यक्ति की गलती करार दिया है और राज्य सरकार ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई कर रही है.