You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूरोपियन कमीशन की चीफ ने रूस-चीन के 'गठजोड़' से आगाह किया

यूरोपियन कमीशन की चीफ उर्सुला वॉन डेर ने कहा है कि रूस और चीन का गठजोड़ अनियंत्रित लग रहा है. दोनों ने अपनी दोस्ती को सीमा विहीन करार दिया है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and दीपक मंडल

  1. भारत का तेल आयात बिल एक साल में 62 से 119 अरब डॉलर पहुँचा

    भारत कच्चे तेल की जरूरतों को पूरा करने के लिए आयात पर निर्भर 85.5% है.

    31 मार्च को ख़त्म हुए वित्तीय साल में भारत का कच्चे तेल का आयात बिल लगभग दोगुना हो गया है. ये बिल 119 अरब डॉलर पहुँच गया है. कच्चे तेल की मांग और यूक्रेन में युद्ध के बाद वैश्विक स्तर पर क़ीमतों में उछाल आया है.

    पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल के आँकड़ों के अनुसार भारत दुनिया का तीसरा बड़ा तेल खपत और आयात करने वाला देश है.

    भारत ने अप्रैल 2021 से मार्च 2022 तक 119.2 अरब डॉलर ख़र्च किए हैं, वहीं पिछले साल ये ख़र्च 62.2 अरब डॉलर था.

    मार्च महीने में तेल की क़ीमतें 14 साल में सबसे अधिक थीं. ऐसे में भारत ने इस महीने में तेल आयात पर 13.7 अरब डॉलर ख़र्च किए. अगर मार्च 2021 से तुलना की जाए, तो उस समय ये खर्च 8.4 अरब डॉलर था.

    कच्चे तेल की क़ीमतें जनवरी में बढ़ने लगीं और मार्च महीने में 140 डॉलर प्रति बैरल को पार गईं. इसके बाद क़ीमतों में कमी आई हैं. फ़िलहाल कच्चे तेल की क़ीमत 106 डॉलर प्रति बैरल है.

    PPAC के अनुसार, भारत ने 2021-22 में 21.2 करोड़ टन कच्चे तेल का आयात किया, जो 2020-21 में 19.6 करोड़ टन था.

  2. सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के सरोजिनी नगर की झुग्गियों को हटाने पर लगाई रोक

    सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के सरोजिनी नगर में 200 झुग्गियों को हटाने पर फ़िलहाल रोक लगा दी है. दिल्ली हाई कोर्ट ने इन झुग्गियों को हटाने पर पहले ही अंतरिम स्थगन आदेश जारी किया था, जिसकी अवधि सोमवार को ख़त्म हो रही है. लेकिन सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने भी इन झुग्गियों को न हटाने का अंतरिम आदेश जारी कर दिया. सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा है कि सरोजिनी नगर में 200 झुग्गियों को हटाने के मामले में ज़बरदस्ती न किया जाए. कोर्ट में दायर याचिका में इन झुग्गियों को न हटाने की अपील की गई थी.

    याचिका में कहा गया था कि इन झुग्गियों में रहने वालों का सरकारी नीतियों के मुताबिक़ पुनर्वास कराया जाए या फिर कहीं और बसाया जाए. इसमें कहा गया था कि इन झुग्गियों को हटाने पर रोक लगाई जाए.

    सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस केएम जोसफर और जस्टिस हृषिकेश राय की बेंच के अंतरिम आदेश में कहा गया है कि झुग्गियों को हटाने के लिए कोई ज़ोर-ज़बरदस्ती न करें.

    सप्रीम कोर्ट ने इन झुग्गियों में रहने वाली एक नाबालिग लड़की की याचिका पर यह फ़ैसला सुनाया.

    याचिका पर सुनवाई के दौरान जस्टिस जोसफ ने कहा कि जब लोगों से पेश आएँ, तो मानवीय तरीक़े से पेश आएँ. एक आदर्श सरकार के तौर पर आप ये नहीं कह सकते हैं कि आपके पास कोई पॉलिसी नहीं है और आप सीधे उन्हें हटा दें. आप परिवारों से जुड़े मामले सुलझा रहे हैं

  3. दिल्ली में निर्माणाधीन इमारत गिरी, दो की मौत, पाँच लोगों को सुरक्षित निकाला गया

    दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में एक निर्माणाधीन इमारत के गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है. बचावकर्मियों ने मलबे से दो शवों को निकाला है.

    एनडीआरएफ के अधिकारी गोवर्धन बैरवा के मुताबिक मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश जारी है. अब तक पाँच लोग सुरक्षित निकाले जा चुके हैं. मलबे में कुछ और लोगों के फँसे होने की आशंका है.

    मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ की 25 टीमें लगातार काम कर रही है. एनडीआरएफ़ की टीम मलबे में फँसे लोगों का पता लगाने के लिए खोजी कुत्तों का सहारा ले रही है.

  4. भगवंत मान ने कहा- पंजाब के स्कूलों और अस्पतालों को दिल्ली जैसा बनाएँगे

    दिल्ली के दौरे पर आए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ स्कूलों और अस्पतालों का दौरा किया. उन्होंने दिल्ली के अस्पतालों और स्कूलों की सराहना की.

    बाद में पत्रकारों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा- दिल्ली के स्कूल और अस्पतालों में आधुनिक तकनीकों से लैस हैं. पंजाब के सरकारी अस्पताल दिल्ली के अस्पतालों के आसपास भी नहीं हैं. हम दिल्ली सरकार से आइडिया लेने आए हैं कि उन्होंने ऐसा कैसे किया. हम पंजाब के स्कूलों और अस्पतालों को दिल्ली जैसा बनाएँगे. एक ट्वीट में सीएम भगवंत मान ने लिखा- मैंने छात्रों से भी बात की, कई बच्चे बड़े प्राइवेट स्कूल छोड़ कर यहाँ आए हैं.

    उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि दिल्ली की तरह पंजाब में भी शिक्षा पर पूरा ज़ोर रहेगा. जल्द ही आपको पंजाब में भी वर्ल्ड क्लास स्मार्ट स्कूल देखने को मिलेंगे.

  5. ट्रंप बोले- मैं पुतिन को इस शब्द के इस्तेमाल से रोक दूँगा

    ब्रिटिश प्रसारक पियर्स मॉर्गन से अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनके पास अब भी अमेरिका की कमान है. ट्रंप ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति 'एन' शब्द यानी न्यूक्लियर का फिर से कभी इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं.

    ट्रंप ने कहा, ''पुतिन न्यूक्लियर शब्द का इस्तेमाल हमेशा करते हैं. हर कोई इससे डरा रहता है. जब लोग डरते हैं तो पुतिन बार-बार इस्तेमाल करते हैं. यही कारण है कि वह अभी ऐसा कर रहे हैं.''

    ट्रंप का यह इंटरव्यू आज प्रसारित होने वाला है.

    पुतिन ने पश्चिम को कभी परमाणु हथियार की धमकी नहीं दी है लेकिन फ़रवरी में जब उन्होंने यूक्रेन में सैन्य अभियान की घोषणा की थी तो कहा था कि अगर किसी ने उनकी राह में आने की कोशिश की तो इसका अंज़ाम बहुत बुरा होगा और ऐसा इतिहास में कभी नहीं हुआ है.

    ट्रंप ने मॉर्गन से कहा कि वह अमेरिका को परमाणु ख़तरे से निकाल लेंगे. ट्रंप ने कहा, ''हमारे पास उनसे ज़्यादा हथियार है. हम उनसे ज़्यादा शक्तिशाली हैं. आप दोबारा इस शब्द का इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं.''

    ट्रंप ने कहा, ''आप दोबारा न्यूक्लियर शब्द का इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं. अगर आप ऐसा करते हैं तो आपके लिए समस्या होगी.''

    हालांकि यूक्रेन संकट पर ट्रंप के बयान एक जैसे नहीं रहे हैं. ट्रंप कभी बातचीत तो कभी परमाणु मिसाइल की धमकी देते रहे हैं. इससे पहले फ़रवरी महीने में ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के यूक्रेन में सेना भेजने के आदेश को 'जीनियस' बताया.

    ट्रंप से एक रेडियो कार्यक्रम में पुतिन के यूक्रेन में सेना भेजने पर राष्ट्रपति बाइडन की प्रतिक्रिया के बारे में पूछा गया था.

  6. तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के इफ़्तार पार्टी में आने पर क्या कहा

    बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इफ़्तार पार्टी में उनके घर पर आने को लेकर चल रही अटकलबाज़ियों को ख़ारिज किया है. समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के आने को लेकर कोई राजनीतिक मतलब नहीं है. उन्होंने कहा कि वे बीजेपी और आरएसएस से जुड़ी शक्तियों के ख़िलाफ़ संघर्ष करते रहेंगे.

    पिछले दिनों नीतीश कुमार पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर आयोजित इफ़्तार पार्टी में शामिल हुए थे. जिसके बाद से ही बिहार में सियासी सरगर्मी बढ़ गई थी. लेकिन अब तेजस्वी यादव का कहना है कि उनकी पार्टी आरजेडी ने कभी भी आरएसएस, बीजेपी या उनके सहयोगियों से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से गठबंधन नहीं किया है.

    उन्होंने कहा कि आरजेडी की विचारधारा सुविधा की विचारधारा पर नहीं बनी है. उन्होंने इंटरव्यू के दौरान कांग्रेस को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा- कांग्रेस को उन 200 से अधिक लोकसभा सीटों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, जहाँ उनकी सीधी लड़ाई बीजेपी से है. कांग्रेस को उन राज्यों में पीछे रहना चाहिए, जहाँ क्षेत्रीय पार्टियाँ मज़बूत हैं.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, जिग्नेश मेवाणी ज़मानत मिलने के बाद एक अन्य मामले में गिरफ़्तार

    गुजरात से विधायक जिग्नेश मेवाणी को ज़मानत मिलने के बाद एक अन्य मामले में फिर गिरफ़्तार कर लिया गया है. समाचार एजेंसी पीटीआई ने असम पुलिस के हवाले से ये जानकारी दी है. जानकारी के मुताबिक़ जिग्नेश मेवाणी को अधिकारियों पर हमला करने के मामले में गिरफ़्तार किया गया है.

    कुछ देर पहले ही जिग्नेश मेवाणी को असम की एक अदालत ने ज़मानत दी थी. पिछले सप्ताह गुरुवार को असम की पुलिस ने गुजरात से गिरफ़्तार किया था. असम के कोकराझार में एक स्थानीय बीजेपी नेता ने मेवाणी के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज की थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर किए गए ट्वीट्स के कारण उनके ख़िलाफ़ शिकायत की गई थी. मेवाणी ने आरोप लगाया था कि पीएम कार्यालय बदले की कार्रवाई कर रहा है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, नवनीत राणा की एफ़आईआर रद्द करने की याचिका बॉम्बे हाई कोर्ट से ख़ारिज

    बॉम्बे हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा की याचिका ख़ारिज कर दी है. नवनीत राणा ने बॉम्बे हाई कोर्ट में एफ़आईआर रद्द करने की अर्ज़ी दी थी.

    बॉम्बे हाई कोर्ट ने याचिका ख़ारिज करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन जीने वाले लोगों से ज़िम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की उम्मीद की जाती है.

    महाराष्ट्र से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के घर मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने की घोषणा की थी. लेकिन इसको लेकर वहाँ काफ़ी विवाद बढ़ गया. शिवसैनिकों ने नवनीत राणा के घर के बाहर प्रदर्शन किया. रविवार की शाम उनको मुंबई पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया और उन पर देशद्रोह का मुक़दमा दर्ज किया. मुंबई की एक अदालत ने राणा दंपती को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.

  9. महाराष्ट्र: शरद पवार का विपक्ष पर निशाना, कहा-सत्ता खोने से कुछ लोग परेशान हैं

    एनसीपी चीफ ने लाउडस्पीकर विवाद को लेकर मनसे और बीजेपी के हमलावर तेवरों पर निशाना साधा है. उन्होंने महाराष्ट्र में विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि कुछ लोग सत्ता खोने के बाद चिंतित हो उठे हैं. वे परेशान हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक सोमवार को एक कार्यक्रम के बाद पवार ने कहा, ''यह अच्छी बात है कि महाराष्ट्र सरकार ने धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के सवाल पर सर्वदलीय बैठक बुलाई है. अगर इस मुद्दे को कोई अच्छा हल निकल आता है तो मुझे बड़ी खुशी होगी.''

    कुछ विपक्षी नेताओं को ओर से महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग के सवाल पर पवार ने कहा, "ये सच है कि कुछ लोगों के हाथों से सत्ता फिसल गई और वे चिंतित हो गए हैं."

    उन्होंने कहा, ''ये कोई नई बात नहीं है. हर कोई मेरी तरह नहीं है. 1980 में राज्य में हमारी सरकार बर्खास्त कर दी गई थी. मुझे रात साढ़े बारह बजे ये बात बताई गई. मैंने और मेरे साथियों ने तुरंत सीएम आवास छोड़ दिया ओर अगले दिन से दूसरी जगह रहने लगे. हम सब वानखेड़े स्टेडियम जाकर क्रिकेट मैच देखने लगे. सत्ता आती-जाती रहती है. इससे चिंतित नहीं होना चाहिए.''

    उन्होंने कहा, ''कुछ लोग चिंतित हो रहे हैं. मैं उन्हें दोष नहीं देता क्योंकि 2019 में राज्य में चुनाव से पहले ये दावा किया जा रहा था कि वे सत्ता में दोबारा आ रहे हैं. ऐसा नहीं हुआ. इसलिए वे चिंतित हैं.''

  10. ईशान किशन: ऊंची खरीद मुंबई इंडियंस को कितनी भारी पड़ी

    बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल मेगा नीलामी में 15.25 करोड़ रुपये में खरीदा था और उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद कर की जा रही थी.

    माना जा रहा था कि रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम को वे अच्छी शुरुआत दिलाने में मदद करेंगे.

    हालांकि, इस सीज़न के पहले मैच में 81 रन बनाने के बाद, ईशान किशन फेल साबित हो रहे हैं, और वह इस समय ख़राब फॉर्म से गुजर रहे हैं.

    ईशान का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं- जयवर्धने

    उन्होंने अब तक आठ मैचों में 28.43 की औसत से 199 रन बनाए हैं. इस सीजन में मुंबई इंडियंस की लगातार आठवीं हार के बाद, टीम के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने कहा कि ईशान ने पिछले कुछ मैचों में वास्तव में संघर्ष किया है और उनका प्रदर्शन वह नहीं है जो टीम "उनसे उम्मीद कर रही है."

  11. मोदी के ख़िलाफ़ ट्वीट्स के कारण गिरफ़्तार हुए जिग्नेश मेवाणी को मिली ज़मानत

    गुजरात से विधायक जिग्नेश मेवाणी को असम की एक अदालत ने ज़मानत दे दी है. पिछले सप्ताह गुरुवार को असम की पुलिस ने गुजरात से गिरफ़्तार किया था. असम के कोकराझार में एक स्थानीय बीजेपी नेता ने मेवाणी के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज की थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर किए गए ट्वीट्स के कारण उनके ख़िलाफ़ शिकायत की गई थी. मेवाणी ने आरोप लगाया था कि पीएम कार्यालय बदले की कार्रवाई कर रहा है.

    जिग्नेश मेवाणी के ख़िलाफ़ शिकायत करने वाले अरुप कुमार डे ने बताया था कि वे पीएम मोदी के ख़िलाफ़ ऐसी टिप्पणी के बाद शिकायत तो दर्ज कराते ही. उन्होंने बीबीसी के साथ बातचीत में कहा था- जिस व्यक्ति ने मोदी जी के ख़िलाफ़ इतनी बुरी तरह ट्वीट किया है उसके ख़िलाफ़ तो शिकायत करनी ही थी. उन्होंने मोदी जी के लिए गोडसे की पूजा करने जैसी बात बोल दी है. उन्हें ऐसा नहीं बोलना चाहिए था. यह कोई बीजेपी या फिर व्यक्तिगत शिकायत की बात नहीं थी. मैं बीजेपी का कार्यकर्ता हूं और हमारे मोदी जी के ख़िलाफ़ कोई बोलेगा तो हमें भी आवाज़ उठानी पड़ेगी

  12. लाउडस्पीकर मामले में सर्वदलीय बैठक के बाद क्या कहा महाराष्ट्र सरकार ने

    महाराष्ट्र सरकार ने लाउडस्पीकर को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए सोमवार को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी. बैठक के बाद शिवसेना नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि लाउडस्पीकर मामले को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही केंद्र सरकार से मिलेगा.

    प्रतिनिधिमंडल केंद्र से इस मुद्दे को सुलझाने पर बात करेगा. बैठक में बीजेपी ने हिस्सा नहीं लिया और न ही मनसे नेता राज ठाकरे आए. बैठक की अध्यक्षता महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वालसे और उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने की.

    इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिलीप वलसे ने कहा, '' लाउडस्पीकर पर सुप्रीम कोर्ट का क़ानून पूरे देश के लिए लागू होता है. महाराष्ट्र के लिए अलग से कोई गाइडलाइन नहीं है. सुप्रीम कोर्ट ने जो आदेश दिया है उसकी यहाँ भी पालन होगा. क़ानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की ज़िम्मेदारी है. ''

    उन्होंने कहा, ''अगर कोई इसका उल्लंघन करता है तो पुलिस कार्रवाई करेगी. अगर केंद्र लाउडस्पीकरों पर राष्ट्रीय स्तर का नियम बनाता है, तो राज्यों में मुद्दे नहीं उठेंगे. लिहाजा यह फैसला किया गया कि इस मामले को लेकर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल केंद्र से मुलाक़ात करेगा और इस पर चर्चा करेगा.''

    बैठक में शाामिल होने के सवाल पर विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से जो हो रहा है उसे देखते हुए हमने सर्वदलीय बैठक में न जाने का फैसला किया.

    मनसे नेता राज ठाकरे ने महाराष्ट्र की सभी मस्जिदों से 3 मई तक लाउडस्पीकर हटाने की डेडलाइन दी थी. उनका कहना था कि अगर समय रहते लाउडस्‍पीकर नहीं हटाए गए तो वे राज्य में मस्जिदों के बाहर लाउडस्‍पीकर पर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे.

    इस बीच, अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत कौर राणा और उनके विधायक पति रवि राणा को उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने की घोषणा करने पर शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था.

  13. स्टालिन ने मोदी के गुजरात का हवाला देते हुए राज्यपाल के अधिकारों में कटौती वाला विधेयक करा लिया पास

    तमिलनाडु की विधानसभा ने एक प्रस्ताव पारित किया है, जिसके तहत राज्य सरकार विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति कर सकती है. माना जा रहा है कि राज्य सरकार का ये प्रस्ताव नियुक्ति में राज्यपाल के अधिकारों में कटौती करना है. मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने ट्वीट कर ये कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी के गृह प्रदेश गुजरात में भी ऐसा ही है.

    उन्होंने अपने ट्वीट में राज्यपाल के रुख़ पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि कुलपतियों की नियुक्ति में वे प्रदेश सरकार का सम्मान नहीं कर रहे हैं और इसे उच्च शिक्षा में गड़बड़ी हो रही है. एमके स्टालिन ने कहा कि राज्य सरकार को कुलपतियों की नियुक्ति का अधिकार है. उन्होंने कहा- पीएम मोदी के गुजरात की तरह हमने भी तमिलनाडु में बिल पास किया है ताकि कुलपतियों की नियुक्ति की जा सके. जब तमिलनाडु विधानसभा में ये प्रस्ताव पेश किया गया, तो एआईएडीएमके और बीजेपी के विधायकों ने वॉक आउट किया.

  14. उद्धव सरकार पर बरसे फडणवीस और कहा- हिटलरशाही से संघर्ष होता है, संवाद नहीं

    हनुमान चालीसा और लाउडस्पीकर को लेकर महाराष्ट्र में जारी विवाद के बीच नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि हिटलरशाही से संघर्ष होता है, संवाद नहीं.

    सोमवार को बीजेपी की प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया कि राज्य में बीजेपी नेताओं की मॉब लिंचिंग की कोशिश हुई है. उन्होंने ये भी कहा कि जब-जब बीजेपी बीएमसी की पोल खोलने की कोशिश करती है तब-तब उसके नेताओं पर हमले किए जाते हैं.

    उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है.

    फडणवीस की प्रेस कॉन्फ़्रेंस ऐसे समय हुई है जब महाराष्ट्र बीजेपी के नेता किरीट सोमैया ने दावा किया कि उनकी गाड़ी पर शिवसेना के गुंडों ने हमला किया.

    किरीट सोमैया ने सोमवार को इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला से भी मुलाक़ात की.

    महाराष्ट्र में लाउडस्पीकर विवाद को लेकर आज सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई थी. फडणवीस इस बैठक में शामिल नहीं हुए. बीजेपी ने इस बैठक का बहिष्कार किया है.

    इसपर फडणवीस ने कहा, "आज महाराष्ट्र के गृह मंत्री ने जो बैठक बुलाई थी हमने उसका ​बहिष्कार करने का फैसला किया क्योंकि पिछले 3-4 दिनों में जिस प्रकार से पुलिस का उपयोग करते हुए विरोधी पार्टी के लोगों को जान से मारने का प्रयास किया गया उसके बाद संवाद के लिए जगह कहां बचती है?"

    उन्होंने कहा, "हमारा मानना है कि हिटलरशाही से संघर्ष होता है, संवाद नहीं। अगर इस प्रकार की प्रवृत्ति यहां पर चलेगी तो हम भी उसका मुकाबला करेंगे। हम गृह मंत्री की बैठक में जाकर क्या करेंगे क्योंकि उस बैठक में मुख्यमंत्री तो उपस्थित ही नहीं हैं."

  15. आईपीएल में पोलार्ड के साथ क्रुनाल की इस हरकत की हो रही है आलोचना

    रविवार को एक बार फिर इस साल के आईपीएल में मुंबई इंडियंस की टीम हार गई. ये मुंबई इंडियंस की लगातार आठवीं हार थी. इस सीज़न में टीम को एक जीत भी नहीं मिली है. रविवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथ मैच के दौरान क्रुनाल पांड्या ने केरॉन पोलार्ड के साथ जो हरकत की, उसकी ट्विटर पर ख़ूब आलोचना हो रही है.

    दरअसल पोलार्ड का विकेट लेने के बाद क्रुनाल पंड्या इतने उत्साहित हो गए कि उन्होंने उछलकर पोलार्ड के पीछे से उनके सिर पर किस किया. हालाँकि पोलार्ड ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. लेकिन ट्विटर पर क्रुनाल पांड्या की इस हरकत की काफ़ी आलोचना हो रही है. एक व्यक्ति ने तो यहाँ तक लिखा है कि पोलार्ड को विल स्मिथ की तरह क्रुनाल को तमाचा जड़ देना चाहिए था. कई लोग ये भी लिख रहे हैं कि ये क्रुनाल का अन-प्रोफ़ेशनल व्यवहार है. दरअसल क्रुनाल और पोलार्ड दोनों पहले मुंबई इंडियंस के साथ ही खेलते थे.

    लेकिन इस सीज़न के लिए लखनऊ की नई टीम के गठित होने के बाद क्रुनाल अब लखनऊ सुपर जाएंट्स का हिस्सा है. रविवार के मैच में लखनऊ ने मुंबई को 36 रनों से हरा दिया. लखनऊ ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 168 रन बनाए थे. लेकिन मुंबई की टीम 132 रन ही बना सकी. इस मैच में क्रुनाल पांड्या को पोलार्ड ने सिर्फ़ एक रन पर ही आउट कर दिया था. मुंबई की पारी में जिस समय पोलार्ड की टीम को सबसे अधिक ज़रूरत थी, उस समय वे 19 रन बनाकर आउट हो गए. उनका विकेट क्रुणाल को मिला. कुछ दिन पहले की पोलार्ड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की है.

  16. 'हनुमान चालीसा' विवाद के बीच एनसीपी नेता फ़हमीदा ख़ान ने अमित शाह से की ये मांग

    महाराष्ट्र में जारी हनुमान चालीसा विवाद के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की नेता फ़हमीदा हसन ख़ान ने पीएम मोदी के आवास के सामने हर धर्म की प्रार्थना करने देने की इजाज़त मांगी है.

    उन्होंने इसके लिए गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी है. समाचार एजेंसी एएनआई ने इस चिट्ठी की प्रति ट्वीट की है. फहमीदा एनसीपी की नॉर्थ मुंबई ज़िला अध्यक्ष हैं.

    चिट्ठी में लिखा है, "मैं फ़हमीदा हसन ख़ान कांदिवली मुंबई महाराष्ट्र से आपसे निवेदन करती हूँ, मुझे हमारे प्रिय भारत देश के लाड़के प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के आवास के बाहर नमाज़, हनुमान चालीसा, नवकार मंत्र, गुरु ग्रंथ और नोविनो पढ़ने की अनुमति दी जाएगा. कृपया दिन और समय आप मुझे बताएँ."

    इससे पहले अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा ने एलान किया था कि वे दोनों महाराष्ट्र सीएम उद्धव ठाकरे के घर 'मातोश्री' के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे. इसके बाद दोनों को गिरफ़्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.

  17. चीन के इस शहर में ड्राइवरलेस गाड़ियों को मिली मंज़ूरी

    टोयोटा मोटर के सहयोग वाली सेल्फ ड्राइविंग टेक कंपनी Pony.ai ने बताया है कि उसे चीन में टैक्सी का लाइसेंस मिल गया है, जिसके बाद कंपनी के कुछ ड्राइवरलेस वाहन अब किराया ले सकेंगे.

    कंपनी ने दावा किया है कि देश में ऐसा करने वाली वो पहले ऑटोनॉमस ड्राइविंग कंपनी है. स्टार्टअप कंपनी ने कहा है कि उसे नान्शा के गुआंगझू शहर में 100 ड्राइवरलेस गाड़ियों के संचालन का लाइसेंस मिला है.

    कंपनी के बयान के मुताबिक, ये मंज़ूरी नान्शा के छोटे से इलाक़े के लिए मिली है. कंपनी 800 वर्ग किलोमीटर के दायरे में ड्राइवरलेस गाड़ियाँ चला सकती हैं. पैसेंजर Pony.ai की ऐप से राइड बुक और पेमेंट कर सकते हैं.

    Pony.ai अमेरिका और चीन में अपनी ड्राइवरलेस टेक्नोलॉजी का सार्वजनिक सड़कों पर परीक्षण कर रही है.

  18. शिवसेना सांसद संजय राउत ने किरीट सोमैया के दिल्ली आने पर कहा- ये महाराष्ट्र की बदनामी की साज़िश

    शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बीजेपी नेता किरीट सोमैया के दिल्ली आकर गृह सचिव से मिलने पर आपत्ति जताई है. संजय राउत का कहना है कि ये महाराष्ट्र की बदनामी की साज़िश है. उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा- अगर आपकी कोई समस्या है तो आप महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र के गृह मंत्री से मिलिए. उत्तर प्रदेश में 3 महीने में 17 दुष्कर्म और हत्याएँ हुई, तो वहाँ राष्ट्रपति शासन लगाएँगे क्या?

    किरीट सोमैया का आरोप है शिवसेना के लोगों ने उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की थी.. उन्होंने इस संबंध में गृह सचिव अजय भल्ला को पत्र भी लिखा है और दिल्ली आकर उनसे मुलाक़ात भी की. मुलाक़ात के बाद उन्होंने कहा- महाराष्ट में टेरर पैदा करना, पुलिस का माफ़िया उपयोग करने का काम उद्धव जी कर रहे हैं जिसमें मुंबई पुलिस कमिश्नर संजय पांडे भी शामिल हैं और उन्होंने मेरे ऊपर फर्जी एफ़आईआर दर्ज कर दी.

    सोमैया ने कहा, "हमने सात ऐसे उदाहरण गृह मंत्रालय को दिए हैं. विषय सिर्फ़ किरीट सोमैया का नहीं बल्कि नेवी ऑफ़िसर से लेकर झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले युवक का मुंडन किए जाने तक है. किरीट सोमैया जिनको ज़ेड कैटेगरी सुरक्षा केंद्र सरकार ने दी है, उनको पुलिस स्टेशन के परिसर में, पुलिसवालों की उपस्थिति में 70-80 शिवसेना के गुंडे उनकी जान लेने की कोशिश करते हैं. इस मामले की जाँच के लिए विशेष टीम भेजनी चाहिए."

  19. सुप्रीम कोर्ट ने बताया जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के ख़िलाफ़ कब होगी सुनवाई

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वो जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को हटाए जाने की वैधता और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बाँटे जाने के ख़िलाफ़ दायर कई याचिकाओं पर जुलाई माह में सुनवाई करने की कोशिश करेगा.

    चीफ़ जस्टिस एनवी रमन्ना की अगुआई वाली दो जजों की पीठ ने कहा कि इन याचिकाओं पर पाँच जजों की बेंच को सुनवाई करनी थी और चूँकि अब इस पीठ के कई जज रिटायर हो गए हैं, इसलिए इसे फिर से गठित करने की ज़रूरत है.

    सुप्रीम कोर्ट ने ये टिप्पणी वरिष्ठ वकील शेखर नाफ़ड़े और कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम की याचिकाओं को लेकर दी, जो मामले में अगले हफ़्ते सुनवाई चाहते थे.

  20. शिकायत लेकर गृह सचिव से मिले किरीट सोमैया और कहा- शिवसेना के गुंडों ने जान लेने की कोशिश की

    महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ वाद-विवाद बढ़ने के बीच भाजपा नेता किरीट सोमैया ने सोमवार को केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला से मुलाक़ात की.

    ये मुलाक़ात बीजेपी नेता किरीट सोमैया की गाड़ी पर हुए हमले के दावे के बाद की गई है.

    अजय भल्ला से मिलने के बाद बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने कहा, "गृह सचिव अजय भल्ला से हमारी विस्तृत चर्चा हुई. 20-25 मिनट की चर्चा में उनके चेहरे पर भी चिंता दिखाई दी."

    उन्होंने कहा, "जिस प्रकार से महाराष्ट्र में हमले हो रहे हैं, अत्याचार हो रहे हैं, ज़िंदा दफ़नाने की भाषा मुख्यमंत्री जी और उनके प्रवक्ता इस्तेमाल कर रहे हैं, उसके बारे में और भी शिकायतें यहाँ आई हैं."

    सोमैया ने कहा, "हमने सात ऐसे उदाहरण गृह मंत्रालय को दिए हैं. विषय सिर्फ़ किरीट सोमैया का नहीं बल्कि नेवी ऑफ़िसर से लेकर झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले युवक का मुंडन किए जाने तक है. किरीट सोमैया जिनको ज़ेड कैटेगरी सुरक्षा केंद्र सरकार ने दी है, उनको पुलिस स्टेशन के परिसर में, पुलिसवालों की उपस्थिति में 70-80 शिवसेना के गुंडे उनकी जान लेने की कोशिश करते हैं. इस मामले की जाँच के लिए विशेष टीम भेजनी चाहिए."

    इस संबंध में किरीट सोमैया और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गृह सचिव को पत्र भी लिखा है.

    उन्होंने कहा कि गृह सचिव ने आश्वस्त किया है कि अगर ज़रूरत पड़ी तो दिल्ली से टीम वहां जाएगी.

    इससे पहले शवनिवार को किरीट सोमैया ने दावा किया था कि निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके पति से मिलने के लिए धार पुलिस स्टेशन जाने पर उनकी गाड़ी पर शिवसैनिकों ने पथराव किया.

    वहीं, शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा था कि जो शिवसैनिकों और मातोश्री से खेलने की कोशिश करेगा, उसे ज़मीन के 20 फ़ुट नीचे गाड़ देंगे.