कश्मीर पर चीनी विदेश मंत्री के बयान का भारत ने दिया दो टूक जवाब, क्या कहा?

पाकिस्तान में इस्लामी सहयोग संगठन (ओईआसी) की बैठक में भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर को लेकर चीन के विदेश मंत्री की टिप्पणी पर भारत ने जवाब दिया है.
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीटर पर जारी एक बयान में कहा है, "हम चीन के विदेश मंत्री वांग यी के उद्घाटन समारोह में दिए गए भाषण में भारत के अवांछित ज़िक्र की आलोचना करते हैं."
भारत के बयान में कहा गया, "केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से जुड़े मामले पूरी तरह भारत के आंतरिक मामले हैं. चीन समेत दुनिया के किसी देश का इन पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है. उन्हें इस बात पर ध्यान दैेना चाहिए कि भारत दूसरे देशों के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी नहीं करता है."
ओआईसी के सम्मेलन में बोलते हुए वांग यी ने कहा था, "कश्मीर के मुद्दे पर हम कई इस्लामी दोस्तों की आवाज़ सुन रहे हैं, चीन की भी इसे लेकर यही इच्छा है."
अपने भाषण में वांग यी ने कहा था कि चीन इस्लामी दुनिया के लिए समर्थन जारी रखेगा.
ओआईसी में बोलते हुए चीन की तरफ़ से कहा गया कि चीन कश्मीर समेत दूसरे विवादों के समाधान के लिए इस्लामी देशों के प्रयासों का समर्थन जारी रखेगा.



















