You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

महिला हॉकी विश्वकप में भारत ने इंग्लैंड से 'ड्रॉ' खेलकर की शुरुआत

नीदरलैंड में खेले जा रहे महिलाओं के हॉकी विश्वकप के अपने पहले मैच में भारत और इंग्लैंड का मैच ड्रॉ हो गया है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and चंदन शर्मा

  1. हैदराबाद का नाम जिस मंदिर पर रखने की मांग होती है, योगी आदित्यनाथ ने वहां की पूजा

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हैदराबाद के चारमीनार स्थित भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की.

    इसी मंदिर के नाम पर हैदराबाद का नामकरण करने की मांग की जाती रही है. भाग्यलक्ष्मी मंदिर चारमीनार के पास स्थित है.

    योगी आदित्यनाथ हैदराबाद में आयोजित हो रही बीजेपी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में हिस्सा लेने कल ही तेलंगाना पहुँचे हैं.

    तेलंगाना के अगले विधानसभा चुनाव में टीआरएस और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी को चुनौती देने के लिए बीजेपी अभी से तैयारी में जुट गई है. तेलंगाना में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं.

  2. चीफ़ जस्टिस एनवी रमन्ना ने क्यों कहा- न्यायपालिका सिर्फ़ संविधान के प्रति जवाबदेह है

    भारत के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमन्ना ने कहा है कि न्यायपालिका किसी राजनीतिक दल या विचारधारा नहीं बल्कि केवल संविधान के प्रति जवाबदेह है.

    इंडियन एक्सप्रेस की एक ख़बर के अनुसार, भारत के चीफ़ जस्टिस एनवी रमन्ना ने अपने संबोधन में न्यायपालिका की स्वतंत्रता को प्रभावित करने की कोशिश करने वाली 'ताक़तों' पर निशाना साधते हुए ये बात कही.

    अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी चाहती है कि न्यायपालिका, सरकार के हर क़दम का समर्थन करे जबकि विपक्षी पार्टियां चाहती हैं कि न्यायपालिका अपने पद और कारणों से आगे निकलकर काम करे.

    सैन फ्रांसिस्को में एसोसिएशन ऑफ़ इंडियन-अमेरिकन्स के एक कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने यह बात कही.

    लाइव लॉ की ख़बर के अनुसार, सीजेआई ने कहा, "जैसा कि हम इस साल आज़ादी के 75वें वर्ष का जश्न मनाने जा रहे हैं और हमारा गणतंत्र अपने 72 साल देख चुका है, मैं यहां ये ज़रूर जोड़ते हुए कहना चाहता हूं कि हमने अभी तक संविधान के द्वारा हर संस्थान को सौंपी गई उसकी भूमिका और ज़िम्मेदारियों का सम्मान करना नहीं सीखा है."

    उन्होंने कहा, "मैं ये बात खेद के साथ कह रहा हूं."

    उन्होंने कहा, "सत्ताधारी पार्टी का मानना है कि न्यायपालिका हर सरकारी कार्रवाई का समर्थन करे. विपक्षी दल न्यायपालिका से अपने राजनीतिक पदों और कारणों को आगे बढ़ाने की उम्मीद करते हैं."

  3. उमेश कोल्हे की हत्या पर अमरावती सांसद नवनीत राणा की अमित शाह को चिट्ठी

    हनुमान चालीसा विवाद से चर्चा में रहीं महाराष्ट्र के अमरावती की सांसद नवनीत राणा ने शहर में हुई उमेश कोल्हे की हत्या के मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी है.

    राणा ने अपनी चिट्ठी में अमरावती शहर की पुलिस कमिश्नर आरती सिंह पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उमेश कोल्हे की हत्या को लूटपाट का मामला बनाकर इसे शांत करने की कोशिश की.

    नवनीत राणा ने ये चिट्ठी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर की है.

    इसमें लिखा है, "अमरावती के वेटरनरी केमिस्ट उमेश कोल्हे की निर्ममता से गला रेतकर हत्या की गई. इस हत्या पर अमरावती पुलिस कमिश्नर आरती सिंह ने लूटपाट अथवा डकैती का मामला दर्ज करते हुए मामला शांत कर दिया. इस घटना की वजह से अमरावती पुलिस कमिश्नर के प्रति व्यावसायिकों और आम नागरिकों का असंतोष बढ़ता जा रहा है."

    "इस घटना की दूसरी कड़ी नज़र आ रही है. ये घटना हाल ही में हुए उदयपुर कांड से जोड़ी जा सकती है. अमरावती के पालकमंत्री के दबाव में आकर पुलिस कमिश्नर आरती सिंह इस घटना पर पर्दा डालने का काम कर रही हैं."

    उमेश कोल्हे की 21 जून को महाराष्ट्र के अमरावती में हत्या कर दी गई थी.

    अमरावती के डीसीपी विक्रम ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 120B, और 109 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

    उन्होंने कहा, "प्रथम दृष्टया लग रहा है कि उन्होंने (उमेश कोल्हे) नूपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर जो पोस्ट किया था उस कारण यह घटना हुई."

  4. इसराइल ने हिज़बुल्लाह की ओर से दागे गए तीन ड्रोन गिराने का दावा किया

    इसराइल के अधिकारियों ने कहा है कि उन्होंने हिज़बुल्लाह के तीन ड्रोन मार गिराए हैं. अधिकारियों के अनुसार ये ड्रोन भूमध्यसागर के विवादित क्षेत्र में एक गैस रिग की ओर लक्ष्य बनाकर छोड़े गए थे.

    गैस रिग उस जगह को कहा जाता है, जहां से गैस को जहाज़ों में भरकर अन्य जगहों तक पहुँचाया जाता है.

    सैन्य अधिकारियों ने कहा कि ये ड्रोन लेबनान की ओर से छोड़े गए थे और इन्हें लड़ाकू विमान और जहाज़ी मिसाइल, दोनों की मदद से मार गिराया गया.

    हिज़बुल्लाह ने एक छोटा सा बयान जारी कर ड्रोन दागे जाने की बात मानी है.

    इसराइल और लेबनान के बीच करिश गैस फ़ील्ड को लेकर तनाव बढ़ रहा है.

    अमेरिका के ऊर्जा अधिकारी दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद को सुलझाने के लिए मध्यस्थता कर रहे हैं.

    इसराइल का कहना है कि ये गैस फ़ील्ड संयुक्त राष्ट्र की ओर से मान्यता प्राप्त ख़ास इकोनॉमिक ज़ोन में पड़ता है. वहीं, लेबनान भी इसे अपने क्षेत्र का हिस्सा बताता है.

    हिज़बुल्लाह ने कहा कि उसका मिशन पूरा हो गया है और संदेश मिल चुका है.

    बीते सप्ताह हिज़बुल्लाह के नेता हसन नासरल्लाह ने इसराइल को गैस रिग का संचालन करने से रोकने के लिए बल प्रयोग तक की धमकी दी थी.

    इसराइल के रक्षा मंत्री बेनी गैंट्ज़ ने कहा कि इस्लामी समूह लेबनान को समुद्री सीमा से जुड़े समझौते करने से रोक रहा है. उन्होंने कहा कि इससे लेबनान की अर्थव्यवस्था और समृद्धि दोनों को ही ख़तरा है.

  5. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 02 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.