संगरूर उपचुनाव में मिली जीत पर बोले सिमरनजीत सिंह मान- ये भिंडरांवाले की तालीम की जीत है

शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान ने संगरूर लोकसभा सीट जीतने के बाद अपनी जीत का श्रेय अपने कार्यकर्ताओं और जरनैल सिंह भिंडरांवाले की तालीम की जीत को दिया है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and चंदन शर्मा

  1. यूक्रेन युद्ध के बीच बेलारूस को अहम मिसाइल प्रणाली देगा रूस, पुतिन ने किया लान

    इसकंदर

    इमेज स्रोत, Reuters

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि अपने सहयोगी देश बेलारूस को आने वाले कुछ महीनों के भीतर छोटी दूरी पर मार करने वाली परमाणु संपन्न मिसाइल प्रणाली देगा.

    उन्होंने कहा कि 'इसकंदर-एम' प्रणाली से बैलिस्टिक और क्रूज़ दोनों ही तरह की मिसाइलें दागी जा सकती हैं. साथ ही ये परमाणु और गैर-परमाणु दोनों मिसाइलों के लिए भी सक्षम है.

    इस मिसाइल प्रणाली की रेंज 500 किलोमीटर तक है.

    रूस और पश्चिमी देशों के बीच 24 फ़रवरी को यूक्रेन पर आक्रमण के बाद से ही तनाव बढ़ गया है. बेलारूस यूक्रेन का भी पड़ोसी देश है.

    पुतिन ने तबसे अब तक कई बार परमाणु हथियारों का ज़िक्र किया है, जिसे शुरुआत में पश्चिमी देशों के ख़िलाफ़ धमकी माना जा रहा था.

    सेंट पीट्सबर्ग में पुतिन ने कहा कि बेलारूस को एसयू-25 युद्धक विमान विकसित करने में भी रूस मदद करेगा.

    उधर, यूक्रेन ने शनिवार को कहा कि रूसी बलों ने उसके अहम शहर सेवेरोदोनेत्स्क पर पूरी तरह कब्ज़ा कर लिया है.

    इस शहर पर कब्जे़ का अर्थ है कि रूस का अब लुहांस्क क्षेत्र के आसपास के इलाके पर पूरी तरह नियंत्रण है.

  2. तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज

    चुनाव

    इमेज स्रोत, ANI

    तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों के लिए 23 जून को हुए उपचुनावों के नतीजे आज आएंगे. विधानसभा उपचुनाव के अहम उम्मीदवारों में से एक त्रिपुरा के सीएम मानिक साहा भी शामिल हैं.

    उत्तर प्रदेश के रामपुर, आज़मगढ़ और पंजाब के संगरूर सीट पर लोकसभा उपचुनाव हुए थे. वहीं, दिल्ली के राजेंद्र नगर, झारखंड के मंदर सहित पाँच राज्यों और दिल्ली की कुल सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे.

    रामपुर लोकसभा सीट पर बीजेपी ने घनश्याम सिंह लोढ़ी को खड़ा किया है, जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं. वहीं, आज़म ख़ान की पसंद आसिम राजा को समाजवादी पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है.

    आंध्र प्रदेश की विधानसभा सीट पर उद्योग मंत्री मेकापटी गौतम रेड्डी के इस साल फरवरी में निधन की वजह से चुनाव कराए जा रहे हैं. झारखंड में विधायक बंधु टिर्की के भ्रष्टाचार मामले में दोषी पाए जाने के बाद चुनाव हो रहे हैं.

    पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी ने ज़िला प्रभारी गुरमैल सिंह को प्रत्याशी बनाया है.

    वहीं, कांग्रेस ने धुरी से विधायक रह चुके दलवीर सिंह गोल्डी को यहां टिकट दी है. शिरोमणि अकाली दल ने इस सीट पर पूर्व पंजाब सीएम बेअंत सिंह की हत्या के दोषी बलवंत सिंह राजौना की बहन कमलदीप कौर को प्रत्याशी बनाया है.

  3. भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा इंग्लैंड में हुए कोरोना संक्रमित

    रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, ANI

    भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा कोरोना संक्रमित पाए गए हैं.

    बीसीसीआई ने ट्वीट के ज़रिए इसकी जानकारी दी. भारतीय टीम फिलहाल इंग्लैंड के साथ टेस्ट मैच के लिए लंदन में है.

    बीसीसीआई ने ट्वीट किया, "टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा शनिवार को किए गए रैपिड एंटीजन टेस्ट (रैट) में कोरोना संक्रमित पाए गए हैं. फिलहाल वो टीम के होटल में ही आइसोलेशन में हैं और बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी देखभाल कर रही है."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    भारत और इंग्लैंड के बीच एक टेस्ट मैच की शुरुआत 1 जुलाई से होगी. ये मैच बीते साल हुई टेस्ट सीरीज़ का हिस्सा है.

    पिछले साल भारतीय टीम पाँच टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए इंग्लैंड गई थी लेकिन चार मैचों के बाद भारत के कुछ खिलाड़ी कोरोना संक्रमित पाए गए थे. उसके बाद पाँचवां टेस्ट नहीं हो पाया था.

    अब इसी टेस्ट मैच को दोबारा कराया जा रहा है. भारतीय टीम पाँच टेस्ट मैचों की सीरीज़ में फिलहाल 2-1 से आगे है.

  4. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 25 जून के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.