जम्मू के सुंजवान में मुठभेड़, एक जवान की मौत चार घायल
- Author, मोहित कंधारी
- पदनाम, जम्मू से बीबीसी हिंदी के लिए

इमेज स्रोत, Mohit Kandhari/BBC
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 24 अप्रैल के जम्मू और कश्मीर दौरे से ठीक पहले सुंजवान के भटिंडी इलाक़े में शुक्रवार तड़के चरमपंथियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षाबलों का एक जवान मारा गया और चार अन्य घायल हुए हैं.
फ़िलहाल भटिंडी के रिहाइशी इलाक़े में मुठभेड़ जारी है. सुरक्षाबलों ने पूरे इलाक़े की घेराबंदी कर रखी है.

इमेज स्रोत, Mohit Kandhari/BBC
पुलिस के मुताबिक़, चरमपंथियों के भटिंडी इलाक़े के ही किसी मकान में छिपे होने की आशंका है, जिसके चलते सुरक्षाबल एहतियात बरत रहे हैं.
जम्मू में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने पत्रकारों को बताया, "भटिंडी इलाक़े में शुक्रवार सुबह चार बजे के आसपास मुठभेड़ तब शुरू हुई, जब पुलिस के विशेष अभियान समूह और सीआरपीएफ ने इलाक़े में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया."
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में सुरक्षा बलों के एक जवान की मौत हो गई है और चार अन्य घायल हो गए. मुठभेड़ अब भी जारी है.

इमेज स्रोत, Mohit Kandhari/BBC
प्रधानमंत्री के दौरे की वजह से जम्मू और सांबा ज़िलों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं. भटिंडी से सटे सुंजवान आर्मी कैंप में 10 फ़रवरी, 2018 को चरमपंथियों ने हमला किया था.

