You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूरोपियन कमीशन की चीफ ने रूस-चीन के 'गठजोड़' से आगाह किया

यूरोपियन कमीशन की चीफ उर्सुला वॉन डेर ने कहा है कि रूस और चीन का गठजोड़ अनियंत्रित लग रहा है. दोनों ने अपनी दोस्ती को सीमा विहीन करार दिया है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and दीपक मंडल

  1. दुनिया में सबसे ज़्यादा सैन्य ख़र्च वाले पाँच देशों में भारत भी, जानिए और कौन हैं टॉप 5 में

    दुनियाभर में सैन्य ख़र्च पहली बार दो ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो गया है. ये जानकारी सिपरी यानी स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट ने अपनी रिपोर्ट में दी है. वर्ष 2021 में जिन पाँच देशों ने सैन्य क्षेत्र में सबसे ज़्यादा ख़र्च किए हैं, वे हैं अमेरिका, चीन, भारत, ब्रिटेन और रूस. सिपरी के मुताबिक़ इन पाँच देशों का सैन्य क्षेत्र में ख़र्च पूरी दुनिया के ख़र्च का 62 फ़ीसदी था.

    सिपरी की रिपोर्ट के मुताबिक़ वर्ष 2021 में भारत का सैन्य ख़र्च 76.6 अरब डॉलर था. 2020 के मुक़ाबले इसमें 0.9 की बढ़ोत्तरी थी, जबकि 2012 के मुक़ाबले सैन्य ख़र्च में बढ़ोत्तरी 33 फ़ीसदी थी. रिपोर्ट के मुताबिक़ घरेलू हथियार उद्योग को मज़बूत करने के लिए भारत के सैन्य बजट का 64 फ़ीसदी घरेलू स्तर पर बने हथियारों की ख़रीदारी के लिए था.

    सिपरी के मुताबिक़ अमेरिका के सैन्य ख़र्च में 2020 के मुक़ाबले 1.4 फ़ीसदी की गिरावट आई है. 2021 में अमेरिका ने अपने सैन्य ख़र्च का 24 फ़ीसदी सैनिक रिसर्च और विकास पर लगाया. चीन के बारे में रिपोर्ट में जानकारी दी गई है कि उसने 2021 में अपने सैन्य बजट में 4.7 फ़ीसदी की बढ़ोत्तरी की. सिपरी के मुताबिक़ चीन का सैन्य ख़र्च 27 सालों से लगातार बढ़ रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक़ यूक्रेन से अपनी संभावित जंग को देखते हुए रूस ने 2021 में भी अपने सैन्य ख़र्च को बढ़ाया. वर्ष 2020 के मुक़ाबले रूस ने अपना सैन्य ख़र्च 2.9 फ़ीसदी बढ़ाया.

  2. 'सामना' में शिवसेना का दावा- हनुमान चालीसा विवाद के पीछे बीजेपी का हाथ

    शिवसेना ने अपने मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में दावा किया है कि महाराष्ट्र में छिड़े 'हनुमान चालीसा' विवाद के पीछे बीजेपी का हाथ है और पार्टी ने माहौल बिगाड़ने के लिए ये सब किया है.

    अमरावती से सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा 'मातोश्री' के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने के एलान के बाद से ही चर्चा में बने हुए हैं. फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

    सामना में लिखा, "राणा दंपती को अगर राष्ट्रीय स्तर पर हनुमान चालीसा करना था तो उन्हें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रधानमंत्री आवास, केंद्रीय गृहमंत्री के आवास के बाहर पाठ करना चाहिए था. महाराष्ट्र में हिंदुत्व ज़ोर पर है क्योंकि उद्धव ठाकरे ही राज्य का नेतृत्व कर रहे हैं."

    संपादकीय में लिखा है, "मातोश्री पर जाकर हनुमान चालीसा पाठ करने की हठ क्यों? इसके पीछे बीजेपी का ही कुंठित दिमाग़ है. राणा दंपती को आगे करके मुंबई का माहौल बिगाड़ने की योजना इन्होंने ही बनाई थी और उसी आदेश के अनुसार सबकुछ किया गया, जिससे शिवसैनिक आक्रोशित हो उठे और राणा दंपती का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया."

    संपादकीय में ये भी आरोप लगाया गया है कि नवनीत कौर झूठे प्रमाणपत्र के आधार पर अमरावती से चुनाव लड़ीं और जीतीं.

  3. यूक्रेन को 71.3 करोड़ डॉलर की और सैन्य मदद देगा US, हथियार भी बेचेगा

    यूक्रेन को युद्ध के लिए अमेरिका 71.3 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त सैन्य मदद मुहैया कराएगा.

    सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन की कीएव दौरे के बाद ये ऐलान किया गया है.

    अधिकारियों ने बताया कि इसमें से आधी राशि यूक्रेन को सीधे मिलेगी, जबकि बाकी राशि नेटो के उन सदस्य देशों के बीच बंटेगी जिन्होंने यूक्रेन की मदद की है.

    इसके अलावा अमेरिका 16.5 करोड़ डॉलर के हथियार और गोला-बारूद यूक्रेन को बेचेगा.

    यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से पहली बार अमेरिका के शीर्ष अधिकारियों ने कीएव का दौरा किया है.

    सीएनएन ने विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के अलावा ब्लिंकन और ऑस्टिन ने यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा और रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेज़नीकोव और गृह मंत्री से भी मुलाक़ात की.

  4. सीबीएसई सिलेबस विवाद के बीच राहुल गांधी का RSS पर निशाना, बताया- 'राष्ट्रीय शिक्षा श्रेडर'

    सीबीएसई के सिलेबस से फैज़ की नज़्म, डेमोक्रेसी एंड डाइवर्सिटी, मुग़ल दरबार जैसे विषयों को हटाने पर अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी आरएसएस पर निशाना साधा है.

    उन्होंने ट्वीट के ज़रिए आरएसएस का फ़ुल फ़ॉर्म 'राष्ट्रीय शिक्षा श्रेडर' बताया है. श्रेडर शब्द अंग्रेज़ी में 'कतरने' के लिए इस्तेमाल होता है.

    उन्होंने एक ग्राफ़िक कार्ड भी शेयर किया है जिसमें एक मशीननुमान आकृति बनी है और इसके ऊपर 'राष्ट्रीय शिक्षा श्रेडर' लिखा है.

    इसके साथ ही उन्होंने सीबीएसई का फ़ुल फ़ॉर्म भी 'सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ सप्रेसिंग एजुकेशन' बताया है. इसके नीचे वो टॉपिक लिखे हैं जिन्हें सिलेबस से हटाए जाने को लेकर विवाद बना हुआ है.

  5. कोरोना के नए मामले फिर ढाई हज़ार पार, ऐक्टिव केस भी 16,522 हुए

    भारत में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना वायरस के ढाई हज़ार से अधिक नए मामले दर्ज किए गए हैं और इलाजरत मरीज़ों का आंकड़ा भी बढ़ गया है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार देशभर में कोरोना के 2,541 नए मामले आए हैं और ऐक्टिव मरीज़ भी बढ़कर 16,522 हो गए हैं.

    दैनिक संक्रमण दर फिलहाल एक फ़ीसदी से नीचे बनी हुई है और ये 0.88% है.

    इस दौरान कोरोना से 30 मरीज़ों की मौत भी हुई है. हालांकि, इसमें 24 मौतें बैकलॉग की वजह से जुड़ी हैं.

  6. जर्मनी के वाइस चांसलर ने यूक्रेन की मदद में देरी को बताया भूल

    जर्मनी के वाइस चांसलर ने कहा है कि यूक्रेन की सेना को पहले समर्थन न देना उनके देश की ग़लती थी.

    जर्मनी के सरकारी ब्रॉडकास्टर को दिए इंटरव्यू में रॉबर्ट हैबेक ने कहा कि यूक्रेन का समर्थन करना सालों पहले ही शुरू कर देना चाहिए था.

    उन्होंने कहा, "हमें निश्चित तौर पर बहुत पहले ही यूक्रेन की मदद करना शुरू कर देना चाहिए था और मैं कुछ दिन या हफ़्तों की बात नहीं कर रहा बल्कि सालों पहले की बात कर रहा हूं."

    जर्मनी में पूर्व की एंगेला मर्केल प्रशासन की रूस के साथ संबंधों को लेकर अक्सर आलोचना होती थी. ख़ासतौर पर ऊर्जा के लिए रूस पर निर्भरता की वजह से.

    हैबेक ने कहा कि जर्मनी अब यूक्रेन को भारी हथियारों की आपूर्ति कर रहा है. नेटो में जीडीपी का 2 फ़ीसदी योगदान देने के वादे के बाद यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति हो रही है. जर्मनी ने रूस से नॉर्ड स्ट्रीम टू गैस पाइपलाइन को भी बंद कर दिया है.

  7. यमन में हूती विद्रोहियों ने बंदी बनाए सात भारतीयों को छोड़ा

    यमन की राजधानी सना में रविवार को रिहा किए गए 14 विदेशियों में सात भारतीय नाविक भी शामिल हैं. ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी ने ये जानकारी दी है. ये क्षेत्र हूती विद्रोहियों के कब्ज़े में है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, भारतीय और अलग-अलग देशों के सात अन्य लोगों को यमन के हूती विद्रोहियों ने बंदी बनाया हुआ था. तीन महीने पहले संयुक्त अरब अमीरात के एक जहाज़ को ज़ब्त करने के साथ ही इन सबको भी बंदी बनाया गया था.

    अलबुसैदी ने सात भारतीयों सहित 14 लोगों की रिहाई की पुष्टि की है.

    ओमान के विदेश मंत्री ने ट्विटर पर एक बयान ट्वीट किया जिसमें कहा, "ये पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है कि कैप्टन कार्लोस डेमाटा, मोहम्मद जशीम ख़ान, अयानाचेव मेकोनेन, दीपाश मुता परम्बिल, अखिल रेघु, सूर्य हिदायत परमा, श्रीजीत सजीवन, मोहम्मद मुनवर समीर, संदीप सिंह, ल्यूक साइमन और उनकी पत्नी और बच्चे, मौंग थान और वीरा वीएसएसजी वासमसेट्टी को आज यमन में हिरासत से रिहा कर दिया गया है."

    अलबुसैदी के ट्वीट का जवाब देते हुए भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रिया कहा.

    जयशंकर ने ट्वीट किया, "आपकी मदद के लिए शुक्रिया मेरे दोस्त बद्र अलबुसैदी. भारतीयों की सुरक्षित घर वापसी का इंतज़ार है."

  8. दोबारा फ़्रांस के राष्ट्रपति चुने जाने पर मैक्रों को पीएम मोदी ने दी बधाई

    इमैनुएल मैक्रों को एक बार फिर से फ़्रांस का राष्ट्रपति चुने जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है.

    पीएम मोदी ने ट्वीट किया, "दोबारा फ़्रांस का राष्ट्रपति बनने पर मेरे दोस्त इमैनुएल मैक्रों को बधाई! मैं भारत-फ़्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखने की आशा करता हूं."

    इमैनुएल मैक्रों ने धुर दक्षिणपंथी नेता मरीन ली पेन को हराया है.

    मैक्रों की जीत पर यूरोपीय देशों के शीर्ष नेताओं ने उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई संदेश दिए हैं.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भी मैक्रों की जीत का स्वागत किया है.

    फ़्रांस के राष्ट्रपति चुनावों में इस बार केवल 72 फीसदी मतदान हुआ, जो कि सन् 1969 के बाद से सबसे कम है.

  9. पाकिस्तान पर बमबारी का आरोप लगाने के बाद तालिबान बोला- पड़ोसियों के हमले नहीं सहेंगे

    अफ़गानिस्तान के कार्यकारी रक्षा मंत्री ने रविवार को एक बार फिर से इशारों में पाकिस्तान को चेताया है. उन्होंने कहा है कि तालिबान प्रशासन अपने पड़ोसी देशों का 'हमला' बर्दाश्त नहीं करेगा.

    ये बयान ऐसे समय आया है जब कुछ दिन पहले ही तालिबान ने पाकिस्तान पर अफ़गानिस्तान में बमबारी करने का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया था.

    तालिबान प्रशासन ने दावा किया था कि पाकिस्तान ने अफ़गानिस्तान के कुनार और ख़ोस्त प्रांतों में बमबारी की जिसमें दर्जनों लोगों की जान चली गई.

    अफ़गानिस्तान के कार्यकारी रक्षा मंत्री मुल्लाह मोहम्मद याक़ूब ने काबुल में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, "हम दुनिया और पड़ोसी मुल्कों दोनों की ओर से चुनौतियों और परेशानियों का सामना कर रहे हैं, इसका स्पष्ट उदाहरण कुनार में उनकी ओर से किया गया हमला है."

    उन्होंने कहा, "हम इस तरह के हमले बर्दाश्त नहीं कर सकते. हमने इस बार राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए हमला सह लिया. अगली बार से शायद हम बर्दाश्त न करें."

    समचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार जब पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से याक़ूब के बयान पर जवाब मांगा गया तो उन्होंने कहा, "पाकिस्तान और अफ़गानिस्तान दोनों मित्र राष्ट्र हैं. दोनों देशों की सरकारें और जनता आतंकवाद को गंभीर ख़तरा मानता है और लंबे समय से इससे जूझ रहे हैं. इसलिए ये ज़रूरी है कि दोनों देश आतंकवाद के ख़तरे से निपटने के लिए मिलकर काम करें."

  10. इमैनुएल मैक्रों दूसरी बार फ़्रांस के राष्ट्रपति बने

    इमैनुएल मैक्रों एक बार फिर से फ्रांस के राष्ट्रपति बन गए हैं. उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी मरीन ली पेन को हराया है.

    धुर दक्षिणपंथी नेताओं में अब तक के सबसे ज़्यादा वोट पाने के बावजूद मरीन ली पेन राष्ट्रपति चुनाव हार गईं.

    मैंक्रों को 58.55 फीसदी वोट मिले जबकि पेन को 41.45 फीसदी.

    जीत के बाद मैक्रों ने एफिल टावर के पास समर्थकों से कहा कि अब चुनाव समाप्त हो गया है, वह "सभी के लिए राष्ट्रपति" होंगे.

    हारने के बावजूद ली पेन ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें मिला वोट शेयर ही उनकी सबसे बड़ी जीत है.

    मैक्रों की जीत पर यूरोपीय देशों के शीर्ष नेताओं ने उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई संदेश दिए हैं.

    फ्रेंच वोटरों से मैक्रों को वोट देने की अपील करने वाले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने भी फ्रांस के राष्ट्रपति को अपना "सच्चा दोस्त" बताते हुए बधाई दी है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भी मैक्रों की जीत का स्वागत किया है.

    फ़्रांस के राष्ट्रपति चुनावों में इस बार केवल 72 फीसदी मतदान हुआ, जो कि सन् 1969 के बाद से सबसे कम है.

  11. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 24 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.