ब्राज़ील चुनाव - दोबारा राष्ट्रपति बनेंगे लूला डा सिल्वा, बोलसोनारो को हराया
ब्राज़ील के पूर्व राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला डा सिल्वा एक बार फिर देश के राष्ट्रपति चुने गए हैं.
उन्होंने वर्तमान राष्ट्रपति जाएर बोलसोनारो को हराया है.
लूला को 50.83% प्रतिशत वोट मिले जबकि बोलसोनारो को 49.17%.
लूला डा सिल्वा एक जनवरी 2023 को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे.
जीत के बाद लूला ने वादा किया कि वो ‘विभाजित देश को एकजुट करेंगे.’
लूला ने अमेज़ॉन के जंगलों के संरक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी मांगा है.
उन्होंने ये भी कहा है कि अब ब्राज़ील के व्यापारिक समझौते महज़ कच्चे माल के निर्यातक बनने के लिए नहीं किए जाएंगे.
वामपंथी विचारों वाले लूला पहले भी देश के राष्ट्रपति रह चुके हैं. तीन साल पहले तक वे भ्रष्टाचार के एक मामले में सज़ा काट रहे थे.
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने स्वतंत्र और भरोसेमंद चुनाव में जीत के लिए लूला को बधाई देते हुए कहा है कि अब दोनों देशों के बीच दोस्ती को मज़बूत किया जाएगा.
फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भी लूला को बधाई थी.