You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत ने श्रीलंका को तीसरे ट्वेंटी-20 मैच में 91 रन से हराया, जीती सिरीज़

सूर्यकुमार यादव के नाबाद शतक के दम पर भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पांच विकेट पर 228 रन बनाए थे.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and अभिनव गोयल

  1. बिहार में जातिगत सर्वेक्षण पर बोले तेजस्वी यादव- बीजेपी डरी हुई है...

    बिहार में शनिवार से जाति आधारित सर्वेक्षण शुरू हो रहा है.

    राज्य के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने इसे ऐतिहासिक क़दम बताते हुए बीजेपी पर निशाना साधा है.

    तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि इस सर्वे को लेकर बीजेपी डरी हुई है और वे कतई नहीं चाहते थे कि जाति आधारित सर्वेक्षण हो.

    तेजस्वी यादव ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "बिहार में बहुत ही ऐतिहासिक काम की शुरुआत आज होने जा रही है. इसका निर्णय बहुत पहले ही हो गया था."

    "लालू जी और हम लोगों की पुरानी मांग रही है, जिसे लेकर हम सड़क पर भी उतरे थे. मनमोहन सिंह की सरकार ने जाति आधारित जनगणना कराया भी था, लेकिन भाजपा के लोगों ने इसके डेटा को करप्ट बता दिया."

    उन्होंने कहा, "बाद में जब मैं विरोधी दल का नेता था, तो हमने इसका प्रस्ताव रखा था. इसके लिए प्रधानमंत्री जी से भी मिलकर आए थे."

    "इस काम में माननीय मुख्यमंत्री जी का भी सहयोग मिला. हम सब भारत सरकार से मांग कर रहे थे कि ये होना चाहिए."

    "भाजपा ग़रीब विरोधी है. ये लोग नहीं चाहते थे कि जातिगत जनगणना हो. इन लोगों ने पूरी कोशिश की कि किसी भी प्रकार से सही आंकड़े लोगों के सामने न आ पाए."

    तेजस्वी यादव, "लेकिन आज इसकी शुरुआत हो रही है. इसका नाम 'कास्ट बेस्ड सर्वे' दिया गया है. मुख्यमंत्री जी ने इस बारे में विस्तार से बताया है."

    "इस सर्वे में जाति के साथ आर्थिक पहलू को भी जोड़ा गया है. इससे हमारे पास सही और साइंटिफिक डेटा आएंगे. इन आंकड़ों के सामने आने पर बजट और कल्याणकारी योजनाएं अच्छे से बनाई जा सकेंगी."

  2. अमेज़ॉन कर रहा है बड़े पैमाने पर छँटनी

    ई-कॉमर्स की दुनिया की बड़ी कंपनी अमेज़ॉन इस महीने अपने 18,000 कर्मचारियों की छंटनी कर रही है.

    पहले ये संख्या कम बताई जा रही थी, लेकिन अब तय हो गया है कि कंपनी के 18,000 कर्मचारियों को नौकरी से हाथ धोना होगा.

    इनमें से अधिकतर कर्मचारी अमेज़ॉन स्टोर्स में दुनिया के अलग-अलग देशों में काम कर रहे थे.

    अमेज़ॉन का कहना है कि जिन कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है, उन्हें मुआवज़ा के साथ हेल्थ बेनेफ़िट्स भी मिलेंगे और नए रोज़गार की तलाश में उनकी मदद भी की जाएगी.

  3. अमेरिका: रिपब्लिकन पार्टी के केविन मैकार्थी 15वें राउंड की वोटिंग के बाद प्रतिनिधि सभा के स्पीकर चुने गए

    अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी के केविन मैकार्थी आख़िरकार 15वें राउंड की वोटिंग के बाद शनिवार को प्रतिनिधि सभा के स्पीकर चुन लिए गए.

    इसके साथ ही माना जा रहा है कि प्रतिनिधि सभा में पिछले कुछ दिनों से चला आ रहा राजनीतिक गतिरोध ख़त्म हो गया है.

    57 वर्षीय केविन मैकार्थी ने प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी की 82 वर्षीय नैंसी पेलोसी की जगह ली है.

    8 नवंबर को हुए मध्यावधि चुनाव के बाद 435 सदस्यों वाली प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन पार्टी के सदस्यों की संख्या 222 हो गई थी.

    इसके साथ ही प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी का बहुमत ख़त्म हो गया था.

  4. 'बायकॉट बॉलीवुड' पर अभिनेता सुनील शेट्टी ने योगी आदित्यनाथ से लगाई ये गुहार

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फ़िल्मी हस्तियों के साथ मुंबई में बैठक के दौरान अभिनेता सुनील शेट्टी की कही बात की हर तरफ़ चर्चा हो रही है.

    योगी आदित्यनाथ को संबोधित करते हुए सुनील शेट्टी ने कहा, "ये ट्विटर पर जो ट्रेंड चलता है, वो कैसे रोका जा सकता है, आदरणीय प्रधानमंत्री जी से आप कहें तो बहुत फ़र्क़ पड़ सकता है सर."

    सुनील शेट्टी ने कहा, "आज अगर हमें तकलीफ़ हो रही है, वो खर्च या सब्सिडी की नहीं हो रही है, हमें ऑडिएंस की तकलीफ़ हो रही है. ऑडिएंस को थिएटर में बुलाना बहुत बहुत ज़रूरी है."

    उन्होंने आगे कहा, "ये जो ट्रेंड चल रहा है 'बायकॉट बॉलीवुड' ये आपके कहने से रुक भी सकता है. लोगों तक ये पहुंचाना बहुत ज़रूरी है कि हम अच्छा भी बहुत काम कर चुके हैं. हमारे बीच एक 'रोटन एप्पल' तो हर जगह होता ही है. लेकिन उसमें हम सबको आप नहीं गिन सकते कि हम सब ऐसे हैं."

  5. कंझावला कांड के बाद डीसीपी का आदेश, नाइट ड्यूटी के दौरान सभी इंस्पेक्टर को शेयर करनी होगी लोकेशन

    कंझावला में 31 दिसंबर और 1 जनवरी की रात एक गाड़ी से टक्कर के बाद एक युवती की हुई दर्दनाक मौत के बाद दिल्ली पुलिस ने अब रोहिणी ज़िले के इंस्पेक्टर रैंक के सभी पुलिसकर्मियों को अपना लाइव लोकेशन साझा करने का आदेश दिया है.

    समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, रोहिणी ज़िले के डीसीपी गुरइक़बाल सिंह सिद्धू ने अपने मातहतों को भेजे संदेश में कहा है कि रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक की ड्यूटी के दौरान 'सभी थानों के थाना प्रभारी (एसएचओ), एडिशनल और इंस्पेक्टर ब्रैवो इलाक़े में गश्त करेंगे और अपना लाइव लोकेशन साझा करेंगे.'

    इस संदेश में डीसीपी ने पुलिसकर्मियों से तीन चीज़ों पर ज़ोर देने का आदेश दिया है- पेट्रोलिंग, लोकेशन शेयरिंग और थाने पर मौजूद रहना.

    इसके अलावा, डीसीपी ने आदेश दिया है कि उनकी अनुमति के बिना कोई भी पुलिस कर्मी थाने से बाहर नहीं जा सकता.

    क्या है पूरा मामला?

    31 दिसंबर की रात उत्तर पश्चिमी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाक़े में संदिग्ध परिस्थितियों में 20 वर्षीय युवती अंजलि की दर्दनाक मौत हो गई थी.

    घटना के बाद दिल्ली पुलिस की प्रतिक्रिया और शुरुआती जांच पर गंभीर सवाल उठे.

    पुलिस के मुताबिक़, स्कूटी सवार युवती सुल्तानपुरी के कृष्णा विहार इलाक़े में हादसे का शिकार हुई थी. उसकी बॉडी गाड़ी में फंस गई थी और शव क़रीब 14 किलोमीटर दूर कंझावला थाने के जौंता गांव में मिला था.

    घटना की जानकारी सार्वजनिक होने के कुछ घंटे बाद ही दिल्ली पुलिस ने अधिकारिक बयान में इसे हादसा बताया था और कार में सवार पांच लोगों की गिरफ़्तारी की जानकारी दी थी.

    इन सभी पर ग़ैर-इरादतन हत्या का मुक़दमा दर्ज किया गया है. बाद में पुलिस ने बताया कि इस मामले में पांच नहीं सात अभियुक्त हैं.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, एयर इंडिया की फ़्लाइट में बुज़ुर्ग पर पेशाब करने वाला अभियुक्त गिरफ़्तार

    बीते नवंबर में एयर इंडिया की फ़्लाइट में कथित तौर पर एक बुज़ुर्ग महिला पर पेशाब करने वाले शख़्स को बेंगलुरू से गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के हवाले से यह जानकारी दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया है कि अभियुक्त को गिरफ़्तार करते समय दिल्ली पुलिस के साथ बेंगलुरु पुलिस भी थी, अभियुक्त का कहना है कि वो अपनी बहन के यहां ठहरा हुआ था.

    इससे पहले ​अभियुक्त के पिता ने अपने बेटे को बेगुनाह बताया था.

    हालांकि उनसे जब पूछा गया कि उनका बेटा अभी कहां है, तो उन्होंने कहा था कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं मालूम.

    उन्होंने कहा, ''हम भी उससे बात करने की कोशिश कर रहे हैं. मुझे नहीं पता. मैं सच बताना चाहता हूं, जो बातें बताई जा रही हैं, वे सच नहीं हैं.''

  7. आरजेडी नेता बोले- 'राम मंदिर का निर्माण नफ़रत की ज़मीन पर हो रहा है'

    राष्ट्रीय जनता दल के बिहार प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने शुक्रवार को कहा कि 'राम मंदिर का निर्माण नफ़रत की ज़मीन पर हो रहा है.'

    उनके अनुसार, 'भारत में अब इंसानियत से बड़े उन्मादियों के राम बचेंगे.'

    उन्होंने कहा कि 'भारत के राम भारत के कण कण में रहेंगे, आरएसएस वालों के राम चाहे जहां बैठें.'

    उनके अनुसार, ''अयोध्या के मंदिर में शबरी के, तुलसी के राम नहीं बल्कि पत्थरों के भीतर क़ैद एक राम रहेंगे. वो राम लोगों के, ग़रीबों के, झोपड़ियों में रहने वालों के राम नहीं होंगे.''

    ''भारत की भूमि मानी जाती थी. राम मय है, कृष्ण मय है, अब वह सब ख़त्म.''

    जगदानंद सिंह का यह बयान गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के त्रिपुरा में दिए गए एक बयान के बाद आया. शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था कि 2024 की पहली जनवरी तक अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो जाएगा.

    जगदानंद सिंह ने और क्या कहा?

    जगदानंद सिंह ने कहा, ''भारत की जनता तो सदियों से रामायण को लेकर बैठी है. सुबह से लेकर शाम तक उसका पाठ करती रहती है. अब भारत राम का नहीं रहेगा, लेकिन भारत में राम का मंदिर ज़रूर रहेगा. पत्थरों के बीच में राम रहेंगे. हृदय के बीच में कैसे रहेंगे, ये मेरी समझ में नहीं आ रहा है.''

    उनके अनुसार, ''कण कण से सिमट कर राम उस चारदीवारी में चले गए. ये किसके राम हैं, इस राम से किनका रिश्ता है?''

    उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राजद 'हे राम' में विश्वास करती है, 'श्री राम' में नहीं.

    जगदानंद सिंह ने कहा, ''हमारे हृदय में राम हैं, पत्थर या मंदिरों में नहीं. श्रीराम न तो अयोध्या में हैं और न ही लंका में, बल्कि वे शबरी की कुटिया में रहते हैं. वो आज भी वहां मौजूद हैं. अब 'श्री राम' वाले लोग उन्हें अपनी दिल से निकाल कर मंदिरों में बैठा रहे हैं.''

  8. एयर इंडिया की फ़्लाइट में महिला पर पेशाब करने वाले अभियुक्त के पिता क्या बोले

    नवंबर 2022 में एयर इंडिया की फ़्लाइट में कथित तौर पर एक बुज़ुर्ग महिला पर पेशाब करने वाले शख़्स के पिता ने अपने बेटे पर लगाए गए आरोपों को झूठा क़रार दिया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में शुक्रवार को उन्होंने कहा, ''मुझे नहीं लगता कि उसने ऐसा किया होगा. वो (पीड़िता) 72 साल की महिला हैं, जो उसकी मां की तरह हैं. उनका बेटा 34 साल का है. वो ऐसा कैसे कर सकता है? वो शादीशुदा है और उसकी 18 साल की एक बेटी भी है.''

    उन्होंने कहा, ''मेरा बेटा 30-35 घंटे से सोया नहीं था. डिनर के बाद उसने हो सकता है क्रू द्वारा दिया गया ड्रिंक पिया और फिर सो गया. मुझे जो पता है, वो ये कि उसके उठने के बाद एयरलाइन कर्मचारियों ने उससे पूछताछ की थी.''

    अभियुक्त के पिता के अनुसार, ''उन्होंने (पीड़िता ने) उससे पैसे मांगे थे, जो दिए गए. उसके बाद क्या हुआ पता नहीं. उन्होंने ज़रूर कुछ ऐसी मांग की होगी, जिसे शायद नहीं माना गया और उससे वो नाराज़ हो गईं. शायद ब्लैकमेलिंग की जा रही थी.''

    वहीं शुक्रवार को एएनआई ने यह भी बताया कि दिल्ली पुलिस ने अभियुक्त के पिता को पूछताछ के लिए समन भेजा है. लेकिन पुलिस ने बताया कि कई बार फोन करने के बाद भी वो कोई जवाब नहीं दे रहे हैं. वैसे शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने इस मामले में मुंबई में दो लोगों से पूछताछ की.

    उनसे जब यह पूछा गया कि उनके बेटे अभी कहां हैं, तो उन्होंने बताया कि इसके बारे में उन्हें भी कुछ नहीं मालूम.

    उन्होंने कहा, ''हम भी उससे बात करने की कोशिश कर रहे हैं. मुझे नहीं पता... मैं सच को बताना चाहता हूं, जो बातें पेश की जा रही हैं, वे सच्चाई से दूर हैं.''

    क्या है मामला?

    मुंबई के एक शख़्स ने 26 नवंबर को न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ़्लाइट में कथित तौर एक बुज़ुर्ग महिला पर पेशाब कर दिया था.

    इस मामले में एयर इंडिया में हुई शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने बुधवार को एक एफ़आईआर दर्ज की थी. उससे पहले ही अभियुक्त ने इस घटना पर माफ़ी मांगते हुए पीड़िता से शिकायत दर्ज न कराने का अनुरोध किया था. उन्होंने कहा था कि वो नहीं चाहते है कि इस मामले से उनकी पत्नी और बच्चे प्रभावित हों.

    शुक्रवार को यह भी ख़बर आई कि अमेरिकी फ़ाइनेंशियल सर्विसेज़ कंपनी 'वेल्स फ़ार्गो' ने अभियुक्त को नौकरी से बर्ख़ास्त कर दिया है. कंपनी ने कहा था कि (उन पर लगे) आरोप परेशान करने वाले हैं.

  9. राम मंदिर के उद्घाटन की तारीख़ का एलान करने पर अमित शाह पर भड़के खड़गे, पूछा- पुजारी हैं क्या?

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह पर राम मंदिर के निर्माण को लेकर दो दिन पहले दिए गए उनके बयान पर हमला बोला है.

    खड़गे ने पार्टी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही 'भारत जोड़ो' यात्रा के दौरान हरियाणा के पानीपत में शुक्रवार को अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि वे नेता हैं, राम मंदिर के पुजारी नहीं.

    उन्होंने कहा कि शाह का काम देश को सुरक्षित बनाना है, मंदिर के उद्घाटन की तारीख़ तय करना नहीं.

    इससे पहले अमित शाह ने त्रिपुरा में आयोजित एक रैली में राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि 'राम मंदिर के निर्माण को लेकर सवाल उठाने वाले सुन लें कि अगले साल एक जनवरी तक अयोध्या में मंदिर का निर्माण हो जाएगा.'

    शाह के इस बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल खड़ा करते हुए कहा, ''वे इस तरह का एलान करने वाले कौन होते हैं. उनका काम देश की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, लेकिन इसके बजाय वे मंदिर की बात कर रहे हैं.''

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर नौकरियां देने के वादे को पूरा न करने की ​आलोचना करते हुए पूछा, "अब वे क्या कर रहे हैं? त्रिपुरा में चुनाव हैं. शाह वहां जाते हैं और कहते हैं कि राम मंदिर का निर्माण हो रहा है और इसका उद्घाटन अगले साल 1 जनवरी को होगा. ईश्वर में सबकी आस्था है, लेकिन इसका एलान आप क्यों कर रहे हैं, वो भी चुनाव के दौरान?”

    उन्होंने शाह के बारे में कहा, “आप ऐसा कहने वाले होते कौन हैं? क्या आप राम मंदिर के पुजारी हैं या राम मंदिर के महंत? महंत, संत और साधु इस बारे में बात करेंगे, लेकिन आप कौन हैं? आप तो एक नेता हैं. आपका काम देश को सुरक्षित बनाना, क़ानून-व्यवस्था बनाए रखना, लोगों को भोजन और किसानों को एमएसपी के रूप में उचित क़ीमत देना है.”

  10. नमस्कार,बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 06 जनवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें–

    • उत्तराखंड के सीएम ने जोशीमठ में पुनर्वास सेंटर बनाने का दिया आदेश
    • विमान में बुजुर्ग महिला पर पेशाब करने वाले व्यक्ति को कंपनी ने नौकरी से निकाला
    • मनोनीत एमसीडी पार्षदों से वोट करवाने की बीजेपी की कोशिश असंवैधानिक: अरविंद केजरीवाल
    • समलैंगिकों की शादियों को क़ानूनी मान्यता देने का मामला, केंद्र को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस
    • अमेरिका: तीन दिन और 11 बार वोटिंग के बाद भी प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो सका