हैदराबाद में चल रही बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी
की दो दिवसीय बैठक के आख़िरी दिन अब से थोड़ी
देर पहले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और जी किशन रेड्डी ने प्रेस कॉन्फ्रेन्स की है.
उन्होंने दावा किया है कि बीजेपी जल्द ही तेलंगाना में
भी सरकार बनाएगी. उन्होंने तेलंगाना की टीआरएस सरकार पर आरोप लगाया है कि वो हर क्षेत्र
में फेल रही है.
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आरोप लगाया है कि तेलंगाना
में स्कूल, विश्वविद्यालय और अस्पतालों की हालत बहुत ख़राब है.
गोयल ने दावा किया, ''बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी
ने दुख व्यक्त किया है कि आर्थिक और सामाजिक दृष्टिकोण से हर प्रकार से तेलंगाना के
लोगों की तकलीफें बढ़ती जा रही है.''
उनके अनुसार, "जब भाजपा ने वर्षों तक संघर्ष किया, वर्षों
तक तेलंगाना की युवा शक्ति ने अपना बलिदान दिया, तब बड़े संघर्ष के बाद तेलंगाना राज्य
बना."
'जनता से किए वादे टीआरएस ने नहीं किए पूरे'
गोयल ने कहा, ''पिछले 8 वर्षों में टीआरएस की सरकार ने लोगों की उम्मीदों को पूरी तरह से तोड़ दिया है. तेलंगाना में टीआरएस सरकार भ्रष्टाचार की प्रतीक बन गई है. इन 8 वर्षों में केंद्र सरकार से भी बड़े पैमाने में योजनाएं आई, उसका दुरुपयोग किया गया. हर योजनाओं में बड़े-बड़े भ्रष्टाचार हुए.''
राज्य सरकार पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ''तेलंगाना में एक ही परिवार पूरी सरकार चला रहा है. परिवारवाद के एक उदाहरण के रूप में आज तेलंगाना उभरा है.''
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया, ''भाजपा तेलंगाना की भ्रष्ट और परिवारवाद से घिरी हुई सरकार को ख़त्म करके पीएम नरेन्द्र मोदी जी की केंद्र और यहां भाजपा की डबल इंजन सरकारें तेलंगाना की जनता की सेवा करने के लिए तत्पर हैं.''
उन्होंने आरोप लगाया कि टीआरएस ने तेलंगाना की जनता से जो वादे किए थे वो पूरे नहीं हुए हैं और आज तेलंगाना की जनता टीआरएस सरकार से दुखी हो गई है.
गोयल के बाद केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने भी मीडिया को संबोधित किया.
उन्होंने राज्य सरकार के साथ एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन आवैसी की भी आलोचना की है.
रेड्डी ने इन दोनों पर तेलंगाना को लूटने का आरोप लगाया है.