You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
पाकिस्तानः इमरान ख़ान का 'लॉन्ग मार्च' रुका, क्या है वजह?
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ के चीफ़ और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने रविवार को अपना 'लॉन्ग मार्च' रोक दिया है.
लाइव कवरेज
मोहम्मद शाहिद, दीपक मंडल and चंदन शर्मा
दक्षिण अफ़्रीका से हारा भारत, अब पाकिस्तान का क्या होगा
इमरान ख़ान का 'लॉन्ग मार्च' रुका, क्या है वजह?
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ के चीफ़ और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने रविवार को अपना 'लॉन्ग मार्च' रोक दिया है.
इमरान ख़ान के कंटेनर से कुचल कर एक रिपोर्टर की मौत हो गई. इसके बाद उन्होंने अपना 'लॉन्ग मार्च' रोक दिया है.
रिपोर्टर की मौत पर शोक जताते हुए इमरान ख़ान ने ट्वीट किया और कहा, "इस भयावह घटना से मैं सदमे में हूं. चैनल पांच के रिपोर्टर सदफ नईम का आज हमारे मार्च के दौरान इंतकाल हो गया. मेरे पास दुख जताने के लिए शब्द नहीं हैं. इस दुख की घड़ी में मेरी दुआ उनके परिवार वालों के साथ है. लिहाज़ा मैंने आज अपना मार्च रोक दिया है."
एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक़ स्थानीय टीवी चैनल 'चैनल पांच' की एक रिपोर्टर सदफ़ नईम की इमरान ख़ान के कंटेनर से कुचल कर मौत हो गई.
इमरान ख़ान ने मार्च के कुछ वीडियो ट्वीट किए हैं. इसमें हजारों लोग हिस्सा लेते हुए दिखाए गए हैं.
प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने इस हादसे के बाद सदफ़ नईम के परिवार वालों के लिए 50 लाख रुपये की वित्तीय मदद का एलान किया है.
प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री परवेज़ इलाही ने भी सदफ़ के परिवार को 25 लाख रुपये देने का एलान किया है.
सोमालिया: राजाधानी में दो बम धमाकों में 100 लोगों की मौत
सोमालिया के राष्ट्रपति हसन शेख महमूद ने कहा है कि राजधानी मोगादिशू में एक भीड़भाड़ वाले चौराहे के पास हुए दो कार बम धमाकों में कम से कम 100 लोगों की मौत हुई है.
समाचार एजेंसी एएफ़पी ने है कि राष्ट्रपति ने कहा है कि मरने वालों में ऐसी माएं शामिल हैं जिसनी गोद में उनके बच्चे थे.
राष्ट्रपति ने क़रीब 300 घायलों के लिए अंतरराष्ट्रीय मदद की अपील की है. ये धमाके शनिवार को हुए थे.
राष्ट्रपति ने इन हमलों के लिए चरमपंथी संगठन अल-शबाब को ज़िम्मेदार ठहराया है. चरमपंथ समर्थक वेबसाइट सोमाली मेमो ने ख़बर दी है कि धमाकों की ज़िम्मेदारी इस संगठन ने ली थी.
अल-शबाब, चरमपंथी संगठन अल-क़ायदा का समर्थक है और बीते कई सालों से सोमालिया की सरकार के साथ हथियारबंद संघर्ष में जुटा हुआ है.
इसी साल अगस्त में मोगादिशू के एक जानेमने होटल में हमला हुआ था जिसके बाद राष्ट्रपति महमूद ने इस संगठन के ख़िलाफ़ बड़ा अभियान छेड़ दिया था.
ब्रेकिंग न्यूज़, गुजरात: मोरबी में नदी पर बना सस्पेंशन ब्रिज गिरा, कइयों के डूबने की आशंका
गुजरात के मोरबी में रविवार को माचू नदी पर बना एक सस्पेंशन ब्रिज गिर गया है. बताया जा रहा है कि इस हादसे में पुल पर मौजूद कई लोग नदी में गिर गए हैं.
माचू नदी पर बना एक सदी पुराना सस्पेंसन ब्रिज रविवार को टूट गया, जिससे नदी में श्रद्धालुओं के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.
प्रशासन के अनुसार बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया गया है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ घायलों को लेकर एक एंबुलेंस को दुर्घटनास्थल से निकलते देखा गया.
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ट्वीट किया, "मोरबी में सस्पेंशन ब्रिज के गिरने से मुझे गहरा दुख हुआ है. अधिकारियों द्वारा राहत और बचाव अभियान जारी है. मैंने घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. मैं इस संबंध से लगातार जिला प्रशासन के संपर्क में हूं."
शहर से होकर गुजरने वाली नदी पर बना यह पुल सालों से बंद था. हालांकि, मरम्मत के बाद इसे हाल ही में जनता के लिए फिर से खोल दिया गया था.
एएनआई के मुताबिक़, "प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया है कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य अधिकारियों से मोरबी में आपदा के बारे में बात की है. उन्होंने राहत कार्य के लिए टीमें भेजने को कहा है. वह स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं."
उन्होंने कहा है कि पीड़ितों को हरसंभव मदद देने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं.
सिद्धू मूसेवाला के पिता बोले, मेरे बेटे की हत्या गैंगवॉर नहीं सुनियोजित साजिश थी
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता ने कहा है कि उनके बेटे की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई थी, जबकि पुलिस इसे गैंगवार के तौर पर दिखाने की कोशिश कर रही है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा है कि उन्होंने ये बताने के लिए पंजाब के पुलिस महानिदेशक से समय मांगा है.
उन्होंने कहा, ''मेरे बच्चे की हत्या योजना बनाकर की गई है. मैंने डीजीपी से समय मांगा है. अगर और एक महीने में कुछ नहीं हुआ तो मैं अपनी एफ़आईआर वापस ले लूंगा और देश छोड़ कर चला जाऊंगा.''
इस साल 29 मई को पंजाब के मानसा जिले में सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इससे पहले पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने उनकी सुरक्षा घटा दी थी.
इसके बाद पंजाब और दिल्ली पुलिस ने कई गिरफ्तारियां की थीं. इनमें गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई और उसके कुछ सहयोगी शामिल हैं.
30 अक्टूबर 2022 का ‘दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर’ सुनिए अंजुम शर्मा से
वसीम अकरम को लग गई थी कोकीन की लत, दिग्गज गेंदबाज़ ने खुद खोले कई राज़
पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और धुरंधर तेज़ गेंदबाज़ रहे वसीम अकरम ने अपनी ज़िंदगी का सनसनीखेज़ राज़ खोला है. उन्होंने बताया है कि वो अपने प्लेइंग करियर के बाद कोकीन लेने के आदी हो गए थे.
पहली पत्नी की मौत के बाद ही उन्हें इस लत से छुटकारा मिला. तेज़ गेंदबाज़ रहे 56 साल के वसीम अकरम ने अपनी एक नई आत्मकथा में बताया है कि वह प्लेइंग करियर के बाद टीवी पर क्रिकेट विशेषज्ञ के तौर पर काम करते हुए उन्होंने कोकीन लेना शुरू कर दिया था.
उन्होंने अपनी आत्मकथा में लिखा है, ''दक्षिण एशिया में लोकप्रियता की संस्कृति आपको लुभाने वाली और भ्रष्ट है. आप एक रात में दस पार्टियों में जा सकते हैं. इसका मुझ पर बुरा असर पड़ा."
वसीम अकरम की पहली पत्नी हुमा की अचानक 2009 में फंगल इंफेक्शन से मौत हो गई थी.
पहली बार इंग्लैंड की एक पार्टी में ऑफर की गई थी कोकीन
उन्होंने टाइम्स से कहा, ''पहली बार मुझे इंग्लैंड की एक पार्टी में कोकीन ऑफर की गई. इसके बाद मेरी कोकीन की आदत बढ़ती गई. इतनी बढ़ गई कि मैं इसके बिना कोई काम नहीं कर पाता था.''
उन्होंने बताया, ''कोकीन ने मुझे अस्थिर बना दिया था. इस दौरान मेरी पहली पत्नी हुमा काफी अकेली रहती थी. वह इंग्लैंड से कराची अपने माता-पिता के साथ रहने जाना चाहती थी. पर मैं यह नहीं चाहता था."
अकरम ने यह भी बताया कि कब और कैसे उनका इस लत से पीछा छूटा.
अकरम ने कहा कि ‘नशा मेरे ऊपर पूरी तरह से हावी हो चुका था. पर मेरी पहली पत्नी हुमा की मौत ने मेरी जिंदगी को बदल कर रख दिया. हुमा की मौत के बाद मैंने यह फैसला कर लिया कि मैं दोबारा कभी भी कोकीन का सेवन नहीं करूंगा.'
वसीम अकरम दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में शामिल रहे हैं. उन्होंने 1984 में इंटरनेशनल क्रिकेट में शुरुआत की थी.
बाएं हाथ से गेंदबाजी करने वाले अकरम 104 टेस्ट और 356 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं. वह 1992 में वर्ल्ड कप जीतने वाले पाकिस्तान की टीम में भी थे. उन्होंने 25 टेस्ट में पाकिस्तान की कप्तानी की.
प्रशांत किशोर बोले- बीजेपी कॉफ़ी के ऊपर का झाग, आरएसएस है असली कॉफ़ी
चुनावी रणनीतिकार से सामाजिक कार्यकर्ता बन प्रशांत किशोर ने रविवार को बीजेपी-आरएसएस की जुगलबंदी को एक कॉफ़ी बताया है जिसमें बीजेपी कॉफ़ी के ऊपर का झाग है जबकि आरएसएस उसके नीचे असली कॉफ़ी है.
प्रशांत किशोऱ बिहार में 3,500 किलोमीटर की पदयात्रा निकाल रहे हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का खेद है कि उन्हें यह ऐहसास करने में काफ़ी समय लगा कि ‘गोडसे की विचारधारा को केवल गांधी की कांग्रेस को दोबारा ज़िंदा करके ही हराया जा सकता है.’
प्रशांत किशोर ने विपक्षी एकता को लेकर कहा कि बीजेपी को तब तक हराया नहीं जा सकता है जब तक उसको समझ न लिया जाए कि वो क्या है.
उन्होंने कहा, “आपने कभी कॉफ़ी के कप को देखा है? टॉप पर झाग होता है. बीजेपी उसकी तरह है. उसके नीचे आरएसएस की एक गहरी संरचना है. संघ सामाजिक ताने-बाने में छिपकर काम कर रहा है. शॉर्टकट से उसे हराया नहीं जा सकता है.”
इसके अलावा प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा. जेडीयू प्रशांत किशोर को बीजेपी का एजेंट कह चुकी है.
प्रशांत किशोर ने कहा, “जब मैं जेडीयू का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष था तब देश में सीएए-एनआरसी को लेकर उबाल था. संसद में जब नागरिकता संशोधन क़ानून के पक्ष में मेरी पार्टी के सांसदों ने वोट किया तो मैं चकित रह गया.”
“मेरा नीतीश कुमार से सामना हुआ वो हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष थे. उन्होंने दावा किया कि वो यात्रा पर थे और उन्हें इसके बारे में पता नहीं था और उन्होंने भरोसा दिलाया कि वो बिहार में एनआरसी लागू नहीं करेंगे. इस दोहरेपन से मुझे एहसास हुआ कि मैं इस आदमी के साथ काम नहीं कर सकता हूं.”
ब्रेकिंग न्यूज़, टी-20 वर्ल्ड कप: सूर्यकुमार पर्थ में अकेले चमके, दक्षिण अफ़्रीका को 134 की चुनौती
दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ भारत की आधी टीम 49 रन पर आउट हो गई लेकिन सूर्यकुमार यादव की पारी के दम पर टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 133 रन बनाए.
भारत के टॉप स्कोरर सूर्यकुमार यादव रहे. उन्होंने 40 गेंद पर 68 रन बनाए.
पर्थ की तेज़ पिच पर भारत के टॉप आर्डर ने दक्षिण अफ़्रीका के तेज़ गेंदबाज़ लुंगी एनगिडी के आगे सरेंडर कर दिया.
एनगिडी ने कप्तान रोहित शर्मा (15 रन), ओपनर केएल राहुल (नौ रन), विराट कोहली (12 रन) और हार्दिक पांड्या (दो रन) के विकेट लिए.
भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया था.
ओवैसी का तेजस्वी पर जवाबी हमला, कहा- आरजेडी को गाली देने वाले नीतीश को गले लगा लिया
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने आरजेडी नेता और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर जवाबी हमला किया है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक ओवैसी ने तेजस्वी पर हमला करते हुए कहा, ''नीतीश कुमार कितनी बार बीजेपी के साथ मुख्यमंत्री बने लेकिन आपने उन्हें गले लगा लिया. नीतीश कुमार ने आरजेडी को गाली दी फिर बीजेपी में गए और वापस आरजेडी को गले लगा लिया. तो आरजेडी तो खुद निचले स्तर की राजनीति कर रही है'' .
दरअसल तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को कहा था कि ओवैसी की पार्टी भारतीय जनता पार्टी की 'बी' टीम है.
गोपालगंज उपचुनाव के लिए यादोपुर में प्रचार करने के दौरान तेजस्वी ने कहा, ''ओवैसी की पार्टी बीजेपी की बी टीम है. और बीजेपी हिंदू-मुस्लिम और मंदिर-मस्जिद टीम है."
उन्होंने कहा, ''बीजेपी से सावधान रहें. वे अशांति फैला सकते हैं और कुछ नहीं मिला तो वो हिंदू-मुसलमान करवाएंगे. अपने फायदे के लिए वे कुछ भी कर सकते हैं.''
इससे पहले दिल्ली की एक अदालत ने तेजस्वी यादव को कहा था कि वे सार्वजनिक तौर पर बोलते समय ज़िम्मेदाराना तरीके से बात करें.
गुजरात चुनाव के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किए तीन वादे
कांग्रेस नेता और पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी ने कहा है कि अगर उनकी पार्टी गुजरात में सत्ता में आई तो कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वालों को पक्की नौकरी दी जाएगी और पुरानी पेंशन स्कीम फिर बहाल हो जाएगी.
हिंदी में किए गए ट्वीट में राहुल ने लिखा है, '' कांग्रेस का पक्का वादा. संविदाकर्मियों को पक्की नौकरी. पुरानी पेन्शन व्यवस्था बहाल. समय पर प्रमोशन राजस्थान में लागू किया, अब गुजरात में कांग्रेस सरकार बनते ही कर्मचारियों को उनका हक़ मिलेगा.''
गुजरात चुनाव के लिए चुनाव आयोग नवंबर के शुरुआती हफ्ते में मतदान की तारीखों का एलान कर सकता है.
यहां दो चरणों में चुनाव हो सकते हैं. गुजरात के 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 99 सीटें हासिल की थीं वहीं कांग्रेस को 77 सीटों से संतोष करना पड़ा था. गुजरात में विधानसभा की 182 सीटें हैं.
पीएम मोदी ने टाटा-एयरबस के प्लांट की रखी आधारशिला, जानिए कैसे विमान बनेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को गुजरात में सी-295 ट्रांसपोर्ट विमानों की मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट की आधारशिला रखी.
टाटा-एयरबस सी-295 ट्रांसपोर्ट विमानों के मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट की आधारशिला वडोदरा में रखी गई. यहां एयरबस और टाटा मिल कर इन विमानों का निर्माण करेंगे.
इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, '' यहां बनने वाले परिवहन विमान हमारी सेना को तो ताकत देंगे ही, इससे हमारे विमान निर्माण के लिए एक नए पारिस्थितिक तंत्र का भी विकास होगा. शिक्षा और संस्कृति के रूप में प्रतिष्ठित वडोदरा अब विमानन क्षेत्र हब के रूप में नई पहचान बनाएगा.''
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस दौरान कहा, ''आज देश में पहली बार निजी क्षेत्र की ओर से किसी विमान निर्माण सुविधा की आधारशिला रखी जा रही है. यह निश्चित रूप से रक्षा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे देश के लिए गर्व की बात है.''
एयरबस के चीफ कमर्शियल ऑफिसर क्रिश्चियन शेरर ने कहा, ''हम विनम्रता और ज़िम्मेदारी की एक महान भावना के साथ, एयरबस में भारत सरकार के विश्वास और विश्वास को स्वीकार करते हैं. टाटा और एयरबस मिलकर एक ऐसा विमान बनाएंगे, जो इंडियन एयरफोर्स को मज़बूत करेगा और प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के नज़रिये को आगे बढ़ाएगा. ''
क्या है एयरबस के सी-295 विमान की खासियत ?
गुजरात में सी-295 विमान निर्माण परियोजना पर 22 हज़ार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. एयरबस की सी-295 विमान न्यू जेनेरेशन एयरलिफ्टर है.
लाइट और मीडियम सेगमेंट के इस विमान एक साथ कई काम लिए जा सकते हैं. इसे सेना के लिए काफी मुफीद माना जाता है क्योंकि यह सौ से ज्यादा सैनिकों और पैराट्रूपर और सैनिक साजो-सामान को एक जगह से दूसरी जगह ले जा सकता है.
यह उन इलाकों में भी जा सकता है जहां भारी विमान नहीं जा सकते. आपदा नियंत्रण और किसी संकट में फंसे लोगों को निकालने में भी इसका खूब इस्तेमाल होता है.
परियोजना को लेकर क्या था विवाद?
ये परियोजना पहले महाराष्ट्र में लागू की जानी थी लेकिन बाद में इसे गुजरात ले जाने का फैसला किया गया है. मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया था.
इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनकी सरकार की कमजोरियों की वजह से परियोजनाएं गुजरात नहीं जा रही हैं. महाराष्ट्र में कई बड़ी परियोनजाओं में निवेश आने वाला है.
उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस के साथ मिलकर उन्होंने इस बारे में नरेंद्र मोदी और अमित शाह से चर्चा की है.
इससे पहले वेदांता-फॉक्सकॉन परियोजना के भी महाराष्ट्र से गुजरात जाने के मामले ने भी काफी तूल पकड़ा था. महाराष्ट्र में विपक्ष ये लगातार आरोप लगा रहा है कि महाराष्ट्र सरकार की नाकामी की वजह से परियोजनाएं गुजरात जा रही हैं.
दक्षिण कोरिया: हैलोवीन उत्सव के दौरान मची भगदड़, 151 लोगों की मौत
ब्रेकिंग न्यूज़, टी-20 वर्ल्ड कप: भारत ने दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ जीता टॉस, पहले करेगा बल्लेबाज़ी
टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-2 के मुक़ाबले में भारत ने दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया.
कप्तान रोहित शर्मा ने बताया है कि ऑलराउंडर अक्षर पटेल की जगह दीपक हुड्डा को प्लेइंग इलेवन में रखा गया है.
इससे पहले टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ मैच खेले हैं जिसमें उसने दोनों मैच जीते हैं.
वहीं दक्षिण अफ़्रीका ने ज़िम्बॉब्वे और बांग्लादेश के ख़िलाफ़ मैच खेला है जिसमें बांग्लादेश के ख़िलाफ़ उसने जीत दर्ज की और ज़िम्बॉब्वे के ख़िलाफ़ मैच बेनतीजा रहा.
ब्रेकिंग न्यूज़, टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 6 विकेट से हराया
टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-2 के मुक़ाबले में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 6 विकेट से हरा दिया.
पाकिस्तान ने 13.5 ओवरों में 4 विकेट के नुक़सान पर 95 रन बनाए.
मोहम्मद रिज़वान ने सबसे अधिक 49 रन बनाए जबकि फ़ख़र ज़मां 20 रन बनाकर आउट हुए.
वहीं नीदरलैंड्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 9 विकेट के नुक़सान पर 91 रन बनाए थे और पाकिस्तान को 92 रनों का लक्ष्य दिया था.
टी20 वर्ल्ड कप में किसे सपोर्ट कर रहे ये भारतीय पति और पाकिस्तानी पत्नी?
प्रवेश वर्मा ने जिस अधिकारी से की थी बहस वो यमुना के पानी से नहाए
पश्चिमी दिल्ली से बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा की चुनौती के बाद दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी संजय शर्मा यमुना नदी के पानी से नहाए हैं.
दिल्ली के कालिंदी कुंज में यमुना नदी के किनार वो नहाए जिसके बाद दिल्ली जल बोर्ड के उपचार गुणवत्ता नियंत्रण के निदेशक संजय शर्मा ने बयान दिया.
उन्होंने कहा कि यमुना नदी के पानी का बीओडी लेवल 12-13, टीएसएस 20 से नीचे, फॉस्फेट 0.1 और डिसोल्व़ ऑक्सीजन 7 से अधिक है, नदी साफ़ है और लोग बेझिझक होकर यहां डुबकी लगा सकते हैं.
आम आदमी पार्टी के विधायक सौरभ भरद्वाज ने ट्वीट किया, “आज सारी मीडिया के सामने दिल्ली सरकार DJB के डाइरेक्टरी क्वालिटी - संजय शर्मा ने यमुना जी के पानी से स्नान किया। बताया पानी नहाने के लिए बिल्कुल सुरक्षित।छठी मैया की जय!”
क्या है मामला
ग़ौरतलब है कि आप नेता सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो ट्वीट की था. इसमें प्रवेश वर्मा दिल्ली जल बोर्ड के उन अधिकारियों को डांटते हुए दिखाई दे रहे हैं जो यमुना के पानी में झाग को खत्म करने के लिए रसायन का छिड़काव करने गए थे.
वीडियो में प्रवेश वर्मा अधिकारी संजय शर्मा से कह रहे हैं, "आठ सालों में तुमको ये ध्यान आ रहा है कि ये अप्रूव्ड है... यहां पर तुम लोगों को मार रहे हो, आठ सालों में तुम इसे साफ नहीं कर पाए.... तू इसमें चल अभी डुबकी लगा.”
जवाब देते हुए वहां मौजूद अधिकारी कहते हैं कि ये केमिकल यूएस एफडीए से मान्यता प्राप्त है.
ज़िम्बॉब्वे को ब्रिटेन लौटा सकता है औपनिवेशिक काल की ये चीज़ें
लंदन के नैचुरल हिस्ट्री म्यूज़ियम और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी ने कहा है कि वो ज़िम्बॉब्वे को वो मानव अवशेष लौटाने में सहयोग करने को तैयार है जो औपनिवेशिक युग में लाए गए थे.
यह ताज़ा बयान ज़िम्बॉब्वे के प्रतिनिधिमंडल के ब्रिटेन जाने के बाद आया है जहां पर प्रतिनिधिमंडल के अधिकारियों ने दोनों संस्थानों के अधिकारियों के साथ मुलाक़ात की है.
ज़िम्बॉब्वे 19वीं सदी के अंत में उपनिवेश विरोध के नायकों की खोपड़ियों की तलाश कर रहा है, उनका मानना है कि वो ब्रिटेन में हो सकती हैं.
हालांकि, इनका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है.
ज़िम्बॉब्वे में प्रशासन को लंबे समय से यह शक रहा है कि 1890 के दशक में ब्रिटिश शासन के ख़िलाफ़ विद्रोह करने वाले नेताओं के अवशेष ब्रिटेन ट्रॉफ़ी के तौर पर ले गया था. इनमें फ़र्स्ट चिमुरेंगा भी शामिल थे.
इन सबमें सबसे महत्वपूर्ण एमबुया नेहांदा नाम की महिला भी शामिल थीं. उनको हरारे में फांसी दी गई थी उन्हें राष्ट्रीय नायिका के तौर पर जाना जाता है.
संग्रहालय में खोजबीन के दौरान नैचुरल हिस्ट्री म्यूज़ियम को 11 अवशेष मिले हैं जो मूल रूप में ज़िम्बॉब्वे के लगते हैं. हालांकि नेहांदा के होने के इसके रिकॉर्ड्स मौजूद नहीं हैं.
इसी तरह से कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी की डकवर्थ लैबोरेट्री ने कहा है कि उसके पास ज़िम्बॉब्वे के कुछ मानव अवशेष मौजूद हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान को नीदरलैंड्स ने दिया 92 रनों का लक्ष्य
टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-2 के मैच में नीदरलैंड्स ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 92 रनों का लक्ष्य रखा है.
नीदरलैंड्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 9 विकेट के नुक़सान पर 91 रन बनाए.
नीदरलैंड्स की ओर से सबसे अधिक 27 रन कॉलिन एकरमैन और स्कॉट एडवर्ड्स ने 15 रन बनाए.
पाकिस्तान की ओर से शादाब ख़ान ने 3 विकेट, मोहम्मद वसीम ने 2 विकेट लिए जबकि शाहीन शाह अफ़रीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ़ ने एक-एक विकेट लिए.