You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

उल्फा (आई) के समर्थन में कविता लिखने के आरोप में गिरफ़्तार बरसाश्री बुरागोहाईं को मिली ज़मानत

गुवाहाटी हाईकोर्ट ने गुरुवार को क़रीब दो महीने बाद 19 साल की इस छात्रा को ज़मानत दे दी है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and चंदन शर्मा

  1. यूक्रेन: घर वापसी और तबाही का मंज़र

    रूस के हमलों के महीनों बाद अब कई लोग यूक्रेन की राजधानी कीएव वापस लौट रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने घर तबाह हालत में मिल रहे हैं.

    सिर्फ कीएव में ही 200 से ज़्यादा रिहायशी इमारतों को नुक़सान पुहंचा था. सरकार ने मरम्मत के लिए आर्थिक मदद देने का वादा किया है. लेकिन कई लोगों को लगता है कि ये रकम काफ़ी नहीं है.

    इसलिए कुछ लोगों ने अब इसकी ज़िम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली है. देखिए अनास्तासिया ग्रिबानोवा की रिपोर्ट.

  2. ज्ञानवापी केस: शिवलिंग के जलाभिषेक करने और दर्शन पूजा की अनुमति देने की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से किया इनकार

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे और मां शृंगार गौरी की पूजा की अनुमति देने की मांग वाली याचिका ख़ारिज करने की मांग को लेकर मस्जिद कमेटी की याचिका पर गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की.

    लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले के वाराणसी की ज़िला अदालत में लंबित होने का हवाला देते हुए इस पर अक्तूबर के पहले हफ़्ते में सुनवाई करने की बात कही है.

    सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि वे ज्ञानवापी मामले में सिविल प्रोसिजर कोड के ऑर्डर 7 रूल 11 (7/11) के तहत वाराणसी की ज़िला अदालत से आने वाले फ़ैसले का इंतज़ार करेंगे. इसलिए इस मामले की सुनवाई अब अक्तूबर के पहले सप्ताह में की जाएगी.

    गुरुवार को जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस पीएस नरसिम्हा की सदस्यता वाली सुप्रीम कोर्ट के तीन सदस्यों की खंडपीठ इस मामले की सुनवाई कर रही थी.

    क्या है मामला?

    इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने 24 मई को इस मामले को वाराणसी की सिविल कोर्ट से ज़िला अदालत को ट्रांसफ़र करते हुए आदेश दिया था कि ऑर्डर 7 रूल 11 के तहत पहले मुस्लिम पक्ष की अर्ज़ी को सुना जाए, उसके बाद अन्य याचिकाओं की सुनवाई हो.

    उससे भी पहले, सिविल कोर्ट ने हिंदू पक्ष की ओर से दायर एक मामले की सुनवाई करते हुए ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का वीडियोग्राफी कराते हुए सर्वे करने का आदेश दिया था.

    उसके बाद एडवोकेट कमिश्नर के नेतृत्व में सर्वे हुआ और उनकी यह रिपोर्ट ज़िला अदालत को सौंपी गई थी, लेकिन मुस्लिम पक्ष तब से सर्वे और उसके लिए दिए गए आदेश को ख़ारिज करने की मांग करता रहा है.

    क्या कहा मस्जिद समिति के वकील ने?

    उनके सामने मस्जिद समिति के वकील हुज़ेफ़ा अहमदी ने मांग की कि एडवोकेट कमिश्नर की रिपोर्ट रद्द कर दी जाए, क्योंकि वो 'ज़हरीले पेड़ के फल जैसा' है.

    उन्होंने तर्क दिया कि एडवोकेट कमिश्नर को नियुक्त करने की कोई ज़रूरत नहीं थी. उन्होंने कहा कि सिविल कोर्ट के फ़ैसले ने सालों से बनी यथास्थिति ख़त्म कर दी और उससे मस्जिद के कुछ भाग को सील करने का आदेश दे दिया गया.

    नई याचिका सुनने से भी इनकार

    सुप्रीम कोर्ट ने सर्वे के दौरान पाए गए कथित शिवलिंग के जलाभिषेक करने और दर्शन पूजा की अनुमति देने की मांग करने वाली याचिका को सुनने से इनकार कर दिया है.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जब परिसर के मालिकाना हक़ को लेकर पहले से ही नीचे की अदालत में मामला चल रहा है, तब इस तरह की याचिका नहीं सुनी जा सकती.

    वहीं 'शिवलिंग' का सही समय पता करने के लिए 'कार्बन डेटिंग' कराने की मांग करने वाली नई याचिका अदालत के रुख़ को देखते हुए वापस ले ली गई है. सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका को भी अभी सुनने की इच्छा ज़ाहिर नहीं की.

  3. रीना वर्मा: बंटवारे के बाद पहली बार पाकिस्तान में अपने घर पहुंची

    बँटवारे के बाद पहली बार रावलपिंडी के अपने घर पहुंचीं भारतीय महिला रीना वर्मा.

    रावलपिंडी से ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता शुमाइला जाफ़री.

  4. मध्य प्रदेश में बजरंग दल कार्यकर्ता पर हमले के बाद अभियुक्तों पर एनएसए लगाने की तैयारी

      • Author, शुरैह नियाज़ी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, भोपाल से

    मध्य प्रदेश के आगर मालवा क्षेत्र में बजरंग दल के एक कार्यकर्ता पर हुए हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि अभियुक्तों के ख़िलाफ़ एनएसए लगाने की तैयारी हो रही है और उनके ख़िलाफ़ अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई भी की जाएगी.

    गृहमंत्री ने गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "इस पूरे मामले में आठ लोग अभी तक गिरफ़्तार हो चुके हैं और जो पाँच लोग अभी फ़रार हैं वह भी शाम तक या कल तक गिरफ़्तार हो जाएंगे. उनके ऊपर 307 जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है."

    "इसके अलावा उनके ख़िलाफ़ अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई भी आज करने की तैयारी की जा रही है, उन सभी के ख़िलाफ़ एनएसए और ज़िला बदर जैसी कार्रवाई भी करने की तैयारी है. मध्य प्रदेश शांति का टापू है और किसी भी तरह से यहां की शांति को भंग नहीं करने दिया जाएगा."

    बुधवार को एक 25 वर्षीय युवक आयुष जाधम पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया था और उनपर हमले की वजह उनका भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा का पक्ष लेना बताया जा रहा है.

    गृहमंत्री भले ही कठोर कार्रवाई की बात कह रहे हैं लेकिन शुरू में पुलिस का कहना कुछ और था. पुलिस को अभी तक कोई ऐसे तथ्य नहीं मिले जिससे पता चले कि हमला नूपुर शर्मा का पक्ष लेने की वजह से किया गया है.

    वहीं, स्थानीय लोगों ने भी नाम न छापने की शर्त पर यही कहा है कि लड़ाई किसी दूसरे मामले को लेकर है लेकिन कार्रवाई का दबाव बनाने के लिये ऐसा बोला जा रहा है. हमले के बाद आयुष ख़ुद ही बाइक चला कर थाने गए और रिपोर्ट दर्ज कराई थी.

    आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक राकेश सागर ने बीबीसी से कहा, "इस मामलें में आयुष जाधम ने मामला दर्ज करवाया है कि उसने नूपुर शर्मा का समर्थन किया था, इस वजह से उस पर हमला किया गया. यह उन्होंने एफ़आईआर में लिखवाया है."

    जब पुलिस अधीक्षक से ये पूछा गया कि क्या मामला नूपुर शर्मा से जुड़ा है तो उन्होंने बस इतना कहा कि यह जांच के बाद ही पता चलेगा, अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है.

    उन्होंने आगे बताया, "आयुष जाधम अपनी मोटर साइकिल से नगर निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद जा रहे थे तो मारपीट की गई. यह तथ्य भी सामने आया कि दो दिन पहले भी इनका विवाद हुआ था तब दोनों पक्षों को बैठा कर बातचीत की गई थी. लेकिन फिर इन लोगों के बीच विवाद हो गया. आयुष जाधम अब स्वस्थ्य हैं."

    जब उनसे पूछा गया कि आयुष को उज्जैन क्यों रेफ़र किया गया है तो पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह डॉक्टर ही बता सकते हैं. अभी तक पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों को गिरफ़्तार किया है और बाक़ी की तलाश जारी है. लेकिन बजरंग दल के ज़िला संयोजक राहुल मालवा इसे सीधे तौर पर नूपुर शर्मा मामले से जोड़ कर देखते हैं.

    वो कहते हैं, "उदयपुर में जो घटना घटी तो उसके विरोध में हमने 20 दिन पूर्व एक ज्ञापन दिया था. उस समय आयुष जाधम ने मीडिया को बाइट दी थी. उसके बाद से ही उसको मारने के लिये असामाजिक तत्वों द्वारा रेकी शुरू कर दी गई थी."

    राहुल ने बताया कि चुनाव के परिणाम के बाद जब वो अकेले आ रहे थे तो उन्हें 15 से 20 लोगों ने पीछे से सिर पर मारा, उसके बाद वो घायल हो गए. उसके बाद उन्हें चाक़ू भी मारा गया.

    राहुल के अनुसार आयुष को कहा गया कि "अगर वो नूपुर शर्मा का समर्थन करता रहा तो वो दिन दूर नही जब तेरा गला काट दिया जाएगा."

    अस्पताल में पहुँचने के बाद आयुष जाधम ने भी मीडियो को बताया था कि उनपर हमले की वजह नूपुर शर्मा को समर्थन करना रहा है. लेकिन स्थानीय लोग जो दोनों पक्षों को जानते हैं उनका कहना है कि इस विवाद की वजह अलग है.

    अपना नाम नहीं बताने की शर्त पर लोग कह रहे हैं कि इसे ज़बरदस्ती नूपुर शर्मा मामले से जोड़ा जा रहा है. स्थानी लोगों का कहना है कि इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौक़े पर पहुँची. उसके बाद हिंदूवादी संगठनों के लोग इकठ्ठा हो गए. उसके बाद से ही पूरा मामला बदल गया.

    इसके बाद हिंदूवादी संगठनों ने थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर दिया और अभियुक्तों की गिरफ़्तारी की माँग करने लगे. इस मामलें में कुल 13 लोगों को अभियुक्त बनाया गया है.

    इसमें अमन, अरबाज़, आसिफ़, सरफ़राज़, चिकी, अब्बू, सोहैल, मुन्ना, सलमान, फ़िरदोस, समीर और साजिद शामिल हैं. पुलिस ने अभियुक्तों के ख़िलाफ़ भारतीय दंड संहिता की धारा 307, 147, 148, 149, 294 एवं 506 के तहत प्रकरण दर्ज किया है.

  5. श्रीलंका में फिर क्यों तेज़ हुए विरोध प्रदर्शन?

    भारत के पड़ोसी देश श्रीलंका में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है.

    आर्थिक संकट से जूझ रहे इस देश में गोटाबाया राजपक्षे की जगह नए राष्ट्रपति के लिए चुनाव होगा.

    वहां के ताज़ा हालात क्या हैं ये बता रहे हैं कोलंबो से बीबीसी संवाददाता आमिर पीरज़ादा.

  6. तीन साल पहले अमेरिका से गायब भारतीय छात्रा एफ़बीआई की 'लापता सूची' में शामिल

    अमेरिका की घरेलू जांच एजेंसी एफ़बीआई (फेडरल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन) ने न्यूजर्सी से पिछले तीन सालों से लापता एक भारतीय महिला को अपनी 'लापता सूची' में शामिल किया है.

    एफ़बीआई ने उनके बारे में किसी तरह की कोई सूचना होने पर एफ़बीआई या नजदीकी अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास को ख़बर देने की अपील की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, 28 साल की मायुषी भगत को आख़िरी बार 29 अप्रैल, 2019 को न्यूजर्सी में अपने अपार्टमेंट से बाहर निकलते देखा गया था. उस समय वो ब्लैक टीशर्ट और रंगीन पैंट पहने हुए थीं. उनके परिवार ने भगत के लापता होने की सूचना दो दिन बाद 1 मई को दर्ज कराई थी.

    एफ़बीआई के अनुसार, भगत का क़द 5 फ़ीट 10 इंच है. उनके बाल काले और आंखें भूरी हैं. वो अंग्रेज़ी, हिंदी और उर्दू बोलती हैं.

    मायुषी भगत स्टूडेंट्स वीज़ा पर 2016 में अमेरिका गई थीं. उन्होंने न्यू हैम्पशायर यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया था. उसके बाद वो पढ़ने के लिए न्यूयॉर्क इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी भी गईं.

  7. यूरोप में गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड

    यूरोप का अधिकतर हिस्सा गर्म हवाओं की चपेट में है. ब्रिटेन समेत यूरोप के कई देशों में चढ़ता पारा रिकॉर्ड तोड़ रहा है.

    वहीं पुर्तगाल, स्पेन और ग्रीस के जंगलों में आग लगी हुई है और वैज्ञानिक चेतावनी दे रहे हैं कि यूरोप में ज़मीन का एक बड़ा हिस्सा सूखता जा रहा है.

    स्पेन में जंगल की आग ने हज़ारों हेक्टेयर ज़मीन को तबाह कर दिया है.

  8. मक्का में बिना इजाजत दाखिल हुआ इसराइली पत्रकार, जहां गैर मुसलमानों का जाना प्रतिबंधित है

    सऊदी अरब की यात्रा के दौरान एक इसराइली रिपोर्टर के पवित्र शहर मक्का में जाने से विवाद खड़ा हो गया है. सोशल मीडिया पर इसे लेकर लोग नाराज़गी जाहिर कर रहे हैं.

    इसराइल के चैनल 13 के टीवी पत्रकार गिल तामरी ने मक्का में जाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, जबकि वहां गैर-मुसलमानों का प्रवेश करना प्रतिबंधित है.

    उन्होंने पवित्र स्थल माउंट अराफात की चढ़ाई भी की, जहां हज यात्रा के समय मुस्लिम इकट्ठा होते हैं. उनकी इस यात्रा को सऊदी अरब के अधिकारियों से परमिशन नहीं मिली थी. उनके इसराइल लौटने के बाद टीवी चैनल ने रिपोर्ट को प्रकाशित किया है.

    इस यात्रा के बाद पत्रकार गिल तामरी ने माफी मांगी है और कहा है कि वे धार्मिक सहिष्णुता को बढ़ावा देने के लिए मक्का और इस्लाम की सुंदरता दुनिया को दिखाना चाहते थे.

    सऊदी अरब और इसराइल के बीच कोई राजनयिक संबंध नहीं हैं, लेकिन संबंधों में धीरे धीरे सुधार हो रहा है. पिछले हफ्ते अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की सऊदी अरब की यात्रा के दौरान कई इसराइली पत्रकारों ने विदेशी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर देश में एंट्री ली थी.

    पत्रकार गिल तामरी को पता था कि वे क्या कर रहे हैं. उन्होंने वीडियो बनाते हुए ये साफ तौर पर मक्का की अहमियत बताई और कहा कि वे पहली इसराइली पत्रकार हैं जो वहां पहुंचे हैं और ऐसी तस्वीरें ले पा रहे हैं.

  9. Live: राष्ट्रपति पद की एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के गांव में कैसा है माहौल, ओडिशा में मयूरभंज ज़िले के पहाड़पुर से बीबीसी के लिए रवि प्रकाश (कैमरा- देवाशीष)

  10. गौतम अदाणी बने दुनिया के चौथे सबसे दौलतमंद शख़्स, बिल गेट्स को पीछे छोड़ा

    अदाणी ग्रुप के मालिक गौतम अदाणी माइक्रोसॉफ़्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स को पीछे छोड़कर दुनिया के चौथे सबसे दौलतमंद शख़्स बन गए हैं.

    फोर्ब्स की ताज़ा लिस्ट के अनुसार, अदाणी समूह की कुल संपत्ति 115.5 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई है जबकि बिल गेट्स 104.6 अरब डॉलर के साथ पांचवें पायदान पर हैं.

    बिल गेट्स इस साल अप्रैल में 100 अरब डॉलर से अधिक की संपत्ति रखने वाले लोगों के समूह में शामिल हुए थे. अब वे दुनिया के सबसे पांच दौलतमंद लोगों में शामिल हो गए हैं.

  11. बाल विवाह से जुड़े ये नियम-क़ानून जान लीजिए

    नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे के मुताबिक़, भारत में 10 में से 2 से ज़्यादा लड़कियों की शादी 18 साल से कम उम्र में हो जाती है. ऐसा नहीं है कि बाल विवाह के लिए कोई कानून नहीं है.

    भारत सरकार ने इसे रोकने के लिए अभियान भी चलाए हैं. लेकिन अब भी बाल विवाह पर पूरी तरह से रोक नहीं लगाई जा सकी है.

    ऐसे में 'लीगल सहेली' के इस एपिसोड में वकील सोनाली कड़वासरा बाल विवाह से जुड़े कानूनों के बारे में समझा रही हैं.

  12. सोनिया गांधी के समर्थन में कांग्रेस ने किया संसद में विरोध प्रदर्शन, प्रल्हाद जोशी बोले- कांग्रेस खुद को क़ानून से ऊपर समझती है

    कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेशी को लेकर कांग्रेस के कुछ सांसदों ने संसद में गुरुवार को नारेबाज़ी की.

    इस पर केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि कांग्रेस खुद को क़ानून से ऊपर समझती है.

    प्रल्हाद जोशी ने लोकसभा में कहा, "क़ानून के सामने हर कोई बराबर है या नहीं? क्या कांग्रेस की अध्यक्ष इससे ऊपर हैं? उन्हें (कांग्रेस) लगता है कि वे क़ानून से ऊपर हैं..."

    हालांकि विपक्षी सांसदों के शोरशराबे के बीच लोकसभा को 11:30 बजे और राज्यसभा को 12 बजे तक के लिए स्थगित किया गया.

    इस बीच कांग्रेस सांसदों ने सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के ख़िलाफ़ संसद भवन के परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस सांसदों ने संसद भवन के गेट नंबर दो से गांधी की प्रतिमा तक विरोध में मार्च भी किया.

  13. हरियाणा में डीएसपी सुरेंद्र सिंह को डंपर से कुचला, अवैध खनन की कर रहे थे जांच

    हरियाणा पुलिस ने कहा है कि मेवात के पास एक गांव के पास तावडू के डिप्टी सुपरिंटेन्डेंट ऑफ़ पुलिस सुरेंद्र सिंह बिश्नोई पर डंपर चढ़ाकर उनकी हत्या कर दी गई है.

    रोहतक से बीबीसी के सहयोगी पत्रकार सत सिंह ने बताया है कि घटना गुरुग्राम से सटे नूंह जिले के तावडू थाना क्षेत्र के गांव पचगांव की है.

    डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई गांव से सटी अरावली पहाड़ी पर अवैध रूप से खनन किए जाने की सूचना को मिली थी, जिसके बाद सुरेंद्र सिंह मंगलवार को दिन में 11.50 बजे दो पुलिसकर्मी, एक ड्राइवर और एक गनमैन के साथ वहां गए थे.

    मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुरेंद्र सिंह डंपर ड्राइवर के दस्तावेज़ों की जांच कर रहे थे.

  14. अमेरिका ने फिर दी चेतावनी, ईरान ने अगर रूस को ड्रोन दिए तो...

    रूस को ड्रोन दिए जाने की रिपोर्टों को लेकर अमेरिकी सेना के अधिकारियों ने ईरान को चेतावनी दी है. उनका कहना है कि रूस को इन ड्रोन्स की सप्लाई यूक्रेन युद्ध के लिए की जा रही है.

    अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन और सेना के आला अधिकारी जनरल मार्क माइले ने एक ज्वॉयंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया दी जिनमें ये कहा जा रहा है कि ईरान में बने ड्रोन्स की सप्लाई रूस को यूक्रेन युद्ध के लिए की जा रही है.

    उन्होंने कहा कि ईरान की इस हरकत से रूस को यूक्रेन युद्ध में मदद मिलेगी.

    लॉयड ऑस्टिन ने कहा, "हम ईरान को ऐसा न करने की सलाह देंगे. हमें लगता है कि ये बुरा विचार है और अगर मैं उनकी जगह पर होता तो मैं ये इरादा छोड़ देता..."

    जनरल मार्क माइले ने भी कहा, "रूस को सैन्य मदद के मुद्दे पर अमेरिका के विरोध को देखते हुए ईरान का ऐसा करना ठीक नहीं है. जैसा कि मीडिया रिपोर्टों में कहा जा रहा है, मुझे नहीं लगता है कि रूस को यूएवी (ड्रोन्स) या अन्य वीपन सिस्टम्स की सप्लाई करना ईरान के लिए कोई अच्छा विचार है."

  15. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लुलु मॉल पर क्या-क्या कहा?

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में मौजूद लुलु मॉल विवाद पर बयान दिया है.

    उन्होंने कहा कि कुछ लोग मॉल को लेकर राजनीति का अड्डा बनाने, अनावश्यक बयानबाज़ी कर और उसके नाम पर प्रदर्शन करके लोगों के आवागमन को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं.

  16. उत्तर प्रदेश में बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत, योगी आदित्यनाथ ने किया मुआवजे का एलान

    उत्तर प्रदेश में कई जगह बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 16 लोग घायल हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बिजली गिरने से मारे गए लोगों के परिवारों को चार चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.

    रिलीफ कमिश्नर ऑफिस के मुताबिक बांदा में बिजली गिरने से चार, फतेहपुर में दो और बलरामपुर, चंदौली, बुलंदशहर, रायबरेली, अमेठी, कौशांबी, सुल्तानपुर और चित्रकूट जिले में एक एक व्यक्ति की मौत हुई है.

  17. श्रीलंका में बेहिसाब महंगाई से लोग बेहाल

    श्रीलंका को सुलगते हुए सौ दिन से ज़्यादा हो गए हैं. इस दौरान काफ़ी कुछ बदला.

    गोटाबाया राजपक्षे देश छोड़कर चले गए. उन्हें राष्ट्रपति की कुर्सी खाली करनी पड़ी.

    रनिल विक्रमसिंघे पहले प्रधानमंत्री और फिर कार्यवाहक राष्ट्रपति बने और अब जल्द ही देश को नया राष्ट्रपति मिलने वाला है.

    लेकिन आम लोग महंगाई से पहले की तरह ही बेहाल हैं.

  18. पेटीएम के विजय शेखर शर्मा समेत कई कंपनियों के संस्थापक संसदीय समिति के सामने पेश होंगे

    पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा और ओयो के संस्थापक रितेश अग्रवाल समेत देश की आठ टेक फर्मों के शीर्ष अधिकारी आज संसद की वित्त समिति के सामने पेश होंगे.

    इस बैठक में बढ़ती एंटी कंपटीशन चिंताओं को लेकर ये कंपनियां बाजार में कैसे काम कर रही हैं उसे लेकर बात होगी.

    बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा की अध्यक्षता में वित्त संबंधी संसदीय स्थायी समिति बाजार में कंपटीशन को लेकर अलग अलग पहलुओं को देख रही हैं. ये समिति खासकर शीर्ष टेक कंपनियों के बाजार व्यवहार की जांच कर रही है.

    जयंत सिन्हा ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि समिति ने फैसला लिया है कि जल्द ही कई टेक्नॉलजी, ई-कॉमर्स और गेमिंग प्लेटफॉर्म के प्रतिनिधियों को भी पेश होने के लिए कहा जाएगा. उनसे भी ये ही पूछा जाएगा कि वे बाजार में किस तरह से काम करती हैं.

    सिन्हा ने बताया कि पेटीएम और ओयो के अलावा फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी और जोमैटो, ई-कॉमर्स प्लेयर फ्लिपकार्ट, कैब एग्रीगेटर ओला, मेकमाई ट्रिप और ऑल इंडिया गेमिंग एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को बुलाया गया है.

    भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) पहले से ही कई मामलों की जांच कर रहा है. आयोग को ऐसी शिकायतें मिली थी कि कुछ कंपनियां कथित तौर पर डिजिटल स्पेस में कंपटीशन को कम करने का काम कर रही हैं.

  19. यहां किडनी की वजह से टूट रहे रिश्ते

    आंध्र प्रदेश के उद्दानम में या तो लोगों की शादी हो नहीं पा रही या फिर तय शादियां टूट रही हैं.

    इसकी वजह है एक किडनी की बीमारी. इस इलाके में एक दो नहीं बल्कि 35,000 लोगों को किडनी की बीमारी है.

  20. सोनिया गांधी की ईडी के सामने आज पेशी, प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस ने बीजेपी पर किया पलटवार

    नेशनल हेराल्ड मामले में गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ईडी के सामने पेश होंगी. उनकी पेशी से पहले बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सोनिया गांधी और कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा.

    अब राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर पलटवार किया है और कहा कि विपक्ष के साथ ठीक व्यवहार नहीं कर रही है.

    उन्होंने कहा, "सोनिया गांधी के पति राजीव गांधी देश के लिए शहीद हो गए. इस सरकार को इतनी भी शर्म नहीं आती है कि आप किस महिला के साथ कैसा व्यवहार कर रहे हैं. ईडी वाले उनके घर जाकर बयान ले सकते हैं, ऐसा पहले हुआ है. उनका रवैया निम्नस्तर का है. उनको चिंता नहीं है कि देश क्या सोच रहा होगा."

    अशोक गहलोत ने कहा, "सोनिया गांधी ने इंडिया शाइनिंग के नारों को हराया. उन्होंने प्रधानमंत्री का पद छोड़कर मनमोहन सिंह को पीएम बनाया. उन्होंने जिंदगी में भारतीय संस्कार, संस्कृति को आत्मसात किया है. जब राजीव गांधी जी की हत्या हुई तो उनके बारे में क्या क्या नहीं कहा गया. एक महिला नेता के रूप में उन्होंने देखा कि कैसे उनके हाथों में इंदिरा गांधी की शहादत हुई. इंदिरा गांधी ने देश को एक साथ रखा."

    उन्होंने कहा कि पूरा देश सोनिया गांधी का लोहा मानता है लेकिन इस सरकार में विपक्ष के लिए अलग कानून लागू हैं. जानबूझकर विपक्ष को परेशान किया जा रहा है. जो एनडीए में जाता है उसके लिए कानून बदल जाते हैं.