You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

उल्फा (आई) के समर्थन में कविता लिखने के आरोप में गिरफ़्तार बरसाश्री बुरागोहाईं को मिली ज़मानत

गुवाहाटी हाईकोर्ट ने गुरुवार को क़रीब दो महीने बाद 19 साल की इस छात्रा को ज़मानत दे दी है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and चंदन शर्मा

  1. श्रीलंका को कैसे संभालेंगे रनिल विक्रमसिंघे

    श्रीलंका के सांसदों ने प्रधानमंत्री रनिल विक्रमसिंघे को देश का नया राष्ट्रपति चुन लिया है. हालांकि रनिल विक्रमसिंघे जनता के बीच लोकप्रिय नहीं हैं.

    श्रीलंका कई महीनों से विरोध प्रदर्शनों का सामना कर रहा है, जिसकी वजह से पूर्व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे को देश छोड़कर सिंगापुर जाना पड़ा.

    रनिल विक्रमसिंघे को श्रीलंका के आम लोग गोटाबाया राजपक्षे का करीबी मानते हैं, इसलिए वो नहीं चाहते थे कि रनिल विक्रमसिंघे श्रीलंका के राष्ट्रपति बनें. राष्ट्रपति के तौर पर रनिल विक्रमसिंघे के सामने कई चुनौतियां हैं.

  2. रुपये का पतन जारी, शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुक़ाबले 80.06 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा

    मुद्रा बाज़ार में गुरुवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 1 पैसा फिसलकर डॉलर के मुक़ाबले अब तक के सबसे निचले स्तर 80.06 पर पहुंच गया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, तेल के आयातकों और क्रूड ऑयल में स्थिरता बरकरार रहने के कारण डॉलर की मांग में तेज़ी देखी जा रही है.

    मुद्रा बाज़ार के कारोबारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में क्रूड ऑयल की कीमत में इजाफे के कारण रुपया 80 के स्तर के आस-पास बना हुआ है.

    ब्रेंट की कीमत बढ़कर 106 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गई है और इससे रुपये पर दबाव बढ़ रहा है.

    दूसरी तरफ़, करेंट अकाउंट और व्यापार घाटा जिस तरह से बढ़ रहा है, उससे भी निवेशकों के बीच चिंता का माहौल बढ़ा है.

  3. भीषण गर्मी से उबलता यूरोप

    गर्मियों में कई लोग यूरोप में छुट्टियों के लिए जा रहे हैं, लेकिन यूरोप के कई देश भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं.

    ब्रिटेन में तो तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं पुर्तगाल में गर्मी की वजह से 650 लोगों की मौत हो गई.

  4. इराक़ के क़ुर्दिस्तान में 9 लोगों की मौत, तुर्की पर हमले का आरोप

    इराक़ के क़ुर्दिस्तान इलाके में एक पार्क में गोलाबारी से 9 नागरिकों के मारे जाने के बाद इराक़ और तुर्की के बीच राजनयिक विवाद शुरू हो गया है.

    मरने वालों में ज्यादातर इराकी पर्यटक थे. इनमें बच्चे भी शामिल थे. गोलाबारी की इस घटना में कम से कम 23 लोग घायल हो गए हैं.

    स्थानीय अधिकारियों ने इसके लिए तुर्की की सेना को जिम्मेदार बताया है और इराक, तुर्की से अपने राजनयिक प्रभारी को वापस बुला रहा है. इसके साथ ही बगदाद में तुर्की के राजदूत को माफी मांगने के लिए तलब किया है.

    इराक के प्रधानमंत्री मुस्तफा अल कादिमी ने इस हमले को इराक की संप्रभुता पर हमला बताया है. वहीं, तुर्की का कहना है कि क़ुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी से जुड़े हुए लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है.

    इराक के सरकारी टीवी का कहना है कि इराक के क़ुर्दिस्तान क्षेत्र और तुर्की के बीच सीमा पर जाखो शहर के एक पार्क में भारी गोलाबारी हुई है.

    क़ुर्द स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक पीड़ितों में एक साल का बच्चा भी शामिल है. हमले में घायल एक व्यक्ति ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया, “हमारे युवा मर चुके हैं, हमारे बच्चे मर चुके हैं. हम कहां जाएं, हमारे पास सिर्फ भगवान बचा है.”

  5. सोनिया गांधी की ईडी के सामने पेशी से पहले बीजेपी हमलावर, रवि शंकर प्रसाद ने साधा निशाना

    नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी आज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश होंगी. उनकी पेशी से पहले बीजेपी ने कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं पर निशाना साधा है.

    बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद ने सोनिया गांधी की पेशी के पहले एक मीडिया ब्रीफ़िंग में कहा, "एक तरफ हम हैं, जो क़ानून का, संस्थाओं का सम्मान करते हैं. दूसरी तरफ इनका आचरण देखिए. इनके मुख्यमंत्री दिल्ली में बैठे हुए हैं. सारे एमपी सदन छोड़कर, उनके समर्थन में ईडी और अन्य संस्थाओं का मनोबल गिरा रहे हैं."

    रवि शंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि ग़ैर-कानूनी तरीक़े से नेशनल हेराल्ड की पूरी संपत्ति को यंग इंडिया को दे दिया गया. नेशनल हेराल्ड के पास हज़ारों करोड़ रुपये की संपत्ति है. कई शहरों में ये संपत्ति है, जिसकी ज़मीन को कांग्रेस सरकारों ने सस्ते दाम पर दिया. उससे हजारों करोड़ रुपये का किराया आता है. ये है पूरा मामला.

    रवि शंकर प्रसाद ने ईडी के सामने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की पेशी से पहले कहा, "कांग्रेस पार्टी सत्याग्रह कर रही है. ये सत्याग्रह नहीं, देश और देश के कानून, देश की संस्थाओं के खिलाफ दुग्राह है. देश को हम बताना चाहते हैं कि सोनिया जी और राहुल गांधी इस मामले में अभियुक्त हैं. बेल पर हैं. इसमें धोखाधड़ी, 420 का भी आरोप है."

    "मेट्रोपोलिटियन मस्जिस्ट्रेट ने संज्ञान लिया, उसके खिलाफ हाई कोर्ट गए. हाई कोर्ट ने पेटिशन रिजेक्ट की तो सुप्रीम कोर्ट गए. सुप्रीम कोर्ट ने भी रिजेक्ट की. इंकम टैक्स ने इस मामले में जांच की और अनियमितता पर गंभीर टिप्पणी की. उसके खिलाफ इंकम टैक्स ट्राब्युनल गए, वहां भी सफलता नहीं मिली. उसके बाद फिर हाई कोर्ट गए फिर भी सफलता नहीं मिली."

    राहुल गांधी से हो चुकी है पूछताछ

    इससे पहले नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी ने दिल्ली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से पांच दिनों में 50 घंटे अधिक समय तक पूछताछ की थी.

    बुधवार को सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे के दिल्ली स्थित घर पर पार्टी के सीनियर नेताओं ने एक बैठक की. इस बैठक में सोनिया गांधी के ख़िलाफ़ ईडी के दुरुपयोग के विरोध में पार्टी की रणनीति तय की गई है.

  6. एलन मस्क की कंपनी टेस्ला ने बिटकॉइन से बनाई दूरी, बेचकर खरीदी दूसरी करेंसी

    इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला ने क्रिप्टोकरेंसी की अपनी होल्डिंग्स को बेच दिया है. पिछले साल ही कंपनी ने बिटकॉइन में एक बड़े निवेश की जानकारी दी थी.

    कंपनी का कहना है कि उसने अपने 75 प्रतिशत बिटकॉइन को बेच दिया है जिसकी कीमत 2021 के आखिर में करीब 2 अरब डॉलर थी.

    इस साल क्रिप्टोकरेंसी की कीमत में 50 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई है.

    टेस्ला का कहना है कि उसने अपने बिटकॉइन ब्रिकी के 93.6 करोड़ डॉलर से ट्रेडिशनल करेंसी खरीदी है.

    क्रिप्टोकरेंसी को लेकर टेस्ला के मालिक एलन मस्क के सोशल मीडिया पर बयान अक्सर क्रिप्टोकरेंसी के बाजार में उतार-चढ़ाव को प्रभावित करते आए हैं.

    फरवरी 2021 में टेस्ला ने बिटकॉइन में 1.5 अरब डॉलर के निवेश की बात कही थी.

    पिछले साल नवंबर में बिटकॉइन की कीमत करीब 75 हजार डॉलर थी, आज के समय के हिसाब से भारतीय रुपये में इसकी कीमत करीब 55 लाख रुपये बनती है.

    इस स्तर से गिरकर बिटकॉइन आज करीब 25 हजार डॉलर पर ट्रेड कर रहा है.

  7. सोनिया गांधी से आज ईडी करेगी पूछताछ, कांग्रेस दफ़्तर के बाहर सुरक्षा सख़्त

    नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी आज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश होंगी. इससे पहले कोविड के कारण सोनिया गांधी एजेंसी के सामने पेश नहीं हो पाई थीं.

    ये पहला मौका है जब कोई संघीय जांच एजेंसी कांग्रेस अध्यक्ष से पूछताछ करेगी.

    सोनिया गांधी आज सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस मुख्यालय से ईडी कार्यालय के लिए रवाना होंगी, जिसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी है.

    इससे पहले नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी ने दिल्ली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से पांच दिनों में 50 घंटे अधिक समय तक पूछताछ की थी.

    बुधवार को सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे के दिल्ली स्थित घर पर पार्टी के सीनियर नेताओं ने एक बैठक की. इस बैठक में सोनिया गांधी के ख़िलाफ़ ईडी के दुरुपयोग के विरोध में पार्टी की रणनीति तय की गई है.

    पार्टी का कहना है कि सत्ता में आने के पहले दुष्प्रचार और सत्ता में आने के बाद ईडी-सीबीआई के दुरुपयोग के सहारे पीएम मोदी बदले की राजनीति पर उतारू हैं.

    वहीं कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और पार्टी के संचार मामलों के महासचिव जयराम रमेश ने भी केंद्र सरकार पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के ख़िलाफ़ राजनीतिक बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया है.

  8. ओलेना ज़ेलेंस्का ने अमेरिका पहुँच सांसदों से मांगी ये मदद

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की की पत्नी ओलेना जेलेंस्का ने बुधवार को अमेरिका कांग्रेस से रूस के खिलाफ युद्ध लड़ने के लिए और मदद मांगी है.

    वाशिंगटन में एक भावुक भाषण के दौरान उन्होंने कहा, “मैं हथियार मांग रही हूं. ऐसे हथियार जिनका इस्तेमाल किसी और की जमीन पर युद्ध छेड़ने के लिए नहीं बल्कि किसी के घर की रक्षा के लिए किया जाएगा.”

    ओलेना जेलेंस्का ने ये भावुक अपील ऐसे समय पर की है जब रूस ने कहा कि उसके युद्ध का उद्देश्य अब पूर्वी यूक्रेन से आगे बढ़ गया है.

    इससे पहले मंगलवार को ओलेना जेलेंस्का ने राष्ट्रपति जो बाइडन से सोमवार को विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से बात की थी.

    उनके पास यूक्रेन की सरकार में कोई आधिकारिक विभाग नहीं है लेकिन यूक्रेन में रूस के युद्ध को करीब पांच महीने हो गए हैं.

    ऐसे में यूक्रेन अमेरिका से अधिक सैन्य सहायता और राजनीतिक समर्थन चाहता है.

    कांग्रेस ने यूक्रेन को लगभग 40 अरब डॉलर की सहायता को पहले ही मंजूरी दे दी है जो सितंबर के आखिर तक पूरी तरह से दे दी जाएगी.

    इस यात्रा में ओलेना ज़ेलेंस्का ने यूएस एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट की प्रमुख सामंथा पावर से भी मुलाकात की. एजेंसी ने यूक्रेन की सरकार का समर्थन करने और मानवीय ज़रूरतों के लिए अरबों डॉलर दिए हैं.

  9. राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आज, 11 बजे से शुरू होगी मतगणना

    आज भारत के 15वें राष्ट्रपति के नाम की घोषणा की जाएगी. 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद के दोनों सदनों और विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्यों ने मत डाला था जिसकी गिनती आज 11 बजे से शुरू हो जाएगी.

    मतगणना के लिए सभी राज्यों की विधानसभाओं से मतपेटियां पहले से संसद भवन में पहुंच चुकी हैं.

    भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को ख़त्म हो रहा है.

    एनडीए की ओर से इस पद के लिए द्रौपदी मुर्मू, जबकि विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं.

    कैसे होता है चुनाव

    राष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग बैलेट पेपर के जरिए की जाती है. इस बार राष्ट्रपति चुनाव में मतदाता मंडल में कुल 4,807 मतदाता हैं. इनमें राज्यसभा के 233, लोकसभा के 543 और विधानसभाओं के 4,033 विधायक शामिल हैं.

    वोटिंग के दौरान हर संसद सदस्य और विधानसभा सदस्य की वोट की वैल्यू होती है. इस बार हर संसद सदस्य के हर वोट की क़ीमत 700 तय की गई है, वहीं हर राज्य के विधानसभा सदस्यों के वोटों क़ीमत उस राज्य की जनसंख्या पर निर्भर होती है.

    जैसे उत्तर प्रदेश में हर विधानसभा सदस्य के वोट का वेटेज 208 है जबकि मिज़ोरम में आठ और तमिलनाडु में 176. विधानसभा सदस्यों के वोटों का कुल वेटेज 5,43,231 है.

    संसद के कुल सदस्यों के वोटों का वेटेज 543,200 है यानी इलेक्टोरल कॉलेज में शामिल सभी सदस्यों के वोटों का वेटेज 1086431 है.

    किसी भी उम्मीदवार को जीतने के लिए कुल वेटेज का 50 प्रतिशत से ज्यादा चाहिए.

  10. बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    20 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं