कोविड को रोकने के लिए राज्य बढ़ाएं टेस्टिंग: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री

मनसुख मांडविया ने कहा है कि टेस्ट-ट्रैक-ट्रीट-वैक्सीनेट और प्रोटोकॉल का पालन ही कोविड के रोकथाम की विश्वसनीय रणनीति है.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and संदीप राय

  1. कोयंबटूर की महिला जो तीन साल से मुंह से ले रही है सांस

    शेबिया

    तमिलनाडु में कोयंबटूर की एक महिला बीते तीन साल से अपनी नाक की बजाय मुंह से सांस ले रही है.

    उनका कहना हैं कि एक सरकारी अस्पताल में ग़लत ऑपरेशन की वजह से उनकी स्वसननली को नुक़सान पहुंचा और उसके बाद वो सामान्य तौर पर नाक से सांस नहीं ले पा रही हैं.

    इस मामले में राहत के लिए उन्होंने कोयंबटूर ज़िला कलेक्टर के यहां एक याचिका दायर की है.

    हाल ही में चेन्नई की युवा फ़ुटबॉल खिलाड़ी प्रिया की मौत में चिकित्सकीय लापरवाही को ज़िम्मेदार ठहराए जाने पर काफ़ी हंगामा मचा था, और राज्य में ये एक बड़े विवाद का कारण बना था.

  2. अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के लिए सरकार ने जारी किए नए नियम, क्या-क्या बदला

    फ्लाइट

    इमेज स्रोत, ARUN SANKAR/AFP via Getty Images

    भारत सरकार ने अंतरराष्ट्रीय यात्राओं को लेकर नए दिशानिर्देश जारी किए हैं. ये नए नियम कई देशों में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते बनाए गए हैं.

    नए नियमों का विदेशों से भारत आने वाले यात्रियों को, हवाई अड्डों, बंदरगाहों और ज़मीनी सीमाओं पर पालन किया जाएगा. ये नियम 24 दिसंबर, 2022 से लागू हो जाएंगे.

    इन नियमों को तीन हिस्सों में बांटा गया. पहला यात्रा की तैयारी के दौरान, दूसरा यात्रा के दौरान और तीसरा यात्रा ख़त्म होने पर किन नियमों का पालन करना है.

    हवाई अड्डे

    इमेज स्रोत, Creative Touch Imaging Ltd./NurPhoto via Getty Images

    क्या है नए नियमों में-

    • सभी यात्रियों को अपने देश में वैक्सीनेशन के स्वीकृत शेड्यूल के अनुसार वैक्सीन लगी हो.
    • फ्लाइट/यात्रा के दौरान और सभी प्रवेश द्वारों पर कोरोना महामारी को लेकर और संक्रमण से बचने के लिए उपायों (मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग रखना) का पालन करने को लेकर घोषणा की जाए.
    • यात्रा के दौरान अगर किसी यात्री में कोविड-19 के लक्षण पाए जाते हैं तो उसे तय नियमों के अनुसार आइसोलेट किया जाएगा. उस यात्री ने मास्क पहना हो और उसे इलाज के लिए आइसोलेशन सुविधा के लिए भेजा जाएगा.
    • यात्रा ख़त्म होने पर सोशल डिस्टेंसिग के साथ यात्रियों को उतारा जाएगा.
    • प्रवेश द्वारों पर मौजूद स्वास्थ्य अधिकारी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग करेंगे.
    • अगर कोई यात्री संक्रमित पाया जाता है तो उसे तुरंत आइसोलेट किया जाएगा और नियमों के मुताबिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा जाएगा.
    • फ्लाइट में मौजूद यात्रियों में से दो प्रतिशत की कोरोना संक्रमण के लिए रैंडम जांच होगी.
    • जांच के लिए यात्रियों का चुनाव संबंधित एयरलाइन करेगी (लोग अलग-अलग देशों से हों इसे प्राथमिकता दें). वो अपना सैंपल देकर हवाई अड्डे से जा सकते हैं.
    • अगर इन यात्रियों के सैंपल सकारात्मक आते हैं तो उन्हें जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा जाएगा.
    • सभी यात्रियों को यात्रा पूरी होने के बाद अपनी सेहत की निगरानी खुद करनी चाहिए. अगर उन्हें कोई लक्षण नज़र आते हैं तो नज़दीकी स्वास्थ्य सुविधा केंद्र या हेल्पलाइन नंबर पर बताना चाहिए.
    • 12 साल से कम उम्र के बच्चों की यात्रा पूरी होने के बाद जांच नहीं की जाएगी. अगर उनमें बाद में या खुद की निगरानी में कोविड-19 के लक्षण दिखाई दें तो उनकी जांच और इलाज किया जाएगा.
  3. रूस-यूक्रेन के बीच कैसे चल रही है ज़ोर-आज़माइश

    वीडियो कैप्शन, COVER STORY: रूस-यूक्रेन में ज़ोर-आज़माइश

    किसी भी जंग को जीतने के लिए हथियारों के साथ-साथ ज़रूरी होता है हौसला.

    यूक्रेन को लगता है कि उसके पास हौसले की कोई कमी नहीं है, लेकिन हथियारों की कमी हौसलों की धार को कुंद कर देती है जिसकी भरपाई कर रहा है अमेरिका.

    अमेरिका ने यूक्रेन को एक ख़ास एयर डिफेंस सिस्टम देने का वादा किया है.

    वहीं रूसी राष्ट्रपति पुतिन अपने जनरलों से यूक्रेन और पश्चिम पर फ़तह की मांग कर रहे हैं.

    कवर स्टोरी में रूस-यूक्रेन में ज़ोर-आज़माइश की चर्चा.

  4. बिन्यामिन नेतन्याहू की नई सरकार इसराइल की सेना और अर्थव्यवस्था के लिए ख़तरा: यायिर लैपिड

    यायिर लैपिड

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, यायिर लैपिड

    इसराइल के निवर्तमान प्रधानमंत्री यायिर लैपिड ने कहा है कि बिन्यामिन नेतन्याहू के नेतृत्व में बनने जा रही नई दक्षिणपंथी सरकार सेना, पुलिस जैसी संस्थाओं और अर्थव्यवस्था के लिए ख़तरा है.

    यायिर लैपिड ने बिन्यामिन नेतन्याहू के नेतृत्व में बन रहे गठबंधन को इसराइल के 'इतिहास की सबसे कट्टरपंथी सरकार' करार दिया है.

    इससे पहले इसराइल के प्रधानमंत्री बनने जा रहे बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि वो अगले हफ़्ते पद की शपथ ले लेंगे.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इसराइल में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ़ हो गया है और इसके साथ ही बिन्यामिन नेतन्याहू रिकॉर्ड छठी बार सत्ता में वापसी करने जा रहे हैं.

    उनकी गठबंधन सरकार को कट्टरपंथी यहूदी पार्टियों और धुर राष्ट्रवादी पार्टियों का समर्थन हासिल है.

    माना जा रहा है कि ये इसराइल के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक दक्षिणपंथी सरकार बनने जा रही है.

    गठबंधन की योजना यहूदी बस्तियों के विस्तार और सुरक्षा बलों और न्यायपालिका पर नियंत्रण मजबूत करने की है.

    वीडियो कैप्शन, क्या ख़ात्मे की ओर है नेतन्याहू दौर?

    'द जेविश पार्टी' के नेता इतामार बेन ग्वीर को नई सरकार में राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री बनाया जाएगा.

    अतीत में वे नस्लवाद के अपराध के लिए कसूरवार ठहराए जा चुके हैं.

    गठबंधन की सहयोगी पार्टियों ने क़ानूनी सुधारों का भी प्रस्ताव रखा है जिससे नेतन्याहू के ख़िलाफ़ चल रहे रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के मुक़दमे को ख़त्म किया जा सकेगा.

  5. म्यांमार में सैन्य सरकार से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने क्या कहा

    वीडियो कैप्शन, म्यांमार की राजनीतिक हिंसा

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने पहली बार ऐसा एक प्रस्ताव पास किया है जिसमें म्यांमार की सैन्य सरकार से राजनीतिक हिंसा ख़त्म करने के लिए कहा गया है.

    सुरक्षा परिषद ने आंग सान सू ची समेत सभी राजनीतिक कैदियों की तुरंत रिहाई की मांग भी की है. देखिए टॉम ब्रैडा की ये रिपोर्ट.

  6. भारत में एक दिन में आए कोरोना संक्रमण के कितने मामले

    कोरोना टेस्ट

    इमेज स्रोत, ARUN SANKAR/AFP via Getty Images

    कुछ देशों में कोविड-19 के मामले बढ़ने के साथ ही भारत में कोरोना महामारी को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं.

    चीन में कोविड-19 के सबवेरिएंट बीएफ.7 के चलते मामलों में तेज़ी से बढ़ोतरी हुई है. भारत में भी इस सबवेरिएंट के चार मामले पाए गए हैं.

    पिछले तीन दिनों में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया और पीएम मोदी नरेंद्र मोदी ने देश में कोरोना की स्थिति और तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए उच्च स्तरीय बैठकें कीं.

    वहीं, कई राज्यों ने भी इस संबंध में आपात बैठकें बुलाई हैं और तैयारियों को लेकर सक्रिय हुए हैं.

    वहीं, भारत में कोविड-19 के मामलों की बात करें तो भारत सरकार की वेबसाइट 'माय गवर्नमेंट' के मुताबिक़ गुरुवार को देशभर में कोरोना वायरस के 185 मामले सामने आए हैं.

    इसके साथ ही भारत में कोरोना वायरस के कुल 3402 सक्रिय मामले हो गए हैं.

    कोरोना से होने वाली मौतों की बात करें तो गुरुवार को इस संक्रमण से एक शख़्स की मौत हो गई है. वहीं, 190 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं.

    वैक्सीनेशन की बात करें तो गुरुवार को 66,197 लोगों को वैक्सीन लगाई गई. जिसके साथ कुल वैक्सीनेशन दो अरब 20 करोड़ से ज़्यादा पर पहुंच गया है.

    कोरोना जांच के आंकड़ें देखें तो एक दिन में एक लाख 25 हज़ार के करीब टेस्ट किए गए हैं.

  7. तेजस्वी यादव ने बिहार में कोरोना महामारी को लेकर तैयारियों के बारे में बताया

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, GETTY IMAGES

    बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने राज्य में कोरोना महामारी से जुड़ी तैयारियों के बारे में बताया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य सरकार कोरोना के मामले बढ़ने की स्थिति को संभालने के लिए पूरी तरह तैयार है.

    तेजस्वी यादव के पास स्वास्थ्य मंत्रालय भी है. उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य अधिकारियों, सिविल सर्जन और चिकित्सा कॉलेज के निदेशकों के साथ गुरुवार को स्थिति का जायज़ा लिया.

    उन्होंने कहा कि अस्पताल पूरी तरह तैयार हैं और जांच और वैक्सीनेशन तेज़ी के साथ चल रहा है. ऑक्सीजन की आपूर्ति पर्याप्त है.

    तेजस्वी यादव ने कहा कि कोविड-19 के फैलाव को रोकने के लिए लोग सभी ज़रूरी एहतियात बरतें.

    वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया कोरोना महामारी की स्थिति को लेकर आज राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ बैठक करेंगे.

    दिल्ली, महाराष्ट्र और कर्नाटक समेत कई राज्यों ने स्थिति का जायज़ा लेने के लिए आपात बैठक भी बुलाई थी.

  8. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के नए अध्यक्ष ने भारत और एशिया कप विवाद पर क्या कहा

    पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजम सेठी

    इमेज स्रोत, AFP

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजम सेठी

    पाकिस्तान में रमीज़ राजा को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष पद से हटाकर नजम सेठी को अस्थायी रूप से ये ज़िम्मेदारी सौंपी गई है.

    नजम सेठी पीसीबी अध्यक्ष के लिए चुनाव होने तक ये ज़िम्मेदारी निभाएंगे.

    पद संभालने के बाद उन्होंने एक प्रेस वार्ता की जिसमें विश्व कप और एशिया कप को लेकर भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे विवाद पर भी बयान दिया.

    नजम सेठी से सवाल पूछा गया कि भारत के साथ हमारा क्या पक्ष होगा क्योंकि एशिया कप पाकिस्तान में होना है.

    इस पर सेठी ने कहा, ''इस बारे में कुछ कहना मेरे लिए जल्दबाज़ी होगी. इस तरह के रणनीतिक मसलों पर समिति के अंदर चर्चा की जाएगी. अभी तो मुझे ये भी नहीं पता कि यहां क्या फ़ैसले हो चुके हैं. कितनी गहराई में वो फ़ैसले हुए हैं. क्या सोच थी उनके पीछे.''

    ''बहुत से बयान मैंने पढ़े हैं, मगर बेहतर यही होगा कि हम इसकी समीक्षा करें कि क्या संदेश देना है. जाहिर है भारत का जहां तक मामला आता है तो हुकुमत की राय लेनी पड़ती है और दिशानिर्देश वहीं से मिलते हैं.''

    मामला ये है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एशिया कप के लिए पाकिस्तान जाने से मना कर दिया था.

    इस पर रमीज़ राजा काफ़ी आक्रामक हो गए थे. उन्होंने यहाँ तक कह दिया था कि अगर भारत की टीम पाकिस्तान में एशिया कप खेलने नहीं आएगी, तो पाकिस्तान की टीम भी एकदिवसीय वर्ल्ड कप खेलने भारत नहीं जाएगी.

    नज़म सेठी पहले भी पीसीबी के चेयरमैन रह चुके हैं. लेकिन 2018 में इमरान ख़ान के शासनकाल के दौरान उन्होंने पद छोड़ दिया था.

    प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने नजम सेठी की अगुआई में पीसीबी का कामकाज संभालने के लिए 14 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है.

    इस कमेटी को कैबिनेट ने भी मंज़ूरी दे दी है.

    उन्होंने ट्विटर पर लिखा है, "रमीज़ राजा के नेतृत्व वाले क्रिकेट प्रशासन का अंत हुआ. 2014 का पीसीबी का संविधान बहाल कर दिया गया है. प्रबंध समिति प्रथम श्रेणी क्रिकेट को फिर से जीवंत करने के लिए सभी कदम उठाएगी. हज़ारों क्रिकेटर्स को फिर से काम मिलेगा. और क्रिकेट का सूखा अब ख़त्म होगा."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  9. भारत ने यूएनएससी की साल की आख़िरी बैठक में उठाया आतंकवाद का मुद्दा

    संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज

    भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की अध्यक्षता करते हुए साल की अंतिम बैठक में आतंकवाद, वैश्विक और समुद्री सुरक्षा का मसला उठाया.

    यूएनएससी की इस साल की आख़िरी बैठक थी. दिसंबर में भारत ने यूएनएससी की अध्यक्षता की है.

    इस बैठक को संबोधित करते हुए संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कहा, ''हमने शांति, सुरक्षा और समृद्धि के समर्थन में बात की. हम मानवता के साझे दुश्मन जैसे आतंकवाद के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने में कभी पीछे नहीं हटे.''

    ''हम जानते हैं कि जब हमने सुरक्षा परिषद में अपनी बात रखी तो वो एक अरब 40 लाख लोग या मानवता के छठे हिस्से की आवाज़ थी.''

    उन्होंने यूएनएससी में सुधार की ज़रूरत पर बात करते हुए कहा, ''हम अच्छी तरह जानते हैं कि सुरक्षा परिषद में बदलाव वक़्त की ज़रूरत है. यह विश्वास हमारे कार्यकाल के बाद ही मज़बूत हुआ है.''

    ''इस कार्यकाल के बाद परिषद से बाहर जाने पर हम सहमत हैं कि जितना बदलाव का विरोध होगा उतना ही परिषद के फ़ैसले के अप्रासंगिक होने और विश्वसनीयता खोने का ख़तरा बढ़ जाएगा.''

    भारत की यूएन सुरक्षा परिषद में अस्थायी सदस्यता 31दिसंबर को ख़त्म हो रही है. आयरलैंड, केन्या, मैक्सिको और नॉर्वे के राजनयिकों ने भी इस बैठक को संबोधित किया. इन देशों का भी दो साल का कार्यकाल ख़त्म हो रहा है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  10. अमेरिका का आरोप, पुतिन की 'प्राइवेट आर्मी' को हथियार दे रहा उत्तर कोरिया

    वागनर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका ने उत्तर कोरिया पर रूस के वागनर समूह को यूक्रेन में इस्तेमाल के लिए मिसाइल और रॉकेट देने का आरोप लगाया है.

    वागनर रूसी सरकार के समर्थन वाले लड़ाकों का समूह है जो रूसी हितों के लिए काम करता है.

    इस निजी सेना को एक कंपनी की शक्ल में येवगेनी प्रिगोज़िन फ़ंड करते हैं. प्रिगोज़िन पुतिन के क़रीबी हैं. इसे पुतिन की प्राइवेट आर्मी भी कहा जाता है.

    व्हाइट हाउस ने कहा कि हथियारों की ये खेप भेजकर यूएन सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव का उल्लंघन किया गया है. वागनर पर अब और प्रतिबंध लगाए जाएंगे.

    हालांकि, उत्तर कोरिया और वागनर ने इन रिपोर्ट्स को खारिज किया है.

    ब्रिटेन ने कहा है कि वागनर के यूक्रेन में इस्तेमाल हो रहे सैनिक एक हज़ार से 20 हज़ार तक हो गए हैं.

    ये समूह हाल ही में सीरिया और अफ़्रीकी देशों में भी सक्रिय रहा था. इस पर बार-बार युद्ध अपराध और मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप लगे थे.

    व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जॉन किर्बी ने मीडिया से कहा, ''वागनर हथियारों की ख़रीद के लिए दुनियाभर में विकल्प तलाश रहा है ताकि यूक्रेन में सैन्य अभियान में मदद मिल सके.''

    ''हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि उत्तर कोरिया ने वागनर को हथियारों की शुरुआती खेप भेजी है और इनके लिए भुगतान किया गया है.''

    जॉन किर्बी ने कहा कि वागनर यूक्रेन में हर महीने 10 करोड़ डॉलर खर्च कर रहा है. उन्होंने कहा कि ये समूह ताक़त में अब रूसी सेना को टक्कर दे रहा है.

    ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने कहा कि अमेरिका के बयान से ब्रिटेन सहमत है.

    उन्होंने कहा, ''व्लादिमीर पुतिन का उत्तर कोरिया की मदद लेना रूस की निराशा और अकेलापन दिखाता है.''

    लेकिन, वागनर के मालिक ने इन बातों को सिर्फ़ गॉसिप और अटकलें बताया है. वहीं, उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने इन रिपोर्ट्स को आधारहीन कहा है.

  11. नमस्कार,बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 22 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.