योगी कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह के बाद दोनों डिप्टी सीएम बोले

केशव प्रसाद मौर्य एक बार फिर उप-मुख्यमंत्री बनाए गए हैं, जबकि दिनेश शर्मा की जगह ब्रजेश पाठक को उप-मुख्यमंत्री बनाया गया है.

लाइव कवरेज

विभुराज and कीर्ति दुबे

  1. उत्तर कोरिया ने अपने सबसे बड़े बैलिस्टिक मिसाइल का किया परीक्षण, अमेरिका तक मारक क्षमता

    उत्तर कोरिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    उत्तर कोरिया ने एलान किया है कि उसने गुरुवार को अपनी सबसे बड़ी अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है.

    2017 के बाद से यह पहली बार है जब उत्तर कोरिया ने प्रतिबंधित आईसीबीएम का परीक्षण किया है.

    आईसीबीएम लंबी दूरी की मिसाइल है, जो अमेरिका तक पहुंचने में सक्षम हैं. उत्तर कोरिया को इनका परीक्षण करने से प्रतिबंधित किया गया है. पहले भी ऐसा करने के लिए उस पर भारी प्रतिबंध लगाया जा चुका है.

    देश की सरकारी मीडिया ने बताया कि किम जोंग-उन ने ख़ुद इस परीक्षण का मार्गदर्शन किया और ये हथियार परमाणु युद्ध को रोकने के लिए महत्वपूर्ण है.

    ह्वासोंग-17 आईसीबीएम को पहली बार 2020 में एक सैन्य परेड में पेश किया गया था, जहां इसके "बेहद बड़े" आकार ने देश के रक्षा और हथियारों के जानकारों को भी हैरान कर दिया था.

    मिसाइल लॉन्च को जापान और दक्षिण कोरिया ने ट्रैक किया. जापानी अधिकारियों का कहना है कि यह 6,000 किमी (3,728 मील) की ऊंचाई तक उड़ा और एक घंटे से अधिक समय तक उड़ान भरने के बाद जापानी सागर में जा गिरा किया है.

  2. फिर बढ़े पेट्रोल-डीज़ल के दाम, जानिए क्या है नई क़ीमत

    पेट्रोल कीमत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    देश पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमत बढ़ने का सिलसला थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार को भारतीय ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने फिर इनकी क़ीमत में इज़ाफ़ा कर दिया है.

    दिल्ली में पेट्रोल और डीज़ल की कीमत 80 पैसे प्रति लीटर बढ़ाई गई है.

    चार महीने से ज़्यादा के अंतराल के बाद मंगलवार को पहली बार पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों को बढ़ाया गया जिसके बाद लगातार तेल के दाम बढ़ते जा रहे हैं.

    बीते चार दिन में पेट्रोल और डीज़ल की कीमत 2.40 बढ़ गई है.

    इस बढ़ी हुई क़ीमत के साथ देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.81 रुपये और डीज़ल की कीमत 89.07 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

    मुंबई में पेट्रोल की क़ीमत 84 पैसे बढ़ी है और इसके साथ ही नई क़ीमत 112.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है. जबकि चेन्नई में क़ीमत 76 पैसे बढ़कर 103.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

    हर राज्य में पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमत अलग-अलग होती है क्योंकि स्थानीय करों की दरें राज्यों में बदलती रहती हैं जिसके आधार पर क़ीमतों में अंतर होता है.

    मूडीज़ इन्वेस्टर्स सर्विस ने गुरुवार को अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि भारत की बड़ी तेल कंपनियों आईओसी, बीपीसीएल और एचपीसीएल ने कच्चे तेल की क़ीमतों में तेज़ी से होती बढ़ोतरी के बावजूद पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों को बढ़ने से रोके रखा, नवंबर और मार्च की शुरुआत तक क़ीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया जिससे कंपनियों को लगभग 2.25 बिलियन अमेरिकी डॉलर का नुक़सान हुआ है.

    आपको बता दें कि फ़रवरी में देश में उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में चुनाव थे.

  3. बाइडन ने ब्रसेल्स में कहा- नेटो पूरी तरह संगठित, पुतिन को इसकी उम्मीद नहीं थी

    बाइडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने ब्रसेल्स में नेटो के शिखर सम्मेलन में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि नेटो में आज जितनी एकता है उतनी कभी पहले नहीं देखी गई, लेकिन रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को इसका अंदाज़ा नहीं था, उन्हें उम्मीद थी की नेटो सदस्य युद्ध पर बंट जाएंगे.

    अमेरिका ने गुरुवार को नेटो शिखर सम्मेलन में 400 व्यक्तियों और कंपनियों पर प्रतिबंध लगाने का एलान किया जिसमें 300 लोग ड्यूमा (रूसी संसद का निचला सदन) के सदस्य हैं, कुछ ओलिगार्क्स हैं और रक्षा से जुड़ी कुछ कंपनियां शामिल हैं.

    अपनी प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बाइडन ने कहा, ‘’यदि रूस रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल करता है तो अमेरिका जवाब देगा, और ये जवाब इस्तेमाल किए गए हथियार की प्रकृति पर निर्भर करेगा."

    बाइडन ने कहा कि उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को स्पष्ट कर दिया है कि अगर वे रूस की मदद करते हैं तो इससे अमेरिका और यूरोपीय संघ के साथ चीन के आर्थिक संबंध 'अहम ख़तरे' में होंगे.

    जी-20 का ज़िक्र करते हुए बाइडन ने कहा कि ‘’मैं रूस को जी-20 से हटते हुए देखना चाहता हूं, लेकिन अगर यह संभव नहीं है, तो यूक्रेन को इसमें एक पर्यवेक्षक के रूप में भाग लेना चाहिए.‘’

    उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि ऐसे समय में पश्चिमी देशों को ‘एक साथ संगठित’ रहना ही चाहिए.

    उन्होंने कहा, ‘’ रूस पर प्रतिबंध का बड़ा असर पड़े इसे सुनिश्चित करने के लिए कि हम लंबे वक्त तक इसे जारी रखेंगे. एक महीने के बाद भी हम जो आज कर रहे हैं उसे जारी रखेंगे. यही उन्हें (पुतिन को) रोकेगा. ‘’

    "सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमें एकजुट रहना है और दुनिया को इस बात पर ध्यान देना है कि वह (पुतिन) कितने क्रूर हैं.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 24 मार्च के अपडेट्स के लिए आपयहां क्लिककर सकते हैं.