परमाणु समझौते पर अमेरिका-ईरान के बीच जल्द शुरू होगी बातचीत

इमेज स्रोत, AFP/GETTY
साल 2015 के परमाणु समझौते को फिर से बहाल करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत जल्द शुरू होगी.
ईरान के विदेश मंत्री हुसैन आमिर अब्दुलाहयन ने कहा, "हम आने वाले दिनों में बातचीत फिर से शुरू करने के लिए तैयार हैं. ईरान के लिए जरूरी है कि उसे 2015 में हुए समझौते के आर्थिक लाभ पूरी तरह से मिले."
उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्होंने यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रमुख के साथ लंबी लेकिन सकारात्मक बैठक की थी.
परमाणु समझौता मार्च में फिर से शुरू होने के करीब दिखाई दिया था, जब 11 महीने की अप्रत्यक्ष बातचीत के बाद अमेरिका और ईरान के विदेश मंत्रियों को वियना बुलाया गया था ताकि समझौते को अंतिम रूप दिया जा सके. लेकिन बातचीत तब से अटक गई है जब से ईरान ने अमेरिका से अपने विशिष्ट सुरक्षा बल, इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स को उसकी आतंकवादी संगठन की सूची से हटाने के बारे में जिद की है.
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साल 2018 में इस समझौते से बाहर निकलने का एलान कर दिया था. तब से इस पर संकट के बादल छाए हैं.
इस समझौते के तहत ईरान के परमाणु संवर्धन कार्यक्रम को सीमित करने के बदले उस पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों में कुछ छूट दी जानी थी.














