सीरिया ने कहा, इसराइल ने दमिश्क के पास किया हवाई हमला, मारे गए तीन सैनिक

इमेज स्रोत, Getty Images
सीरिया के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि इसराइल ने राजधानी दमिश्क के पास हवाई हमला किया है, जिसमें तीन सैनिक मारे गए हैं और सात अन्य घायल हैं.
बयान में कहा गया है कि सीरियाई एयर डिफेंस ने गोलान हाइट्स से लॉन्च की गई मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया है. राजधानी दमिश्क में इन धमाकों की आवाज सुनी गई.
हालांकि इसराइल शायद ही कभी इस तरह के हमलों पर टिप्पणी करता है. ऐसा माना जाता है कि इसराइल ने पिछले एक दशक में सीरियाई सेना, ईरान समर्थक मिलिशिया और हिजबुल्लाह लड़ाकों के ठिकानों को निशाना बनाते हुए सैकड़ों हमले किए हैं.
पिछले महीने दमिश्क हवाई अड्डे को इसराइल के संदिग्ध हमलों के बाद हफ्तों के लिए बंद कर दिया गया था.
