एयर इंडिया की फ्लाइट में महिला पर पेशाब का मामला, अभियुक्त को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने एयर इंडिया की फ्लाइट में कथित तौर पर एक बुजुर्ग महिला पर पेशाब करने वाले शख़्स को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
फैसला आने के बाद अभियुक्त शंकर मिश्रा के वकील ने जमानत याचिका दायर की, जिस पर 11 जनवरी को सुनवाई होगी.
पुलिस ने कोर्ट को बताया कि अभियुक्त जांच में सहयोग नहीं कर रहा है.
कोर्ट लाने से पहले पुलिस, अभियुक्त को मेडिकल जांच के लिए सफदरजंग अस्पताल ले गई थी. उन्हें कल रात दिल्ली पुलिस ने बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था.
अभियुक्त को गिरफ़्तार करते समय दिल्ली पुलिस के साथ बेंगलुरु पुलिस भी थी.
अभियुक्त का कहना है कि वो अपनी बहन के यहां ठहरा हुआ था. इससे पहले अभियुक्त के पिता ने अपने बेटे को बेगुनाह बताया था.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने इस मामले में विमान के तीन क्रू मेंबर का बयान लिया है.
शंकर मिश्रा पर आरोप है कि उन्होंने 26 नवंबर 2022 को एयर इंडिया की फ्लाइट में 70 साल की एक बुजुर्ग महिला पर पेशाब किया था. ये फ्लाइट पेरिस से दिल्ली को आ रही थी.