वंशवाद को लेकर उद्धव का पीएम मोदी पर निशाना, बोले- मुझे परिवार पर गर्व
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिव सेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शिवाजी पार्क में अपनी पार्टी की दशहरा रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वंशवाद को लेकर निशाना साधा.
उद्धव ने पीएम मोदी द्वारा परिवारवाद को लेकर उन्हें निशाने पर लेने को लेकर कहा कि 'मुझे अपने परिवार पर गर्व है.'
उद्धव ठाकरे ने कहा, “मोदी ने परिवारवाद पर बात की. हां, मैं परिवारवाद का समर्थक हूं क्योंकि मुझे अपने परिवार पर गर्व है. जो लोग परिवार की व्यवस्था में विश्वास नहीं रखते, वे वंशवाद की बात क्यों करते हैं?”
आगे उन्होंने कहा, “वंशवाद की बात करने से पहले उस वंशवाद को उतारो जो आपने अपने सिर पर चढ़ा रखा है.”
एकनाथ शिंदे का उद्धव पर तंज
वहीं, महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने मुंबई के आज़ाद मैदान में अपनी पार्टी की दशहरा सभा का आयोजन किया. इसमें बाला साहेब ठाकरे के लिए एक कुर्सी छोड़ी गई थी.
यह कार्यक्रम मुंबई नगर निगम मुख्यालय के सामने आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में शिवसेना नेता आनंद दिघे की तस्वीर भी लगाई गई थी.
इस कार्यक्रम के दौरान शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि 'बाला साहेब ने जिस कांग्रेस की निंदा की थी, अब उसी के गीत गाए जा रहे हैं.'