You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

उल्फा (आई) के समर्थन में कविता लिखने के आरोप में गिरफ़्तार बरसाश्री बुरागोहाईं को मिली ज़मानत

गुवाहाटी हाईकोर्ट ने गुरुवार को क़रीब दो महीने बाद 19 साल की इस छात्रा को ज़मानत दे दी है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and चंदन शर्मा

  1. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन हुए कोरोना संक्रमित, आइसोलेशन में रहकर काम करते रहेंगे

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन कोरोना से संक्रमित हो गए हैं. व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कैराइन जीन-पियरे ने एक बयान जारी करके इसकी जानकारी दी है.

    प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रपति बाइडन व्हाइट हाउस में आइसोलेट होकर काम कर रहे हैं. साथ ही वो एंटीवायरल दवा का सेवन कर रहे हैं.

    वहीं अमेरिका की पहली महिला और राष्ट्रपति बाइडन की पत्नी जिल बाइडन ने कहा है, ''वो ठीक हैं, जबकि मैं निगेटिव पाई गई हूं.''

    कैराइन जीन-पियरे ने अपने बयान में बताया है, ''79 साल के राष्ट्रपति बाइडन में 'बहुत हल्के ​लक्षण' देखे गए. और वे अपने सभी काम करते रहेंगे.''

    बयान के अनुसार, व्हाइट हाउस के प्रोटोकॉल के अनुरूप राष्ट्रपति जो बाइडन आइसोलेशन में रहकर निगेटिव होने तक काम करते रहेंगे.

    जीन-पियरे ने यह भी बताया है कि वो टेलीफोन और ज़ूम के ज़रिए बैठकों में हिस्सा लेंगे.

    राष्ट्रपति के फिजिशियन डॉ. केविन ओ कोनोर ने भी इस बारे में एक ट्वीट किया है. उन्होंने यह भी बताया है कि राष्ट्रपति बाइडन, दो बूस्टर डोज़ के साथ कोविड वैक्सीन से पूरी तरह वैक्सीनेटेड हैं.

    वहीं व्हाइट हाउस के कोविड समन्वयक डॉ. आशीष झा ने बताया है, ''राष्ट्रपति बाइडन थकान महसूस कर रहे थे. उनकी नाक बह रही ​थी और उन्हें सूखी खांसी भी थी. वे सोने गए लेकिन अच्छे से नींद नहीं आई. उसके बाद गुरुवार सुबह हुए टेस्ट में वो कोविड पॉज़िटिव पाए गए.''

  2. उल्फा (आई) के समर्थन में कविता लिखने के आरोप में गिरफ़्तार बरसाश्री बुरागोहाईं को मिली ज़मानत

    असम में कथित तौर पर प्रतिबंधित चरमपंथी संगठन उल्फा (आई) के समर्थन में कविता लिखने के आरोप में मई में गिरफ़्तार की गईं बरसाश्री बुरागोहाईं को गुवाहाटी हाईकोर्ट ने ज़मानत दे दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, गुवाहाटी हाईकोर्ट ने गुरुवार को क़रीब दो महीने बाद 19 साल की इस छात्रा को ज़मानत दे दी है.

    बीबीसी के सहयोगी संवाददाता दिलीप कुमार शर्मा के अनुसार, पुलिस ने बरसाश्री को गोलाघाट ज़िले के सरूपथार से तब गिरफ़्तार किया था, जब वो अपनी एक सहेली के घर घूमने गई थीं.

    असम पुलिस ने बरसाश्री के फ़ेसबुक प्रोफ़ाइल पर अपडेट की गई एक पोस्ट का स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था.

    बरसाश्री ने पिछले कुछ महीनों में क़रीब आठ कविताएं लिखी थी, जिन्हें वो अपने फ़ेसबुक पर साझा कर रही थीं. लेकिन उन सभी कविताओं को उनके फ़ेसबुक से अब डिलीट करा दिया गया है.

    जोरहाट के डीसीबी गर्ल्स कॉलेज में बीएससी गणित के द्वितीय वर्ष की छात्रा बरसाश्री पर ग़ैरक़ानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम यानी यूएपीए की धारा 10 और 13 के तहत गिरफ़्तार किया गया था.

  3. यशवंत सिन्हा ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर बधाई दी

    राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू की जीत पर उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा ने बधाई दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर साथ में एक बधाई पत्र भी जारी किया है.

    ट्विटर पर उन्होंने लिखा, ''मैं अपने देशवासियों के साथ श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव 2022 में जीत मिलने के बाद बधाई दे रहा हूं.''

    उन्होंने आगे लिखा, ''भारत को उम्मीद है कि 15वें राष्ट्रपति के रूप में वो संविधान के संरक्षक के तौर पर बिना किसी भय के काम करेंगी.''

    इससे पहले द्रौपदी मुर्मू ने यशवंत सिन्हा को इस चुनाव में भारी अंतर से हरा दिया.

    यशवंत सिन्हा को कितने मिले वोट?

    समाचार एजेंसी एएनआई ने राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी के हवाले से बताया, ''यशवंत सिन्हा को प्रथम वरीयता के 1,877 वोट मिले, जिसका मूल्य 3,80,177 रहा. द्रौपदी मुर्मू को पहली वरीयता के वोट, राष्ट्रपति चुने जाने के लिए ज़रूरी कोटे से ज़्यादा थे, इसलिए रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में मैं एलान करता हूं कि वो भारत के राष्ट्रपति पद के लिए चुन ली गई हैं.''

    उन्होंने आगे बताया, ''परिणाम की घोषणा के साथ ही राष्ट्रपति का चुनाव अब पूरा हो गया है. इस चुनाव में कुल 4,754 वोट पड़े, जिसमें से 4,701 वोट वैध थे, जबकि 53 अमान्य.''

    उनके अनुसार, ''द्रौपदी मुर्मू को इसमें से पहली वरीयता वाले 2,824 वोट मिले, जिसका मूल्य 6,76,803 रहा. वहीं राष्ट्रपति चुने जाने के लिए किसी उम्मीदवार को 5,28,491 मूल्य का कोटा हासिल करना था.''

    पीटीआई के अनुसार पीसी मोदी ने बताया कि इस चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को कुल वैध 64 प्रतिशत वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा को 36 प्रतिशत वोट मिले.

    द्रौपदी मुर्मू 25 जुलाई को राष्ट्रपति के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगी.

  4. द्रौपदी मुर्मू ने यशवंत सिन्हा को हराकर जीता राष्ट्रपति पद का चुनाव

    राष्ट्रपति चुनाव की हो रही मतगणना के नतीज़े आ गए हैं. इसमें एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने विपक्षी दलों के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के मुक़ाबले निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी के हवाले से बताया, ''यशवंत सिन्हा को प्रथम वरीयता के 1,877 वोट मिले, जिसका मूल्य 3,80,177 रहा. द्रौपदी मुर्मू को पहली वरीयता के वोट, राष्ट्रपति चुने जाने के लिए ज़रूरी कोटे से ज़्यादा थे, इसलिए रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में मैं एलान करता हूं कि वो भारत के राष्ट्रपति पद के लिए चुन ली गई हैं.''

    उन्होंने आगे बताया, ''परिणाम की घोषणा के साथ ही राष्ट्रपति का चुनाव अब पूरा हो गया है. इस चुनाव में कुल 4,754 वोट पड़े, जिसमें से 4,701 वोट वैध थे, जबकि 53 अमान्य.''

    उनके अनुसार, ''द्रौपदी मुर्मू को इसमें से पहली वरीयता वाले 2,824 वोट मिले, जिसका मूल्य 6,76,803 रहा. वहीं राष्ट्रपति चुने जाने के लिए किसी उम्मीदवार को 5,28,491 मूल्य का कोटा हासिल करना था.''

    पीटीआई के अनुसार पीसी मोदी ने बताया कि इस चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को कुल वैध 64 प्रतिशत वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा को 36 प्रतिशत वोट मिले.

    भारत के राष्ट्रपति को चुनने वाले इलेक्टोरल कॉलेज में मतों के कुल मूल्य 1,086,431 होते हैं.

    मुर्मू राष्ट्रपति बनने वाली भारत की पहली आदिवासी और दूसरी महिला हैं. ओडिशा की रहने वाली मुर्मू पहले झारखंड की राज्यपाल भी रह चुकी हैं.

    द्रौपदी मुर्मू 25 जुलाई को राष्ट्रपति के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगी.

  5. 21 जुलाई 2022 का ‘दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर’, सुनिए मोहम्मद शाहिद और अंजुम शर्मा से

  6. ब्रिटेन: अपने कैंपेन पर बोल ऋषि सुनक- मैं दिन-रात एक कर दूंगा

    ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में अंतिम दो उम्मीदवारों में बुधवार को शामिल हुए ऋषि सुनक ने कहा है कि वो अपने कैंपेन के लिए दिन और रात काम करने को तैयार हैं.

    न्यूज़ वेबसाइट दे डेली टेलीग्राफ़ में लिखे एक आलेख में पूर्व वित्त मंत्री सुनक ने यह बात कही है.

    लिज़ ट्रस के साथ कई नीतिगत मसलों पर पैदा हुई कड़वाहट को कम करने का प्रयास करते हुए कहा है कि वे अपनी प्रतिद्वंद्वी को 'चाहते और उनका सम्मान करते' हैं.

    ऋषि सुनक ने लिखा, ''मैं थैचराइट (मार्गरेट थैचर का अनुयायी) हूं. मैं कड़ी मेहनत, परिवार और ईमानदारी में यक़ीन करता हूं. इस मुहिम में मैं थैचराइट के रूप में भाग ले रहा हूं और शासन भी इसी रूप में करूंगा.''

    उन्होंने लिखा, ''मेरा देश की संप्रभुता में यक़ीन है. क़ानूनी और ग़ैर क़ानूनी आप्रवासन को लेकर मेरा रुख़ सख़्त है. मेरे लिए आर्थिक विकास सबसे आगे है. और यह महंगाई कम करके और सरकारी ख़र्च बढ़ाकर ही हासिल हो सकता है. वृद्धि दर तेज़ करने का सबसे बेहतर तरीक़ा करों और नौकरशाही में कटौती करना है. साथ ही निजी निवेश और इनोवेशन को बढ़ाने की ज़रूरत है.''

    कब तय होगा अगले पीएम का नाम

    बोरिस जॉनसन की जगह लेने की दौड़ में ऋषि सुनक का मुक़ाबला लिज़ ट्रस से है. अनुमान है कि 5 अगस्त से कंजरवेटिव पार्टी के 1.6 लाख सदस्यों के वोट पोस्टल बैलेट से मिलने शुरू हो जाएंगे. पोस्टल बैलेट पाने की समयसीमा 2 सितंबर शाम 5 बजे है.

    उसके बाद मतों की गिनती की जाएगी. 5 सितंबर को ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री के नाम का एलान कर दिया जाएगा.

    इससे पहले, बुधवार को कंज़रवेटिव सांसदों के बीच अंतिम दौर के मतदान में अंतिम दो नामों का फ़ैसला हुआ. पाँचवें दौर के मतदान में ऋषि सुनक को सबसे अधिक 137 वोट मिले हैं, जबकि लिज़ ट्रस को 113 वोट मिले.

  7. राष्ट्रपति चुनाव में वोटों की गिनती जारी, दूसरे राउंड के बाद द्रौपदी मुर्मू बड़ी जीत की ओर

    राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना का काम गुरुवार को हो रहा है. दूसरे राउंड की गिनती ख़त्म होने तक एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने अभी तक गिने गए वोटों का क़रीब 72 प्रतिशत वोट हासिल करके आसान जीत की ओर बढ़ रही हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अभी तक 10 राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, झारखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा और गुजरात के सभी सांसदों और विधायकों के वोट गिने जा चुके हैं.

    क़रीब 6.73 लाख वोटों में से द्रौपदी मुर्मू को अब तक 4.83 लाख वोट मिल चुके हैं. वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा को केवल 1.89 लाख वोट मिले हैं.

    इन 10 राज्यों के कुल 1,138 विधायकों में से मुर्मू को 809 विधायकों के वोट मिले हैं.

  8. बेटी के लिए सुकन्या समृद्धि खाता कैसे खुलवा सकती हैं?

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, उपराष्ट्रपति चुनाव: ममता बनर्जी की टीएमसी का एलान, वोटिंग में हिस्सा नहीं लेंगे

    ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने उपराष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग में हिस्सा नहीं लेने का फ़ैसला किया है.

    तृणमूल कांग्रेस के सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने गुरुवार को इसका एलान किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से अभिषेक बनर्जी ने कहा, ''टीएमसी एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ का समर्थन नहीं करेगी. बैठक में तय हुआ है कि उनकी पार्टी आने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव से अनुपस्थित रहेगी.''

    उपराष्ट्रपति का चुनाव 6 अगस्त को होना है. मौजूदा उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को ख़त्म हो रहा है, लिहाजा नए उपराष्ट्रपति 11 अगस्त को शपथ लेंगे.

    एनडीए ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे जगदीप धनखड़ को अपना उम्मीदवार बनाया है. वहीं विपक्षी दलों ने कांग्रेस की नेता रहीं मार्गरेट अल्वा को अपना प्रत्याशी बनाया है.

    उपराष्ट्रपति के चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के चुने हुए सांसद मतदान करते हैं.

  10. भारत का पहला राष्ट्रपति चुनाव कैसा था?

  11. बिहार: मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह को एक और मामले में 10 साल की सज़ा

      • Author, सीटू तिवारी
      • पदनाम, पटना से, बीबीसी हिंदी के लिए

    बिहार में मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह को पटना स्थित सरकारी आवास से इन्सास राइफ़ल, मैगजीन और बुलेट प्रूफ़ जैकेट बरामद होने के मामले में 10 साल की सज़ा सुनाई गई है.

    इससे पहले बीती 21 जून को भी अनंत सिंह को दस साल की सज़ा हुई थी. तब उन्हें 16 अगस्त 2019 को उनके पुश्तैनी घर से पुलिस छापेमारी में एके-47, हैंड ग्रेनेड और मैगजीन बरामदगी के मामले में सज़ा सुनाई गई थी.

    गुरुवार को जिस मामले में सज़ा सुनाई गई, वो मामला 24 जून 2015 का है. तब विधायक अनंत सिंह के पटना स्थित सरकारी आवास की तलाशी में पुलिस ने इन्सास के छह मैगजीन और बुलेट प्रूफ़ जैकेट बरामद की थी.

    इस बरामदगी से ठीक पहले बाढ़ में 18 जून 2015 को पुटुस यादव नाम के एक युवक लाश मिली थी.

    माना जाता है कि ये हत्या बाढ़ कॉलेज के निकट कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ हुई छेड़खानी को लेकर शुरू हुए विवाद को लेकर हुई थी.

    इस हत्याकांड में अनंत सिंह के साथ-साथ उनके एक क़रीबी मनीष कुमार सिंह का नाम आया था. जिसके बाद पटना के तत्कालीन एसएसपी विकास वैभव के नेतृत्व में अनंत सिंह के सरकारी आवास पर छापेमारी की गई थी.

    मनीष सिंह को साल 2019 में एसटीएफ़ ने गिरफ़्तार किया था. इस मामले में सज़ा मिलने के बाद अनंत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "ये जज नहीं थे बल्कि सरकार के आदमी हैं. हमें न्यायालय पर भरोसा है और हम फ़ैसले के ख़िलाफ़ हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट जाएंगे."

    बता दें कि, 21 जून को अनंत सिंह के दोषी साबित होने के बाद ही बाद इस संबंध मे बिहार विधानसभा की ओर से हाल ही में उनकी विधायकी समाप्त होने की अधिसूचना जारी कर दी गई थी.

    माना जा रहा है कि इस खाली हुई सीट से अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी.

  12. कर्नाटक में टोल प्लाज़ा से टकराई तेज़ रफ़्तार एम्बुलेंस, पलटी, चार की मौत

  13. फ़िल्ममेकर और पत्रकार अविनाश दास जमानत पर रिहा

    फ़िल्ममेकर और पत्रकार अविनाश दास को अहमदाबाद की एक निचली अदालत ने ज़मानत दे दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, झारखंड की आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल और गृह मंत्री अमित शाह की एक तस्वीर ट्वीट करने के मामले में उन्हें गिरफ़्तार किया गया था. आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ़्तार किया गया था.

    अविनाश दास की पत्नी ने ये जानकारी दी है कि जमानत मिलने के बाद वो घर आ रहे हैं.

    अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की एक टीम ने उन्हें मुंबई में उनके घर से गिरफ़्तार किया था. बुधवार को वे अहमदाबाद लाए गए थे.

    अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के डिप्टी कमिश्नर चैतन्य मांडलिक ने पीटीआई को बताया था, "अविनाश दास को बुधवार सुबह चार बजे आधिकारिक रूप से गिरफ़्तार किया गया था. हम उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच कर रहे हैं ताकि ये पता लगाया जा सके कि अतीत में उन्होंने कोई अन्य आपत्तिजनक सामाग्री तो नहीं पोस्ट की थी."

    बुधवार को पुलिस ने ये दावा भी किया था कि उन्हें अविनाश दास का एक और ट्वीट मिला है जिससे हिंदुओं की भावनाएं आहत हो सकती हैं.

  14. द्रौपदी मुर्मू के गांव का हाल

  15. यूरोप को गैस की सप्लाई बढ़ाने के लिए रूस ने उठाया बड़ा कदम

    रूस ने आज से यूरोप में एक प्रमुख पाइपलाइन के जरिए गैस की आपूर्ति को फिर से शुरू कर दिया है.

    पाइपलाइन ऑपरेटर ने कहा कि पश्चिमी प्रतिबंधों के खिलाफ रूस अपने विशाल ऊर्जा निर्यात का इस्तेमाल करेगा.

    इससे पहले पाइपलाइन ऑपरेटर के प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया था कि 10 दिनों के रखरखाव के बाद 'नॉर्ड स्ट्रीम 1' पाइपलाइन को फिर से शुरू करने में कई घंटों का समय लग सकता है.

    पाइपलाइन ऐसे समय में फिर से शुरू हुई है जब रूस के विदेश मंत्री ने सर्गेई लावरोव ने कहा है कि यूक्रेन में रूस की सेना का लक्ष्य अब उसके पूर्वी हिस्से यानी डोनबास से आगे निकल गया है.

    चिंता है कि रूस नॉर्ड स्ट्रीम 1 पाइपलाइन के जरिए भेजी जाने वाली गैस की आपूर्ति को रोका जा सकता है, क्योंकि यूरोपीय संघ ने बुधवार को सदस्य देशों को आपातकालीन कदम के रूप में मार्च तक गैस के इस्तेमाल में 15 प्रतिशत कटौती करने के लिए कहा है.

    यूरोपीय संघ आयोग के अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि रूस हमें ब्लैकमेल कर रहा है. रूस एक हथियार की तरह गैस का इस्तेमाल कर रहा है.

  16. गाने वालीं शाय गिल का इंटरव्यू देखा आपने

  17. भारतीय शेयर बाज़ारों में जारी तेज़ी बरक़रार, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़कर हुए बंद

    बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक (सेंसेक्स) में पिछले एक सप्ताह से जारी तेज़ी बरकरार है. गुरुवार को सेंसेक्स में 284 अंकों की तेज़ी (0.51 फ़ीसदी) दर्ज की गई और यह 55,682 अंकों पर बंद हुआ.

    कच्चे तेल की क़ीमतों में हो रही कमी और विदेशी निवेश के बढ़ने के चलते लगातार पांचवें दिन सेंसेक्स में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. हालांकि विदेशी बाज़ारों से नरमी की ख़बरों का आना जारी है.

    बीते एक हफ़्ते में सेंसेक्स में अब तक कुल 2,266 अंकों की वृद्धि हो चुकी है. पिछले गुरुवार को सेंसेक्स गिरते गिरते 53,416 अंकों तक चला गया था.

    बीएसई में बढ़कर बंद होने वाले शेयरों में इंड्सइंड बैंक प्रमुख हैं. हालांकि डॉ रेड्डीज़ लैब, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस, एचडीएफसी बैंक और एनटीपीसी के शेयरों में​ गिरावट दर्ज की गई.

    उधर, देश के सबसे बड़े शेयर बाज़ार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक (निफ्टी) में भी तेज़ी का रुख़ बना हुआ है. गुरुवार को निफ्टी भी 84 अंक (0.51 फ़ीसदी) बढ़कर बंद हुआ.

  18. यूपी के बिजनौर में ब्रेक फ़ेल, पेट्रोल पंप में घुसी यूपी रोडवेज़ बस, गाड़ियां दबीं

  19. जीएसटी, महंगाई और केंद्रीय संस्थाओं के दुरुपयोग पर राहुल गांधी ने साधा मोदी सरकार पर निशाना

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जीएसटी, महंगाई, सेना में भर्ती की अग्निपथ योजना और केंद्रीय एजें​सियों के दुरुपयोग पर संसद में चर्चा न होने देने और जनता की आवाज़ दबाने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है.

    सोशल मीडिया साइट ट्विटर से किए गए एक ट्वीट में उन्होंने लिखा, ''जीएसटी पर चर्चा करो- सदन स्थगित, महंगाई पर चर्चा करो- सदन स्थगित, अग्निपथ पर चर्चा करो- सदन स्थगित, एजेंसियों के दुरुपयोग पर चर्चा करो- सदन स्थगित.''

    राहुल गांधी का ये ट्वीट तब आया है, जब गुरुवार को ही उनकी मां और कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी से नेशनल हेराल्ड केस में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने क़रीब दो घंटे तक पूछताछ की है.

    वहीं संसद के मॉनसनू सत्र में विपक्षी दल सरकार से महंगाई और जीएसटी के बढ़ने जैसे मसलों पर चर्चा करने के साथ अग्निपथ योजना वापस लेने की मांग कर रहे हैं.

    हंगामे के चलते गुरुवार को भी संसद की कार्यवाही सामान्य ढंग से नहीं चल सकी है.

    राहुल गांधी ने अपने ताज़ा ट्वीट में सरकार पर सरेआम देश की जनता की आवाज़ दबाने का भी आरोप लगाया है. उन्होंने यह भी दावा किया है कि केंद्र सरकार के इस अहंकार और उसकी तानाशाही पर 'सत्य' भारी पड़ेगा.

  20. पोस्टमॉर्टम के लिए मनपसंद डॉक्टर की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

    सुप्रीम कोर्ट में एक पिता ने अपनी बेटी के शव के पोस्टमॉर्टम को लेकर याचिका दायर की थी, जिस पर कोर्ट ने विचार करने से इनकार कर दिया है.

    17 साल की एक छात्रा तमिलनाडु के एक प्राइवेट रेजिडेंशियल स्कूल में मृत पाई गई थी. पिता ने याचिका में कहा कि पोस्टमॉर्टम करने के लिए उनकी पसंद के डॉक्टर को एक्सपर्ट टीम का हिस्सा बनाए जाए.

    13 जुलाई को 12 क्लास में पढ़ने वाली छात्रा की मौत के बाद तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले के कुछ इलाकों में हिंसा भड़क गई थी.

    जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस पीएस नरसिम्हा की पीठ ने कहा कि हमें पोस्टमॉर्टम के लिए स्वतंत्र विशेषज्ञों पर शक क्यों करना चाहिए? आखिर में कोर्ट ने याचिका को खारिज कर दिया.