पाकिस्तान को अमेरिकी सलाह पर बोला चीन- असलियत में कुछ करके दिखाएं

चीन ने मंगलवार को पाकिस्तान के संबंध में अमेरिकी सेक्रेटरी एंटनी ब्लिंकन के एक बयान पर तीख़ी प्रतिक्रिया दी है.

लाइव कवरेज

ब्रजेश मिश्र and प्रेरणा .

  1. अशोक गहलोत बनाम सचिन पायलट: सोनिया, राहुल से कहां चूक हुई?

  2. सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ की सुनवाई का सीधा प्रसारण शुरू

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, ANI

    भारत के सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार से एक बड़ा बदलाव हुआ है. आज से सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ में होने वाली सुनवाई की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग शुरू हो गई है.

    ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए सुप्रीम कोर्ट वेबसाइट और यूट्यूब का इस्तेमाल करेगा.

    27 सितंबर को संविधान पीठ में ईडब्ल्यूएस आरक्षण, महाराष्ट्र में शिवसेना का विवाद समेत कई अन्य मामले सुनवाई के लिए रखे गए हैं.

    सुप्रीम कोर्ट की यह नई पहल है और और फिलहाल प्रयोग के स्तर पर है.

    देश की सर्वोच्च अदालत में होने वाली संविधान पीठ की सुनवाइयों के लिए तीनों कोर्ट का अलग-अलग वेबकास्ट होगा.

    सुप्रीम कोर्ट संविधान पीठ में सुनवाई लाइव

    इमेज स्रोत, webcast.gov.in/scindia/

    यह काम नेशनल इनफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC)को सौंपा गया है.

    ऑनलाइन सुनवाई देखने के लिए आप https://webcast.gov.in/scindia/का इस्तेमाल कर सकते हैं.आप एनआईसी के यूट्यूब चैनलों पर भी कार्यवाही देख सकते हैं.

    सुप्रीम कोर्ट संविधान पीठ में सुनवाई लाइव

    इमेज स्रोत, webcast.gov.in/scindia/

    कोरोना के समय से ऑनलाइन सुनवाई

    इसके पहले कोरोना महामारी के आने पर सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाओं के लिए ई-फाइलिंग की शुरुआत की थी.

    ई फ़ाइलिंग 24 घंटे में कभी भी की जा सकती है और सुप्रीम कोर्ट की फीस का भुगतान भी ऑनलाइन किया जा सकता है.

    कोरोना काल में जब सारे कामकाज रुक गए थे और वर्क फ्रॉम होम कल्चर को बढ़ावा दिया गया तो अदालतों ने भी ऑनलाइन सुनवाई की सुविधा शुरू की.

  3. खालिस्तान रेफ़रेन्डम मामला कितना गंभीर, क्या कहते हैं कनाडा में बसे भारतीय

  4. अंकिता भंडारी मर्डर केस: अब पुलिस के हाथ लगे कौन से नए सबूत?

    एसआईटी इंचार्ज और डीआईजी पी रेणुका देवी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एसआईटी इंचार्ज और डीआईजी पी रेणुका देवी

    उत्तराखंड में अंकिता भंडारी की हत्या के मामले में गठित एसआईटी ने वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल हुई दो कारें बरामद कर ली हैं.

    पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सबूतों के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है.

    एसआईटी इंचार्ज और डीआईजी पी रेणुका देवी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, ‘‘हमने जो सबूत जुटाए हैं उन्हें परख रहे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट हमें मिल गई है. हम रिज़ॉर्ट में काम करने वाली दो और महिलाओं के बयान रिकॉर्ड करेंगे. हत्या में इस्तेमाल हुई दो कारें हमने बरामद कर ली हैं. अभियुक्तों से पूछताछ के लिए हम पुलिस कस्टडी के लिए अप्लाई करेंगे. ’’

    उन्होंने बताया कि रिज़ॉर्ट में पहले काम कर चुके लोगों के बारे में जानकारी जुटाई गई है और उनके बयान भी रिकॉर्ड किए जाएंगे.

    अंकिता का शव ऋषिकेश- हरिद्वार मार्ग पर चीला शक्ति नहर के पावर हाउस के पास बरामद किया गया.

    इमेज स्रोत, ANI

    क्या है पूरा मामला?

    19 वर्षीय अंकिता भंडारी की हत्या का आरोप रिज़ॉर्ट संचालक भाजपा नेता और पूर्व राज्यमंत्री विनोद आर्य के बेटे पुलकित आर्य, रिज़ॉर्ट मैनेजर सौरभ भास्कर और एक अन्य कर्मी अंकित पर लगा है.

    पुलिस के मुताबिक़ अंकिता को 'अनैतिक कार्य' के लिए मजबूर किया जा रहा था और जब अंकिता ने इस बारे में दूसरों को बताने की धमकी दी तो उनकी हत्या कर दी गई. शनिवार को अंकिता का शव ऋषिकेश- हरिद्वार मार्ग पर चीला शक्ति नहर के पावर हाउस के पास बरामद किया गया.

    अंकिता उत्तराखंड के ही जनपद पौड़ी गढ़वाल के डोम श्रीकोट की रहने वालीं थीं. वो ऋषिकेश में लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र और चीला के बीच मौजूद वंतरा रिज़ॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी कर रही थीं.

    उत्तराखंड के श्रीनगर में एनआईटी घाट पर रविवार को अंकिता भंडारी का अंतिम संस्कार कर दिया गया. ऋषिकेश में उनकी कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी. पूर्व में बीजेपी के नेता रहे विनोद आर्य के बेटे पुलकित आर्य पर अंकिता की हत्या का आरोप है. पुलिस ने इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ़्तार भी किया है.

  5. शिज़ों आबे को अंतिम विदाई का कार्यक्रम शुरू, मोदी समेत दुनिया के कई नेता मौजूद

    एकी आबे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे को टोक्यो में अंतिम विदाई देने का कार्यक्रम शुरू हो गया है. आबे को आठ जुलाई को नारा शहर में चुनाव प्रचार के दौरान एक हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी थी.

    जापान में उनका अंतिम संस्कार का कार्यक्रम विवादों में घिर गया है क्योंकि कई लोग इस पर होने वाले ख़र्च पर सवाल उठा रहे हैं.

    कार्यक्रम के दौरान शिंज़ो आबे की पत्नी एकी उनकी अस्थियां लेकर टोक्यो के एक हाल में आईं जहां हज़ारों लोग मौजूद थे.

    काला किमोनो (महिलाओं की पारंपरिक जापान वेशभूषा) पहने एकी के हाथ में एक बॉक्स था जिसमें शिंज़ो आबे की अस्थियां थीं.

    उनके आते ही जापानी सेना ने 19 तोपों की सलामी देकर दिवंगत नेता को श्रृद्धांजलि दी.

    पीएम नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बानीज़ के साथ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बानीज़ के साथ

    राजधानी टोक्यो के बुडोकान एरिना में हो रहे कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के ज़बरदस्त इंतज़ाम हैं. इस कार्यक्रम में पीएम मोदी के अलावा अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बानीज़ भी शामिल हैं.

    इससे पहले हज़ारों लोग शिंज़ो आबे के अंतिम दर्शन के लिए लंबी क़तार में लगे. ये क़तार कई किलोमीटर लंबी थी.

    लेकिन जापान में कुछ लोग इस सारे कार्यक्रम को फ़िज़ूलख़र्ची बता रहे हैं. कल भी टोक्यो में हज़ारों लोगों ने एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था.

  6. बाढ़ प्रभावित पाकिस्तान को अमेरिका देगा 10 मिलियन डॉलर की अतिरिक्त मदद

    एंटनी ब्लिंकन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने खाद्य सुरक्षा के लिए पाकिस्तान को अतिरिक्त 10 मिलियन डॉलर की सहायता की घोषणा की है.

    वाशिंगटन में पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो से मुलाकात के बाद प्रेस कांफ्रेंस में एंटनी ब्लिंकन ने पाकिस्तान में आई बाढ़ से हुई तबाही का जिक्र किया और कहा कि यह पाकिस्तान के लिए बहुत मुश्किल समय है और इस मुश्किल समय में हमेशा ही पाकिस्तान की मदद कर रहा है और पाकिस्तान के लोगों के साथ खड़ा है.

    उन्होंने कहा कि अमेरिका इस मुश्किल घड़ी में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करता रहेगा. अगर बाढ़ की चुनौती से तुरंत निपटा नहीं गया तो इसके दूरगामी परिणाम होंगे.

    उन्होंने कहा कि अमेरिका ने अब तक बाढ़ पीड़ितों को 55 मिलियन डॉलर की सहायता प्रदान की है और अब खाद्य सुरक्षा के लिए अतिरिक्त 10 मिलियन डॉलर की सहायता प्रदान कर रहा है.

    बिलावल भुट्टो जरदारी और एंटनी ब्लिंकन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंधों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और अमेरिका के विभिन्न स्तरों पर मजबूत संबंध हैं, चाहे वह राजनयिक हो या सार्वजनिक.

    उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों के दौरान कई अमेरिकी संस्थानों ने पाकिस्तानी युवाओं को विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया है. युवा शिक्षा और अन्य क्षेत्रों के लिए पाकिस्तान और अमेरिका के बीच कई आदान-प्रदान कार्यक्रम दशकों से चल रहे हैं और भविष्य में भी जारी रहेंगे क्योंकि इन कार्यक्रमों के माध्यम से दोनों देशों के लोग एक-दूसरे से सीखते हैं.

    उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध और मजबूत हो सकते हैं.

    अफगानिस्तान के बारे में बात करते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि दो दशकों से पाकिस्तान और अमेरिका का अफगानिस्तान में शांति का एक साझा लक्ष्य था और आज भी दोनों देश संयुक्त रूप से एक शांतिपूर्ण अफगानिस्तान की मांग कर रहे हैं.

  7. पीएफ़आई के ठिकानों पर आठ राज्यों में फिर से छापेमारी, कई गिरफ़्तार

    पीएफआई पर कार्रवाई की 23 सितंबर की तस्वीर

    इमेज स्रोत, ANI

    राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और दूसरी जांच एजेंसियों ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया (पीएफआई) के ठिकानों पर मंगलवार को एक बार फिर छापेमारी शुरू की है. इस दौरान कुछ लोगों को गिरफ़्तार भी किया गया है.

    दिल्ली, असम और कर्नाटक समेत आठ राज्यों में जांच एजेंसियां छापेमारी कर रही हैं. पहले राउंड में हुए छापेमारी से मिले सबूतों और गिरफ़्तार लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच एजेंसियों ने दूसरे राउंड की कार्रवाई शुरू की है.

    कुछ जगहों पर स्थानीय पुलिस भी छापेमारी कर रही है. समाचार एजेंसी एएआई के मुताबिक कर्नाटक के बेल्लारी ज़िले से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

    ख़बरों के मुताबिक असम में भी पुलिस ने सात पीएफ़आई नेताओं को गिरफ्तार किया है. राज्य के कामरूप ज़िले से ये गिरफ्तारियां सुबह पांच के आसपास की गईं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    उत्तर प्रदेश के मेरठ, बुलंदशहर और सीतापुर ज़िलों से कुछ लोगों को पीएफ़आई से लिंक के चलते गिरफ्तार किया गया है.

    इसके पहले गुरुवार को एनआईए और ईडी ने 15 राज्यों में 93 जगहों पर छापेमारी की थी. इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, असम, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, पश्चिम बंगाल, बिहार और मणिपुर राज्य शामिल हैं. इस दौरान 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया था.

  8. शिंजो आबे की विदाई के लिए जापान में पीएम मोदी, जापान के पीएम से की मुलाक़ात

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, @narendramodi

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की अंतिम विदाई के लिए टोक्यो पहुँचे हैं.

    पीएम मोदी के अलावा दुनिया के कई नेता जापान में हैं.

    आबे के अंतिम संस्कार के लिए सौ देशों के प्रतिनिधि टोक्यो में हैं. इनमें 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष भी शामिल हैं. लेकिन जापान के भीतर अंतिम विदाई पर हो रहे ख़र्च के कारण इसका विरोध हो रहा है.

    कल भी हज़ारों लोगों ने टोक्यो की सड़कों पर इसका विरोध किया था.

    शिंजो आबे को भारत के दोस्त के रूप में याद किया जाता है. उन्होंने दूसरे विश्व युद्ध के बाद जापान की विदेश नीति की दिशा बदलने में मुख्य किरदार निभाया था.

    टोक्यो पहुँचने के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट किया और कहा - मैं टोक्यो में लैंड कर चुका हूँ.

    उन्होंने जापानी भाषा में भी ऐसा ही ट्वीट किया है.

    अंतिम विदाई से पहले भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री फ़ुमियो किशिदा से मुलाक़ात की है.

    इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वो शिंजो आबे के असयम निधन से दुखी हैं.

    उन्होंने कहा कि शिंजो आबे ने भारत-जापान के रिश्तों को ऊंचाई दी और कई स्तर पर बढ़ावा दिया.

    पीएम मोदी ने कहा, ‘‘मुझे भरोसा है कि आपके नेतृत्व में भारत-जापान के संबध और गहरे होंगे और नई बुलंदियां छुएंगे.’’

    आबे की मौत

    जापान के लोकप्रिय पूर्व प्रधानमंत्री को एक व्यक्ति ने आठ जुलाई को एक चुनाव अभियान के दौरान गोली मार दी थी.

    भारत ने उनकी मौत पर नौ जुलाई को एक दिन का राष्ट्रीय शोक मनाया था.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    क्यों हो रहा है विरोध ?

    शिंजो आबे की तमाम लोकप्रियता के बावजूद जापान में कुछ लोग उनके अंतिम संस्कार में किए जाने वाले ख़र्च की वजह से इसका विरोध कर रहे हैं.

    एक अनुमान के मुताबिक इस पूरे संस्कार पर करीब 93 करोड़ रुपये ($ 11.4 मिलियन) ख़र्च होंगे.

    बीते कुछ हफ़्तों में देश के भीतर इसके प्रति ग़ुस्सा बढ़ा है. पिछले हफ़्ते अंतिम संस्कार का विरोध करने वाले एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री के कार्यालय के सामने ख़ुद को आग लगा ली थी.

    सोमवार को करीब दस हज़ार प्रदर्शनकारी टोक्यो की सड़कों पर विरोध करने उतरे थे.

  9. अमेरिका ने कहा भारत और पाकिस्तान दोनों हमारे पार्टनर

    भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान, दोनों देश उनके पार्टनर हैं और दोनों का अपना-अपना महत्व है.

    अमेरिका का ये बयान भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के दौरे के एक दिन बाद आया है जिसमें उन्होंने पाकिस्तान को एफ-16 लड़ाकू विमानों में सुरक्षा मदद देने के अमेरिकी फ़ैसले पर सवाल उठाए थे.

    अमेरिका ने दलील दी थी कि पाकिस्तान को ये मदद आतंकवाद से लड़ाई के लिए दी जा रही है, जिसके जवाब में एस. जयशंकर ने कहा था कि सबको पता है कि कहां और किसके ख़िलाफ़ एफ़-16 लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल होता है.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा, ‘‘भारत और पाकिस्तान से हमारे संबंध अलग-अलग हैं. हम एक देश के साथ अपने संबंधों को दूसरे से जोड़कर नहीं देखते. दोनों हमारे पार्टनर हैं और उनका अपना महत्व है.’’

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेस प्राइस

    इमेज स्रोत, usembassy.gov

    बता दें कि इस महीने की शुरुआत में अमेरिका ने पाकिस्तान को एफ-16 लड़ाकू विमानों के रखरखाव के लिए 45 करोड़ डॉलर की मदद का वादा किया था. ऐसा करके बाइडन प्रशासन ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले को पलट दिया.

    ट्रंप प्रशासन ने तालिबान और हक्कानी नेटवर्क की मदद के आरोपों की वजह से पाकिस्तान को किसी भी तरह की सैन्य सहायता देने पर प्रतिबंध लगा दिया था.

    प्राइस ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि इन पड़ोसी मुल्कों के संबंध एक-दूसरे से जितना संभव हो सके बेहतर हों.’’

    उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अफ़ग़ानिस्तान में हिंसा और अस्थिरता पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के लिए ठीक नहीं है.

    नेड प्राइस ने बताया कि अमेरिका ने बाढ़ प्रभावित पाकिस्तान की मदद के लिए लाखों डॉलर दिए हैं.

  10. नासा का डार्ट स्पेसक्राफ़्ट एस्टेरॉयड से टकराने में हुआ सफल, पूरे नतीजों के लिए करना पड़ेगा इंतज़ार

    नासा

    इमेज स्रोत, NASA/JHU-JPL

    अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा का डार्ट स्पेसक्राफ्ट, एस्टेरॉयड डिमोरफोस से टकराकर ध्वस्त हो गया है.

    इस टक्कर को जानबूझ कर कराया गया ताकि पता लगाया जा सके कि क्या धरती की ओर से आने वाले एस्टेरॉयड या स्पेस रॉक रास्ते से हटाए जा सकते हैं.

    डार्ट के कैमरे ने टारगेट को हिट करने तक प्रति सेकंड तस्वीरें भेजी.

    नासा के वैज्ञानिकों को इस प्रयोग की असल कामयाबी का पता लगाने में कुछ हफ़्तों का समय लगेगा.

    वो मिशन की कामयाबी की पुष्टि करेंगे या फिर डिमोरफोस के चारों ओर दूसरे एस्टेरॉयड डिडीमॉस के ऑर्बिट में हुए बदलावों के पड़ताल करेंगे.

    लेकिन फिलहाल मकसद एस्टेरॉयड से डार्ट को टकराना था और वो सफल रहा है.

    धरती पर करीब दो दर्जन के अधिक टेलीस्कोप इन दोनों चट्टानों की बारीकी से जांच करेंगे.

    नासा

    इमेज स्रोत, NASA/JPL-APL

    टक्कर से पहले डिमोरफ़ोस को 780 मीटर चौड़े एस्टेरॉयड का चक्कर काटने में 11 घंटे 55 मिनट का समय लगा.

    अब इस टक्कर के बाद ये समय थोड़ा कम हो सकता है. 22 हज़ार किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ़्तार से चलने वाले डार्ट प्रोब में पहले एक छोटी चट्टान को बड़ी चट्टान से अलग करना था.

    स्पेसक्राफ़्ट में लगे नेविगेशन सॉफ्टवेयर ने फिर आमने-सामने की टक्कर सुनिश्चित करने के लिए थ्रस्टर फायरिंग की.

    डार्ट का मतलब है – डबल एस्टेरॉयड रिडायरेक्शन टेस्ट.

    डिमोरफोस के आकार के बराबर की कोई भी चीज़ अगर धरती पर गिरती है तो करीब एक किलोमीटर के घेरे में 100 मीटर गहरा गड्ढ़ा हो सकता है.

    इससे होने वाला नुकसान बेहद भीषण होगा. इसलिए वैज्ञानिक लगातार इस खोज में हैं कि क्या अंतरिक्ष में मौजूद ऐसी चट्टानों को नष्ट किया जा सकता है, या उनका रास्ता बदला जा सकता है.

  11. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार करें अनंत और पवन का.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 26 सितंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    शुरुआत आज की कुछ बड़ी ख़बरों से

    • जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के अंतिम विदाई कार्यक्रम में पीएम मोदी हिस्सा ले रहे हैं
    • आज से सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ के मामलों का लाइव प्रसारण शुरू होगा
    • दिल्ली के आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह ख़ान की ज़मानत पर आज सुनवाई
    • कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की दिल्ली में बैठक
    • सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ आज शिवसेना के उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे गुट की याचिकाओं की करेगा सुनवाई