पश्चिम बंगाल: रामनवमी को हुई हिंसा के बाद तृणूमल कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू
- Author, प्रभाकर मणि तिवारी
- पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

इमेज स्रोत, BHAIRAV DAS
पश्चिम बंगाल में रविवार को कोलकाता से सटे हावड़ा और झारखंड की सीमा से लगे बांकुड़ा में रामनवमी के जुलूस पर हमले में कई लोग घायल हो गए.
बांकुड़ा में तो भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री सुभाष सरकार की कार पर हमले का भी आरोप है. इसी तरह हावड़ा में भी जुलूस पर पथराव का आरोप है.
भाजपा ने इन हमलों के लिए तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है. लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को निराधार बताया है.
पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में रविवार को रामनवमी के दौरान निकले एक जुलूस के दौरान हिंसा और पथराव के बाद पुलिस ने इस मामले में भाजपा के 17 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है. जुलूस के दौरान पुलिसवालों पर भी पथराव के आरोप लगे हैं.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
दूसरी ओर, इस साइकिल जुलूस का नेतृत्व कर रहे भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री ने अपनी कार पर भी पथराव का आरोप लगाते हुए इसे तृणमूल कांग्रेस का सुनियोजित हमला करार दिया है.
पुलिस का कहना है कि जुलूस के बांकुड़ा के मुख्य केंद्र मचानतला पहुंचने पर उसमें शामिल लोगों से रास्ता बदलने का अनुरोध किया गया.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "उसी इलाके में मस्जिद होने की वजह से तनाव का माहौल पैदा हो सकता था. इसलिए जुलूस का रास्ता दूसरी तरफ मोड़ दिया गया था. लेकिन जुलूस में शामिल लोगों ने बदले रास्ते से जाने से मना कर दिया."
जुलूस में शामिल लोग पुलिस की बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे.

इमेज स्रोत, BHAIRAV DAS
आरोप है कि पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो भीड़ में से कुछ लोगो ने पथराव शुरू कर दिया. इसमें तीन पुलिस वाले घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया. इस मामले में अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री सुभाष सरकार ने आरोप लगाया कि यह सुनियोजित हंगामा था. उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस समर्थित असामाजिक तत्वों ने उनकी कार पर पथराव किया और जुलूस के दौरान हंगामा किया.
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इस हंगामे के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि जुलूस में शामिल लोगों ने आम लोगों के अलावा पुलिस वालों पर भी पथराव किया.
उधर, कोलकाता से सटे हावड़ा ज़िले में रामनवमी के जुलूस पर कुछ लोगों के कथित हमले की वजह से जुलूस रद्द हो गया. इस दौरान पथराव के कारण कई लोग घायल हो गए. इस जुलूस पर हमले की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. उनमें कुछ लोगों को पथराव करते देखा जा सकता है.

इमेज स्रोत, BHAIRAV DAS
शिवपुर से शुरू हुए इस जुलूस पर जीटी रोड पर हमला हुआ. भारतीय जनता युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष प्रियंका शर्मा ने आरोप लगाया कि जुलूस पर बिना किसी उकसावे के पथराव किया गया. बहार में पुलिस ने भी जुलूस में शामिल लोगों पर लाठी चार्ज किया. लेकिन हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया गया.
इस मामले पर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने अपने ट्वीट में लिखा है, "हावड़ा के शिवपुर में, श्रीरामनवमी के अवसर पर जब राम भक्तों ने शोभा यात्रा निकाली तो, हावड़ा पुलिस के कॉन्स्टेबल और अफसर ने उन पर लाठियां भांजी. इससे कुछ लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए. क्या सनातन धर्म का पालन करना इस राज्य में निषिद्ध है?''
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी इन घटनाओं की निंदा करते हुए आरोप लगाया है कि हावड़ा से लेकर बांकुड़ा तक रामनवमी के जुलूस टीएमसी गुंडों ने हमला किया है.









